आप सांसद अशोक मित्तल के घर ईडी की रेड, राघव चड्ढा की जगह राज्यसभा में बने थे डिप्टी लीडर
#edraidsaaprajyasabhampashokmittalhouse
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। अशोक मित्तल के घर पर ईडी ने सुबह-सुबह छापेमारी की है। सूत्रों के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा के गुरुग्राम समेत करीब 8 से 9 ठिकानों पर यह रेड चल रही है। इसमें अशोक मित्तल के अलावा उनके बेटे से जुड़े ठिकाने भी शामिल हैं। खास बात यह है कि हाल ही में उन्हें राघव चड्डा की जगह राज्यसभा में डिप्टी लीडर बनाया गया था।
![]()
न्यूज एजेंसी ANI ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उपनेता डॉ. अशोक कुमार मित्तल से जुड़े कई परिसरों पर छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक, अशोक मित्तल एक यूनिवर्सिटी चलाते हैं, इसमें फंड से रिलेटेड कुछ गड़बड़ी पाई गई हैं।अशोक मित्तल पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक हैं।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फंड से जुड़ी गड़बड़ियों की जांच
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फंड से जुड़ी कथित गड़बड़ियों को लेकर की जा रही है। हालांकि, एजेंसी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि ईडी की टीमें दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि फंड फ्लो और संभावित अनियमितताओं का पता लगाया जा सके।
मान बोले-“टिपिकल मोदी स्टाइल”
इस मामले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा पंजाब चुनाव की तैयारी में लगी है और इसी वजह से इस तरह की कार्रवाई हो रही है। उन्होंने इसे “टिपिकल मोदी स्टाइल” भी बताया।
बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे-केजरीवाल
वहीं पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल (ने अपने एक्स पर भगवंत मान के पोस्ट रीपोस्ट करते हुए लिखा: "मोदी जी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी। लेकिन पंजाब के लोग ये बर्दाश्त नहीं करेंगे। बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे।"
ईडी के एक्शन के सियासी मायने
अशोक मित्तल हाल ही में तब सुर्खियों में आए थे, जब आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को हटाकर उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर नियुक्त किया था। ऐसे में उनकी नियुक्ति के कुछ समय बाद ही ईडी की यह कार्रवाई राजनीतिक तौर पर भी अहम मानी जा रही है।





9 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.8k