वार्षिकोत्सव एवं प्रगति पत्र वितरण समारोह आयोजित
गोण्डा। शिक्षा क्षेत्र मनकापुर के प्राथमिक विद्यालय रेड़ौरा में वार्षिकोत्सव विदाई समारोह व स्कूल चलो अभियान का आयोजन 'प्रतिभा पर्व' के रूप में ससमारोह आयोजित किया गया, कार्यक्रम का शुभारंभ माॅं शारदा के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन करके मुख्य अतिथि हर्षित पाण्डेय खण्ड शिक्षा अधिकारी मनकापुर व अमित मिश्रा डायट प्रवक्ता द्वारा किया गया, कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रवि प्रकाश सिंह जिलाध्यक्ष यूटा, राधामोहन पाण्डेय जिलाध्यक्ष माध्यमिक शिक्षक संघ जनार्दन प्रसाद पाण्डेय ब्लाक अध्यक्ष पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ-मनकापुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित पाण्डेय, पूनम यादव व संगीता देवी द्वारा अतिथियों का बैज लगाकर कार्यक्रम में स्वागत व अभिनंदन किया गया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा मनमोहक सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, समारोह में नवप्रवेशी छात्र छात्राओं को रोली टीका लगाकर व माला पहनाकर स्वागत किया गया, कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के प्रतिभावान छात्र छात्राओं को मेडल व उपहार देकर सम्मानित किया गया, ए आर पी फिरोज अहमद खान, शैलेन्द्र प्रताप सिंह व इंदु प्रताप सिंह जी ने अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा नामांकन कराने के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने उद्बोधन के माध्यम से अभिभावकों व समुदाय से अनुरोध किया गया, डायट प्रवक्ता अमित मिश्रा द्वारा प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं व योजनाओं के बारे में जानकारी दी गयी।शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए यूटा जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने कहा कि आने वाले समय में समाज व राष्ट्र को सुदृढ़ व विकसित बनाने के लिए हमें अपने प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देनी चाहिए, कक्षा-5 उत्तीर्ण हो चुके छात्र-छात्राओं को  अधिगम सहायक किट, अंकपत्र व टी सी देकर भावुक विदाई दी गयी, कार्यक्रम का संचालन गिरीश कुमार पाण्डेय 'विद्यार्थी' द्वारा किया गया, समारोह में स्वागत भाषण कमलेश पाण्डेय एस आर जी द्वारा व धन्यवाद ज्ञापन अमित पांडेय द्वारा किया गया, समारोह को राधा मोहन पाण्डेय, जनार्दन प्रसाद पाण्डेय, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, इंदु प्रताप सिंह,विनय मिश्रा, विकास मौर्य, विपिन मिश्रा द्वारा भी संबोधित किया गया, इस अवसर पर ग्राम प्रधान झिन्नू प्रसाद पाण्डेय,विजय प्रकाश सिंह, यूटा जिला मंत्री आत्रेय मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी अरुण मिश्रा, डॉ अखिलेश शुक्ला, अवधेश पाण्डेय, अरविंद कुमार, सुनीत शुक्ला, मीरा पाण्डेय, रेखा शुक्ला, शिव कुमारी गुप्ता, सत्येन्द्र सिंह, सत्य प्रकाश मिश्रा, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, नाजिया बानो, शिखा, स्तुति देवी, नीलम शुक्ला, राकेश यादव, उदय राज यादव, आशुतोष मिश्रा आदि गणमान्य अतिथियों सहित न्याय पंचायत विद्यानगर के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे, राष्ट्र गान के साथ समारोह का समापन किया गया।
ग्रामीण परिवहन सेवा संचालन के संबंध में आयोजित की गई बैठक

*ग्रामीण यात्रियों को अब ब्लॉक मुख्यालय, तहसील मुख्यालय तथा जिला मुख्यालय तक की यात्रा होगी आसान*

गोण्डा ।कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में ग्रामीण परिवहन सेवा के संचालन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एआरएम रोडवेज, एआरटीओ प्रवर्तन आर.सी भारतीय तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा को सुदृढ़ बनाना तथा आमजन, विशेषकर ग्रामीण यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना था।

जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रस्तावित ग्रामीण परिवहन सेवा इस प्रकार संचालित की जाए कि ग्रामीण अंचलों से यात्रियों को लेकर वाहन ब्लॉक मुख्यालय, तहसील मुख्यालय होते हुए जिला मुख्यालय तक नियमित रूप से आवागमन करें। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को न केवल ब्लॉक एवं तहसील स्तर तक पहुंचने में सुविधा होगी, बल्कि जिला मुख्यालय तक उनकी पहुंच भी आसान और सुलभ हो सकेगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवहन सेवा के मार्ग, समय सारणी तथा संचालन व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से तैयार किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सेवा का संचालन समयबद्ध एवं सुरक्षित तरीके से किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार सहित रोडवेज विभाग, परिवहन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर इस योजना को शीघ्र धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गेहूँ क्रय योजना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला का किया गया आयोजन

