साक्षी सोनी आत्महत्या मामले में आया नया मोड़, आरोपी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
गोंडा।जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत साक्षी सोनी (22) द्वारा 26 मार्च को की गई आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आया है।छपिया थाने की पुलिस ने आरोपी शिवम सोनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।परिजनों ने शिवम सोनी शारीरिक संबंध बनाने और दहेज मांगने का भी गंभीर आरोप लगाया था।जांच में सामने आया है कि प्रेम में धोखा मिलने के कारण ही साक्षी ने फांसी लगाकर अपनी जान दिया था।पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम सोनी और साक्षी सोनी पिछले दो वर्षो से प्रेम संबंध में थे।आठ महीने पहले साक्षी के पिता भगवान दीन सोनी को इसकी जानकारी हुई,जिसके बाद उन्होंने साक्षी की शादी शिवम सोनी से तय कर दिया था।हालांकि शादी तय होने के छ: महीने बाद ही शिवम सोनी व उसके परिजनों ने साक्षी से शादी करने से इंकार कर दिया।इसके बाद दोनों के परिजनों के मध्य कई बार पंचायत भी हुई,परन्तु शिवम शादी के लिए तैयार नहीं हुआ।शिवम के इंकार के बाद साक्षी की शादी छपिया थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव में तय कर दिया गया था परन्तु साक्षी इस शादी से खुश नहीं थी और लगातार परेशान चल रही थी।दूसरी जगह अपनी शादी तय करने और दूसरी जगह साक्षी की शादी तय होने के बावजूद शिवम सोनी लगातार इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर साक्षी को परेशान कर रहा था।साक्षी बार बार शिवम से मैसेज व काल न करने के लिए कह रही थी,परन्तु वह नहीं माना।मरने से पहले साक्षी ने शिवम सोनी से इंस्टाग्राम पर बातचीत कर उसे फोन व मैसेज न करने के लिए सख्त लहजे में मना किया था।इन दो सालों‌ के प्रेम संबंध के दौरान आरोपी शिवम ने साक्षी के साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाया था।26 मार्च को आत्महत्या करने से पहले भी शिवम सोनी ने साक्षी सोनी के पास कई बार मैसेज किया था।और पूछा क्या हुआ तो साक्षी सोनी ने कहा कि आज के बाद मैसेज न करना।फिर शिवम सोनी ने पूछा बाबू क्या हुआ तो साक्षी सोनी ने कहा कि मैसेज न करना,मर गई हूँ।इसके बाद साक्षी सोनी ने आत्महत्या कर ली थी।
पेट्रोल न देने पर मारपीट मामले में तीन नामजद सहित 7 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
*बोतल व बाइक में 100 रुपए का तेल मांगने पर हुआ विवाद

गोंडा।जिले में पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट के मामले में तीन नामजद सहित चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दिया है।मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी स्थित महादेव फिलिंग स्टेशन का है।घटना के संबंध में पेट्रोल पंप मालिक आशीष मिश्रा ने बताया कि 27 मार्च की रात लगभग 10.15 बजे कुछ युवक पंप पर तेल लेने पहुंचे थे और वे 30 रुपए का पेट्रोल बोतल में और 70 रुपए का पेट्रोल बाइक में भरवाना चाहते थे।उस समय पंप पर तेल खत्म होने के कारण सेल्समैन मुकेश कुमार और मुकेश तिवारी ने तेल देने से मना कर दिया।आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवकों ने कर्मचारियों को सबक सिखाने की योजना बनाई,और मध्य रात्रि लगभग 12 बजे जब दोनों सेल्समैन डीजल डिपो के पास एक ढाबे पर खाना खाने गए तभी आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।बताया गया कि ढाबे के अंदर खाना बनाने के सामान से भी मारपीट किया गया जिससे दोनों कर्मचारियों को चोटें आई हैं।मामले में पेट्रोल पंप मालिक की तहरीर पर राज सोनी, हर्षित गुप्ता,राहुल नाग और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने मामले की जांच मिश्रौलिया चौकी प्रभारी अंकित सिंह को सौंपा है।पुलिस ने वायरल सीसीटीवी फुटेज और दर्ज मुकदमे के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरु कर दिया है।प्रकरण में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।उन्होंने बताया कि अज्ञात आरोपियों की पहचान भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और सभी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
चलती मोटरसाइकिल में लगी आग,चालक ने कूदकर बचाई जान
*पेट्रोल ओवरफ्लो होने से हुआ हादसा

