कृषि विभाग ने प्रयागराज में लागू की नई व्यवस्था, कीटनाशक कितना आया और कितना बिका; आनलाइन होगा पूरा डाटा

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज । यूरिया और डीएपी की तरह अब जिले की सरकारी व प्राइवेट दुकानाें में बिकने वाले कीटनाशकों का भी पूरा रिकार्ड कृषि विभाग की वेबसाइट पर होगा। इससे कीटनाशकों की खरीद-फरोख्त और खपत की निगरानी में आसानी होगी। जिले से लेकर लखनऊ तक के अधिकारी किसी भी वक्त कहीं पर भी बैठकर इसकी समीक्षा कर सकेंगे।

जिले के प्रत्येक ब्लाक में कृषि रक्षा इकाइयां

जिले के सभी 23 ब्लाकों में कृषि विभाग की एक-एक कृषि रक्षा इकाइयां हैं, जहां से किसानों को कीटनाशक उपलब्ध कराए जाते हैं। ताकि, वह अपनी फसलों को कीटों व रोगों से बचा सकें। इसके अलावा लगभग 800 प्राइवेट दुकानें पंजीकृत हैं। अभी तक इन कृषि रक्षा इकाइयों व दुकानों में कीटनाशकों की आमद व वितरण का लेखा-जोखा आफलाइन रखा जाता है। आने वाले दिनों में यह व्यवस्था आनलाइन हो जाएगी।

कीटनाशक विक्रेताओं को कराना होगा पंजीकरण

जिला कृषि रक्षा अधिकारी डाॅ. मुकेश कुमार ने बताया कि अब सभी कीटनाशक विक्रेताओं को इंट्रीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। लगभग 300 दुकानदार पंजीकरण करा भी चुके हैं। इसी पोर्टल के माध्यम से यह दुकानदार थोक विक्रेताओं को अपनी डिमांड भेजेंगे। आनलाइन ही थोक विक्रेता उसे स्वीकृत करेंगे। आपूर्ति का डाटा भी अपलोड करेंगे।

दुकानों का कीटनाशक विवरण भी आनलाइन होगा

इसी तरह दुकानों से कीटनाशक का वितरण भी आनलाइन ही होगा। इससे कीटनाशक की आपूर्ति व खपत की निगरानी आसान होगी। किसी भी वक्त, कहीं भी बैठे-बैठे कीटनाशक की खरीद-फरोख्त व आपूर्ति की प्रगति देखी जा सकेगी। जिले में कीटनाशक की जरूरत का सही अनुमान लगेगा। इससे जुड़ी तैयारियों में सहूलियत होगी।

प्रयागराज जिले की जीडीपी में 28.9 प्रतिशत की वृद्धि, उत्तर प्रदेश में चौथे स्थान पर पहुंच गया है

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। प्रदेश को वन ट्रिलियन डालर इकोनामी पहुंचाने को लेकर ओटीडी सेल की बैठक में नए वित्तीय वर्ष के लक्ष्य को लेकर रणनीति तय की गई। डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद का सकल जिला घरेलू उत्पाद 96456 करोड़ का हो गया है, जिसमें गत वर्ष की तुलना में 28.9 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

अब प्रदेश में प्रयागराज चौथे स्थान पर है, जहां प्रति व्यक्ति जिला निवल घरेलू उत्पाद 116895 रुपये है, जिसमें पिछले वर्ष की तुलना में 27.2 फीसद की उल्लेखनीय वृद्धि हुई। बैठक में डीएम ने उप निदेशक कृषि को जनपद में गेहूं उत्पादन क्षेत्र एवं कुल उत्पादन में कमी के कारणों के संबंध में आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला उद्यान अधिकारी को जनपद में पुष्प खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। जिला अग्रणी बैंक मैनेजर आइडीएम को सीडी अनुपात बढ़ाने के निर्देश दिए। ओटीडी सेल के सदस्य जीएस दरबारी ने सुझाव दिया कि प्रयागराज से हल्दिया जल मार्ग का प्रारंभ तो हो गया है मगर प्रयागराज से वाराणसी के बीच आवागमन नहीं हो पा रहा है।

पर्यटन को बढ़ावा देने एवं वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी पर जोर दिया। जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं की संगम के साथ अन्य प्रमुख स्थलों तक पहुंच के प्रबंध का सुझाव दिया। विनय टंडन ने सब्जियों व फलों के निर्यात को बढ़ावा देने, ग्लास मैन्यूफैक्चरिंग में प्रयुक्त होने वाले शंकरगढ़ के सिलिका सैंड के उत्पादन व बिक्री बढ़ाने की सलाह दी। शहर को नालेज हब के रूप में विकसित करने के सुझाव दिए।

