राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों ने निकाली पर्यावरण जागरूकता रैली
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल से चयनित गांव बंगरहवा,परेड सरकार, नेवलगंज,बनकटाचार्यगंज तक पर्यावरण संरक्षण हेतु जन जागरूकता रैली निकाली। स्वयं सेवकों ने डोर टू डोर जाकर ग्राम वासियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु  प्रेरित किया। स्वयं सेवकों ने ग्राम वासियों से अधिकाधिक पौधरोपण करने, प्लास्टिक का प्रयोग न करने,रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने,जल संरक्षण हेतु अपील की।

सर्वे के उपरांत स्वयं सेवकों ने बादशाह बाग स्थित राजकीय वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। स्वयं सेवकों ने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वृद्धजन से मिलकर उनकी समस्याओं को समझा। स्वयंसेवकों ने वृद्धजन को फल एवं विस्कुट वितरित किए। स्वयं सेवकों ने बादशाह बाग स्थित राजकीय उद्यान विभाग की नर्सरी का भ्रमण किया और विभिन्न प्रजातियों के पौधों की नर्सरी और पाली हाउस में तैयार हो रहे पौधों का देखा।भोजन के उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में  कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर रंजन शर्मा, विभागाध्यक्ष भूगोल विभाग,मुख्य अतिथि प्रोफेसर डी.के. गुप्त, पूर्व प्राचार्य, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर मंशाराम वर्मा विभागाध्यक्ष संस्कृत विभाग ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह,डा चमन कौर,डा परवेज आलम,डा दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आये हुए अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर डी.के.गुप्ता जी ने 'वर्तमान वैश्विक परिदृश्य और ऊर्जा संकट ' विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि हमें ऊर्जा के गैर परंपरागत स्रोतों पर निर्भरता बढ़ानी होगी। स्वयं सेवकों को पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर मंशाराम वर्मा जी ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना समाज को  समझने की शक्ति विकसित करती है। राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य समाज की सेवा भाव विकसित करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर रंजन शर्मा जी स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में राष्ट्रीय सेवा योजना की अहम भूमिका है।कार्यक्रम का संचालन पवन कुमार सिंह ने किया।
छात्रा से छेड़छाड़ व अवैध संचालन पर प्रशासन का चला हंटर,केजीएन पब्लिक स्कूल हुआ बंद

गोंडा।जिला प्रशासन ने जिले के कटरा बाजार विकास खंड अंतर्गत स्थित केजीएन पब्लिक स्कूल के खिलाफ बड़ी  कार्रवाई की है।एक नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ व बार बार अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने के मामले में विरोध करने पर छात्रा के भाई के साथ मारपीट भी हुई थी।इन आरोपों और अवैध संचालन के चलते विद्यालय को अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।यह कार्रवाई स्ट्रीटबुज पर खबर प्रकाशित होने के बाद शासन द्वारा जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए जाने पर की गई।जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने उपजिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया ।इस समिति में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह व जिला विद्यालय निरीक्षक डाक्टर रामचंद्र भी सदस्य थे।समिति ने मौके पर पहुंचकर जांच किया,जिसमें पाया गया कि विद्यालय के पास महज कक्षा एक से कक्षा आठ तक की मान्यता थी लेकिन वह अवैध रूप से कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं संचालित कर रहा था।अवैध संचालन की पुष्टि होने के बाद विद्यालय के गेट पर ताला लगा दिया गया है।दरअसल यह मामला 15 फरवरी को सामने आया था जब नौवीं कक्षा के छात्रा के भाई ने आरोपी परवेज खान द्वारा की जा रही छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज भेजने से मना करने के लिए स्कूल का दौरा किया था।वहाँ स्कूल के मालिक और परवेज खान ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट किया था।पुलिस ने 15 फरवरी को ही छेड़छाड़, मारपीट व अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था और 16 फरवरी को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।स्कूल की जांच में निकलकर आया कि इस स्कूल की मान्यता महज कक्षा आठ तक है लेकिन यहाँ पर कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं अवैध रूप से संचालित की जा रही हैं।उक्त आधार पर कार्रवाई करते हुए विद्यालय को बंद कर दिया गया है जो अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगा और विद्यालय के गेट पर एक नोटिस भी चस्पा की गई है।
फोन की रिकार्डिंग सुन पत्नी के प्रेमी की हत्या,फोन कर मिलने के बहाने बुलाया
*लाठी डंडों से पीटा फिर दबाया गला

