बीजेपी विधायक रमेश सिंह ने टॉपर विद्यार्थियों का किया सम्मान

जौनपुर। विधायक रमेश सिंह ने शिक्षण कक्ष का शुभारंभ कर इंटरमीडिएट में जिले में पहला और दूसरा स्थान हासिल करने वाले छात्रों का सम्मान कर उनका हौसला बढ़ाया। शुक्रवार को वे आरपी पब्लिक स्कूल, प्रताप नगर बिशुनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक नए शिक्षण कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद वे सधनपुर गांव निवासी रजनीश श्रीवास्तव के घर पहुंचे, जिन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विधायक ने मेधावी छात्र को सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके उपरांत विधायक सौरइयां गांव पहुंचकर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा हिमांगनी का भी सम्मान किया और उसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले के सभी टॉपर छात्रों को सम्मानित किया जाएगा ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिल सके। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से मुलाकात कर शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मौके पर ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव व बेचन पाण्डेय राहुल यादव प्रदीप यादव हिरा सिंह गौरव सिंह रिगन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की नव कार्यकारिणी का सम्मान
जौनपुर । राष्ट्रीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमुहाई, जौनपुर द्वारा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के सम्मान में आयोजित समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों द्वारा नव निर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों - अध्यक्ष प्रो. राहुल सिंह, महामंत्री डॉ. शैलेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुजीत कुमार पटेल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी, महिला संयुक्त मंत्री डॉ. प्रिया शुक्ला, प्रांतीय प्रतिनिधि डॉ. धर्मवीर सिंह, कार्यालय मंत्री डॉ. श्याम सुंदर उपाध्याय एवं सह मंत्री डॉ. प्रशान्त सिंह का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इसी अवसर पर विविध महाविद्यालयों से आए हुए शिक्षकों—डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. सौरभ सिंह परिहार, डॉ. नितेश अग्निहोत्री, डॉ. वीरेंद्र कनौजिया एवं डॉ. प्रवीण सिंह—का भी सम्मान किया गया।  कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में अध्यक्ष प्रो. राहुल सिंह ने कार्यक्रम को “शिक्षक समागम” बताते हुए कहा कि यह मंच शिक्षकों के बीच संवाद एवं समन्वय को सुदृढ़ करने का माध्यम है तथा सभी पदाधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा एवं सक्रियता के साथ कार्य करना चाहिए। महामंत्री डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षक संघ शिक्षकों की एकजुटता का सशक्त मंच है तथा सभी को मिलकर संगठन को मजबूत बनाते हुए शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु कार्य करना चाहिए। अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षक हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती एवं शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है तथा नव निर्वाचित कार्यकारिणी से सकारात्मक कार्यों की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम का सफल संचालन वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के सह मंत्री डॉ. प्रशान्त सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. कमलेश कुमार सिंह, डॉ. मंजुलिका यादव, डॉ. नीरज कुमार दुबे, डॉ. दिलीप सिंह, डॉ. राकेश चौधरी, डॉ. इन्द्रजीत सिंह, डॉ. सत्येन्द्र कुमार यादव, डॉ. अजय सिंह, डॉ. तेजप्रताप सिंह, डॉ. रणविजय सिंह, डॉ. पारुली सिंह, डॉ. विपुल यादव आदि महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित रहे।
