*15 दिनों में 325 आवेदन..., चूल्हे पर बन रहा भोजन आपूर्ति विभाग का दावा सबको मिल रहा सिलिंडर*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। खाद्य एवं रसद विभाग की धीमी प्रक्रिया ने शादी समारोह वाले घरों में परेशानी बढ़ा दी है। आवेदन के बावजूद आयोजकों को समय से गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण लकड़ी पर भोजन बन रहा है। विभाग का दावा है कि 15 दिन में 325 आवेदन आए, सभी को सिलिंडर उपलब्ध कराया गया। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच बीते कुछ दिन से देश में ईंधन संकट शुरू हो गया है। जनपद में इंडेन, भारत पेट्रोलियम (बीपी) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के 4.27 लाख उपभोक्ता हैं। पूर्ति विभाग की ओर से शादी समारोह के लिए गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की सुविधा तो दी गई है, लेकिन प्रक्रिया इतनी लंबी और जटिल है कि लोग इसमें उलझ कर रह जा रहे हैं। आवेदकों का कहना है कि आवेदन के साथ शादी का कार्ड लगाने और कंपनी तक फाइल भेजने जैसी औपचारिकता में कई दिन गुजर जा रहे हैं। सात दिन की अनिवार्य समय-सीमा परेशानी की वजह बनी है।

दो वाणिज्यिक सिलिंडर में करीब 40 किलो गैस आता है। इससे खाना बन सकता है। 325 लोगों ने आवेदन किया था, जिनको उपलब्ध करा दिया गया है। कंपनियों के कारण कुछ समस्याएं हुई है।

सुनील कुमार जिला पूर्ति अधिकारी
*28 अस्पतालों में बने लू वार्ड,90 बेड आरक्षित*
*एमसीएच और एमबीएस में 10-10 ,छह सीएचसी में पांच - पांच और 20 पीएचसी में दो-दो बेड आरक्षित*



रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही।जनपद में बीते एक सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ रहा है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ही तापमान 43 डिग्री पहुंच गया है। 22 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं। तपन ऐसी है कि धूप में बाहर निकलने वालों का माथा चकरा जा रहा है। लू को देखकर स्वास्थ्य विभाग ने जनपद के 28 स्वास्थ्य केंद्रों पर 90 बेड आरक्षित कर दिया है। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय (एमसीएच) और महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय (एमबीएस) भदोही में 10-10 बेड के लू वार्ड बनाए गए हैं। छह सीएचसी पर पांच-पांच बेड, 20 पीएचसी पर दो-दो बेड का लू वार्ड बनाया गया है। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने इन वार्डों में एसी, कूलर, पंखा ठीक करने के निर्देश केंद्र अधीक्षक को दिए हैं। बीते सात दिन में तापमान छह डिग्री तक बढ़ा है।

लू वार्ड में क्या-क्या है व्यवस्थाएं
- कूलर की व्यवस्था
- बड़े अस्पताल में एसी अनिवार्य
- पंखा जरूर होना चाहिए
- ग्लूकोज और ओआरएस घोल
- ठंडे पानी का पर्याप्त इंतजाम
- हर वार्ड में एक स्टॉफ, एक वार्ड बॉय
हर दिन पीएं पांच लीटर पानी
सौ शय्या अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुशील शुक्ला ने बताया कि शरीर में पानी की मात्रा की कमी होने से लू लगने की संभावना बढ़ जाती है। शरीर में पानी की कमी होने से लू की चपेट में आ सकते हैं। रोजाना करीब पांच से छह लीटर पानी पीना चाहिए। दोपहर 11 बजे के बाद कतई घर से बाहर न निकलें। तरल पदार्थों का खूब सेवन करें।

लू लगने के लक्षण
- तेजी से सिर दर्द होना

- निरंतर चक्कर, कमजोरी महसूस होना
- कमजोरी के साथ मांसपेशियों में ऐंठन होना
- उल्टी होना

