“मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं/बालिकाओं को किया गया जागरूक
गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इस अवसर पर एण्टी रोमियो स्क्वायड टीमों एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मंदिरों, भीड़-भाड़ वाले स्थलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।

*कार्यक्रम के दौरान महिलाओं/बालिकाओं को निम्नलिखित विषयों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया—

महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता
साइबर अपराध से बचाव के उपाय
आत्मरक्षा के तरीके
कानून द्वारा प्रदत्त अधिकार
भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सतर्कता बरतने के उपाय

महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उपस्थित महिलाओं से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई तथा त्योहार के दौरान सुरक्षित आवागमन एवं संभावित जोखिमों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही, सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों को चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई की हिदायत दी गई, जिससे महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को भरोसा दिलाया गया कि गोण्डा पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सम्मान के लिए सदैव तत्पर है।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1090 – वूमेन पावर हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
108 – एम्बुलेंस सेवा
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
102 – स्वास्थ्य सेवा

अतिरिक्त रूप से महिलाओं/बालिकाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना भी है, ताकि वे हर परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।
डीसी जैम पोर्टल की जमानत याचिका खारिज,छ: दिन से मंडलीय कारागार में बंद
गोंडा।जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में फर्नीचर आपूर्ति के नाम पर रिश्वत और भ्रष्टाचार के मामले में जिला समन्वयक प्रेम शंकर मिश्रा की जमानत याचिका खारिज कर दी गई।विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम न्यायमूर्ति नित्या पांडेय ने देवरिया निवासी प्रेम शंकर मिश्रा के जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद जमानत के लिए कोई ठोस आधार न मिलने के कारण खारिज कर दिया।प्रेम शंकर मिश्रा 30 मार्च से मंडलीय कारागार में निरुद्ध हैं।बताते चलें कि 4 नवंबर को मोतीगंज थाना क्षेत्र के किनकी गांव निवासी मनोज कुमार पाण्डेय ने एंटी करप्शन कोर्ट गोरखपुर के आदेश पर प्रेम शंकर मिश्रा के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।आरोप है कि 15 करोड़ रुपए के फर्नीचर आपूर्ति टेंडर के लिए प्रेम शंकर मिश्रा,तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (वर्तमान में निलंबित) अतुल कुमार तिवारी और जमानत पर बाहर आए जिला समन्वयक निर्माण विद्याभूषण मिश्रा ने 15 प्रतिशत कमीशन की मांग किया।तीनों पर 50 लाख रुपए एडवांस और 26 लाख रुपए रिश्वत के तौर पर लिए जाने का भी आरोप है।प्रेम शंकर मिश्रा पर दो लाख रुपये अतिरिक्त रिश्वत लेने और एक लाख रूपए वापस करने का भी आरोप है।न्यायालय के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया था।मामले में फरार चल रहे प्रेम शंकर मिश्रा को पुलिस ने 30 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया था जहाँ से उनको जेल भेज दिया गया था।सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी अभिनव चतुर्वेदी ने जमानत याचिका खारिज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि याचिका में कोई ठोस आधार नहीं मिला है।इस पूरे मामले में जिला समन्वयक निर्माण विद्याभूषण मिश्रा को भी नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया था।हालांकि वह फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
बड़े घर की बेटी हूं बोल शीला ने अरुण किया था प्यार, चार साल में लिया डेढ़ लाख रूपए
*इलेक्ट्रीशियन मैकेनिक का काम कर देता था पैसे

