*जनपद के समस्त थानों पर "थाना समाधान दिवस" का आयोजन कर फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निवारण का प्रयास*

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कोईरौना पर सुनी गई फरियादियों की समस्याएं

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों को त्वरित न्याय की व्यवस्था हेतु प्रत्येक शनिवार आयोजित "थाना समाधान दिवस" के क्रम में आज जनपद के समस्त थानों पर "थाना समाधान दिवस" का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। इसी क्रम में समस्त थानों पर पुलिस टीम द्वारा सम्बंधित थानों पर प्रशासनिक टीम के साथ समाधान दिवस का आयोजन कर जनता की समस्याओं को सुना गया व उनका निस्तारण राजस्व कर्मियों के साथ उपस्थित रह कर किया गया। जन सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से सुनते हुए पुलिस विभाग से संबंधित समस्त प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा राजस्व विभाग से संबंधित समस्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण हेतु सम्बंधित को निर्देशित किया गया। जनता के शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जमीन सम्बंधित सभी प्रकरणों में पुलिस व राजस्व की टीमों द्वारा संयुक्त रुप से प्रकरण का निस्तारण करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गये, जिससे फरियादियों को अलग-अलग भटकना न पड़े व प्रकरणों का त्वरित व न्याय पूर्ण निस्तारण हो सके। आज आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान थाने पर प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

तथा जनपद के समस्त थानों पर प्राप्त कुल- 50(राजस्व विभाग से सम्बंधित 43 व पुलिस-07) प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस विभाग से सम्बन्धित सभी 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों में पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम का गठन कर त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु व्यापक निर्देश दिए गए।

तापमान 43 डिग्री के पार, लोग बेहाल
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। मौसम की तल्खी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शुक्रवार को तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अस्पताल आने वाले मरीजों, तीमारदारों को चिकित्सक बिना काम के धूप में घरों से बाहर न निकलने की सलाह दे रहे हैं। खास तौर पर सुबह 11 से शाम चार बजे तक घरों में रहने की सलाह दे रहे हैं।लू को लेकर स्वास्थ्य महकमा पहले से अलर्ट मोड में है। 28 अस्पतालों में 90 बेड लू से पीड़ित मरीजों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के अध्यक्ष व वैज्ञानिक डॉ. विश्वेंद्रु द्विवेदी ने बताया कि राजस्थान से गर्म हवाएं चल रही हैं। इसी बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हुआ है। इसके कारण तापमान में बढ़ोतरी के साथ लू की स्थिति बनी है। लापरवाही बरतने पर लोग बीमार पड़ रहे हैं। सुबह नौ बजे के बाद से मौसम तल्ख होने लगता है। यह सिलसिला शाम पांच बजे तक बना रहा है। तापमान में वृद्धि का यह सिलसिला जारी रहेगा। धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। एक ओर आमजन गर्मी से राहत पाने के लिए शीतल पेय, गन्ने का रस और फलों का सहारा ले रहे हैं, वहीं प्यास बुझाने के लिए पशु, पक्षी भटक रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण शाम पांच बजे के बाद ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जिला अस्पताल में शुक्रवार को 762 ओपीडी रही। जिन्हें जांच पड़ताल करके दवाएं दी गईं। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी पीने में कोताही करेंगे तो निश्चित रूप से बीमार पड़ सकते हैं। लू को लेकर स्वास्थ्य महकमा में पहले से अलर्ट है। 28 अस्पतालों में 90 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।
भदोही पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास: रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण पूर्ण होने पर भव्य रिहर्सल

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस लाइन के ज्ञानपुर स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में शुक्रवार को दीक्षांत परेड समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के नेतृत्व में हुए इस पूर्वाभ्यास में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों ने अनुशासन और उत्साह का प्रदर्शन करते हुए मार्च पास्ट किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली और रिक्रूट्स के टर्न आउट, ड्रिल तथा अनुशासन का बारीकी से निरीक्षण किया। बैंड की धुन पर कदमताल करते इन जवानों का प्रदर्शन उनके कठिन प्रशिक्षण की सफलता को दर्शाता है। निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा करने की प्रेरणा दी। आगामी मुख्य समारोह को भव्य और त्रुटिरहित बनाने के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश भी दिए।इन निर्देशों में परेड ग्राउंड की साज-सज्जा, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और साफ-सफाई शामिल थे। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी आरटीसी बलराम, प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
गोपीगंज में दो अभियुक्त जिला बदर घोषित: गुंडा एक्ट के तहत 6 माह के लिए हुई कार्रवाई


