गंगा-यमुना की बीच धारा में पट्टाधारक ही करा रहे थे बालू का अवैध खनन, दो पर सख्त कार्रवाई; 50 लाख रुपये का चालान
विश्वनाथ प्रताप सिंह
प्रयागराज । गंगा और यमुना के बीच धारा में बालू का अवैध खनन कराने वाले दो पट्टाधारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। यमुना में लालापुर के सेमरी तरहार और गंगा में मेजा के परानीपुर के पास पट्टाधारक द्वारा स्वीकृत पट्टा क्षेत्र से बाहर बालू का अवैध खनन गुरुवार को पकड़ा गया, जिस पर दोनों पट्टाधारकों पर 50 लाख रुपये का चालान काटा गया।
पट्टाधारकों को 15 दिन के अंदर चालान की राशि जमा करना है। ऐसा न करने पर दोनों का पट्टा निरस्त कर दिया जाएगा और फिर वसूली के लिए कुर्की की कार्यवाही कराई जाएगी। दैनिक जागरण के अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए अभियान के पहले ही दिन जिला प्रशासन और खनन विभाग ने तेजी से कार्रवाई की।
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने समाचार को संज्ञान में लेते हुए एडीएम प्रशासन पूजा मिश्रा और ज्येष्ठ खान अधिकारी केके राय तथा संबंधित एसडीएम की टास्क फोर्स गठित कर छापेमारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कुल पांच टीमों ने 20 से ज्यादा स्थानों पर देर रात तक छापेमारी की कार्यवाही की। सेमरी तथा परानीपुर में नदियों के बीच सैकड़ों नावों द्वारा बालू का अवैध खनन पकड़ा गया।
दोनों स्थानों पर खनन विभाग ने नदी के बाहर बालू खनन का पट्टा दिया है, जिसके सहारे पट्टाधारक नदी के अंदर से बालू का खनन करा रहे थे। टीमों ने नैनी के महेवा में अवैध बालू से लदे चार डंपरों को पकड़ा, जिसके चालक भाग गए तो उनका आनलाइन चालान काटा गया, जिन्हें ज़ब्त कर पुलिस के हवाले किया गया। बसवार में दो डंपर पकड़े गए, जिसमें एक डंपर को जब्तकर नैनी थाने में भेजा गया तथा दूसरे के ड्राइवर की अनुपस्थिति में आनलाइन चलान काटा गया, उसे भी जब्त किया गया।
वहीं एसडीएम बारा ने भी दो ट्रक व एक डंपर को सीज करा दिया। ज्येष्ठ खनन अधिकारी ने बताया कि मोहब्बतगंज में नदी किनारे नावों से डंप किए गए अवैध बालू को नदी में फेंकवा दिया गया। एक ट्रैक्टर को ट्राली समेत सीज किया गया।






1 hour and 16 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.8k