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भीटी भटवल गांव में हुए 25 वर्षीय शीला हत्याकांड के खुलासे के बाद अब प्रेम संबंधों और पैसे की गुत्थी भी सामने आई है।25 वर्षीय शीला ने इंस्टाग्राम पर कम फॉलोअर्स होने के बावजूद बिहार के अरुण कुमार से संपर्क किया और स्वयं को बड़े घर की बेटी बताकर उसकी दोस्ती और फिर प्यार जीत लिया।दिसंबर 2022 में शीला ने पहली बार अरुण कुमार से कहा कि कुछ पैसों की जरूरत है।अरुण कुमार ने अपने दोस्तों और अन्य स्रोतों से जुटाकर बीस हजार रूपए शीला को दिया।शीला ने यह देखकर महसूस किया कि अरुण अब उसका एटीएम मशीन बन गया है।पिता आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण शीला के शौक पूरे नहीं कर पा रहे थे,इसलिए शीला ने धीरे धीरे अरुण से बार बार पैसे लेने शुरू कर दिया।पांच महीने बाद शीला ने पहले 25000 रुपये, उसके बाद 30000 रुपये और फिर 11000 रुपये की मांग की।इस तरह उसने चार साल में डेढ़ लाख रूपए नगद व आनलाइन के माध्यम से ऐंठ लिया।जांच में यह भी सामने आया है कि जब अरुण बिहार से गोंडा आता तो शीला और अरुण किसी होटल में मिलते।मुलाकात के दौरान शीला मीठी मीठी बातें करके अरुण से पैसा ले लेती थी और अरुण प्यार में फंसकर पैसे दे देता था।अरुण अपने ही मोबाइल की दुकान पर मैकेनिक का काम करता और बचत जमा करता तथा इसके साथ ही छोटे घरों में इलेक्ट्रीशियन व मैकेनिक के काम करके भी पैसा इकट्ठा करता था।वह यह पैसा शीला को देता ताकि वह अपनी शौक व जरूरत पूरी कर सके।कई बार रात में फोन पर बात न होने के कारण दोनों में झगड़ा भी हुआ।जब अरुण शीला से मिलने गोंडा आता तो शीला अपने परिवार को बताती कि वह अपने दोस्त के यहां जा रही है।वे होटल में किराए पर कमरा लेकर मिलते थे,अरुण कई बार चाहता कि शीला उसे घर ले जाए,परन्तु शीला अपनी सच्चाई छिपाती रही।अंततः अरुण ने एक बार घर जाकर देखा कि फोन पर कही गई लंबी बातें असलियत में सही नहीं थीं।
पी.एम. श्री कम्पोजिट विद्यालय हारीपुर में आयोजित हुआ स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम

*स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को वितरित किया पुस्तक*


*स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीईओ तथा प्राधानाध्यापक को किया सम्मानित*

गोण्डा ।जनपद के पी.एम. श्री कम्पोजिट विद्यालय हारीपुर में आयोजित जनपद स्तरीय “स्कूल चलो अभियान-2026” कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिलाधिकारी गोंडा श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन ने प्रतिभाग कर दीप प्रज्वलित तथा माँ सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की शुभारंभ के दौरान कंपोजिट विद्यालय लक्ष्मणपुर जाट, कंपोजर विद्यालय हारीपुर तथा कंपोजर विद्यालय जमदरा के बच्चों द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों का मनमोह लिया। इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें देशभक्ति, शिक्षा के महत्व तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह और बढ़े। साथ ही, जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले खण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय में शतप्रतिशत बच्चों के नामांकन कराने के उपलक्ष में प्रधानाध्यापकों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सराहनीय योगदान की सराहना का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अध्यापकों को संबोधित करते हुए “स्कूल चलो अभियान” को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिक्षक अभिभावकों से नियमित संपर्क स्थापित करें तथा उन्हें बच्चों को समय से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया। इस आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश गया कि सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान सहायक शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल श्री राम सागर पति त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर राम चन्द्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अमित कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय उपाध्याय, वित्त एवं लेखाधिकारी श्री सुदीप पाण्डेय, जिला समन्वयक बेसिक शिक्षा विभाग श्री राजेश सिंह, जिला समन्वयक बेसिक शिक्षा विभाग श्री गणेश गुप्ता सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने तहसील मनकापुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए

*सम्पूर्ण समाधान दिवस में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश*


*सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*सम्पूर्ण समाधान मनकापुर में 123 शिकायतों में से 16 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*

गोण्डा।शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील मनकापुर में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील मनकापुर में कुल 123 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 16 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया है शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांचकर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को पुलिस फोर्स के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

तहसील मनकापुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

संपूर्ण समाधान में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता राम अनुराग पुत्र रामेश्वर प्रसाद निवासी कलेनियां मनकापुर ने अवगत कराया की हमारे हिस्से में सागौन का पेड़ लगा हुआ है जिसको प्रार्थी बेचना चाहता है लेकिन विपक्षीगण के द्वारा विक्रय नहीं करने दिया जा रहा है अवैध रूप से पैसे की मांग की जा रही है। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के लेखपाल तथा एसडीओ फॉरेस्ट वन विभाग सुदर्शन को निर्देश दिए हैं की मौके पर जाकर शिकायत का निस्तारण कराया जाय।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, अपर उपजिलाधिकारी मनकापुर जीतेंद्र गौतम, पुलिस क्षेत्राधिकारी मनकापुर, प्रभारी तहसीलदार मनकापुर सुभद्रा प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक डीआरडीओ सुशील कुमार पांडेय, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला प्रोवेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, एलडीएम विनोद कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, तथा अन्य विभागों के अधिकारी सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गोण्डा में ब्लाइंड मर्डर का सफल खुलासा: हत्याभियुक्त गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

गोण्डा,गोण्डा में थाना देहात क्षेत्रान्तर्गत एक दिल दहला देने वाली हत्या का सफल अनावरण किया गया। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण में तथा क्षेत्राधिकारी नगर श्री आनंद कुमार राय के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने इस मामले में आरोपी अरुण कुमार पुत्र बैजनाथ कुम्हार को रेलवे स्टेशन गोण्डा से गिरफ्तार किया। आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक आलाकत्ल चाकू भी बरामद किया गया।