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र में दो अभियुक्तों को गुंडा एक्ट के तहत छह माह के लिए जिला बदर किया गया है। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन में जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह प्रभावी कार्रवाई की गई।
चंदन तिवारी पुत्र स्व. गोपीकृष्ण तिवारी और गोपाल कृष्ण तिवारी उर्फ बुल्ले पुत्र श्री कृष्ण तिवारी, निवासी आनापुर, थाना गोपीगंज, विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे। इन पर आम जनता में भय और आतंक फैलाने का आरोप था। वे मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर अपराध करते थे।
अभियुक्तों के डर से आम जनता उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का साहस नहीं कर पाती थी। स्थानीय पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद, जिला मजिस्ट्रेट भदोही श्री शैलेष कुमार ने उन्हें उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 की धारा 3(1) के तहत छह माह के लिए जिला बदर घोषित किया।
शुक्रवार को गोपीगंज पुलिस टीम ने अभियुक्तों के निवास स्थान पर मुनादी कराकर और डुगडुगी बजवाकर आदेश की घोषणा की। आदेश की प्रति भी चस्पा की गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि के दौरान जनपद के अंदर पाए जाने पर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला बदर किए गए अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी है। चंदन तिवारी के खिलाफ गोपीगंज थाने में एक बीट सूचना रपट और कुल 10 अभियोग पंजीकृत हैं। इसी तरह, गोपाल कृष्ण तिवारी उर्फ बुल्ले के खिलाफ भी गोपीगंज थाने में एक बीट सूचना रपट और कुल 10 अभियोग दर्ज हैं।
कालीन कंपनी में मशीन बनाने वाले का बेटा बना टॉपर:सौरभ ने 93% अंक के साथ किया जिला टॉप, इंजीनियर बनने का सपना


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा परिणाम घोषित होने पर भदोही जिले के इंटरमीडिएट के टॉपर रहे सौरभ साहू से बातचीत के दौरान बताया कि आगे इंजीनियर बनने का सपना है उन्होंने बताया कि 7 से 8 घंटे पढ़ाई करते थे इसके बाद कुछ समय परिवार के साथ बैठकर फिल्म देखते थे या बातचीत करते थे उन्होंने कहा कि सभी युवाओं को पढ़ाई करने के साथ ही अपने लक्ष्य पर अवश्य फोकस करना चाहिए।

सौरभ लगातार प्राथमिक शिक्षा से अब तक प्रथम स्थान पर ही आते रहे । हाई स्कूल की परीक्षा में 94% अंक प्राप्त किया था और इंटर की परीक्षा में 93% अंक प्राप्त कर जिले के टॉपर रहे।

सौरभ दो भाई दो बहन है बड़े भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में ट्रेनिंग पर हैं। सौरभ के दोनों बहने ग्रेजुएशन करके डीएलएड कर रही हैं। पिता संजय साहू कालीन कंपनी में मशीन बनाने का काम करते हैं माता ज्योति देवी गृहणी है। सौरभ मूलत बलिया के निवासी है 14 15 वर्ष पूर्व भदोही जिले के नगर पंचायत खमरिया स्थित खलवापुर खमरिया में आए और यहीं पर भाड़े के मकान में रहते हैं और खमरिया नगर में ही सौरभ के पिता कालीन कंपनी में मशीन बनाने का काम करते हैं।

