*सात निकायों के 47 आर‌ओ में से 33 उगल रहे गरम पानी,आठ पड़े हैं बंद*

*साढ़े तीन करोड़ से सात निकायों में लगे वाटर कूलर का लाभ नहीं*

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले की सात निकायों में लगे 47 आर‌ओ मशीन में से आठ बंद पड़े हैं। वहीं 33 आर‌ओ ऐसे हैं। जिनसे गर्म पानी निकल रहे हैं। तीन आर‌ओ किसी तरह से ठंडा पानी दे रहें हैं। 44 डिग्री तापमान में वाटर कूलर से निकल रहे गरम पानी से लोगों की प्यास बुझानी मुश्किल हो रहा है। इन वाटर कूलरों पर नगर पंचायत ने सीढ़े तीन करोड़ रुपए खर्च किया है। करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए खर्च करके 47 आर‌ओ प्लांट,वाटर कूलर,आर‌ओ मशीन लगाए गए थे। लेकिन निकायों में लगे आर‌ओ वाटर कूलर की हकीकत कुछ और ही है। भदोही, गोपीगंज पालिका सहित, ज्ञानपुर, सुरियावां,न‌ई बाजार, खमरिया, घोसिया नगर पंचायत है। यहां करीब साढ़े तीन से चार लाख की आबादी निवास करती हैं। पड़ताल में पाया गया कि निकायों में लगे अधिकतर आर‌ओ मशीन से गर्म पानी निकलते मिले। ज्ञानपुर नगर में फरवरी में 1.74 करोड़ रुपए से 21 आर‌ओ मशीन लगाए गए थे। इसमें से दुर्गागंज, पुराना तहसील, मुखर्जी पार्क पर लगी मशीन खराब मिली। 18 मशीनों से ठंडा पानी नहीं निकल रहा है। दुर्गागंज त्रिमुहानी, मुखर्जी पार्क, पुरानी कलेक्ट्री में लगे वाटर कूलर बंद मिले
दुर्गागंज त्रिमुहानी, रजिस्ट्री आफिस, बिजली विभाग,जिला कारागार, पुरानी बाजार, विभुति वीएनजीआई पर लगे मशीनों से भी ठंडे पानी नहीं मिल रहा है।



भदोही में 20 दिन पहले दुरस्त कराया गया था,यदी कही पर तकनीकी खामियां मशीन में आई है, उसे चेक कराया जाएगा। ज्ञानपुर में दो से तीन में सभी मशीनें दुरस्त की जाएगी। बाकी निकाय के ईओ से बातचीत की आएगी।

धर्मराज सिंह नोडल निकाय भदोही
*भदोही में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, अधिकारियों की बैठक में दिए गए आवश्यक निर्देश*
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली व उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय के कुशल मार्गदर्शन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 09.05.2026 को आयोजित की जा रही है। जिसके परिप्रेक्ष्य में श्री अखिलेश दूबे, माननीय जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष महोदय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भदोही के निर्देशानुपालन में राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु  पुष्पा सिंह अपर जिला जज द्वितीय / नोडल, राष्ट्रीय लोक अदालत, श्री आशीष कुमार सिंह, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भदोही, प्रबन्धक जिला अग्रणी यूनियन बैंक व जनपद भदोही के समस्त बैंक शाखा प्रबन्धकगण की बैठक जनपद न्यायालय के सभागर कक्ष में दिनांक 28.04.2026 को सायं 04:30 बजे से आहूत की गयी। जिसमें आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
*जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, जनपद भदोही की मासिक बैठक सम्पन्न*