इस तरह से करें बचाव
- ढीले, सूती कपड़े पहनें।

- खुद को ठंडा रखें।

- हल्का भोजन करें।
- हरी सब्जी का सेवन करें।

- दोपहर में घर से बाहर न निकलें।

कहां कितने बेड़ आरक्षित
- जिला अस्तपाल - 10

- एमबीएस भदोही - 10

- छह सीएचसी - पांच-पांच (कुल 30)

- 20 पीएचसी - दो-दो (कुल 40)
भीषण गर्मी में चल रहे लू को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। जिला अस्पताल सहित 28 स्वास्थ्य केंद्रों पर 90 बेड आरक्षित किए गए हैं। कूलर, पंखा की व्यवस्था कर दी गई है। दवा भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। - डॉ. एसके चक, सीएमओ, भदोही।
*केंद्र व्यवस्थापकों को देना होगा अवशेष उत्तरपुस्तिका का विवरण*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन हो चुका है। अब छात्र-छात्राओं को रिजल्ट का इंतजार है। इस दौरान परीक्षा में अवशेष (बची हुई) उत्तर पुस्तिकाओं का विवरण केंद्र व्यवस्थापकों को देना होगा। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। शिक्षा विभाग रिकॉर्ड को जल्द ही परिषद को भेजेगा। जिले में 18 फरवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू हुई थी। इसमें 55 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। नौ मार्च को परीक्षा खत्म होने के बाद 17 मार्च से अप्रैल के पहले सप्ताह तक काॉपियो का मूल्यांकन किया गया। उसके बाद जांची गई कॉपियां बोर्ड को भेज दी गई। 20 से 30 अप्रैल के मध्य परीक्षाफल जारी होगा। इसको लेकर छात्र-छात्राएं उत्साहित हैं। वहीं, बोर्ड परीक्षा के समय परिषद से भेजी गई उत्तरपुस्तिकाओं का रिकॉर्ड बोर्ड को भेजी जाएगी। रिपोर्ट में मुख्य रूप से कितनी कॉपियां बांटी गईं, कितनी बचीं, और कितनी खराब हुईं, इसका ब्यौरा देना है। परिषद के निर्देश पर शिक्षा विभाग की ओर से अवशेष उत्तरपुस्तिका का विवरण तैयार किया जा रहा है। इसको जल्द ही भेजा जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि अवशेष उत्तरपुस्तिका का विवरण तैयार कर लिया गया है। इसको बोर्ड को भेजा जाएगा।
*खान-पान एवं लू के कारण पेट मरीजों की संख्या बढ़ी*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कालीन नगरी में इन दिनों हीटवेव के हालात बनने शुरू हो गए हैं। आगामी दिनों में राहत की उम्मीदें नहीं हैं। उधर, खान-पान एवं लू के कारण पेट मरीजों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में बचाव से ही खुद को बीमार होने से बचाया जा सकता है। उधर, सरकारी अस्पतालों में इन दिनों डायरिया, पेट के रोगियों की संख्या 30 फीसदी तक पहुंच गई है। डाक्टरों को इलाज करने में पसीने छूट जा रहे हैं। बता दें कि इन दिनों सूबे के साथ ही कालीन नगरी में गर्मी का प्रकोप जारी है। पुरवाई के बाद भी पारा दिन का करीब 43 डिग्री के पार जबकि रात का 30 डिग्री के नीचे नहीं आ रहा है।
उधर, इन दिनों शादियों की धूम है। इसके कारण लोग देर रात भोजन कर रहे हैं। अब ऐसे में पेट दर्द, डायरिया के मरीजों की संख्या ज्यादा देखी जा रही है। जिला अस्पताल ज्ञानपुर एवं महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल भदोही में इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीजों की भरमार नजर आ रही है। तेज धूप की तपिश से हवा भी झुलसा रही है। ऐसे में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। अचानक घर से बाहर पैदल एवं बाइक से निकलकर धूप में जाना खतरनाक साबित हो सकता है।डाक्टरों ने कहा कि हर घंटे पर एक गिलास पानी या फिर तरल पदार्थ का सेवन करते रहें। दोपहर में यदि निकलना बेहद जरूरी हो तो धूप से बचने के लिए छाता लगाकर निकलें या फिर गमछा आदि से सिर और चेहरे को पूरी तरह से ढककर गर्म हवा से सुरक्षित रखें।बीमारी से बचाव को यह करें-फल एवं गन्ने का जूस, नारियल पानी का प्रयोग करें कच्चे आम को भूनकर पना बनाकर पीएं धूप में निकलने से पहले सिर को अच्छी तरह से ढकें0 बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग धूप में निकलने से बचें दिन भर में कम से कम आठ से 10 गिलास पानी पीएं।शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखें और दोपहर में घर से निकलने से बचें गर्मी में बहुत ज्यादा कड़ी मेहनत करने से बचें। धूप से बचने के लिए छाता, गमछा, दुपट्टा एवं हैट का इस्तेमाल करें
*भदोही में यातायात अभियान: 216 वाहनों का चालान: मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न पर ₹2.61 लाख का समन, एक वाहन सीज*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में, जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए एक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने 190 दोपहिया और 26 चारपहिया वाहनों सहित कुल 216 वाहनों का चालान किया, जिससे ₹2.61 लाख का समन शुल्क वसूला गया। एक वाहन को सीज भी किया गया। यह अभियान मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर, ट्रकों और भारी वाहनों में अवैध प्रेशर हॉर्न, तथा निजी वाहनों पर अनधिकृत रूप से लगी नीली/लाल बत्ती व हूटर के विरुद्ध चलाया गया। यातायात/जनपदीय पुलिस द्वारा जनपद के व्यस्त चौराहों, संवेदनशील मार्गों और विशेष रूप से जनपद के बॉर्डर के मुख्य मार्गों पर सघन जांच की गई। नियम विरुद्ध पाए गए वाहनों का तत्काल चालान किया गया। मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग कर शोर मचाने वाले चालकों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। चेकिंग के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग और गलत लेन में वाहन चलाने वालों को भी चेतावनी दी गई, साथ ही आमजन को ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने वाले और मॉडिफाइड उपकरणों से शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
36 गांव में बनेंगे अन्नपूर्णा भवन, डेढ़ करोड़ जारी