रामपुर नद्दी में मनाया गया राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस
जौनपुर। विकासखंड मड़ियाहूॅं के ग्राम सभा रामपुर नद्दी के पोस्ट आफिस पर शुक्रवार 24 अप्रैल 2026 को लेखपाल सुरेन्द्र सिंह,ग्राम पंचायत अधिकारी डाॅ. अजीत सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस का आयोजन किया गया।सर्वप्रथम ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा दिवस विशेष पर विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया तत्पश्चात् लेखपाल सुरेन्द्र सिंह ने किसान आईडी के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्वजिलाधिकारी जौनपुर दिनेश कुमार सिंह ने वीडियो कालिंग माध्यम से संबोधित किया।उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों में परमानंद त्रिपाठी, रामनरेश तिवारी, गुलाबचंद मिश्र,महेन्द्र मिश्र,कुलदीप तिवारी से आनलाइन परिचयोपरांत कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को सांवैधानिक दर्जा देने वाले 73 वें सांविधानिक संशोधन की वर्षगांठ 24 अप्रैल को देशभर में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाने पर जोर दिया।कार्यक्रम के सूत्रधार अश्वनी तिवारी ने कहा कि ,"यह दिन विकसित भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था की भूमिका को पहचानने का अवसर प्रदान करता है।" इस अवसर पर बाबुलनाथ मिश्र,पं.लल्लन मिश्र, कृष्णानंद तिवारी, तीर्थराज मिश्र, विकास मिश्र,जितेन्द्र मिश्र,रतन ओझा, कुलदीप तिवारी,पं.नीरज मिश्र आदि गणमान्यजन उपस्थित रहे।
भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति की सराहनीय सेवा
जौनपुर। जनपद के केराकत बाजार के समिप ग्राम सभा घुरहूपुर की अनाथ बेटी की शादी में सामाजिक संस्था ने मदद करके एक मिशाल कायम किया।समाज सेवा और स्वजातीय बंधुओं के उत्थान के प्रति संकल्पित भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति ने एक बार फिर मानवता का परिचय दिया।विकास खंड केराकत के अंतर्गत ग्राम सभा घुरहूपुर में संस्था के पदाधिकारियों ने पहुँचकर एक पीड़ित परिवार की बेटी के विवाह हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया।बेटी के पिता महेंद्र कुमार शर्मा की कुछ दिन पूर्व ट्रेन यात्रा के दौरान मृत्यु हो गई जिससे परिवार अनाथ था ऐसे परिवार के दुख की घड़ी में बना संस्था सहारा बनी। संस्थापक अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि ग्राम घुरहूपुर निवासी अर्चना शर्मा के पिता की कुछ समय पूर्व एक दुखद रेल दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। परिवार पर आए इस वज्रपात के बाद बेटी की शादी की जिम्मेदारी एक बड़ी चुनौती बन गई थी।मामले की जानकारी होने पर संस्था ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया और वैवाहिक कार्यक्रम में आर्थिक योगदान सुनिश्चित किया।इस पुनीत कार्य के अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश चन्द्र शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सहायता करना है। उक्त स्थान पर संस्था के पदाधिकारियों एवं समाजसेवी में प्रेम शंकर शर्मा (संस्था संरक्षक),अवधेश शर्मा (मण्डल अध्यक्ष),संतोष शर्मा (राष्ट्रीय ऑडिटर), मनोज कुमार शर्मा (प्रधान महासचिव), अशोक कुमार शर्मा (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष), विनोद कुमार शर्मा उर्फ सोनू‌ (जिलाध्यक्ष, जौनपुर),प्रमोद कुमार शर्मा(राष्ट्रीय सचिव),राम गोपाल ठाकुर उपस्थित थे।मुंबई से कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप सहित तमाम समाजसेवी एवं सामाजिक संस्थाओं ने संस्था के इस कदम की सराहना किया।स्थानीय ग्रामीणों और समाज के प्रबुद्ध जनों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जब कोई संस्था इस तरह से आगे आकर किसी जरूरतमंद परिवार का संबल बनती है,तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। कार्यक्रम के अंत में राम गोपाल ठाकुर समेत अन्य लोगों ने भी अपने विचार साझा किए और बेटी के सुखद भविष्य की कामना की