*कार्यशाला में केन्द्र प्रभारियों को क्रय केंद्र पर आने वाले शतप्रतिशत किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश-डीएम*


*गोण्डा 07 अप्रैल,2026*।
जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में गेहूँ क्रय योजना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य जनपद में संचालित होने वाले सभी गेहूँ क्रय केन्द्रों को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु अधिकारियों एवं केन्द्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना।

प्रशिक्षण के दौरान गेहूँ क्रय की प्रक्रिया, शासन द्वारा निर्धारित मानकों, तथा किसानों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार गेहूँ क्रय कार्य समय से प्रारंभ किया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से फार्मर रजिस्ट्री के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सभी केन्द्रों पर आने वाले किसानों को इसके बारे में जानकारी दी जाए तथा उन्हें तत्काल पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए।

कार्यशाला के दौरान कृषि उपनिदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है, अतः जनपद के शतप्रतिशत किसानों को इससे जोड़ा जाना आवश्यक है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि क्रय केन्द्रों पर किसानों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, जलपान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। कार्यशाला में जनपद के समस्त क्रय केन्द्र एजेंसियों के केन्द्र प्रभारी, संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा अन्य कर्मचारीगण।

कार्यशाला के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, जिला खाद्य अधिकारी एन.के. पाठक, कृषि उपनिदेशक प्रेम कुमार ठाकुर, एआर कोऑपरेटिव रवि शंकर चौधरी, पीएसीएफ प्रबंधक जितेंद्र वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा चोरी करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार,  कब्जे से चोरी का माल बरामद

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दवाच्यॉ के नेतृत्व में थाना कटरबाजार पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-77/26, धारा 305(ए) बीएनएस से सम्बन्धित आरोपी अभियुक्त विशाल कुमार पुत्र चोखे निवासी बोटन पुरवा असरना थाना कटरा बाजार जनपद गोण्डा व एक बालअपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से 01 अदद सोलर पैनल व 01 बोरी धान बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
प्रार्थी पंकज पुत्र सुरेश निवासी ग्राम असरना बोटन पुरवा, थाना कटरा बाजार, जनपद गोण्डा द्वारा थाना कटराबाजार में लिखित तहरीर दी गई कि उसका परिवार दिल्ली में निवास करता है तथा पैतृक घर बंद रहता है। लगभग 03 माह पूर्व अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके घर से 01 अदद सौर ऊर्जा पैनल, 08 बोरी धान, 01 जोड़ी सोने की झुमकी व 01 अदद सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया गया। प्रार्थी द्वारा काफी खोजबीन के उपरांत दिनांक 06.04.2026 को जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त चोरी की घटना को ननके उर्फ विशाल पुत्र चोखे, अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया गया है। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कटराबाजार में सुसंगत धाराओं अभियोग पंजीकृत किया गया। जिसमें आज दिनांक 07.04.2026 को थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा चोरी करने के आरोपी अभियुक्त विशाल कुमार पुत्र चोखे निवासी बोटन पुरवा असरना थाना कटरा बाजार जनपद गोण्डा व एक बालअपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से 01 अदद सोलर पैनल व 01 बोरी धान बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना कटरबाजार पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
नव प्रवेश उत्सव का हुआ आयोजन
गोण्डा। जिले के विकास खंड परसपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत दुरगोड़वा के उच्च प्राथमिक विद्यालय दुरगोड़वा में ग्राम प्रधान राजकमल तिवारी की अध्यक्षता में नव प्रवेशोत्सव आयोजित हुआ जिसमें सैकड़ों अभिभावकों एवं बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का प्रारंभ माँ शारदे के प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं वंदन द्वारा प्रारंभ हुआ।कार्यक्रम के दौरान कक्षा छः में नवीन नामांकन हेतु इच्छुक बच्चों से सम्बन्धित प्रपत्र भी लिए गए, कम्पोजिट विद्यालय बैसनपुरवा दुरगोड़वा के प्रधानाध्यापक द्वारा अपने कक्षा पांच के बच्चों को परीक्षाफल भी दिए गए।इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष इंद्र प्रताप सिंह रहे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक उपाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह कम्पोजिट विद्यालय दुरगोड़वा के प्रधानाध्यापक बिपिन कुमार सिंह मनीष कुमार पाण्डेय राजेश कुमार तिवारी चन्द्रमणि तिवारी एवं कई अभिभावक उपस्थित रहे।
ना वजीरगंज पुलिस द्वारा गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को किया गया सुपुर्द