गोंडा।जिले में हाईस्कूल छात्र हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुलिस ने मृतक छात्र की प्रेमिका के पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 24 मार्च की रात साहिल को फोन कर बुलाया।उसको लाठी डंडों से पीटा उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दिया।जांच में सामने आया है कि 20 साल का साहिल और 22 साल की मानसी चौहान के बीच पिछले तीन साल से अफेयर था,दोनों साथ में पढ़ाई करते थे।मानसी की शादी के बाद भी दोनों का रिश्ता चलता रहा।मानसी के पति ने दोनों की बातचीत की रिकार्डिंग फोन में सुन लिया था,उसके बाद मर्डर का प्लान बनाया।आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।मामला तरबगंज थाना क्षेत्र के लोनियन पुरवा गांव का है।गौरतलब हो कि ग्राम पंचायत पिपरी रोहुआ के तालाब के किनारे बुधवार सुबह एक युवक का शव मिला था।खेतों में सरसों की कटाई कर रहे किसानों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दिया था।शव की पहचान बिशुनपुर बनियन गांव निवासी साहिल के रूप में हूई थी।शव से 200 मीटर की दूरी पर साहिल की मोटरसाइकिल मिली थी परन्तु उसका मोबाइल गायब था और हाथ पैर व शरीर पर चोट के नीशान थे।इसके बाद परिजनों ने साहिल के हत्या की आशंका व्यक्त किया था,इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्या के संभावनाओं पर जांच शुरू कर दिया।भरोसेमंद सूत्रों की माने तो तरबगंज तहसील अंतर्गत गत 13 मार्च को हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में लोनियन पुरवा गांव निवासनी मानसी चौहान की शादी उसके परिजनों ने रामशंकर चौहान के साथ कर दिया था परन्तु शादी के बाद भी मानसी और साहिल की बातचीत जारी रही,जिससे पति रामशंकर को शक हो गया तदोपरांत रामशंकर ने पत्नी मानसी की मोबाइल में काल रिकार्डिंग लगा दिया और जब 24 मार्च को उसने फोन चेक किया तो उसे साहिल की काल रिकार्डिंग मिली।काल रिकार्डिंग मिलने के बाद उसने हत्या की साजिश रची और अपने तीन साथियों नानबाबू चौहान, दिनेश चौहान और रमन उर्फ अंगद चौहान को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया।24 मार्च की रात को आरोपियों ने साहिल को सीधे अपने फोन से नहीं बल्कि  मानसी के फोन से काल कर बुलाया ताकि उसे कोई संदेह न हो।फ़ोन आने के बाद साहिल को लगा कि वह मानसी से मिलने जा रहा है,परन्तु यह एक साजिश थी।फोन आने के बाद घर से निकलते समय साहिल ने अपनी माँ से कहा कि वह गांव में एक जन्मदिन कार्यक्रम में जा रहा है,जबकि उसे कोई निमंत्रण नहीं मिला था।साहिल चार भाइयों में सबसे छोटा था और हाल में ही उसने हाईस्कूल की परीक्षा दिया था परन्तु परिणाम आने से पहले ही उसकी हत्या कर दी गई।पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दिया है
मिशन शक्ति का जागरूकता कार्यक्रम:- नारी शक्ति ही असली शक्ति
गोण्डा। नवरात्रि शक्ति उपासना का पर्व है और नारी उसी शक्ति का साकार स्वरूप है। इसी भाव के साथ गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम ने पिपरी गांव में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया।कार्यक्रम में छेड़छाड़, शोषण, दहेज उत्पीड़न, बाल अपराध व एसिड अटैक जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।महिला उपनिरीक्षक अंतिमा सिंह ने कहा कि नवरात्रि हमें यह संदेश देती है कि हर नारी शक्ति का स्वरूप है। इसलिए बालिकाएं गुड टच-बैड टच को समझें और किसी भी गलत हरकत का तुरंत विरोध करते हुए पुलिस की मदद लें।
उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के लिए हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी।

अंत में जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए। इस दौरान महिला आरक्षी प्रांशी यादव, सुनीता कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व बालिकाएं मौजूद रहीं।
स्वयं सेवकों ने निकाली जागरूकता रैली
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल से चयनित गांव बंगरहवा,परेड सरकार, नेवलगंज,बनकटाचार्यगंज तक सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु जन जागरूकता रैली निकाली। स्वयं सेवकों ने डोर टू डोर जाकर ग्राम वासियों को सामजिक कुरीतियों जैसे बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव,दहेज प्रथा,अशिक्षा,नशाखोरी ,जुआ , मद्यपान आदि के समूल उन्मूलन हेतु  प्रेरित किया।