गोंडा।जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धानेपुर बाजार में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती हुई मोटरसाइकिल में आग लग गई।इस घटना में मोटरसाइकिल चालक घनश्याम शुक्ला ने कूदकर अपनी जान बचाई।आशंका व्यक्त की जा रही है कि टंकी में पेट्रोल ओवरफ्लो होने के कारण यह हादसा हुआ।

बताते चलें कि धानेपुर नगर पंचायत क्षेत्र के सरजू पुरवा निवासी घनश्याम शुक्ला बाजार से लौट रहे थे कि तभी बाजार में ही अचानक उनकी मोटरसाइकिल में आग लग गई।आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी मोटरसाइकिल धू धू कर जलकर राख हो गई और मौके पर मौजूद लोग मोटरसाइकिल जलने का वीडियो बनाते रहे परन्तु किसी ने भी फायर ब्रिगेड को सूचना देना मुनासिब नहीं समझा।

धानेपुर थाने की पुलिस भी घटना स्थल पर लगभग घंटों बाद पहुंची,तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि घनश्याम शुक्ला ने अफवाहों के मद्देनजर अपनी मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी फुल करवा लिया था,जिसके कारण ओवरफ्लो होकर मोटरसाइकिल  में आग लग गई।

इस घटना में घनश्याम शुक्ला का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है,क्योंकि उन्होंने कुछ ही दिन पहले यह मोटरसाइकिल खरीदा था।पीड़ित घनश्याम शुक्ला ने बताया कि मैं देर रात बाजार में सामान खरीदने गया था।अचानक मेरी मोटरसाइकिल में आग लग गई और मैंने तत्काल मोटरसाइकिल छोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई।

पीड़ित ने बताया कि आग किस कारण लगी मुझे नहीं मालूम,परन्तु मेरी टंकी फुल थी इसलिए हो सकता है इसी वजह से आग लगी हो।पीड़ित ने यह भी कहा कि यदि लोग सहयोग करते तो मेरी मोटरसाइकिल बच जाती।मामले में थानाध्यक्ष धानेपुर ने बताया कि मोटरसाइकिल में लगी आग पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों काबू पा लिया गया था साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आग लगने की सूचना विलंब से मिली थी।
महिला सशक्तिकरण व बालिका शिक्षा पर स्वयं सेवकों ने निकाली जागरूकता रैली
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिन स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल से चयनित गांव बंगरहवा,परेड सरकार, नेवलगंज,बनकटाचार्यगंज तक महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक हेतु जन जागरूकता रैली निकाली। स्वयं सेवकों ने डोर टू डोर जाकर लैंगिक विभेद न करने एवं बालिकाओं को शिक्षा देने के लिए ग्राम वासियों को प्रेरित किया। स्वयं सेवकों ने ग्राम वासियों से बालिकाओं का विद्यालय में अधिकाधिक नामांकन कराने, बालिकाओं को सुविधा उपलब्ध कराने एवं महिला सशक्तिकरण हेतु अपील की।सर्वे के उपरांत स्वयं सेवकों ने बनकटाचार्यगंज स्थित राजकीय बाल संरक्षण गृह का भ्रमण किया। स्वयं सेवकों ने राजकीय बाल संरक्षण गृह में निवास कर रहे बालकों से मिलकर उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि को समझा और उन्हें अच्छा मनुष्य बनकर समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवकों ने बालकों को  विस्कुट वितरित किए।भोजन के उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में  मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर राज बहादुर सिंह बघेल जी, पूर्व विभागाध्यक्ष सैन्य विज्ञान विभाग,ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह,डा चमन कौर,डा परवेज आलम,डा दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आये हुए मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर बघेल जी ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा स्वयंसेवकों को समाजिक सद्भाव बनाने के लिए धार्मिक सहिष्णुता आवश्यक है। धार्मिक सद्भाव विकसित भारत के निर्माण का आधार है। धार्मिक सद्भाव से राष्ट्रीय सुरक्षा कायम रह सकती है।कार्यक्रम का संचालन पवन कुमार सिंह ने किया।डा दिलीप शुक्ल  नेआये हुए मुख्य अतिथि का धन्यवाद ज्ञापन किया।
“मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं/बालिकाओं को किया गया जागरूक


गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इस अवसर पर एण्टी रोमियो स्क्वायड टीमों एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मंदिरों, भीड़-भाड़ वाले स्थलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।

*कार्यक्रम के दौरान महिलाओं/बालिकाओं को निम्न विषयों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया—*

महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता
साइबर अपराध से बचाव के उपाय
आत्मरक्षा के तरीके
कानून द्वारा प्रदत्त अधिकार
भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सतर्कता बरतने के उपाय

महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उपस्थित महिलाओं से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा त्योहार के दौरान सुरक्षित आवागमन एवं संभावित जोखिमों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही, सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों को चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई की हिदायत दी गई, जिससे महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को भरोसा दिलाया गया कि गोण्डा पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सम्मान के लिए सदैव तत्पर है।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1090 – वूमेन पावर हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
108 – एम्बुलेंस सेवा
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
102 – स्वास्थ्य सेवा

अतिरिक्त रूप से महिलाओं/बालिकाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना भी है, ताकि वे हर परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।
पुलिस द्वारा रन फार एंपावरमेंट का किया गया आयोजन
*महिला थानाध्यक्ष के साथ अधिकारियों पुलिसकर्मियों ने लगाई दौड़

गोंडा।जिले में मिशन शक्ति अभियान 5 के दूसरे चरण के तहत शनिवार को रन फार एंपावरमेंट का आयोजन किया गया।जहाँ इस दौड़ में गोंडा पुलिस की महिला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन में हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।यह दौड़ पुलिस लाइन से शुरु होकर कचहरी, अंबेडकर चौराहा और एनसीसी कार्यालय होते हुए यातायात कार्यालय पर समाप्त हुई।इसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाना तथा आमजन को मिशन शक्ति से जोड़ना था।दौड़ प्रतियोगिता का नेतृत्व महिला थानाध्यक्ष अनीता यादव ने किया।जिले की पुलिस महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।इसी अभियान के तहत सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं,जहाँ महिलाओं की सुरक्षा,सहायता और परामर्श की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय कर सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों,कोचिंग संस्थानों और बाजारों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।चिन्हित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जा रही है।इसके अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मी स्कूलों, कालेजों,बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दे रही हैं।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि रन फार एंपावरमेंट कार्यक्रम मिशन शक्ति 5 के दूसरे चरण का था।उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है और गोंडा पुलिस इस दिशा में सदैव प्रयासरत है।पुलिस अधीक्षक ने जन भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण में सहयोग देना चाहिए।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत,सहायक पुलिस अधीक्षक अभिषेक दवाच्या और प्रतिसार निरीक्षक अजय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने थाना कोतवाली देहात में जनसमस्याओं की सुनवाई कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु अधिकारियों को दिये निर्देश
समाधान दिवस में अनुपस्थित लेखपालों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश-जिलाधिकारी*

*गोण्डा 28 मार्च,2026*।
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से थाना कोतवाली देहात में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा उपस्थित फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जा, रास्ता अवरोध, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि, पारिवारिक विवाद तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता एवं विपक्षी पक्ष—दोनों को बुलाकर पारदर्शी तरीके से प्रकरण का समाधान कराया जाए, जिससे भविष्य में विवाद की पुनरावृत्ति न हो।
समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को निश्चित समयसीमा निर्धारित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को न्याय पाने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस जैसी पहल जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करती है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक शिकायत का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जो लेखपाल बिना किसी सूचना के अनुपस्थित हैं उनको तत्काल शोकाज नोटिस जारी किया जाए।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली देहात तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बिना परमीशन अवैध मिट्टी खनन जोरों पर,पुलिस ने शुरू किया जांच
*रात के घने अंधेरे में दौड़ रही गाड़ियां

गोंडा।जिले में अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है।जिसमें नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज माझा में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है और खनन की गई मिट्टी को दुल्लापुर ले जाकर गिराया जा रहा है,जिससे बड़े पैमाने पर राजस्व का नुकसान हो रहा है।इस अवैध खनन के दो अलग अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।इन वीडियो में देर रात तक ट्रैक्टर ट्रालियों और डंफरों से मिट्टी ढोते हुए देखा जा सकता है।ग्रामीणों ने इस अवैध गतिविधि से हो रही परेशानी को लेकर आवाज उठाई है और कार्रवाई की मांग किया है।अब नवाबगंज थाने की पुलिस ने भी अवैध रूप से किए जा रहे मिट्टी खनन को लेकर जांच शुरू कर दिया है।बताते चलें कि नियमानुसार किसी भी खेत या स्थान से मिट्टी निकालने के लिए खनन विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है।हालांकि दुर्गागंज में बिना किसी अनुमति के बड़े पैमाने पर यह अवैध खनन किया जा रहा है।जिला खनन अधिकारी अभय रंजन ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।बताते चलें कि बीते दिनों यहाँ पर अवैध रूप से मिट्टी खनन करने वाले और अवैध रूप से बालू खनन करने वाले लोगों के खिलाफ कई कार्यवाही भी की गई है परन्तु इसके बावजूद भी यहाँ पर अवैध रूप से मिट्टी खनन किया जा रहा है।
शादी टूटने से परेशान युवती ने फांसी लगाकर दी जान,8 महीने पहले तय हुआ था रिश्ता