घटना का विवरण इस प्रकार है कि 29 मार्च 2026 को अशोक कुमार की बेटी शीला (25) खेत पर गई थी और लौटकर नहीं आई। 2 अप्रैल को ग्राम भदवल में एक गन्ने के खेत में उसका शव मिला। शव की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और फील्ड यूनिट एवं डॉग स्क्वाड द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए।
पुलिस ने चार टीमों का गठन कर मैनुअल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का सफल अनावरण किया।

पूछताछ में खुलासा

अरुण कुमार ने बताया कि वह 2022 से शीला से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में था और दोनों रील्स बनाकर अपलोड करते थे। आरोपी ने शीला को कई बार कुल डेढ़ लाख रुपये नगद और ऑनलाइन माध्यम से दिए थे। 9 मार्च को उसने अंतिम बार 11 हजार रुपये भेजे। उसके बाद भी शीला बार-बार पैसे की मांग करती रही और आरोपी को शक था कि वह किसी अन्य लड़के से भी संपर्क में है।

इसके चलते मनमुटाव होने पर आरोपी ने 29 मार्च को शीला को मिलने बुलाया और रील बनाने का बहाना बनाकर दोनों हाथ पीछे करके रस्सी से बांध दिया। फिर चाकू से उसके गले पर वार कर हत्या कर दी और चाकू को च्यवन मुनि आश्रम के पास झाड़ियों में छिपा दिया।गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
एडीओ कृषि समेंद्र सिंह के विरुद्ध गाली गलौज का मुकदमा दर्ज,छपिया ब्लॉक से हटाए गए
*बीडीओ व कर्मचारियों को गाली देने का आडियो वायरल

गोंडा।जिले के छपिया विकास खंड में तैनात सहायक विकास अधिकारी कृषि समेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।उन पर ग्राम प्रधान से बातचीत के दौरान बीडीओ और अन्य ब्लॉक कर्मचारियों को गाली देने का आरोप है।वायरल आडियो में समेंद्र सिंह ने छपिया ब्लॉक के बीडीओ मानूलाल यादव और अन्य कर्मचारियों पर अपात्रों को आवास दिलाने के लिए वसूली करने का आरोप लगाया।आडियो में उन्होंने विकास खंड स्थापना बाबू,उर्दू अनुवादक जैद और आवास कंप्यूटर आपरेटर राम प्रकाश का नाम लेते हुए कहा कि यह कर्मचारी रद्द किए गए आवेदनों को दोबारा स्वीकृत करने का दबाव बना रहे थे।भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो यह आडियो 27 दिसंबर 2025 का है।एडीओ कृषि ने ग्राम प्रधान ढढौवा राम तौल वर्मा को फोन किया था और बातचीत के दौरान कथित रूप से गाली गलौज किया।वायरल आडियो में उन्होंने पैरोल के लिए देवीपाटन मंडल के आयुक्त और विभागीय मंत्री से भी बातचीत का जिक्र किया।सोशल मीडिया पर आडियो वायरल होने के पश्चात खंड विकास अधिकारी छपिया मोनूलाल यादव ने छपिया थाने में तहरीर दिया।जिसके आधार पर छवि धूमिल करने और गाली गलौज करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए समेंद्र सिंह को छपिया विकास खंड से हटा दिया है।मामले में छपिया थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल आडियो व अन्य साक्ष्य खंड विकास अधिकारी छपिया से मांगे गए हैं।साक्ष्य मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग खंड 2 के अधिशासी अभियंता मुख्यालय से किए गए संबद्ध
*शिकायतकर्ता को गाली गलौज कर धमकाने का मामला

गोंडा।जिले के लोक निर्माण विभाग खंड 2 के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार त्रिपाठी को उनके पद से हटा दिया गया है।उन्हें तत्काल प्रभाव से लोक निर्माण विभाग के लखनऊ स्थित मुख्यालय से सबद्ध किया गया है।यह कार्यवाही शिकायतकर्ता राहुल गोस्वामी को धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले उनके एक वायरल वीडियो के बाद हुई है।बताते चलें कि 27 फरवरी को सभी समाचार पत्रों व पोर्टल में प्रकाशित खबर के अनुसार 26 फरवरी को अधिशासी अभियंता विनोद कुमार त्रिपाठी का एक वीडियो वायरल हुआ था।इसमें वह शिकायतकर्ता राहुल गोस्वामी को लाठी से मारने की धमकी देते और अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए दिखाई दे रहे थे।शिकायतकर्ता राहुल गोस्वामी ने 26 फरवरी को शिकायत दर्ज कराया था कि उनके खेत की पास के सड़क को दो मीटर के स्थान पर चार मीटर तक बढ़ा दिया गया है,जबकि अन्य स्थानों पर मात्र दो मीटर ही बढ़ाया गया था।इसी शिकायत की जांच के लिए विनोद कुमार त्रिपाठी मौके पर गए थे।वीडियो सामने आने के बाद शासन ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को मामले की जांच का आदेश दिया था।जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में एक समिति गठित कर जांच कराई और रिपोर्ट शासन को भेज दिया।इसी रिपोर्ट के आधार पर विनोद कुमार त्रिपाठी को गोंडा से हटाकर लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।उन्हें अभी किसी खंड में तैनात नहीं किया गया है।गोंडा से हटाए जाने के पश्चात विनोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि हम लोग सरकार के कर्मचारी हैं,सरकार हमलोगों का स्थानांतरण करती रहती है इसमें हमको कोई दिक्कत नहीं है।
गोण्डा पुलिस की समीक्षा गोष्ठी: लंबित अभियोगों का निस्तारण और अपराधियों पर कड़ा नियंत्रण