*तीन करोड़ होंगे खर्च,50 फीसदी काम पूरा के बाद जारी होगी धनराशि*

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले की 36 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन बनेंगे। इन भवनों से उपभोक्ताओं को अनाज तो मिलेगा साथ ही उन्हें कॉमन सर्विस सेंटर की सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। तीन करोड़ की लागत से बनने वाले भवन के लिए डेढ़ करोड़ की पहली किस्त जारी हो गई। पूर्ति विभाग ने एक-एक ग्राम पंचायतों को पैसा जारी कर दिया है। प्रदेश में डोर स्टेप डिलेवरी के तहत सिंगल स्टेज व्यवस्था लागू की गई है। इसमें राशन ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से सीधे कोटेदारों तक पहुंचता है। गांव में सकरे रास्ते और दुकान होने के कारण राशन वहां तक नहीं पहुंच पाता था। इस कारण समय से लोगों को राशन नहीं मिलने की शिकायत मिलती थी। सरकारी राशन वितरण में अनियमितता की भी शिकायत मिलती थी। इसके समाधान के लिए शासन स्तर से प्रदेश के सभी जिलों में साल 2022 में 75-75 मॉडल दुकानों के निर्माण का निर्देश दिया गया था। शुरुआत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना जो अब वीबी जी रामजी हो गई है। साल 2023-24 में करीब 72 और 2024-25 में 30 भवन की स्वीकृति मिली थी। अब तक 50 से अधिक भवन पूर्ण हो गए हैं, जबकि शेष निर्माणाधीन है। शासन ने 2025-26 के लिए 36 अन्नपूर्णा भवन निर्माण की मंजूरी दी है। यह सभी भवन पूर्ति विभाग के माध्यम से बनाए जाएंगे। तीन करोड़ होने वाले खर्च में आधी रकम जारी कर दी गई है। पूर्ति विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों को पैसा भेज दिया गया। अब ग्राम पंचायतें जमीन चिह्नित करके निर्माण कराएंगी।



