डीएम, एसपी ने जिला कारागार का निरीक्षण किया: बैरकों, रसोई घर और डिस्पेंसरी का जायजा लिया गया


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से ज्ञानपुर स्थित जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद कैदियों को सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं बंदियों को समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने भदोही जनपद के पुरुष और महिला बैरकों में जाकर कैदियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बंदियों द्वारा की जा रही कालीन बुनाई को देखा और उसकी सराहना की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने रसोई घर, खाद्यान्न स्टोर, महिला बैरक, पुरुष बैरक और किशोर बैरक का भी गहनता से निरीक्षण किया। जेल परिसर में संचालित डिस्पेंसरी का भी निरीक्षण किया गया, जहां दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने महिला बैरक में पहुंचकर उन्हें जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की और सुनिश्चित किया कि सभी सुविधाएं समय पर मिलती रहें। पेयजल व्यवस्था, शौचालयों और साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही, मुलाकाती पंजिका का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जांच की गई। कारागार अधीक्षक ने अधिकारियों को पूरी जेल का अवलोकन कराया।
1 मई से 30 जून तक जनपद न्यायालय भदोही के न्यायालयों व कार्यालयों में कार्य करने का समय किया गया निर्धारित*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद न्यायाधीश अखिलेश दूबे ने बताया है कि माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देश के अनुक्रम में सचिव, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, भदोही का प्रस्ताव 18 अप्रैल को प्राप्त होने के उपरान्त 1 मई से 30 जून तक जनपद न्यायालय भदोही के न्यायालयों व कार्यालयों में कार्य करने का समय निर्धारित किया गया है। न्यायालय का समय सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक होगा। इस दौरान आधे घण्टे का लंच सुबह 10.30 बजे से 11 बजे तक रहेगा। वहीं कार्यालय का समय सुबह 6.30 से दोपहर 1.30 बजे तक होगा। सुबह 10.30 से 11.30 बजे तक आधे घण्टे का लंच होगा। उन्होंने न्यायालयों एवं कार्यालयों में कार्यरत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आधे घंटे का लंच का समय इस प्रकार उपयोग किया जायेगा कि शासकीय काम बाधित नहीं हो। कर्मचारी किसी भी दशा में कार्यालय बंद कर लंच नहीं करेंगे।
डीएम शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने किया होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा पर जोर

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, निर्विघ्न, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इंद्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज तथा एम.ए. समद इंटर कॉलेज, भदोही पहुंचकर परीक्षा संचालन की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की।
          रविवार को परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी से सम्पन्न कराने के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल न बरती जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में तत्काल पुलिस बल का सहयोग लिया जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित न हो।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली में कुल 2496 अभ्यर्थियों में 1898 उपस्थित रहे, जबकि 598 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 2496 अभ्यर्थियों में 1836 उपस्थित हुए और 660 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 1258 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।  निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैदी और गंभीरता का माहौल देखने को मिला। जनपद प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई गई।
भदोही में 198 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड संपन्न:नवआरक्षियों ने ली राष्ट्रसेवा की शपथ, बैंड की धुन पर किया मार्चपास्ट*
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के ज्ञानपुर स्थित पुलिस लाइन प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को 198 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड संपन्न हुई। इस समारोह में नवआरक्षियों ने अपने प्रशिक्षण और कौशल का प्रदर्शन किया।
वाराणसी कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त शिव हरि मीणा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और 07 टोलियों का निरीक्षण किया। मीणा ने प्रशिक्षार्थियों की एकरूपता, शारीरिक दक्षता और ड्रिल की सराहना की। इसके बाद सभी टोलियों ने मार्चपास्ट किया। सभी टोलियों ने कदम से कदम मिलाकर सलामी मंच से गुजरते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। मार्चपास्ट में नवआरक्षियों का तालमेल और अनुशासन स्पष्ट दिखा। समारोह में प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें प्रशिक्षु आरक्षी रामकरन पाल (जनपद भदोही) को सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी और अंतः कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी का पुरस्कार मिला। बाह्य कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी का पुरस्कार प्रशिक्षु आरक्षी नरोत्तम सिंह (जनपद भदोही) को दिया गया।
इस अवसर पर भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी लाइन्स भदोही बलराम, प्रतिसार निरीक्षक अनिल कुमार सहित अन्य क्षेत्राधिकारीगण, प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीएचसी-पीएचसी पर ओपीडी के समय में बदलाव, सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक इलाज
*तेज धूप और लू को देखते हुए समय में किया गया बदलाव,अब सुबह 8 से 2 बजे तक मरीज देखेंगे डॉक्टर*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही‌। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिले के छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी के समय में बदलाव किया गया है। अब ओपीडी सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक चलेगी। इससे मरीजों को उपचार कराने में आसानी होगी। पहले सुबह 10 बजे से साम चार बजे तक ओपीडी चलती थी। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना 1800 से 2200 की ओपीडी होती है। जिले में छह सीएचसी गोपीगंज, भानीपुर, औराई, डीघ, भदोही, सुरियावां हैं। यहां 1200 से 1400 की ओपीडी होती है। इसके अलावा 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। जहां पर 800 से 1000 की ओपीडी होती है। मौसम की तल्खी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में लोगों का घर से निकल पाना मुश्किल हो गया है। जिला अस्पताल, एमबीएस भदोही की ओपीडी पहले की तरह सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगी। अस्पताल आने वाले मरीजों को चिकित्सकीय सलाह है कि समय से अस्पताल पहुंचे। दवा लेकर सीधे घर पहुंचे। बीच में थकान महसूस होने पर किसी छायादार स्थान पर रूकें। घर पहुंचने के कुछ देर बाद हाथ पैर को ठंडे पानी से धुलें। आंख पर ठंड पानी का पुटा मारें। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। खान पान को लेकर बेहद सतर्कता बरतें। तले भुने खाने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि ओपीडी के समय में बदलाव हो चुका है। सीएचसी, पीएचसी की ओपीडी अब सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगी। जो पहले सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक थी।
सुरक्षा में सेंध: स्कूलों में बढ़ रही चोरी की घटनाएं, गायब हो रहे उपकरण*
*अराजकतत्व भी विद्यालयों को पहुंचा रहे नुकसान,कर रहे तोड़फोड़*



