ग्राम प्रधान से पीड़ित परिवार की नहीं हो रही सुनवाई


गोंडा(करनैलगंज)। मामला थाना करनैलगंज अन्तर्गत पुलिस चौकी भंभुआ अंतर्गत ग्राम बुढ़वलिया के मजरा महिपत गंज से जुड़ा है। जहाँ के निवासी छन्नू पुत्र नसीम ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज को एक शिकायती पत्र दिया है जिसमें आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान बुढ़वलिया मैनुद्दीन ने अपने चार पहिया वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए मेरे घर के सामने बँधी बकरी और उसके बच्चे को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गयी। जबकि इससे पहले भी इस तरह की घटना प्रधान द्वारा की जा चुकी है। जिससे पीड़ित का आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस संबंध में पीड़ित ने कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया प्रन्तु विपक्षी प्रधान ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मामले को दबवा दिया। अब प्रधान द्वारा आये दिन गाली गलौज व धमकी दी जा रही है जिससे पीड़ित को अनहोनी की आशंका सता रही है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है जाँच कर कार्रवाई की जाएगी।
पांच दिन से लापता युवती की खेत में मिली लाश,प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

*खुलासे को लगी 4 टीमें

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भीटी भटवल गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब पिछले 5 दिन से लापता 25 वर्षीय युवती का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला।शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा था और उस फर लाल कपड़ा डाला गया था।उक्त घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी।गन्ने की कटाई कर रहे एक युवक ने खेत में लाल कपड़े से ढकी हुई कोई चीज देखी और पास जाकर देखा तो युवती की लाश पड़ी मिली,इसके बाद उसने मृतका शीला के पिता अशोक कुमार को इसकी सूचना दिया।सूचना मिलते ही मृतका के पिता अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और मृतका की पहचान अपनी बेटी शीला के रूप में किया तथा देहात कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दिया।पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना व घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा डाग स्क्वायड व फोरेंसिक ने भी मौके पर जांच कर साक्ष्य एकत्रित किया।परिजनों के अनुसार, शीला 29 मार्च को दोपहर लगभग 12 बजे घर में बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई थी और इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो 30 मार्च को परिजनों ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराया था,तो पुलिस ने उसी दिन संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया था।गुमशुदगी के 5 दिन बाद उसका शव मिलने से मामला हत्या की आशंका की तरफ मुड़ गया है।परिजनों ने युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।उनका कहना है कि शीला की एक युवक के साथ बातचीत होती थी।इसी बिन्दु को आधार बनाकर पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है।पुलिस अब युवती की काल डिटेल,मोबाइल नंबर और उसके संपर्क में रहने वालों की कुंडली खंगाल रही है।शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने माना जा रहा है,हालांकि पुलिस ने अभी अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं किया है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के सालपुर चौकी अंतर्गत भटवल गांव में गन्ने के खेत में युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी,इसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दिया है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसओजी,सर्विलांस और देहात कोतवाली पुलिस समेत कुल 4 टीमों का गठन किया गया है तथा सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक के अनुसार युवती के पिता ने पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।आब शव मिलने के पश्चात सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और खुलासे के लिए 4 पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
ऑपरेशन कन्विक्शन’ में दहेज हत्या के 4 आरोपियों को 10-10 साल कैद, 30,000-30,000 रुपये अर्थदण्ड की सजा

गोण्डा । जिले में पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत दहेज हत्या के मामले में चार दोषी अभियुक्तों को आज दिनांक 02.04.2026 को न्यायालय द्वारा 10-10 वर्ष की सजा और 30,000-30,000 रुपये के अर्थदण्ड से दंडित किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण

वादी श्री कौशल कुमार सिंह ने थाना धानेपुर को सूचना दी कि लगभग 2 वर्ष पूर्व उनकी पुत्री कोमल की शादी हरिकेश सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही कोमल को उसके पति और ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। 12.03.2024 को सूचना मिली कि कोमल घर नहीं लौटी। जांच में पता चला कि दहेज की मांग को लेकर उसे ससुराल वालों ने मार दिया। इस संबंध में थाना परसपुर में मु0अ0सं0-88/2024, धारा 498ए, 304बी भादवि व ¾ डी0पी0 एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

दोषसिद्धि एवं अभियोग

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश और गोण्डा के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। माननीय न्यायालय/पीठासीन अधिकारी श्री राजेश कुमार (तृतीय) महोदय द्वारा थाना परसपुर पुलिस, मॉनिटरिंग सेल, अभियोजक और कोर्ट स्टाफ की प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप दोषी अभियुक्तों को दोषी ठहराया गया।