36 अन्नपूर्णा भवन बनाने की स्वीकृति मिली है। एक-एक भवन पर आठ लाख 47 हजार रुपये खर्च होंगे। पहले किस्त के रूप में डेढ़ करोड़ जारी हुए। उक्त धनराशि को ग्राम पंचायतों को जारी कर दिया गया है। - सुनील कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी।
चाचा-भतीजा अपने ही घर में चोरी करते पकड़े गए: पुलिस ने 14 साड़ियां, 11 आभूषण सहित अन्य सामान बरामद किया
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र में अपने ही घर से चोरी करने के आरोप में चाचा और भतीजे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 14 साड़ियां, 11 आभूषण और अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।
ज्ञानपुर थाना में पंधारी गौतम ने 17 अप्रैल 2026 की रात अपने घर में चोरी होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि चोर घर का सामान और जेवरात चुरा ले गए। इस शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 98/2026 धारा 305 (A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर जनपद में अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को ज्ञानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर असनाव-औराई रोड से वादी पंधारी गौतम और उनके भतीजे समरजीत गौतम को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि चाचा-भतीजे ने अपनी ही नातिन के गहने और कपड़े चुराए थे। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से बेडशीट, सूट, चुनरी, कुर्ती सेट और कुल 14 रंग-बिरंगी साड़ी सेट बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, सफेद धातु के 8 आभूषण और पीली धातु के 3 आभूषण भी मिले। चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन से एक ट्रॉली बैग के अंदर यह सामान बरामद किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में दर्ज अभियोग में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पंधारी गौतम (61 वर्ष) पुत्र स्व० रामनाथ गौतम निवासी बनकट छनौरा, ज्ञानपुर और समरजीत गौतम (42 वर्ष) पुत्र सीताराम गौतम निवासी वेदपुर, ज्ञानपुर के रूप में हुई है।इस गिरफ्तारी और बरामदगी को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजाराम रंजन, हेड कांस्टेबल महेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल संजय गुप्ता, कांस्टेबल अनुराग कुशवाहा और कांस्टेबल राजू पटेल शामिल थे।
*भदोही में भगवान परशुराम जयंती मनाई गई:विधायक विपुल दुबे ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजन किया*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर स्थित भगवान परशुराम चबूतरा पर रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधि - विधान से पूजा - अर्चना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों सुख - समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान गिरजा शंकर तिवारी ने विधायक विपुल दूबे को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, ज्ञानपुर विकास मंच के तत्वावधान में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।विधायक विपुल दूबे ने इस अवसर पर कहा कि भगवान परशुराम हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़े रहे। उन्होंने सभी से भगवान परशुराम के पदचिन्हों पर चलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विधायक ने यह भी कहा कि भगवान परशुराम सनातन धर्म ने रक्षक और हम सभी के आराध्य है। इस मौके पर ब्रह्मजीत शुक्ला,गिरजा शंकर तिवारी उर्फ कल्लू,तेगा सिंह, रायपुर प्रधान दीपू शुक्ला,रामकपूरा प्रधान उपाध्यक्ष राजा तिवारी, शिवकुमार दूबे, रामेश्वर उपाध्याय,आदि लोग उपस्थित रहे।
शादी के घरों में भोजन बनाना बड़ी चुनौती
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव का असर अब आम जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। महंगाई बढ़ने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं पर भी असर पड़ा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी और लगन सीजन शुरू होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से भीषण गर्मी में चाय-नाश्ते की दुकानों पर कर्मचारी कोयले की भट्टियां जलाकर काम करने को मजबूर हैं। तपती गर्मी में भट्ठियों के पास खड़े लोग परेशान नजर आ रहे हैं। एजेंसियों पर लोग घंटों लाइन में लगने को विवश हैं।
ज्ञानपुर नगर पंचायत में करीब 40 प्रतिशत दुकानदार इन दिनों कोयले की भट्ठी पर चाय-नाश्ता बना रहे हैं। लकड़ी की कीमत 6 से 8 रुपये प्रति किलो और कोयला 25 से 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
लगन के मौसम में शादी वाले घरों में भोजन बनाना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। लोग लकड़ी, कोयला और अन्य ईंधन के सहारे रिश्तेदारों के लिए भोजन तैयार कर रहे हैं। हलवाई भी लकड़ी पर खाना बनाने के लिए अतिरिक्त शुल्क मांग रहे हैं।
जिलापूर्ति अधिकारी सुनील कुमार के अनुसार, दुकानदारों को कमर्शियल गैस सिलेंडर के लिए कनेक्शन लेना होगा, जिसके बाद उन्हें सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। जिन घरों में शादी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर दिया जा रहा है। बुकिंग के बाद उपभोक्ता कार्यालय में कार्ड दिखाकर संबंधित एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि दुकानों पर घरेलू रसोई गैस का उपयोग करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है और कालाबाजारी करने वालों पर जल्द कार्रवाई होगी।