पिता ने कहा कि जो बच्चों का लक्ष्य होगा उसमें करेंगे सहयोग

बेटे की सफलता पर पिता संजय साहू ने कहा कि आगे जो बच्चे का लक्ष्य होगा उसमें सहयोग करेंगे और उसे आगे ले जाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे उन्होंने कहा कि बेटे के इस सफलता पर जहां पूरा परिवार खुश है तो वही हम अन्य बच्चों को भी अपने बेटे की तरह लग्न के साथ पढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इंटरमीडिएट मे 93% अंक प्राप्त कर टॉपर रहे सौरभ साहू दूसरे पर रही अर्पिता यादव, जिले का रिजल्ट रहा 82. 21 प्रतिशत
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। यूपी बोर्ड द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम 2026 का रिजल्ट घोषित किया गया। जिसमें जिले का परीक्षा परिणाम 82.21 प्रतिशत रहा। इस प्रकार प्रदेश में 39 में नंबर पर भदोही जनपद रहा। जबकि पिछले वर्ष 80.52 प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ ही 52 में नंबर पर प्रदेश में रहा। इस बार प्रगति करते हुए इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में 82.21 प्रतिशत के साथ ही प्रदेश में 39 वे नंबर पर रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष भदोही जनपद का परीक्षा परिणाम बेहद अच्छा रहा जिसमें राजकीय विद्यालय के बच्चे जिले के टॉप 3 में शामिल रहे यह शिक्षा विभाग के लिए गौरवान्वित व पल है। इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में शहीद नरेश इंटर कॉलेज के छात्र 93% अंक प्राप्त कर सौरभ साहू प्रथम स्थान पर रहे जब की छविराजी माता शंकर इंटर कालेज पूरेनगरी पिलखुना भदोही की छात्रा अर्पिता यादव 90.60% अंक प्राप्त किया तो वही काशीराज इंटर कॉलेज औराई के छात्र धर्मेंद्र मिश्रा ने 90.60% अंक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे। जबकि विनर्म पंडित 90.40 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे इसके साथ ही अंकल कुमार चौबे 90% अंक प्राप्त कर चौथे स्थान पर रहे स्वप्निल तिवारी 89.40 परिषद अंक प्राप्त कर पांचवें स्थान पर आंचल 89.20 अंक प्राप्त कर छठे स्थान पर लाली यादव 88.7 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सातवें स्थान पर नितेश गुप्ता 88. 20 अंक प्राप्त कर आठवें स्थान पर अंकित 88.20 हिमांशी तिवारी 88.20 अंक प्राप्त कर आठवें स्थान पर रही हिमांशु पटेल 88% कृष कुमार 88% हिमांशु पांडे 88% अंक प्राप्त नौवे स्थान पर रहे सुजीत 87.5% आरती यादव 87.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दसवें स्थान पर रही। सभी जिले के टॉप 10 सूची में शामिल छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार एवं परिजनों ने बढ़ाई गिरी उज्जवल भविष्य की कामना की तो वही जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी बधाई देते हुए बच्चों के सफलता पर खुशी जताई।
एल्युमिनियम की कमी से कैना हुआ महंगा*

*रसोई गैस, पेट्रो पदार्थ के बाद अब नया संकट,दो से तीन दिन देरी से आ रही है कंपनियों की गाड़ियां*


रिपोर्ट-‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। वेस्ट एशिया में तनाव के कारण इस साल गर्मियों में एल्युमिनियम कैन का संकट कालीन नगरी में गहरा सकता है। हालांकि जिले में केन निर्माण की कोई फैक्ट्री तो नहीं है, लेकिन गैर प्रातों एवं जनपदों से केन ना आने पर बियर, शराब एवं शीतल पेय के दामों में बढ़ोत्तरी से इनकार नहीं किया जा सकता है। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण लोगों का और मुश्किलें बढ़नी तय हैं। बता दें कि अमेरिका एवं ईरान युद्ध के कारण कालीन निर्यात पर व्यापार असर पड़ा है। कामगारों, बुनकरों के सामने विकट स्थितयां हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि गैर प्रांतों एवं जिलों से आने वाले बुनकरों, कामगारों को निर्यातकों द्वारा कोयला लड़की आदि के इंतजाम कर दिए गए हैं, जिससे भोजन को लेकर दिक्कतें नहीं हो रही है।रसोई गैस, पेट्रो पदार्थों के बाद अब एल्युमिनियम केन का संकट सामने आ रहा है। इसके कारण सुरा प्रेमियों, गला तर करने वालों को आगामी दिनों में जेब और ढीली करनी पड़ेगी।जिला आबकारी अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि जिले में अभी तो दिक्कतें बड़ी नहीं हैं। हां, इतना जरूर है कि बियर की केन विलंब से आ रही है। कंपिनयों से बियर और शराब की केन लेकर आने वाली गाड़ी दो से तीन दिन विलंब से आ रही हैं। लेकिन आपूर्ति पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ा है। पुराने दाम पर अभी बियर एवं शराब की बिक्री की जा रही है। आगामी दिनों में दाम बढ़ने से इनकार भी नहीं किया जा सकता है।1.62 लाख की शराब एवं बियर की बिक्री रोजभदोही। कालीन नगरी के लोग प्रतिदिन एक लाख 62 हजार रुपये की शराब एवं बियर पीने का काम कर रहे हैं। शादी-विवाह का सीजन आने के बाद बिक्री में और इजाफा होगा। जिले में कुल 224 दुकानें हैं। जिसमें 135 दुकान देसी शराब की है। 63 दुकानें कंपोजिट हैं। 23 दुकानों पर बियर और देसी शराब की बिक्री होती है। इसके अलावा दो मॉडल शॉप है। प्रतिदिन जिले में आठ हजार बियर का केन और छह हजार शराब की बोतलें बिकती हैं।
वर्ष 2026 अराजकता, युद्ध और आतंकी घटनाओं का अंदेशा*