डीएम ने सभी अधिकारियों को इनोवेटिव एवं क्रिएटिव आइडियाज़ को शेयर करने तथा विभाग में योजनाबद्ध तरीक़े से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रगतिशील किसानों को बुलाने को कहा। एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, डीएसटीओ संतोष कुमार उपस्थित रहे।

प्रयागराज जंक्शन पर 'देवदूत' बना RPF जवान, चलती ट्रेन से फिसले यात्री की जान पर खेलकर बचाई जिंदगी

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन पर शुक्रवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान की मुस्तैदी ने एक यात्री को नई जिंदगी दी। आरपीएफ के 'ऑपरेशन जीवन रक्षा' के तहत कांस्टेबल सुनील कुमार कुशवाहा ने अपनी जान की परवाह न करते हुए मौत के मुंह से एक यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

शुक्रवार दोपहर लगभग 12:11 बजे, सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी। इसी बीच, सराय हरिया बहादुरगढ़ (प्रयागराज) निवासी सुरेश कुमार सरोज, जो आबू रोड की यात्रा कर रहे थे, चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगे।

गति पकड़ती ट्रेन में चढ़ते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे प्लेटफार्म और कोच के बीच बने खतरनाक गैप में जा गिरे। कांस्टेबल सुनील कुशवाहा ने उसे खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना को जिसने भी देखा, उसके रोंगेट खड़े हो गए।

यात्री सुरेश ने कांस्टेबल का आभार व्यक्त किया और खुद को पूर्णतः स्वस्थ बताते हुए अपनी यात्रा जारी रखी। यात्रियों ने आरपीएफ जवान की इस कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की।

घटनाक्रम पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर अमित मीना ने इस साहनीय कार्य पर गर्व जताते हुए यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने का जोखिम कतई न उठाएं।

गंगा-यमुना की बीच धारा में पट्टाधारक ही करा रहे थे बालू का अवैध खनन, दो पर सख्त कार्रवाई; 50 लाख रुपये का चालान

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज । गंगा और यमुना के बीच धारा में बालू का अवैध खनन कराने वाले दो पट्टाधारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। यमुना में लालापुर के सेमरी तरहार और गंगा में मेजा के परानीपुर के पास पट्टाधारक द्वारा स्वीकृत पट्टा क्षेत्र से बाहर बालू का अवैध खनन गुरुवार को पकड़ा गया, जिस पर दोनों पट्टाधारकों पर 50 लाख रुपये का चालान काटा गया।

पट्टाधारकों को 15 दिन के अंदर चालान की राशि जमा करना है। ऐसा न करने पर दोनों का पट्टा निरस्त कर दिया जाएगा और फिर वसूली के लिए कुर्की की कार्यवाही कराई जाएगी। दैनिक जागरण के अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए अभियान के पहले ही दिन जिला प्रशासन और खनन विभाग ने तेजी से कार्रवाई की।

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने समाचार को संज्ञान में लेते हुए एडीएम प्रशासन पूजा मिश्रा और ज्येष्ठ खान अधिकारी केके राय तथा संबंधित एसडीएम की टास्क फोर्स गठित कर छापेमारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कुल पांच टीमों ने 20 से ज्यादा स्थानों पर देर रात तक छापेमारी की कार्यवाही की। सेमरी तथा परानीपुर में नदियों के बीच सैकड़ों नावों द्वारा बालू का अवैध खनन पकड़ा गया।

दोनों स्थानों पर खनन विभाग ने नदी के बाहर बालू खनन का पट्टा दिया है, जिसके सहारे पट्टाधारक नदी के अंदर से बालू का खनन करा रहे थे। टीमों ने नैनी के महेवा में अवैध बालू से लदे चार डंपरों को पकड़ा, जिसके चालक भाग गए तो उनका आनलाइन चालान काटा गया, जिन्हें ज़ब्त कर पुलिस के हवाले किया गया। बसवार में दो डंपर पकड़े गए, जिसमें एक डंपर को जब्तकर नैनी थाने में भेजा गया तथा दूसरे के ड्राइवर की अनुपस्थिति में आनलाइन चलान काटा गया, उसे भी जब्त किया गया।

वहीं एसडीएम बारा ने भी दो ट्रक व एक डंपर को सीज करा दिया। ज्येष्ठ खनन अधिकारी ने बताया कि मोहब्बतगंज में नदी किनारे नावों से डंप किए गए अवैध बालू को नदी में फेंकवा दिया गया। एक ट्रैक्टर को ट्राली समेत सीज किया गया।

प्रयागराज महानगर के तीन लेखकों को सीबीएसई बोर्ड पर आधारित व्याकरण पुस्तक की नवीं कक्षा में मिला स्थान