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में लंबित अभियोगों की विवेचना, जांच प्रार्थना पत्रों की स्थिति, प्रारंभिक जांच और पेशेवर अपराधियों पर कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य निर्देश और समीक्षा

लंबित विवेचनाओं, विशेषकर अनवारित अभियोगों को जल्द निस्तारित करने के निर्देश।
इनामी और जिलाबदर अभियुक्तों की जानकारी ली गई और गैंगस्टर प्रकरणों में धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्ती की समीक्षा की गई।
पेशेवर अपराधियों को चिन्हित कर अधिक से अधिक गैंग रजिस्ट्रेशन हेतु निर्देश।
"ऑपरेशन कनविक्शन" के अंतर्गत चिन्हित वाद/मुकदमों की समीक्षा और नए मुकदमों की पहचान।
वाहन चोरी/नकबजनी के हॉटस्पॉट की पहचान कर रात्रि गश्त प्रभावी बनाने, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों पर बैरियर लगवाने का निर्देश।
पीड़ितों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण और सहानुभूतिपूर्ण सुनवाई सुनिश्चित करने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देश।
धारा 107 BNSS के अंतर्गत अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश।
यक्ष ऐप का उपयोग अधिक से अधिक अभियोगों में करने और बीट क्षेत्र की गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों व जनसमस्याओं का डिजिटल रिकॉर्ड रखने हेतु निर्देश।

गोण्डा पुलिस की उपलब्धियाँ (01 जनवरी 2026 – 28 फरवरी 2026):

गैंगस्टर एक्ट के तहत 20 अभियुक्तों के विरुद्ध 05 अभियोग पंजीकृत।
धारा 14(1) के तहत ₹52,44,689/- की संपत्ति जब्त।
25 अभियुक्तों पर गुण्डा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्यवाही।
"ऑपरेशन कनविक्शन" के तहत 82 अभियोगों में 142 अभियुक्तों को सजा:
03 अपराधियों को आजीवन कारावास
03 को 10 वर्ष से अधिक कारावास
07 को 5 वर्ष से अधिक कारावास
129 को 5 वर्ष से कम / अर्थदंड

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  मनोज कुमार रावत, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय और समस्त क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य संदेश: गोण्डा पुलिस अपराधियों की आर्थिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कर रही है।
सिर पर वार करने से हुई शीला की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
*4 जगह मिले चोट के निशान, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भीटी भटवल गांव में पांच दिन से गायब 25 वर्षीय शीला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था।देहात कोतवाली पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम की आज आई रिपोर्ट में शीला की मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार,मृतका शीला की शरीर पर चार जगह चोट के निशान मिले हैं इनमें सबसे गंभीर चोट सिर पर थी और सिर पर वार करके शीला की हत्या की गई थी।हत्यारों ने शव को ठिकाने लगाने से पहले उसके हाथ रस्सी से बांध दिए थे और उसका ही दुपट्टा उस पर डालकर गन्ने के खेत में शव को छोड़ करके फरार हो गये थे।सिर पर वार से हत्या की पुष्टि होने के बाद देहात कोतवाली पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर  पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दिया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है,जिसके बाद गोंडा जिले की पुलिस ने राहत की सांस लिया है।बताते चलें कि परिजनों ने पहले ही प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त किया था,इसके साथ ही पुलिस अब अन्य कई बिंदुओं पर भी विस्तार से जांच कर रही है।बताया गया था कि शीला 29 मार्च को दोपहर से ही बिना बताए घर से गायब थी।देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन किया था और 30 मार्च को परिजनों ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।प्रकरण में देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।रिपोर्ट में सिर व शरीर के अन्य स्थानों पर चार जगह चोट के निशान मिले हैं।सिर में अधिक चोट लगने के कारण शाक से शीला की मौत हुई है।हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।