शारीरिक संबंध बनाने व दूसरी जगह शादी तय करने का लगा आरोप

गोंडा।जिले के छपिया थाना क्षेत्र में दहेज की मांग और शादी टूटने से परेशान साक्षी सोनी (22) ने आत्महत्या कर लिया।बैकुंठपुर (भरथीपुर) गांव में युवती ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दिया।घटना की सूचना पाकर छपिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और साक्षी सोनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका के पिता भगवान दीन सोनी ने थाने में तहरीर दिया है।तहरीर के अनुसार, उनकी बेटी साक्षी की शादी 8 महीने पहले चांदनी चौक निवासी शिवम सोनी से तय हुई थी।शादी तय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवक का युवती के घर आना जाना भी होने लगा।परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान युवक ने युवती के साथ शारीरिक सम्बन्ध भी बनाया।

परिजनों का आरोप है कि बाद में युवक और उसके परिवार ने पांच लाख रूपए दहेज की मांग  शुरू कर दिया जबकि पहले एक लाख रुपए तय हुआ था और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार मांग पूरी नहीं कर सका।इसके बाद शिवम सोनी ने कहीं और शादी तय कर लिया।हालांकि, दूसरी शादी तय होने के बावजूद युवक युवती से लगातार संपर्क में बना रहा,जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।पिता भगवान दीन सोनी ने बताया कि इसी मानसिक तनाव के चलते दोपहर में युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।घटना के बाद भी आरोपी युवक द्वारा युवती के मोबाइल पर फोन किए जाने की बात सामने आई है।मामले में छपिया थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है और प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।परिजनों के अनुसार दहेज की बड़ी मांग  और शादी टूटने की स्थिति ने युवती को गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया था,जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों ने निकाली पर्यावरण जागरूकता रैली
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल से चयनित गांव बंगरहवा,परेड सरकार, नेवलगंज,बनकटाचार्यगंज तक पर्यावरण संरक्षण हेतु जन जागरूकता रैली निकाली। स्वयं सेवकों ने डोर टू डोर जाकर ग्राम वासियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु  प्रेरित किया। स्वयं सेवकों ने ग्राम वासियों से अधिकाधिक पौधरोपण करने, प्लास्टिक का प्रयोग न करने,रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने,जल संरक्षण हेतु अपील की।

सर्वे के उपरांत स्वयं सेवकों ने बादशाह बाग स्थित राजकीय वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। स्वयं सेवकों ने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वृद्धजन से मिलकर उनकी समस्याओं को समझा। स्वयंसेवकों ने वृद्धजन को फल एवं विस्कुट वितरित किए। स्वयं सेवकों ने बादशाह बाग स्थित राजकीय उद्यान विभाग की नर्सरी का भ्रमण किया और विभिन्न प्रजातियों के पौधों की नर्सरी और पाली हाउस में तैयार हो रहे पौधों का देखा।भोजन के उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में  कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर रंजन शर्मा, विभागाध्यक्ष भूगोल विभाग,मुख्य अतिथि प्रोफेसर डी.के. गुप्त, पूर्व प्राचार्य, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर मंशाराम वर्मा विभागाध्यक्ष संस्कृत विभाग ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह,डा चमन कौर,डा परवेज आलम,डा दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आये हुए अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर डी.के.गुप्ता जी ने 'वर्तमान वैश्विक परिदृश्य और ऊर्जा संकट ' विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि हमें ऊर्जा के गैर परंपरागत स्रोतों पर निर्भरता बढ़ानी होगी। स्वयं सेवकों को पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर मंशाराम वर्मा जी ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना समाज को  समझने की शक्ति विकसित करती है। राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य समाज की सेवा भाव विकसित करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर रंजन शर्मा जी स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में राष्ट्रीय सेवा योजना की अहम भूमिका है।कार्यक्रम का संचालन पवन कुमार सिंह ने किया।