अंशुमान पांडे ने किया नाम रोशन, गांव वालों ने किया सम्मान
जौनपुर। प्रतिभाएं संसाधनों की मोहताज नहीं होतीं । सच्ची प्रतिभा, दृढ़ निश्चय, और मेहनत के दम पर सीमित साधनों में भी सफलता के शिखर को छुआ जा सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है, जनपद के बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित महमदपुर गुलरा गांव निवासी पूर्व प्रधानाध्यापक डॉ श्रीपाल पांडे के पौत्र तथा मृदुल पांडे के पुत्र अंशुमान पांडे ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में उन्होंने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परिवार के साथ-साथ गांव का नाम रोशन किया है। एनपीएस पब्लिक स्कूल, बदलापुर में पढ़ने वाले अंशुमान शुरू से ही अव्वल दर्जे के विद्यार्थी रहे। उनके शानदार परीक्षाफल को देखते हुए आज पांडे परिवार की तरफ से उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ श्रीपाल पांडे, पूर्व प्रधानाध्यापक रामअनंद पांडे, संपादक डॉ सुभाष चंद्र पांडे, सरपंच कैलाश नाथ पांडे, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, अशोक पांडे, देवेंद्र पांडे, आदर्श शिक्षक राहुल पांडे समेत अनेक लोग उपस्थित हो।
किसान की बेटी सुप्रिया यादव ने 92.16 प्रतिशत परीक्षाफल के साथ किया नाम रोशन
जौनपुर। भारत गांवों का देश है और गांव में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सागर इंटरनेशनल स्कूल, नेवादा मुरीदपुर (मछलीगांव) में पढ़ने वाली दसवीं की छात्रा सुप्रिया यादव ने 92.16 प्रतिशत परीक्षाफल प्राप्त कर अपना, परिवार तथा विद्यालय का नाम रोशन किया है। उसे विद्यालय में सबसे अधिक अंक प्राप्त हुए हैं। पिता ओम प्रकाश यादव साधारण किसान है तो मां उर्मिला देवी गृहिणी है। स्कूल के प्रिंसिपल राजेश लाखरा के अनुसार सुप्रिया शुरू से ही पढ़ने में अव्वल रही। पढ़ाई लिखाई के साथ-साथ वह खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही। प्रबंधक डॉ. प्रवीण कुमार यादव ने सुप्रिया के साथ-साथ प्रिंसिपल और अन्य शिक्षकों को भी शानदार परीक्षा परिणाम के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कड़ी मेहनत और प्रभावशाली मार्गदर्शन के चलते इस वर्ष इस विद्यालय का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। स्कूल की छात्रा पल्लवी रजक पुत्री सूबेदार रजक ने 87.17 प्रतिशत अंक के साथ सेकंड रैंक प्राप्त किया है, जबकि किरण शर्मा पुत्री रामजीत शर्मा ने 83 प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ थर्ड रैंक प्राप्त किया है।
प्रवासियों के अधिकारों और सम्मान के लिए प्रवासी फाउंडेशन का अभियान
जौनपुर। सदियों से पलायन का दंश झेल रहे पूर्वांचल को इस कलंक से मुक्ति दिलाने के लिए मुंबई के प्रवासियों ने एक अभियान शुरू किया है, जिसका सूत्रपात आगामी 6 मई को मुंगरा बादशाहपुर में प्रवासी सम्मेलन के ज़रिए किया जायेगा।  कुछ हालिया घटनाओं पर गौर किया जाये, तो पूर्वांचल एक बड़ी समस्या से घिरता जा रहा है। आपको सैकड़ों ऐसे लोग मिल जायेंगे, अपनी पैतृक जमीन बेंच कर मुंबई जैसे महानगरों में या तो फ्लैट ख़रीद रहे हैं, या तो कुछ कारोबार शुरू कर रहे हैं। यह सिलसिला पिछले कुछ सालों से शुरू हुआ है और लगातार बढ़ता ही जा रहा है। पूर्वांचल से मुंबई जाने वाली गाड़ियां ठसाठस भरी जा रही हैं, जबकि वहाँ के भूमिपुत्रों द्वारा हमारे लोगों को किस तरह से अपमानित व प्रताड़ित किया जा रहा है, यह जग जाहिर है। मुंबई और महाराष्ट्र में पूर्वांचल के लोग इतनी तादात में हो गए हैं कि वहाँ की सरकार को प्रभावित कर सकते हैं, लेकिन जातियों और गुटों में बिखरे प्रवासी अपनी कोई ख़ास पहचान नहीं बना पाए। मुंबई ही नहीं, देश के जिस भी महानगर में पूर्वांचल के लोग गए, वहाँ अपनी कड़ी मेहनत से ख़ुद का भी विकास किया और उस राज्य को भी चमकाया। मगर अब हालात बदल गए हैं, उस राज्य के स्थानीय भूमिपुत्रों को लगता है कि ये बाहर से आए हुए लोग उनका हक मार रहे हैं। इसी वजह से भाषा और प्रांत के विवाद की खबरें आए दिन आती रहती हैं।
