डीपीओ ने रद्द किया दो दिवसीय रामनवमी अवकाश,11 बजे कार्यालय पहुंचने के निर्देश
*बाल विकास परियोजना कार्यालयों में आज व कल काम जारी

गोंडा।उत्तर प्रदेश सरकार ने आज 26 व कल 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर दो दिवसीय राजकीय अवकाश घोषित किया था।इसके बावजूद जिले के जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने अपने विभाग के लिए इस अवकाश को रद्द कर दिया है।डीपीओ के आदेश के अनुसार जिला कार्यक्रम कार्यालय और समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय आज और कल खुले रहेंगे।सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 11 बजे से परियोजना कार्यालय में उपस्थित रहकर पीएमएमवीवाई सहित अन्य शासकीय कार्यों का संपादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।इस आदेश के बाद जिले के बाल विकास परियोजना विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।रामनवमी मनाने की तैयारी कर रहे कर्मचारियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं।इस आदेश के संबंध में जब जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने मोबाइल फोन नहीं उठाया तो वहीं नाम न छापने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया कि विभाग में अक्सर शासनादेशों की खुलेआम अनदेखी की जाती है और सरकारी छुट्टी के बावजूद उनकी छुट्टी रद्द कर दी गई है।जबकि जिले के किसी अन्य विभाग में इस तरीके से कोई भी अवकाश रद्द नहीं किया गया है।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित किये गये अवकाश को लेकर के लोगों को दो दिन का अवकाश प्रदान किया गया है।जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास परियोजना के इस पत्र को लेकर के गोंडा में मुख्य विकास अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया तो फिलहाल उनसे भी बात नहीं हो पाई है।अब देखने वाली बात होगी कि उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा ऐसे अधिकारियों पर क्या कार्रवाई करती है जो सरकार के सार्वजनिक अवकाश को रद्द कर अधिकारियों कर्मचारियों को कार्यालय बुला रहे हैं।
यूपी एसटीएफ बताकर मोरंग व्यवसायी का अपहरण करने वाले तीन आरोपी 23 दिन से फरार
*परिजनों ने किया गिरफ्तारी की मांग

गोंडा।जिले में मोरंग व्यवसायी अंकित कुमार यादव के अपहरण मामले में 23 दिन बाद भी अपने आपको यूपी एसटीएफ का अधिकारी बताकर अपहरण करने वाले तीन आरोपी फरार चल रहे हैं।अजीत पांडेय, दीलीप ठाकुर व अनूप दूबे की गिरफ्तारी न होने से अंकित यादव का परिवार लगातार परेशान है।परिवार ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग किया है।फरार चल रहे तीनों आरोपियों की दहशत के कारण अंकित यादव और उनके परिवार के सदस्य बाजारों में भी ज्यादा समय के लिए नहीं निकल रहे हैं।यदि वे बाहर जाते भी हैं तो उनके साथ अन्य लोग भी होते हैं।इस मामले में नवाबगंज पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी विकास मिश्रा, सौरभ दूबे और आशुतोष पाण्डेय को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।फरार चल रहे अजीत पांडेय, दिलीप ठाकुर और अनूप दूबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कई पुलिस टीमों का गठन किया है।नवाबगंज थाना अध्यक्ष व एसओजी टीम को भी आरोपियों को गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।दरअसल यह घटना 2 मार्च को हुई थी।विकास मिश्रा ने अंकित यादव को नई थार गाड़ी खरीदने की खुशी में पार्टी देने के बहाने अपने साथ ले गया था।परशुरामपुर बस्ती पहुंचने पर सौरभ दूबे, आशुतोष पाण्डेय,अजीत पांडेय, दिलीप ठाकुर और अनूप दूबे ने मिलकर अंकित का अपहरण कर लिया।अपहरणकर्ताओं ने अंकित को  2 मार्च से 3 मार्च तक अपने कब्जे में रखा।उन्होंने अंकित से दो लाख रुपये लिए और अतिरिक्त तीन लाख रुपए की मांग किया।मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने 3 मार्च की देर शाम अंकित को छोड़कर फरार हो गये।अंकित ने पुलिस को बताया था कि अपहरणकर्ताओं ने खुद को यूपी एसटीएफ का अधिकारी बताकर उनका अपहरण कर लिया था।अंकित यादव की पत्नी ने तीन मार्च को नवाबगंज थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार छापेमारी कर रही है।अंकित यादव व उनके परिजनों से लगातार पुलिस द्वारा जानकारी ली जा रही है।
कार और टेंपो की आमने-सामने भीषण टक्कर, 17 लोग गंभीर घायल