*डॉ कुंदन ज्योतिष शास्त्र, वास्तुशास्त्र के विशेष अनुभवी हैं। उनकी भविष्यवाणियां अधिकतर सही होती है। 2026 को लेकर उन्होंने क‌ई भविष्यवाणी की है।*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। वर्ष 2026 मेदिनी ज्योतिष के अनुसार उथल-पुथल भरा रहेगा। चीन की विस्तारवादी नीति व शक्ति प्रदर्शन से विश्व में तनाव का माहौल बनेगा। रुस व अमेरिका में आपसी टकराहट बढ़ेगी। पाकिस्तान व बांग्लादेश बाहरी दबाव में उकसावे की राजनीति करेंगे। भारत अपनी अंतरिक्ष क्षमता में वृद्धि करेगा और न‌ये नये हथियारों का परीक्षण करेगा। इस वर्ष राजा गुरु है। किन्तु मंत्री मंगल है। जिससे विश्व के क‌ई देशों में तनाव, युद्ध, आगजनी व आतंकवादी घटनायें बढ़ेगी। किन्तु गुरु की वजह से उनपर आगे चलकर नियंत्रण स्थापित होगा। वर्ष के पूर्वाद्ध में नीचाभिलाषी बनेगा। शनि विश्व के बड़े राष्ट्रों में तनाव व विवाद बढ़ायेंगे। खाड़ी देशों में संकट बढ़ेगा। मौसम व प्राकृतिक प्रकोपों में वृद्धि होगी। जिससे जनसामान्य वर्ग भी पीड़ित होगा। किसी न‌ई बीमारी के फैलने से लोगों में भय का माहौल बनेगा। किन्तु वर्ष के उत्तरार्ध में गुरु के मार्गी व उच्चाभिलाषी होने पर स्थिति में अप्रैल से सुधार शुरू होगा। वर्ष के उत्तरार्ध में जून से उच्च गुरु का अनुकूल व लाभदायक प्रभाव दुनिया में दिखेगा। 2026 का नवंबर व दिसंबर प्रतिकूल प्रभाव देगा। पश्चिमी व खाड़ी देशों में सूर्य व चंद्रग्रहण की वजह से राजनीतिक उलटफेर प्राकृतिक प्रकोप व युद्ध जैसी स्थितियां बनेगी। भारत में विपक्ष का उग्र प्रदर्शन जारी रहेगा। किन्तु स्थितियां नियंत्रण में रहेगी। 2026 के उत्तरार्ध में भारत व चीन के बीच टकराहट बढ़ेगी। भारत की स्थिति मजबूत रहेगी। साथ ही चीन व अमेरिका का तनाव भी दक्षिण चीन सागर में बढ़ेगा। समुद्रतटीय देशों में प्राकृतिक प्रकोप बढ़ेगा। वर्ष के पूर्वार्द्ध में बड़े राष्ट्रों में बड़े राष्ट्रों का टकराव व विश्वयुद्ध की स्थितियां बनेगी। किन्तु उत्तरार्ध में सब सामान्य हो जाएगा। अंतरिक्ष में धूमकेतु उल्कापात व प्राकृतिक उपद्रव की घटनाओं में इस वर्ष वृद्धि होगी। किन्तु किसी उड़नतश्तरी या एलियंस के आने की बात झूठी साबित होगी। वर्ष के उत्तरार्ध में किसी बड़ी बीमारी पर नियंत्रण होगा व उसकी कारगर दवा बाजार में उपलब्ध हो जाएगी। भारत के पड़ोसी राज्य में सत्ता परिवर्तन होगा। किन्तु भारत की मजबूती बढ़ेगी।
भदोही पुलिस ने ठगी के 10,000 रुपये वापस कराए: साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए व्यक्ति को मिली राहत, पुलिस की त्वरित कार्रवाई