नितेश श्रीवास्तव


भदोही।‌ जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, जनपद भदोही की मासिक बैठक आज कलेक्ट्रेट भदोही सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता एवं विभागीय कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
बैठक का शुभारम्भ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय द्वारा किया गया, जिसमें विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की गई। सर्वप्रथम जनपद के विद्यालयों में कराए जा रहे क्लास रूम टाइल्स कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके उपरांत शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के अंतर्गत प्रवेश की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बालक-बालिका नामांकन से वंचित न रहे। शेष बचे हुए बच्चों का चिन्हांकन कर शीघ्र प्रवेश दिलाया जाए तथा नामांकन एवं पंजीकरण की गति को और तेज किया जाए, जिससे शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य समय से प्राप्त किया जा सके। बैठक में जनपद में संचालित अमान्य विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें तत्काल बंद कराया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनी रहे।
विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों में अखबार पढ़ने की संस्कृति विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में नियमित रूप से समाचार पत्र उपलब्ध कराए जाएं, जिससे बच्चों में सामान्य ज्ञान, भाषा कौशल एवं समसामयिक विषयों की समझ विकसित हो सके। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु विभागीय समीक्षा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही डायट मेंटरों को निर्देशित किया गया कि वे विद्यालयों में सहयोगात्मक पर्यवेक्षण की प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें तथा शिक्षकों को शैक्षणिक गतिविधियों में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें। साथ ही जिलाधिकारी महोदय द्वारा विभिन्न जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को समयबद्ध विद्यालयों के निरीक्षण पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एवं मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों की प्रगति में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराया जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम, एसपी ने जिला कारागार का निरीक्षण किया: बैरकों, रसोई घर और डिस्पेंसरी का जायजा लिया गया


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से ज्ञानपुर स्थित जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद कैदियों को सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं बंदियों को समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने भदोही जनपद के पुरुष और महिला बैरकों में जाकर कैदियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बंदियों द्वारा की जा रही कालीन बुनाई को देखा और उसकी सराहना की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने रसोई घर, खाद्यान्न स्टोर, महिला बैरक, पुरुष बैरक और किशोर बैरक का भी गहनता से निरीक्षण किया। जेल परिसर में संचालित डिस्पेंसरी का भी निरीक्षण किया गया, जहां दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने महिला बैरक में पहुंचकर उन्हें जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की और सुनिश्चित किया कि सभी सुविधाएं समय पर मिलती रहें। पेयजल व्यवस्था, शौचालयों और साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही, मुलाकाती पंजिका का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जांच की गई। कारागार अधीक्षक ने अधिकारियों को पूरी जेल का अवलोकन कराया।
1 मई से 30 जून तक जनपद न्यायालय भदोही के न्यायालयों व कार्यालयों में कार्य करने का समय किया गया निर्धारित*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद न्यायाधीश अखिलेश दूबे ने बताया है कि माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देश के अनुक्रम में सचिव, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, भदोही का प्रस्ताव 18 अप्रैल को प्राप्त होने के उपरान्त 1 मई से 30 जून तक जनपद न्यायालय भदोही के न्यायालयों व कार्यालयों में कार्य करने का समय निर्धारित किया गया है। न्यायालय का समय सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक होगा। इस दौरान आधे घण्टे का लंच सुबह 10.30 बजे से 11 बजे तक रहेगा। वहीं कार्यालय का समय सुबह 6.30 से दोपहर 1.30 बजे तक होगा। सुबह 10.30 से 11.30 बजे तक आधे घण्टे का लंच होगा। उन्होंने न्यायालयों एवं कार्यालयों में कार्यरत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आधे घंटे का लंच का समय इस प्रकार उपयोग किया जायेगा कि शासकीय काम बाधित नहीं हो। कर्मचारी किसी भी दशा में कार्यालय बंद कर लंच नहीं करेंगे।
डीएम शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने किया होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा पर जोर