सर्वे के उपरांत स्वयं सेवकों ने समय माता मंदिर में जाकर परिसर की साफ सफाई की। स्वयंसेवकों ने मंदिर में बैठकर माता जी के भजन कीर्तन किया।भोजन के उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर आर बी एस बघेल जी, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  के रूप में लाल जी दूबे,जिला पंचायत राज अधिकारी गोण्डा, एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में उमापति त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष प्रधानसंघ गोण्डा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह,डा चमन कौर,डा परवेज आलम,डा दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आये हुए अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि श्री लाल जी दूबे जी ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वयं सेवकों को देश के महान विभूतियों से प्रेरणा लेना चाहिए और अपना जीवन परमार्थ मार्ग पर लगाना चाहिए । विशिष्ट अतिथि उमापति त्रिपाठी जी ने स्वयं सेवकों को उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर आर बी एस बघेल जी स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयं सेवकों में सेवा भाव विकसित करती है जिससे स्वयं सेवक देश के विकास में अपना योगदान दे सकें। वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह ने आये हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम का संचालन डा दिलीप शुक्ल ने किया।
डीपीओ ने रद्द किया दो दिवसीय रामनवमी अवकाश,11 बजे कार्यालय पहुंचने के निर्देश
*बाल विकास परियोजना कार्यालयों में आज व कल काम जारी

गोंडा।उत्तर प्रदेश सरकार ने आज 26 व कल 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर दो दिवसीय राजकीय अवकाश घोषित किया था।इसके बावजूद जिले के जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने अपने विभाग के लिए इस अवकाश को रद्द कर दिया है।डीपीओ के आदेश के अनुसार जिला कार्यक्रम कार्यालय और समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय आज और कल खुले रहेंगे।सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 11 बजे से परियोजना कार्यालय में उपस्थित रहकर पीएमएमवीवाई सहित अन्य शासकीय कार्यों का संपादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।इस आदेश के बाद जिले के बाल विकास परियोजना विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।रामनवमी मनाने की तैयारी कर रहे कर्मचारियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं।इस आदेश के संबंध में जब जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने मोबाइल फोन नहीं उठाया तो वहीं नाम न छापने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया कि विभाग में अक्सर शासनादेशों की खुलेआम अनदेखी की जाती है और सरकारी छुट्टी के बावजूद उनकी छुट्टी रद्द कर दी गई है।जबकि जिले के किसी अन्य विभाग में इस तरीके से कोई भी अवकाश रद्द नहीं किया गया है।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित किये गये अवकाश को लेकर के लोगों को दो दिन का अवकाश प्रदान किया गया है।जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास परियोजना के इस पत्र को लेकर के गोंडा में मुख्य विकास अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया तो फिलहाल उनसे भी बात नहीं हो पाई है।अब देखने वाली बात होगी कि उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा ऐसे अधिकारियों पर क्या कार्रवाई करती है जो सरकार के सार्वजनिक अवकाश को रद्द कर अधिकारियों कर्मचारियों को कार्यालय बुला रहे हैं।
यूपी एसटीएफ बताकर मोरंग व्यवसायी का अपहरण करने वाले तीन आरोपी 23 दिन से फरार
*परिजनों ने किया गिरफ्तारी की मांग

गोंडा।जिले में मोरंग व्यवसायी अंकित कुमार यादव के अपहरण मामले में 23 दिन बाद भी अपने आपको यूपी एसटीएफ का अधिकारी बताकर अपहरण करने वाले तीन आरोपी फरार चल रहे हैं।अजीत पांडेय, दीलीप ठाकुर व अनूप दूबे की गिरफ्तारी न होने से अंकित यादव का परिवार लगातार परेशान है।परिवार ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग किया है।फरार चल रहे तीनों आरोपियों की दहशत के कारण अंकित यादव और उनके परिवार के सदस्य बाजारों में भी ज्यादा समय के लिए नहीं निकल रहे हैं।यदि वे बाहर जाते भी हैं तो उनके साथ अन्य लोग भी होते हैं।इस मामले में नवाबगंज पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी विकास मिश्रा, सौरभ दूबे और आशुतोष पाण्डेय को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।फरार चल रहे अजीत पांडेय, दिलीप ठाकुर और अनूप दूबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कई पुलिस टीमों का गठन किया है।नवाबगंज थाना अध्यक्ष व एसओजी टीम को भी आरोपियों को गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।दरअसल यह घटना 2 मार्च को हुई थी।विकास मिश्रा ने अंकित यादव को नई थार गाड़ी खरीदने की खुशी में पार्टी देने के बहाने अपने साथ ले गया था।परशुरामपुर बस्ती पहुंचने पर सौरभ दूबे, आशुतोष पाण्डेय,अजीत पांडेय, दिलीप ठाकुर और अनूप दूबे ने मिलकर अंकित का अपहरण कर लिया।अपहरणकर्ताओं ने अंकित को  2 मार्च से 3 मार्च तक अपने कब्जे में रखा।उन्होंने अंकित से दो लाख रुपये लिए और अतिरिक्त तीन लाख रुपए की मांग किया।मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने 3 मार्च की देर शाम अंकित को छोड़कर फरार हो गये।अंकित ने पुलिस को बताया था कि अपहरणकर्ताओं ने खुद को यूपी एसटीएफ का अधिकारी बताकर उनका अपहरण कर लिया था।अंकित यादव की पत्नी ने तीन मार्च को नवाबगंज थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार छापेमारी कर रही है।अंकित यादव व उनके परिजनों से लगातार पुलिस द्वारा जानकारी ली जा रही है।
कार और टेंपो की आमने-सामने भीषण टक्कर, 17 लोग गंभीर घायल