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सरकारी स्कूल चोरों के लिए आसान लक्ष्य बन गए हैं। जहां बैटरियां, कंप्यूटर, मिड-डे मील का सामान और कीमती उपकरण गायब हो रहे हैं। चौकीदार की कमी और कमजोर सुरक्षा के कारण महीने भर में करीब चार से पांच विद्यालय में चोरी की घटनाएं हो गई हैं। सबसे ज्यादा घटनाएं चहारदीवारी विहीन विद्यालयों में हो रही हैं। चोर अक्सर ताला तोड़कर मिड-डे मील के बर्तन, पंखे और बिजली के तार चुरा ले रहे हैं। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर भूल जा रही है।
जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय हैं।ऑपरेशन कायाकल्प के साथ ही मनरेगा आदि से विद्यालयों में चहारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है। अब तक 750 से ज्यादा विद्यालयों में चहारदीवारी बनाई जा चुकी है, लेकिन 100 से ज्यादा में अभी यह व्यवस्था नहीं हो सकी है। चोरी के साथ ही ऐसे विद्यालय अराजकतत्वों का केंद्र बन गए हैं। इससे विद्यालय की कीमती चीजें या तो तोड़ दी जाती हैं या बेच दी जाती हैं। प्राथमिक विद्यालय गुलौरा प्रथम में चहारदीवारी नहीं है। इससे यहां अराजकतत्वों का जमावड़ा लगता है। प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि कई बार विद्यालय में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कक्षाओं के ताले तोड़े जा चुके हैं और स्कूल में लगे तार व अन्य सामान भी चोरी हो चुके हैं। विद्यालय के शौचालय में भी तोड़फोड़ की गई है, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महीने भर पूर्व एक नशेड़ी लोहे का राड लेकर विद्यालय में घुस गया था। जिससे यहां पढ़ने वाले बच्चे डर गए। सुरियावां के सीमावर्ती प्राथमिक विद्यालय गोदमा में भी चहारदीवारी नहीं है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय ककराहीं में बीते चार महीने में तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। बीते 22 अप्रैल को कंपोजिट विद्यालय लालानगर की पेयजल की टंकी कुछ अराजकतत्वों ने तोड़ दी। हेडमास्टर जयशंकर मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने जांच की।
भदोही के डुडवा धर्मपुरी प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर चोरों ने एक कंपनी के दो टैबलेट, तीन ब्लूटूथ साउंड सिस्टम, एक पंखा, अग्निशमन यंत्र, स्कूल की चेकबुक और अलमारी की चाबियां उठा ले गए। ज्ञानपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिल्की में चोर एमडीएम के बर्तन और गैस सिलिंडर उठा ले गए। इस विद्यालय में पहले भी चोरी हो चुकी है। औराई के कंपोजिट विद्यालय सारीपुर में भी चहारदीवारी नहीं है। हेडमास्टर संध्या चौबे ने बताया कि आए दिन यहां पर चोरी होती है। बीएसए शिवम पांडेय का कहना है कि अराजकतत्व स्कूलों को नुकसान पहुंचाते हैं। 750 से ज्यादा विद्यालयों में चहारदीवारी बनी है। 100 स्कूलों का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर निर्माण कराया जाएगा। एएसपी शुभम अग्रवाल का कहना है कि विद्यालयों में होने वाली चोरी की घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच करती है। कई मामलों का पुलिस खुलासा कर चुकी है। बाकी मामलों की समीक्षा कर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।



अराजकतत्व स्कूलों को नुकसान पहुंचाते हैं। 750 से ज्यादा विद्यालयों में चहारदीवारी बनी है। 100 स्कूलों का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर निर्माण कराया जाएगा।

शिवम् पांडेय बेसिक शिक्षा अधिकारी

विद्यालयों में होने वाली चोरी घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच करती है। क‌ई मामलों का पुलिस खुलासा कर चुकी है। बाकी मामलों की समीक्षा कर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