* गरम मसाले भी हुए महंगे
मध्य पूर्व में तनाव का असर अब मसालों पर भी दिखने लगा है। खड़ा धनिया, इलायची, लौंग, तेजपत्ता, जीरा, काली मिर्च, दालचीनी और हल्दी समेत कई मसाले करीब 5 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं। इससे शादी समारोहों का खर्च 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

* ग्रामीण क्षेत्रों में उपली की मांग बढ़ी
ग्रामीण इलाकों में गैस सिलेंडर की कमी के चलते लोग गोबर की उपली खरीद रहे हैं। गर्मी में उपली जल्दी सूखने से ग्रामीण महिलाएं इसे बेचकर अच्छा लाभ कमा रही हैं। दुकानदार 100 से 150 रुपये प्रति सैकड़ा उपली खरीद रहे हैं।
महिलाओं के लिए मिल का पत्थर होगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम

*न‌ए अधिनियम पर काशी नरेश विश्वविद्यालय के महिला प्रोफेसरों ने रखी अपनी राय*

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश राज्य विश्वविद्यालय की महिला प्रोफेसरों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया है। उनका कहना है कि यह अधिनियम महिलाओं के विकास एवं उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ये एक ऐतिहासिक पहल है।


महिला आरक्षण विधेयक लोकतंत्र को अधिक समावेशी और प्रतिनिधिक बनता है। इससे आधी आबादी को नीति निर्माण और निर्णय लेने में भागीदारी मिलेगी। तभी सही अर्थों में सच्चा लोकतंत्र स्थापित होगा। - डॉ ऋचा यादव असिस्टेंट प्रोफेसर एवं विभाग प्रभारी संस्कृत विभाग

राजनीति के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक पहल है। ये विधेयक महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर प्रदान करेगा।
-
- डॉ ऊष्मा यादव असिस्टेंट प्रोफेसर संस्कृत विभाग
-
भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना समय की मांग है। अधिनियम से महिलाओं की आवाज सशक्त होगी, बल्कि समाज के विभिन्न मुद्दों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा के मुद्दे पर वह निर्णय ले सकेंगी। - डॉ. रश्मि सिंह, प्रोफेसर वनस्पति विज्ञान
नारी शक्ति वंदन अधिनियम में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया जा रहा है। अधिनियम में यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि दलित, पिछड़े एवं आदिवासी वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण मिले, जिससे वे भी समाज की मुख्यधारा में सम्मिलित हो सकें।


डॉ ईरा त्रिपाठी असिस्टेंट प्रोफेसर गृह विज्ञान विभाग