गोंडा। जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोंडा–उतरौला मार्ग पर धनौली गांव के पास इनोवा कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कुल 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय टेंपो में गोंडा, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर के कई यात्री सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अतुल मिश्र के अनुसार, सभी 17 घायलों का उपचार जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
जनपद में डीजल एवं पेट्रोल कि नहीं है कोई कमी, पर्याप्त मात्रा में है डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता

जनपद के समस्त पेट्रोल पंप एसोसिएशन एवं पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों के साथ की गई बैठक दिए गए आवश्यक निर्देश


गोण्डा। 25 मार्च,2026।
जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। जिलाधिकारी, गोण्डा  प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी  आलोक कुमार ने की, जिसमें आनंद कुमार राय (पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी) तथा कुँवर दिनेश प्रताप सिंह (जिला पूर्ति अधिकारी) सहित जनपद के समस्त पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि एवं पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर तथा प्रबंधक उपस्थित रहे।

बैठक में Indian Oil Corporation Limited, Bharat Petroleum Corporation Limited तथा Hindustan Petroleum Corporation Limited के सेल्स ऑफिसर्स के साथ विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही, पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें।

अपर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। सभी तेल कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा उसकी आपूर्ति भी नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर अफवाहें फैलाकर आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न की जा रही है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति या समूह ईंधन की कमी को लेकर भ्रामक सूचना फैलाता हुआ पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे उपभोक्ताओं को सुचारु एवं पारदर्शी तरीके से ईंधन उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता से बचें।

जनपद वासियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। प्रशासन द्वारा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक के दौरान एआरओ शिव प्रकाश जनपद के समस्त पूर्ति निरीक्षक तथा पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों सहित अन्य सभी संबंधित आधिकारी उपस्थित रहे।
व्यापारी से 36 लाख रुपए की धोखाधड़ी, दो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
सरिया सीमेंट हड़पने के मामले में न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

गोंडा।जिले में न्यायालय के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ 36 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।यह मुकदमा एक सरिया सीमेंट के व्यापारी ने दर्ज कराया है।नगर कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी बहराइच रोड निवासी सीमेंट सरिया व्यापारी आशीष कुमार पुत्र कृष्ण चंद्र गुप्ता ने न्यायालय में एक वाद दायर किया था,उनके अनुसार जिले में उनका सरिया सीमेंट का बड़ा कारोबार है जिसकी सप्लाई पूरे मंडल में होती है।

आशीष कुमार ने बताया कि ईश्वर शरण पुत्र बहादुर (दत्त नगर माफी) और प्रदीप कुमार शुक्ला पुत्र जगदीश (तुलसीराम पुरवा दतौली मार्ग थाना धानेपुर) पिछले चार साल से उनकी दूकान से सीमेंट और सरिया ले जाते थे और इस दौरान दोनों के बीच विश्वास और अच्छे संबंध बन गये थे।धीरे धीरे इन पर 36 लाख 27 हजार 627 रूपए का बकाया हो गया।जब आशीष कुमार ने बकाया पैसे की मांग किया तो,दोनों बीमारी का बहाना बनाकर टालमटोल करने लगे।एक बार जब आशीष अपनी दुकान का बकाया वसूलने गए तो,उन्होंने ईश्वर शरण को दुकान पर बैठा पाया।बकाया मांगने पर ईश्वर शरण ने टालमटोल किया तो आशीष ने अपना लेजर दिखा कर हिसाब मांगा,जिसके बाद ईश्वर शरण ने गुस्से में एक चेक काट दिया।अगले दिन प्रदीप शुक्ला ने आशीष को फोन कर चेक न लगाने के लिए कहा और नगद भुगतान का आश्वासन दिया।

हालांकि आशीष जब उनसे मिलने दुकान पर गये, तो वे वहाँ नहीं मिले तथा फोन करने पर भी उन्होने जवाब नहीं दिया और पैसे देने से इंकार करने लगे।नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्रदीप कुमार और ईश्वर शरण के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।