आपसी एकता न होने की वजह परदेस में भी शोषण का शिकार होना पड़ता है और मार्गदर्शन के अभाव में गांव के भी किसी काम नहीं नहीं आ पाते। प्रवासी समाज में आपसी एकता बहुत जरूरी है, ताकि वे अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संगठित हो सकें। ऐसे ही तमाम मुद्दों के लिए आयोजित प्रवासी सम्मेलन की संपन्नता के बाद मुंबई में प्रवासी फाउंडेशन नाम से एक मंच का गठन करके, वहाँ गांवों के विकास के लिए सामूहिक योजना बनाने का निश्चय किया गया है, जिसमें मुंगरा बादशाहपुर व आसपास के सीमावर्ती जिलों के प्रवासियों को जोड़ने का निर्णय लिया गया है, जो पूरी तरह से ग़ैर राजनैतिक होगा। इस बारे में प्रवासी फाउंडेशन के लिए अरविंद उपाध्याय और अमित दुबे ने मुंगरा बादशाहपुर में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया और अपना भविष्य का लक्ष्य बताया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर रामपुर नद्दी गाॅंव में किसान संगोष्ठी का आयोजन

जौनपुर। जिलाधिकारी डाॅ.दिनेश चंद्र के निर्देश एवं उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार के मार्गदर्शन के क्रम में तहसील के ग्राम सभा रामपुर नद्दी में लेखपाल सुरेन्द्र सिंह द्वारा किसान संगोष्ठी आयोजित भगवती माता मंदिर के समीप  हुआ।
सर्वप्रथम  लेखपाल सुरेन्द्र सिंह ने कुछ दिनों पहले निधन हुए सेवानिवृत्त शिक्षक स्व. धनेन्द्र नाथ मिश्र के आवास पर पहुंच  शोक संवेदना व्यक्त किए। इस अवसर पर स्व.धनेन्द्र नाथ मिश्र के पुत्रों में संतोष कुमार मिश्र, अरविन्द कुमार मिश्रा एवं पौत्रगण में अमित कुमार मिश्रा, आदर्श मिश्र एवं स्व. प्रेमनाथ मिश्र के पुत्र रजनीश मिश्र उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि रतन ओझा, अश्वनी की उपस्थिति में लेखपाल सुरेन्द्र सिंह ने वरासत एवं अन्य विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि, " पीएम किसान सम्मान निधि की आगामी किस्त प्राप्त करने के लिए भी फार्मर रजिस्ट्री जरूरी कर दी गई है।" उन्होंने मौके पर स्व.जगदीश मिश्र की पत्नी मीरा मिश्र की फार्मर आईडी बनाई एवं पं. ओंकारनाथ मिश्र की फार्मर आईडी की अद्यतन जानकारी दी। लेखपाल सुरेन्द्र सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि ,"फार्मर रजिस्ट्री होने से किसानों को फसल ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड अन्य कृषि ऋण प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही फसल बीमा योजना का लाभ लेने और प्राकृतिक आपदा के समय क्षतिपूर्ति के लिए पात्र किसानों की पहचान करने में भी आसानी होगी।फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से कृषि एवं संबद्ध विभागों को किसानों का अद्यतन डाटा उपलब्ध होगा, जिससे योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा। फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसान को केवल आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा भूमि अभिलेख की प्रति, खसरा-खतौनी की आवश्यक हैं।"
कुल्हनामऊ में भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर भव्य प्रतिमा का अनावरण