विश्वनाथ प्रताप सिंह

रविवार को महाराष्ट्र लोक सेवा मंडल प्रयागराज में आयोजित होगा अभिनंदन समारोह

पवन प्रभात प्रयागराज।

भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ से संबद्ध पदाधिकारियों में तीन वरिष्ठ लेखकों को सीबीएसई बोर्ड पर आधारित कक्षा 9 की व्याकरण की पुस्तक में शामिल किया गया है जिसे लेकर स्थानीय साहित्यकारों में हर्ष व्याप्त है। उक्त साहित्यकारों का अभिनंदन समारोह 19 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जा रहा है।

उपरोक्त जानकारी देते हुए सुप्रसिद्ध पाठ्य पुस्तक लेखक सर्वेश कांत वर्मा ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड के पैटर्न पर आधारित कक्षा 9 की व्याकरण की पुस्तक किंशुक हिंदी व्याकरण में प्रयागराज के तीन वरिष्ठ लेखकों को स्थान मिला है जिनमें श्रीमती जया मोहन , डॉक्टर भगवान प्रसाद उपाध्याय और डॉ राम लखन चौरसिया वागीश शामिल हैं ।

श्री वर्मा जी ने बताया कि इस पुस्तक की लेखिका ‌श्रीमती वर्मा है जिन्होंने उपरोक्त तीन साहित्यकारों को इसमें स्थान दिया है। उल्लेखनीय है कि डॉक्टर भगवान प्रसाद उपाध्याय की एक रचना 2 वर्ष पहले इंटरमीडिएट सामान्य हिंदी की कक्षा 12 में अपठित पद्यांश में शामिल की गई थी जो यूपी बोर्ड पाठ्यक्रम के अनुसार थी । अब इन्हें सीबीएसई बोर्ड में भी स्थान मिला है जो इनके रचनात्मक परिश्रम का प्रतिफल है ।

उपरोक्त तीनों रचनाकारों का सार्वजनिक अभिनंदन समारोह आगामी 19 अप्रैल 2026 दिन रविवार को पूर्वाहन 11:00 बजे से प्रयागराज के आलोपी बाग मंदिर के पूरब में महाराष्ट्र लोक सेवा मंडल के प्रतिष्ठित सभागार में किया जा रहा है जिसमें जनपद और अन्य जिलों के अनेक वरिष्ठ साहित्यकार पत्रकार कवि शामिल होंगे ।

उपरोक्त साहित्यकारों को पाठ्यक्रम में स्थान मिलने पर आयोजित अभिनंदन समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्र और अति विशिष्ट अतिथि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय संरक्षक डॉक्टर बालकृष्ण पांडेय होंगे और इस समारोह की अध्यक्षता भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तर प्रदेश साहित्य प्रकोष्ठ के प्रभारी सुप्रसिद्ध पाठ्य पुस्तक लेखक सर्वेश कांत वर्मा सरल करेंगे । विशिष्ट अतिथि में गाडरवारा नरसिंहपुर के ख्यातिलब्ध साहित्यकार विजय बेशर्म और जबलपुर की डा० वंदना विनम्र भी मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर साहित्यांजलि प्रकाशन प्रयागराज द्वारा प्रकाशित तीन पुस्तकों का लोकार्पण भी किया जाएगा*। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय प्रकाशन सचिव रवीन्द्र कुशवाहा ने बताया कि इस अवसर पर साहित्यांजलि प्रभा से जुड़े कुछ साहित्यकारों को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा।

अभिनंदन समारोह आयोजन मंडल और भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की महानगर प्रयागराज इकाई ने सभी साहित्यकारों पत्रकारों कवियों को इस समारोह में भाग लेने की अपील की है।

नैनी में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, युवक ने थप्पड़ मारकर वारदात को दिया अंजाम

घर के बाहर बैठी 76 वर्षीय महिला को बनाया निशाना, पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज।नैनी थाना क्षेत्र के त्रिवेणी नगर में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। एक अज्ञात युवक ने घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्रिवेणी नगर निवासी सुनील कुमार सिंह की 76 वर्षीय माताजी रोज की तरह रविवार सुबह घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान करीब सुबह 8 बजे एक युवक वहां पहुंचा और अचानक उनके सिर पर जोरदार थप्पड़ मार दिया। हमले से बुजुर्ग महिला कुछ समय के लिए सुस्त हो गईं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उनके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