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए एक व्यक्ति के 10,000 रुपये वापस दिलवाए हैं। गोपीगंज थाना क्षेत्र के सरई मोहाल निवासी खुशनूर के साथ फोन-पे के माध्यम से यह ठगी हुई थी।
खुशनूर ने बताया कि उनके खाते से 10,000 रुपये की धोखाधड़ी हुई थी, जिससे वह काफी परेशान थे। उन्होंने इस संबंध में साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक भदोही श्री अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन में साइबर हेल्पडेस्क, थाना गोपीगंज ने त्वरित कार्रवाई की। हेल्पडेस्क टीम ने एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन कर पीड़ित की 10,000 रुपये की धनराशि को सफलतापूर्वक वापस कराया। अपनी खोई हुई धनराशि वापस मिलने पर खुशनूर ने पुलिस अधीक्षक भदोही और साइबर हेल्पडेस्क, थाना गोपीगंज की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भदोही पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना भी की।

साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए कुछ सावधानियां बरतना आवश्यक है:
1. साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
2. किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें।
3. वर्क फ्रॉम होम या शेयर ट्रेडिंग जैसे प्रस्तावों की पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही उन पर विचार करें।
4. अनजान व्यक्ति द्वारा पैसों की मांग किए जाने पर अच्छे से जांच लें और अपने खाते का बैलेंस चेक कर लें, किसी के बहकावे में न आएं।
5. अज्ञात व्यक्ति या अज्ञात मोबाइल नंबर द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक न करें।
इस कार्रवाई में साइबर क्राइम पुलिस टीम भदोही के प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार राय, प्रभारी साइबर (निरीक्षक अपराध) अजय विक्रम यादव, कांस्टेबल सुनील वर्मा और महिला कांस्टेबल रति त्रिवेदी शामिल थे।
31 अस्पतालों को नोटिस, गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई*

*आयुष्मान के लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं देने की हुई शिकायत*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. एसके चक ने बृहस्पतिवार को जिले के 31 आयुष्मान योजना के लिए सूचीबद्ध अस्पतालों को चेतावनी नोटिस जारी किया है। भदोही नगर के दो निजी अस्पताल संचालकों द्वारा योजना में लापरवाही बरते जाने की शिकायत के बाद सीएमओ ने सभी अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर दिया है। आरोप है कि दोनों अस्पताल संचालकों ने आयुष्मान लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं दिया। मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम भी गठित की गई है।
सीएमओ डॉ. एसके चक ने नोटिस में संचालकों को सख्त निर्देश दिया है कि ओपीडी हाल, इनडोर स्थान पर एक बोर्ड लगाया जाए, उस पर बड़े अक्षरों में लिखा जाए कि अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के तहत किन-किन बीमारी के उपचार किए जाते हैं। ऐसे भी आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल को सूचीबद्ध करने से पहले निरीक्षण होता है। यह निरीक्षण आयुष्मान विभाग की टीम और नोडल अधिकारी करते हैं, यदि अस्पतालों में बोर्ड नहीं लगा है ताे सूचीबद्ध कैसे किया गया या सिर्फ सूचीबद्ध होने के लिए बोर्ड लगाया गया था। भदोही नगर के दो नर्सिंग होम में शिकायत मिली थी। आरोप लगाया गया कि अस्पताल में कार्ड धारकों से इलाज के नाम पर पैसा वसूला जाता है। मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। जिसमें नोडल, डिप्टी सीएमओ शामिल हैं। सीएमओ डॉ. एसके चक का कहना है कि आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध 31 अस्पतालों को चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। कार्ड पर अस्पताल में कौन से बीमारी का उपचार होता है, उसके लिए एक बड़ा सा बोर्ड लगाने तथा उस पर बड़े अक्षरों में बीमारी अंकित करने को कहा गया है।