जौनपुर। अक्षय तृतीया एवं भगवान परशुराम के जन्मदिन के पावन अवसर पर जिले के कुल्हनामऊ चौराहे पर स्थापित 11 फीट ऊंची भगवान परशुराम की प्रतिमा का विधिवत पूजन-अर्चन एवं अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम का आयोजन मुरलीधर चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी समाजसेवी एवं उद्योगपति प्रमोद पाठक के संयोजन में किया गया। शाम शुरू हुए कार्यक्रम में 51बटुको द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना, आरती और परशुराम चालीसा का पाठ किया गया। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।इस मौके पर प्रमोद पाठक ने कहा कि भगवान परशुराम किसी एक समाज के नहीं बल्कि पूरे समाज के आराध्य हैं। उन्होंने कहा कि “भगवान को जातियों में बांटना गलत सोच है, वे सर्व समाज के लिए समान रूप से पूजनीय हैं।” कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोगों की सहभागिता इस संदेश को मजबूत करती दिखी।राजनीतिक चर्चाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, इसे किसी प्रकार के शक्ति प्रदर्शन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। वहीं विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने धर्म की रक्षा में भगवान परशुराम के योगदान पर प्रकाश डाला। प्रतिमा अनावरण के इस अवसर पर राजनीतिक सीमाओं से परे हटकर विभिन्न जन प्रतिनिधि एक साथ नजर आए। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा की कुल्हनामऊ का यह जमदग्निपुरम पार्क न केवल पर्यटन का केंद्र बनेगा बल्कि युवाओं को धर्म और पुरुषार्थ की सीख भी देगा वहीं विधायक बदलापुर ने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं पर उन्होंने कहा कि जनता स्वयं सही-गलत का निर्णय करेगी।आयोजन की सफलता में कई लोगों का योगदान रहा, जिसमें परमिशन से लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तक विभिन्न स्तरों पर सहयोग मिला। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में इस स्थल को “परशुराम चौक” या “परशुराम पार्क” के रूप में विकसित करने की योजना है।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों सहित हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। इस मौके पर विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, मंत्री गिरीश चंद्र यादव, नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, उद्योगपति तथा वरिष्ठ समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ,पूर्व ब्लाक प्रमुख राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं श्रीपति उपाध्याय जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ,कुंवर मृगेंद्र सिंह समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
ब्राह्मण संगठन ने निकाली भगवान श्री परशुराम की शोभायात्रा
जौनपुर । नगर में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा आगरा के तत्वाधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष यूपी रत्न पं. राजेंद्र नाथ त्रिपाठी के आवाह्न पर जिले में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव के उपरांत निकली गई भव्य शोभायात्रा जमदग्निपार्क में स्थित भगवान श्री परशुराम की दिव्य प्रतिमा का लोगों ने दर्शन किया तत्पश्चात नगर में भ्रमण करते हुए पॉलिटेक्निक स्थित शिव मंदिर कृषि भवन परिसर में शोभा यात्रा का समापन किया गया है। वही नगर में विभिन्न संगठनों ने मिलकर एक साथ शोभायात्रा निकाली अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. की शोभायात्रा शुक्ला मैरिज लॉन हरबसपुर से निकलकर जमदग्निपुरम पार्क होते हुए शहर में भ्रमण कर कृषि भवन स्थित शिव मंदिर पर समापन किया गया जहां भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया इस मौके पर श्रीपति उपाध्याय राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, डॉ ज्ञान प्रकाश मिश्र प्रदेश प्रवक्ता, पं. अवध नारायण तिवारी राष्ट्रीय सचिव, जयेंद्र शुक्ला मंडल अध्यक्ष वाराणसी व जिला अध्यक्ष रत्नाकर चौबे अपनी टीम के साथ रहे।