एक बुजुर्ग महिला ने लगा ली फासी का फन्दा

विश्वनाथ प्रताप सिंह

 प्रयागराज ,मऊआइमा थाना क्षेत्र में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बोड़ीपुर धरौता गांव की है, जहां महिला का शव चार दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान लल्ली देवी पाल (65 वर्ष) पत्नी नंद लाल पाल के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने रविवार को उनके घर से तेज दुर्गंध आने पर अंदर झांका तो लल्ली देवी का शव छत में लगे बांस के सहारे फांसी पर लटका मिला। उनके शरीर में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे पता चला कि मौत कुछ दिन पहले हुई थी।

मृतका की पहचान लल्ली देवी पाल (65 वर्ष) पत्नी नंद लाल पाल के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने रविवार को उनके घर से तेज दुर्गंध आने पर अंदर झांका तो लल्ली देवी का शव छत में लगे बांस के सहारे फांसी पर लटका मिला। उनके शरीर में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे पता चला कि मौत कुछ दिन पहले हुई थी।

ग्रामीणों और पूर्व प्रधान भगेलू पासी के अनुसार, लल्ली देवी बेहद गरीब थीं। उनके पति नंदलाल पाल 20 साल पहले मानसिक रूप से परेशान होकर लापता हो गए थे, जिनका आज तक कोई पता नहीं चला। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं।

लल्ली देवी का बड़ा बेटा समर बहादुर पाल (42 वर्ष) दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता है, जबकि छोटा बेटा राज बहादुर पाल मानसिक रूप से बीमार है। परिवार ने स्वयं सहायता समूह से कर्ज लेकर मकान बनाना शुरू किया था, लेकिन पैसे खत्म होने के बाद मकान अधूरा रह गया।

पड़ोसी राम जी पाल ने बताया कि लल्ली देवी पांच दिन पहले अपने घर के बाहर देखी गई थीं। घटना की सूचना तत्काल मऊआइमा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भेलसी नहर पर छिनैती का आरोप, पुलिस ने बताया रंजिश का मामला

विश्वनाथ प्रताप सिंह

हंडिया प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के भेलसी नहर के पास एक महिला द्वारा छिनैती और फायरिंग का आरोप लगाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस जांच में मामला आपसी रंजिश और मारपीट का निकला।

पीड़िता सुनीता ने आरोप लगाया कि वह क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी एक युवक ने उसे रोककर छिनैती की कोशिश की और विरोध करने पर धक्का-मुक्की की। महिला ने फायरिंग होने का भी दावा किया है, जिससे वह घायल हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी भागने लगा लेकिन कुछ दूरी पर गिर पड़ा, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला छिनैती या फायरिंग का नहीं है। एसीपी हंडिया शेषधर पांडे के मुताबिक, महिला के बेटे अनुराग और घायल युवक राज मिश्रा के बीच पुरानी रंजिश चल रही है, जिसके चलते दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई। मारपीट में राज मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि फायरिंग और लूट की बात पूरी तरह निराधार है। दोनों पक्षों के बीच पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष द्वारा थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।

किस्त वसूली के नाम पर दिव्यांग से स्कूटी छीनी, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, झूंसी थाना क्षेत्र स्थित न्याय नगर गेट के पास किस्त वसूली के नाम पर दबंगई का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक दिव्यांग व्यक्ति को घेर लिया और जबरन उसकी स्कूटी छीनकर फरार हो गए। घटना के दौरान पीड़ित के साथ कथित तौर पर अभद्रता भी की गई, जिससे वह दहशत में आ गया।

पीड़ित कौशलेंद्र पाण्डेय, निवासी कोटवा, ने बताया कि वह अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे, तभी कुछ लोग खुद को फाइनेंस कंपनी से जुड़ा बताकर पहुंचे और बकाया किस्त का हवाला देने लगे। इसके बाद उन्होंने जबरन स्कूटी अपने कब्जे में ले ली और मौके से चले गए।

घटना के बाद पीड़ित ने झूंसी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने ऐसे मामलों पर रोक लगाने की मांग की है।

एसबीआई बैंक में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, लाखों का नुकसान

विश्वनाथ प्रताप सिंह

हंडिया। प्रयागराज,जनपद के सराय ममरेज थाना क्षेत्र अंतर्गत जंघई कस्बे में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैंक परिसर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बैंक के अंदर रखे लैपटॉप, कंप्यूटर सिस्टम, महत्वपूर्ण दस्तावेज, टेबलेट्स, कुर्सियां, सोफा सहित अन्य फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।

बताया जा रहा है कि बैंक में रखे महत्वपूर्ण कागजात जलने से प्रशासनिक और ग्राहकों से जुड़े कार्यों पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है।

फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। बैंक प्रबंधन और प्रशासन मिलकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग लगने के वास्तविक कारण क्या थे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से कैसे बचा जा सके।