दोषी अभियुक्त

हरिकेश सिंह पुत्र पवन कुमार सिंह
रामकेवल पुत्र सिद्धमान
पवन कुमार सिंह पुत्र रामकेवल
रीता सिंह पत्नी पवन कुमार सिंह
सभी निवासी ग्राम रामपाल पुरवा, बहुवन मदार माझा, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा

अभियोग:
मु0अ0सं0-88/2024, धारा 498ए, 304बी भादवि व ¾ डी0पी0 एक्ट, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा

इस कार्रवाई से ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ की गंभीरता और अपराधों के खिलाफ तेजी से न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता उजागर हुई।
गोण्डा: कटरा बाजार पुलिस ने चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार, बरामद हुए आभूषण और नकद 310 रुपये

गोण्डा । जिले में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना कटरा बाजार पुलिस ने चोरी के आरोपी शिवकुमार गौतम उर्फ गड्ढे पुत्र बच्चू गौतम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी बाबाकुटी चौराहे से उर्दी गोण्डा जाने वाले रास्ते से की गई। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक जोड़ी पायल (सफेद धातु), बच्चों के एक जोड़ी कंगन (सफेद धातु), एक अंगूठी (पीली धातु) और कुल 310 रुपये नकद बरामद हुए।

घटना का संक्षिप्त विवरण

01.04.2026 को वादी  किशनचन्द्र तिवारी ने सूचना दी कि उनकी भाभी, जो अम्बाला में अपने बच्चों के साथ रहती हैं, घर की देखरेख हेतु चाबी वादी को देकर गई थीं। सुबह घर खोलने पर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया पाया गया और आभूषण तथा 2,000 रुपये चोरी हो चुके थे। लिखित तहरीर पर थाना कटरा बाजार पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज किया।

02.04.2026 को क्षेत्र भ्रमण और विवेचना के दौरान आरोपी को पकड़कर चोरी की गई सामग्री बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ थाना कटरा बाजार पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई और उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
टीईटी से मुक्ति हेतु जिले की टीम होगी धरने में शामिल, शिक्षक संगठन गोण्डा से करेंगे कूच
गोण्डा। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आगामी 4 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल धरना प्रदर्शन में गोंडा की टीम अभी शिरकत करेंगी, इस हेतु बाकायदा बीते दिनों टाउन हॉल में समीक्षा बैठक कर रणनीति तैयार की गई, आपको बता दे माननीय सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा दिए गए जजमेंट में सेवारत सभी शिक्षकों के लिए अनिवार्य टेट लागू करने का आदेश दिया गया था उक्त आदेश के बाद से लगातार पूरे देश में शिक्षकों का प्रदर्शन जारी है इसी क्रम में शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर चले विभिन्न शैक्षिक संगठन एकत्र होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ गोंडा इकाई के जिलाध्यक्ष एवं माण्डलिक मंत्री आनंद त्रिपाठी ने बताया कि एक एक ब्लॉक से समीक्षा बैठक में कम-से-कम पचास-पचास शिक्षकों को चलने का लक्ष्य रखा गया है।जिला उपाध्यक्ष इन्द्र प्रताप सिंह जी ने बताया कि जनपद के सभी विकासखण्डों से हजारों शिक्षकों के जनपद गोण्डा से दिल्ली के रामलीला मैदान में  को पहुंचने की योजना है।
तीन किसानों के खेत में लगी आग,12 बीघा गेहूं जलकर राख

*स्थानीय लोगों ने आग पर पाया काबू

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पहली गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग से लगभग 12 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।आग की चपेट में आने से पप्पू यादव,जमुना प्रसाद और प्रदीप यादव नामक किसानों के फसल जलकर राख हुए हैं।उनका लगभग 12 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है।खेत में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।फायर ब्रिगेड की टीम के देर से पहुंचने के कारण ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया है।घटना की जानकारी मिलने पर तरबगंज तहसील के राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार करने में जुट गये।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है,जिसमें गेहूं का खेत धू धू कर जलता हुआ दिखाई दे रहा है।फायर ब्रिगेड की गाड़ियां यदि मौके पर पहुंच जाती तो शायद किसानों का इतना नुकसान न होता,जितना नुकसान फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के न पहुंचने से हुआ है।
चलती बाइक पर युवक ने लहराया तमंचा, बनाया रील,बिना नंबर गाड़ी ढूंढ रही पुलिस
*मौत कल आती है आज आ जाए, डरता कौन है