गोण्डा । थाना वजीरगंज क्षेत्रान्तर्गत आवेदिका असरेखा मौर्य पत्नी सुरेंद्र मौर्य निवासी जलालपुर चढ़ौवा द्वारा थाना वजीरगंज पर सूचना दी गई कि उनका पुत्र शिवांश मौर्य (उम्र लगभग 13 वर्ष),जो कि कक्षा 7 का छात्र है एवं एक्सीलेंट स्कूल बधवा में पढ़ाई करता है। दिनांक 06/04/2026 को समय लगभग 04ः00 बजे सायं घर से साइकिल लेकर कहीं चला गया है और वापस नहीं आया है। सूचना प्राप्त होते ही थाना वजीरगंज पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए बालक की तलाश हेतु टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा सक्रियता से कार्यवाही करते हुए संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा पवन सिंह आर्मी ढाबा, विक्रमजोत जनपद बस्ती के पास से बालक शिवांश मौर्य को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया।

जनपद पुलिस द्वारा अपीलः
अभिभावक अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में बच्चों को घर छोड़कर जाने जैसी स्थिति उत्पन्न न होने दें। किसी भी बालक/बालिका के संदिग्ध अवस्था में मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करे।
बसपा नेता पर भाई के हत्या का मुकदमा,72 घंटे बाद भी कोई कार्यवाही नहीं
*साजिश गैर इरादतन हत्या और मानसिक प्रताड़ना का आरोप

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में 4 अप्रैल को मोहम्मद मुमताज (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बसपा नेता अब्दुल राजिक उस्मानी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।घटना के 72 घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।मोहम्मद मुमताज के परिजनों की तहरीर पर अब्दुल राजिक उस्मानी,मोहम्मद फिरोज और फहीमुल हक उस्मानी के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना,गैर इरादतन हत्या और साजिश रचने का आरोप लगाया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर गिरफ्तारी की जाएगी।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हुआ था,इसलिए शव का बिसरा जांच के लिए भेजा गया है जिसकी रिपोर्ट अभी तक आनी बाकी है।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मोहम्मद अयाज उर्फ भोलू की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।पीड़ित भाई मोहम्मद अयाज ने आरोप लगाया कि बसपा नेता अब्दुल राजिक उस्मानी और उसके साथी मोहम्मद फिरोज व फहीमुल हक उस्मानी के साथ उनके भाई का चुनावी रंजिश और जमीन को लेकर विवाद था।वे आए दिन झूठे आरोपों और मुकदमे का भय दिखाकर मुमताज को परेशान करते थे।अयाज के अनुसार,एक अप्रैल को अब्दुल राजिक उस्मानी के उकसाने पर आरोपियों ने उनके घर पहुंचकर मुमताज को गालियां दी,अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दिया।इस घटना से मुमताज गहरे सदमे में आ गए और उन्हें मानसिक आघात हुआ।4 अप्रैल को उनकी तबियत बिगड़ी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।परिजनों का आरोप है कि मुमताज की मौत का मुख्य कारण आरोपियों का आपराधिक कृत्य ही है।
कक्षा 9 से 12 तक चलेंगी एनसीईआरटी की किताबें,निजी प्रकाशन की किताबें मिलने पर होगी कार्यवाही
गोंडा।जिला प्रशासन ने माध्यमिक विद्यालयों में मंहगी किताबों और फीस के विरोध के बीच एक बड़ा फैसला लिया है।जिसके तहत अब जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक केवल एनसीईआरटी की निर्धारित पुस्तकें ही संचालित की जाएंगी।जिला विद्यालय निरीक्षक डाक्टर रामचंद्र ने इस संबंध में सभी माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश जारी किया है।आदेश के अनुसार,यदि कोई भी विद्यालय एनसीईआरटी की निर्धारित पुस्तकों के अलावा किसी अन्य निजी प्रकाशक की किताबों से शिक्षण कार्य कराता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।लगातार जिले के अलग अलग माध्यमिक विद्यालयों में इसकी जांच भी विभाग द्वारा कराई जा रही है।यह आदेश कक्षा 9 से 12 तक के सभी विद्यालयों पर लागू होगा।इन कक्षाओं की किताबों के दाम भी तय कर दिए गए हैं,ताकि छात्रों को निर्धारित मूल्य पर ही पुस्तकें उपलब्ध हो सकें।माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा निर्धारित 36 विषयों की एनसीईआरटी पुस्तकों का ही प्रयोग किया जाएगा।डाक्टर रामचंद्र ने बताया कि एनसीईआरटी की किताबें सस्ती हैं,जिससे अभिभावकों को इन्हें खरीदने में कोई कठिनाई नहीं होगी।एनसीईआरटी की जितनी भी किताबें हैं काफी कम दाम में हैं,ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों को पढ़ाने में दिक्कत भी नहीं होगी।उन्होंने निजी स्कूलों की मनमानी पर भी लगाम लगाने का दावा किया है।उन्होंने बताया कि एनसीईआरटी किताबों को लेकर जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।यह फैसला राष्ट्रीय छात्र पंचायत द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 18 दिनों से लगातार लिखे जा रहे पत्रों के बाद लिया गया है।जिला प्रशासन ने निजी प्रकाशकों की किताबों पर पूरी तरह से रोक लगाने का काम शुरू कर दिया है।किसी भी विद्यालय के संचालक ने अगर एनसीईआरटी की किताबों के अलावा अन्य किताबें लेने के लिए किसी भी अभिभावक को कहीं अन्य स्थान पर भेजा तो उस पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
राम रंग हत्याकांड में राहुल यादव समेत पूरा परिवार गिरफ्तार,लंगड़ाते नजर आए बाप बेटे
*घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर बरामद