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, निर्विघ्न, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इंद्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज तथा एम.ए. समद इंटर कॉलेज, भदोही पहुंचकर परीक्षा संचालन की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की।
          रविवार को परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी से सम्पन्न कराने के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल न बरती जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में तत्काल पुलिस बल का सहयोग लिया जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित न हो।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली में कुल 2496 अभ्यर्थियों में 1898 उपस्थित रहे, जबकि 598 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 2496 अभ्यर्थियों में 1836 उपस्थित हुए और 660 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 1258 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।  निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैदी और गंभीरता का माहौल देखने को मिला। जनपद प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई गई।
भदोही में 198 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड संपन्न:नवआरक्षियों ने ली राष्ट्रसेवा की शपथ, बैंड की धुन पर किया मार्चपास्ट*
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के ज्ञानपुर स्थित पुलिस लाइन प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को 198 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड संपन्न हुई। इस समारोह में नवआरक्षियों ने अपने प्रशिक्षण और कौशल का प्रदर्शन किया।
वाराणसी कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त शिव हरि मीणा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और 07 टोलियों का निरीक्षण किया। मीणा ने प्रशिक्षार्थियों की एकरूपता, शारीरिक दक्षता और ड्रिल की सराहना की। इसके बाद सभी टोलियों ने मार्चपास्ट किया। सभी टोलियों ने कदम से कदम मिलाकर सलामी मंच से गुजरते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। मार्चपास्ट में नवआरक्षियों का तालमेल और अनुशासन स्पष्ट दिखा। समारोह में प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें प्रशिक्षु आरक्षी रामकरन पाल (जनपद भदोही) को सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी और अंतः कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी का पुरस्कार मिला। बाह्य कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी का पुरस्कार प्रशिक्षु आरक्षी नरोत्तम सिंह (जनपद भदोही) को दिया गया।
इस अवसर पर भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी लाइन्स भदोही बलराम, प्रतिसार निरीक्षक अनिल कुमार सहित अन्य क्षेत्राधिकारीगण, प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीएचसी-पीएचसी पर ओपीडी के समय में बदलाव, सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक इलाज
*तेज धूप और लू को देखते हुए समय में किया गया बदलाव,अब सुबह 8 से 2 बजे तक मरीज देखेंगे डॉक्टर*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही‌। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिले के छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी के समय में बदलाव किया गया है। अब ओपीडी सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक चलेगी। इससे मरीजों को उपचार कराने में आसानी होगी। पहले सुबह 10 बजे से साम चार बजे तक ओपीडी चलती थी। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना 1800 से 2200 की ओपीडी होती है। जिले में छह सीएचसी गोपीगंज, भानीपुर, औराई, डीघ, भदोही, सुरियावां हैं। यहां 1200 से 1400 की ओपीडी होती है। इसके अलावा 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। जहां पर 800 से 1000 की ओपीडी होती है। मौसम की तल्खी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में लोगों का घर से निकल पाना मुश्किल हो गया है। जिला अस्पताल, एमबीएस भदोही की ओपीडी पहले की तरह सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगी। अस्पताल आने वाले मरीजों को चिकित्सकीय सलाह है कि समय से अस्पताल पहुंचे। दवा लेकर सीधे घर पहुंचे। बीच में थकान महसूस होने पर किसी छायादार स्थान पर रूकें। घर पहुंचने के कुछ देर बाद हाथ पैर को ठंडे पानी से धुलें। आंख पर ठंड पानी का पुटा मारें। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। खान पान को लेकर बेहद सतर्कता बरतें। तले भुने खाने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि ओपीडी के समय में बदलाव हो चुका है। सीएचसी, पीएचसी की ओपीडी अब सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगी। जो पहले सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक थी।
सुरक्षा में सेंध: स्कूलों में बढ़ रही चोरी की घटनाएं, गायब हो रहे उपकरण*
*अराजकतत्व भी विद्यालयों को पहुंचा रहे नुकसान,कर रहे तोड़फोड़*