गोंडा।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अवैध तमंचे के खुलेआम प्रदर्शन पर कठोर कार्यवाही के निर्देशों के बावजूद स्थानीय जनपद में ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं।ताजा मामला खोंड़ारे थाना क्षेत्र के बक्सरिया ग्रंट गांव से सामने आया है।यहाँ जितेंद्र वर्मा नामक एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिसमें वह बिना नंबर प्लेट के अपाचे मोटरसाइकिल पर बैठकर अवैध तमंचा लहराता दिखाई दे रहा है।

जितेंद्र वर्मा ने खुद अपने हाथ में तमंचा लेकर और मोटरसाइकिल पर बैठकर यह वीडियो बनाया,तत्पश्चात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसे वायरल किया।इसका उद्देश्य लोगों में अपना खौफ पैदा करना बताया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है और इसके खिलाफ कुछ मामले भी दर्ज हैं।वीडियो में जितेंद्र वर्मा ने एक डायलॉग वाली रील भी लगाया है,इसमें कहा जा रहा है कि "मौत कल आती है तो आज आ जाए,डरता कौन है",तेरे लश्कर के मुकाबले अकेला हूँ, मगर फैसला मैदान में होगा कि मरता कौन है।

यह रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।यह वीडियो एक दिन पुराना बताया जा रहा है।मामले में खोड़ारे थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने इस पूरे मामले में जांच के आदेश दिए हैं।उन्होंने बताया कि यह वायरल वीडियो संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है।जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।इसके साथ ही जितेंद्र वर्मा के आपराधिक इतिहास और बिना नंबर के मोटरसाइकिल की भी जांच की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जनगणना-2027 के तैयारियों की बैठक

*गोण्डा  अप्रैल,2026*

जनपद कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार की अध्यक्षता में आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। अतः इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी समय से लगाई जाए तथा उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करना सुनिश्चित करना होगा।

बैठक के दौरान जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें क्षेत्रवार दायित्व निर्धारण, प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा कार्य की निगरानी व्यवस्था शामिल रही। अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जनगणना कार्य में लगे सभी कर्मियों को पूर्व प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, जिससे कार्य की गुणवत्ता बनी रहे और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान आमजन से समन्वय स्थापित करना भी अत्यंत आवश्यक है, जिससे सही एवं सटीक जानकारी प्राप्त की जा सके। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक में समस्त तहसीलदार, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री लाल जी दूबे, डीएसटीओ श्री एन.के. सिंह, एलआरसी श्री सत्यदेव मिश्र सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जनगणना-2027 को सफल बनाया जा सकता है।
एक गरीब परिवार की मदद के लिए अब नजर नहीं आ रहे वादों के सौदागर सरकारी मदद से भी महरूम है परिवार
*इन्हें निवाला क्या दो वक्त की रोटी भी नसीब नहीं

गोंडा। वो झोपड़ी में रहकर अपनी बेबसी, लाचारी और गरीबी का दंश झेल रहा है। इसलिए उसके आंसुओं की आवाज सियासत और नौकरशाही के इस नक्कारखाने के अहलकारों को सुनाई नहीं पड़ रही है। विजय कुमार के मुंह में कैंसर हैं तो वहीं उसके 9 वर्षीय बेटे कन्हैया के पेट का आपरेशन हुआ है। बीमारी व बेबसी की वजह से बिस्तर पर पड़ा है। वहीं पत्नी राधा लाचार बैठी है पति और बेटे की दवा व पेट भरने की जिम्मेदारी अब इस पर है। अभी तक आपने जो सुना वो किसी फिल्म की पटकथा या किसी उपन्यास की कहानी का मुखड़ा नहीं है। बल्कि एक बेबस लाचार गरीब के आंसुओं की अल्फाज में समेटने की कोशिश भर है। दिल को लरजा देने वाली इस खबर को खबर न समझिए, बल्कि हो सके तो मदद के लिए आगे आने की कोशिश भी कीजिएगा। यूपी लाइव टाइम 24×7 को यकीन है कि आप सब में से कोई न कोई इस परिवार की मदद के लिए आगे ज़रूर बढ़ेगा।