शुभम अग्रवाल अपर पुलिस अधीक्षक भदोही
गाजीपुर कांड पर राहुल गांधी का हमला, बोले- दोषी पुलिस पर कार्रवाई हो, उच्च स्तरीय जांच कराए सरकार

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में महिला के साथ बलात्कार और हत्या की घटना पर राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
राहुल गांधी ने कहा कि पीड़िता को तुरंत न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने हाथरस, कठुआ, उन्नाव और अब गाजीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक पैटर्न बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार पीड़िता दलित, पिछड़ी, आदिवासी या गरीब परिवार से होती है और अपराधियों को संरक्षण मिलता है।
उन्होंने मणिपुर की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां एक महिला न्याय की राह देखते-देखते दम तोड़ गई। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सत्ता हर बार चुप रहती है और जिनसे बोलने की उम्मीद होती है, वे मौन रहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि जिस देश में माता-पिता को अपनी बेटी की एफआईआर लिखवाने के लिए भीख मांगनी पड़े, उस सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाया कि इस सरकार के शासन में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं। राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे हालात में न्याय मांगा नहीं जाता, बल्कि छीना जाता है और हम न्याय छीनकर लाएंगे।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने के.एन.पी.जी. कॉलेज ज्ञानपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शनिवार को के.एन.पी.जी. कॉलेज ज्ञानपुर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। आज होमगार्ड परीक्षा में प्रथम पाली में अभ्यर्थियों की कुल 2496 उपस्थित 1841, व अनुपस्थित 655 रही। द्वितीय पाली में अभ्यर्थियों की संख्या 2496 में उपस्थित 1858 व अनुपस्थित 638 रही। इसी तरह आज दोनों पालियों में अनुपस्थित अभ्यर्थी कुल 1293 अनुपस्थित रहे।
      निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता क्षम्य नहीं होगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ करें, ताकि परीक्षा सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार, पहचान पत्र जांच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई तथा विद्युत आपूर्ति की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों के साथ सौम्य व्यवहार किया जाए तथा उन्हें आवश्यक जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए।
         पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। केंद्र परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर प्रश्नपत्र वितरण, उत्तर पुस्तिका व्यवस्था तथा कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए तथा किसी भी स्थिति में गोपनीयता भंग न होने पाए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षाओं को पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए जनपद प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभ्यर्थियों से भी अपील की कि वे परीक्षा नियमों का पालन करें तथा अनुशासन बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण से परीक्षा केंद्र पर मुस्तैदी और गंभीरता का वातावरण देखने को मिला। जनपद प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई।
*साइबर ठगी के ₹74,997 वापस: भदोही पुलिस ने पीड़ित के खाते में लौटाई धनराशि*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के खाते से धोखाधड़ी से निकाली गई ₹74,997 की धनराशि वापस कराई है। पीड़ित कुलदीप कुमार राजभर को उनकी रकम वापस मिलने पर उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी ने जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर हेल्प डेस्क थाना चौरी और थाना प्रभारी चौरी को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। यह निर्देश धोखाधड़ी या सोशल साइट के दुरुपयोग से संबंधित मामलों पर लागू होते हैं। इसी क्रम में, चौरी थाना क्षेत्र के आहोपुर निवासी कुलदीप कुमार राजभर के साथ ₹74,997 की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई थी। उन्होंने इस संबंध में एक ऑनलाइन साइबर शिकायत दर्ज कराई थी। साइबर हेल्प डेस्क थाना चौरी ने शिकायत और NCRP पोर्टल का अवलोकन कर तत्काल कार्रवाई की। साइबर हेल्प डेस्क ने माननीय न्यायालय के आदेश के बाद पीड़ित के खाते में ₹74,997 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी।

अपनी खोई हुई धनराशि वापस पाकर पीड़ित ने भदोही पुलिस अधीक्षक और साइबर हेल्प डेस्क थाना चौरी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम, व0उ0नि0 रामनयन यादव और म0आ0 सलमा सिंह शामिल थे।

*गोपीगंज पुलिस ने 7 लाख के गहने, मोबाइल बरामद किए: ऑटो में छूटे कीमती सामान को तकनीकी सर्विलांस से खोजा*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के गोपीगंज थाना पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से एक महिला के ऑटो में छूटे लगभग 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह सामान दीपा पत्नी संजय का था, जो भगवानपुर चौथार, गोपीगंज की निवासी हैं। दीपा ने अपने कीमती सामान खो जाने की सूचना थाने में दी थी। घटना का संज्ञान लेते हुए, पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी ने सामान की खोजबीन के लिए एक टीम गठित करने का निर्देश दिया। अपर पुलिस अधीक्षक भदोही शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में, गोपीगंज थाना पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम ने तकनीकी सर्विलांस का उपयोग कर मोबाइल फोन का लोकेशन ट्रेस किया। लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर पुलिस ने सभी गहने और मोबाइल फोन सुरक्षित बरामद कर लिए।

बरामद किए गए सामान की पुष्टि के बाद, उसे दीपा को सौंप दिया गया। अपने खोए हुए कीमती गहने और मोबाइल फोन वापस पाकर, दीपा और उनके परिजनों ने भदोही पुलिस की कार्यप्रणाली और ईमानदारी की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।