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सरकारी स्कूल चोरों के लिए आसान लक्ष्य बन गए हैं। जहां बैटरियां, कंप्यूटर, मिड-डे मील का सामान और कीमती उपकरण गायब हो रहे हैं। चौकीदार की कमी और कमजोर सुरक्षा के कारण महीने भर में करीब चार से पांच विद्यालय में चोरी की घटनाएं हो गई हैं। सबसे ज्यादा घटनाएं चहारदीवारी विहीन विद्यालयों में हो रही हैं। चोर अक्सर ताला तोड़कर मिड-डे मील के बर्तन, पंखे और बिजली के तार चुरा ले रहे हैं। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर भूल जा रही है।
जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय हैं।ऑपरेशन कायाकल्प के साथ ही मनरेगा आदि से विद्यालयों में चहारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है। अब तक 750 से ज्यादा विद्यालयों में चहारदीवारी बनाई जा चुकी है, लेकिन 100 से ज्यादा में अभी यह व्यवस्था नहीं हो सकी है। चोरी के साथ ही ऐसे विद्यालय अराजकतत्वों का केंद्र बन गए हैं। इससे विद्यालय की कीमती चीजें या तो तोड़ दी जाती हैं या बेच दी जाती हैं। प्राथमिक विद्यालय गुलौरा प्रथम में चहारदीवारी नहीं है। इससे यहां अराजकतत्वों का जमावड़ा लगता है। प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि कई बार विद्यालय में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कक्षाओं के ताले तोड़े जा चुके हैं और स्कूल में लगे तार व अन्य सामान भी चोरी हो चुके हैं। विद्यालय के शौचालय में भी तोड़फोड़ की गई है, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महीने भर पूर्व एक नशेड़ी लोहे का राड लेकर विद्यालय में घुस गया था। जिससे यहां पढ़ने वाले बच्चे डर गए। सुरियावां के सीमावर्ती प्राथमिक विद्यालय गोदमा में भी चहारदीवारी नहीं है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय ककराहीं में बीते चार महीने में तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। बीते 22 अप्रैल को कंपोजिट विद्यालय लालानगर की पेयजल की टंकी कुछ अराजकतत्वों ने तोड़ दी। हेडमास्टर जयशंकर मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने जांच की।
भदोही के डुडवा धर्मपुरी प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर चोरों ने एक कंपनी के दो टैबलेट, तीन ब्लूटूथ साउंड सिस्टम, एक पंखा, अग्निशमन यंत्र, स्कूल की चेकबुक और अलमारी की चाबियां उठा ले गए। ज्ञानपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिल्की में चोर एमडीएम के बर्तन और गैस सिलिंडर उठा ले गए। इस विद्यालय में पहले भी चोरी हो चुकी है। औराई के कंपोजिट विद्यालय सारीपुर में भी चहारदीवारी नहीं है। हेडमास्टर संध्या चौबे ने बताया कि आए दिन यहां पर चोरी होती है। बीएसए शिवम पांडेय का कहना है कि अराजकतत्व स्कूलों को नुकसान पहुंचाते हैं। 750 से ज्यादा विद्यालयों में चहारदीवारी बनी है। 100 स्कूलों का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर निर्माण कराया जाएगा। एएसपी शुभम अग्रवाल का कहना है कि विद्यालयों में होने वाली चोरी की घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच करती है। कई मामलों का पुलिस खुलासा कर चुकी है। बाकी मामलों की समीक्षा कर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।



अराजकतत्व स्कूलों को नुकसान पहुंचाते हैं। 750 से ज्यादा विद्यालयों में चहारदीवारी बनी है। 100 स्कूलों का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर निर्माण कराया जाएगा।

शिवम् पांडेय बेसिक शिक्षा अधिकारी

विद्यालयों में होने वाली चोरी घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच करती है। क‌ई मामलों का पुलिस खुलासा कर चुकी है। बाकी मामलों की समीक्षा कर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

शुभम अग्रवाल अपर पुलिस अधीक्षक भदोही
गाजीपुर कांड पर राहुल गांधी का हमला, बोले- दोषी पुलिस पर कार्रवाई हो, उच्च स्तरीय जांच कराए सरकार

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में महिला के साथ बलात्कार और हत्या की घटना पर राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
राहुल गांधी ने कहा कि पीड़िता को तुरंत न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने हाथरस, कठुआ, उन्नाव और अब गाजीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक पैटर्न बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार पीड़िता दलित, पिछड़ी, आदिवासी या गरीब परिवार से होती है और अपराधियों को संरक्षण मिलता है।
उन्होंने मणिपुर की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां एक महिला न्याय की राह देखते-देखते दम तोड़ गई। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सत्ता हर बार चुप रहती है और जिनसे बोलने की उम्मीद होती है, वे मौन रहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि जिस देश में माता-पिता को अपनी बेटी की एफआईआर लिखवाने के लिए भीख मांगनी पड़े, उस सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाया कि इस सरकार के शासन में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं। राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे हालात में न्याय मांगा नहीं जाता, बल्कि छीना जाता है और हम न्याय छीनकर लाएंगे।