तड़प कर बोला विजय, ऐसी जिंदगी से मौत बेहतर
हम क्यों कुछ कहें एक परिवार की तखलीफ पीड़ित मुखिया ही सब कुछ कह देता है। नवाबगंज ब्लाक के हरदवा गांव का रहने वाला विजय कुमार कहता है कि ऐसी जिंदगी से मौत बेहतर है। पति के मुंह में कैंसर है तो वहीं जन्म से ही बेटे को लैटरिंग का रास्ता न होने से आपरेशन कराकर पेट में से लैटरिंग का रास्ता बनाया गया है। बताया कि भगवान के अलावा अब कोई साथी नहीं है। विजय मेहनत मजदूरी कर घर चला रहा था, जब से उसे पता चला कि उसके मुंह में कैंसर हो गया है। तब से उसकी  तिल-तिल कर जिंदगी घट रही है और उसके घर में चूल्हा जलना मुश्किल है। कई-कई दिनों तक तो फांकों से गुजर रहा है। कभी कोई मदद कर देता है तो पेट की आग थोड़ी बुझ जाती है।

जब खाने को नहीं तो कैसे हो इलाज
दो वक्त की रोटी के लाले पड़े रहते हैं ऐसे में पेट के इलाज के लिए पैसे कहां से लाए जाएं। पत्नी राधा बताती है कि शुरू में डाक्टरों को दिखाया गया लेकिन महंगे इलाज की वजह से कुछ भी नहीं हो सका। अब नसीब मान कर जैसे तैसे जिंदगी कट रही है।

सच का सामना तो कीजिए
कैंसर से पीड़ित पति का नाम विजय कुमार तो बेटे का नाम कन्हैया है। मां का नाम राधा है। गोंडा जिले के नवाबगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत हरदवा है। परिवार बहुत ही लाचार है। बीमार पति और बेटे का दुनिया में पत्नी और मां के अलावा कोई नहीं है। घर में बहुत ही गरीबी है, सूखी रोटी भी नहीं नसीब होती है। गांव के सुनील कुमार ने बताया कि विजय मेहनत मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाता था। जब वो बीमार रहने लगा पत्नी उसे अस्पताल लेके गई, डाक्टरों ने जांच कराई तो पता चला कि उसके मुंह में कैंसर है। वहां पर डाक्टरों ने पैसे मांगे, पैसे न होने के कारण इलाज नहीं हो पाया।

कुछ युवा मदद को आए
इस परिवार की मदद में कुछ युवा जरुर आगे आए हैं। सुनील कुमार वर्मा और उनकी टीम ने मिलकर मदद पहुंचाई है।
परिषदीय विद्यालयों में नए सत्र की शुरुआत, नौनिहालों का हुआ स्वागत
गोण्डा। प्रदेश भर में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों में नवीन सत्र 2026-27 की औपचारिक शुरुआत बुधवार 1 अप्रैल को हुई, इसी क्रम में गोंडा जिले के 2609 प्राथमिक विद्यालय एवं 512 माध्यमिक विद्यालय में नए सत्र की शुरुआत धूमधाम से हुई, प्रातः काल विद्यालयों के शिक्षक एवं बच्चों ने स्कूल चलो अभियान रैली निकाल कर हाथ में बैनर, तख्ती लेकर शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन... शिक्षा ऐसी सीढ़ी है, जिससे चलती पीढ़ी है... घर-घर शिक्षा दीप जलाओ, लड़का लड़की सभी पढ़ाओ... आदि नारों के साथ लोगों को जागरूक किया, इसके बाद विद्यालय में पहले दिन आए हुए कक्षा 1 के बच्चों का फूलमाला और तिलक के साथ स्वागत किया गया और उपहार स्वरूप स्टेशनरी के समान दिए गए।

विकासखंड इटियाथोक के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बगुलही में नव प्रवेश उत्सव मनाया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में धानेपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष रक्षाराम वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनोज वर्मा, एआरपी राम सजीवन शुक्ला ने स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया इसके बाद विद्यालय में नन्हे मुन्ने बच्चों को माला पहनाकर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया और सभी बच्चों को कॉपी पेंसिल रबर कटर इत्यादि दिए वहीं विकासखंड झंझरी के प्राथमिक विद्यालय पूरे शिवाबख्तावर में अध्यापिकाओं द्वारा बच्चों को रोली चंदन लगाकर एवं माला पहनकर स्वागत किया गया तत्पश्चात उन्हें उपहार स्वरूप पढ़ने लिखने की सामग्री उपलब्ध कराई गई ।

आपको बता दे परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के प्रवेश लेने पर गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, ड्रेस बैग जूता मोजा एवं स्वेटर के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर डीबीटी के द्वारा निर्धारित राशि बच्चों के अभिभावकों के खाते में भेजी जाती है ।