गोंडा।जिले में राम रंग हत्याकांड के मुख्य आरोपी राहुल यादव समेत परिवार के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।नवाबगंज पुलिस ने यह कार्यवाही करते हुए 60 घंटे के अंदर सभी आरोपियों को पटपड़गंज पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए लोगों में राहुल यादव के पिता भरत यादव, माता शोभा देवी,भाई अंकित यादव और बहनें नेहा यादव व अंजली यादव शामिल हैं।गिरफ्तारी के बाद सभी छह आरोपियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में मेडिकल परीक्षण कराया गया।इसके बाद उन्हें जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।नवाबगंज थाने में पेशी के दौरान पिता पुत्र लंगड़ाते हुए नजर आए।मृतक राम रंग के भाई उमेश यादव ने राहुल समेत उनके परिवार के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था।हालांकि एक आरोपी के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया है।नाबालिग के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि घटना में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और बांका भी बरामद किया है।उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस प्रशासन मृतक राम रंग यादव के परिवार के साथ खड़ा है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास लगा अखिलेश यादव का विवादित पोस्टर,उन्हें रहमान डकैत दिखाया गया
*धुरंधर सीएम पर सवाल

गोंडा।उत्तर प्रदेश की राजनीति में अखिलेश यादव को लेकर विवादित पोस्टर लगाए जाने से बवाल मच गया है।ये पोस्टर लखनऊ के साथ साथ जिले में भी कई स्थानों पर देखे गये हैं।जिसमें अंबेडकर चौराहा व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास के क्षेत्र शामिल हैं।ये पोस्टर यूथ अगेंस्ट माफिया नामक संगठन ने लगवाया है।संगठन के गोंडा जिला प्रभारी सक्षम सिंह,महामंत्री अभिनव तिवारी और कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने इन पोस्टरों को जारी किया है।पोस्टरों में अखिलेश यादव को फिल्म धुरंधर के विलेन रहमान डकैत के रूप में दिखाया गया है।विवादित होर्डिंग में एक तरफ अखिलेश यादव की लाल टोपी और काले चश्मे वाली एडिट की हुई तस्वीर है,जिसके नीचे अखिलेश का ल्यारी राज लिखा है।उनकी तस्वीर के नीचे सपा शासनकाल (2012 से 2017) के दौरान हुए मुजफ्फरनगर और शामली के दंगों की खबरों की कटिंग भी लगी है।होर्डिंग के दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कन्या पूजन करते हुए तस्वीर लगी है,जिसके नीचे धुरंधर सीएम लिखा है।योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के नीचे माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी पर की गई कार्रवाई से संबंधित खबरें दर्शाई गई हैं।होर्डिंग में जनता से पूछा गया है कि आपको क्या चाहिए? फिल्म धुरंधर में रहमान डकैत की भूमिका बालीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना ने निभाई थी।रहमान डकैत पाकिस्तान के कराची स्थित ल्यारी इलाके का एक कुख्यात डान था।इन पोस्टरों के माध्यम से सपा शासन को दंगे,अराजकता और माफिया राज से जोड़कर दिखाया गया है,जबकि वर्तमान सरकार को माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने वाली बताया गया है।