गोंडा। जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोंडा–उतरौला मार्ग पर धनौली गांव के पास इनोवा कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कुल 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय टेंपो में गोंडा, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर के कई यात्री सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अतुल मिश्र के अनुसार, सभी 17 घायलों का उपचार जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
जनपद में डीजल एवं पेट्रोल कि नहीं है कोई कमी, पर्याप्त मात्रा में है डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता

जनपद के समस्त पेट्रोल पंप एसोसिएशन एवं पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों के साथ की गई बैठक दिए गए आवश्यक निर्देश


गोण्डा। 25 मार्च,2026।
जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। जिलाधिकारी, गोण्डा  प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी  आलोक कुमार ने की, जिसमें आनंद कुमार राय (पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी) तथा कुँवर दिनेश प्रताप सिंह (जिला पूर्ति अधिकारी) सहित जनपद के समस्त पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि एवं पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर तथा प्रबंधक उपस्थित रहे।

बैठक में Indian Oil Corporation Limited, Bharat Petroleum Corporation Limited तथा Hindustan Petroleum Corporation Limited के सेल्स ऑफिसर्स के साथ विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही, पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें।

अपर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। सभी तेल कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा उसकी आपूर्ति भी नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर अफवाहें फैलाकर आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न की जा रही है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति या समूह ईंधन की कमी को लेकर भ्रामक सूचना फैलाता हुआ पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे उपभोक्ताओं को सुचारु एवं पारदर्शी तरीके से ईंधन उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता से बचें।

जनपद वासियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। प्रशासन द्वारा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक के दौरान एआरओ शिव प्रकाश जनपद के समस्त पूर्ति निरीक्षक तथा पेट्रोल व डीजल पम्प प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों सहित अन्य सभी संबंधित आधिकारी उपस्थित रहे।
व्यापारी से 36 लाख रुपए की धोखाधड़ी, दो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
सरिया सीमेंट हड़पने के मामले में न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

गोंडा।जिले में न्यायालय के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ 36 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।यह मुकदमा एक सरिया सीमेंट के व्यापारी ने दर्ज कराया है।नगर कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी बहराइच रोड निवासी सीमेंट सरिया व्यापारी आशीष कुमार पुत्र कृष्ण चंद्र गुप्ता ने न्यायालय में एक वाद दायर किया था,उनके अनुसार जिले में उनका सरिया सीमेंट का बड़ा कारोबार है जिसकी सप्लाई पूरे मंडल में होती है।

आशीष कुमार ने बताया कि ईश्वर शरण पुत्र बहादुर (दत्त नगर माफी) और प्रदीप कुमार शुक्ला पुत्र जगदीश (तुलसीराम पुरवा दतौली मार्ग थाना धानेपुर) पिछले चार साल से उनकी दूकान से सीमेंट और सरिया ले जाते थे और इस दौरान दोनों के बीच विश्वास और अच्छे संबंध बन गये थे।धीरे धीरे इन पर 36 लाख 27 हजार 627 रूपए का बकाया हो गया।जब आशीष कुमार ने बकाया पैसे की मांग किया तो,दोनों बीमारी का बहाना बनाकर टालमटोल करने लगे।एक बार जब आशीष अपनी दुकान का बकाया वसूलने गए तो,उन्होंने ईश्वर शरण को दुकान पर बैठा पाया।बकाया मांगने पर ईश्वर शरण ने टालमटोल किया तो आशीष ने अपना लेजर दिखा कर हिसाब मांगा,जिसके बाद ईश्वर शरण ने गुस्से में एक चेक काट दिया।अगले दिन प्रदीप शुक्ला ने आशीष को फोन कर चेक न लगाने के लिए कहा और नगद भुगतान का आश्वासन दिया।

हालांकि आशीष जब उनसे मिलने दुकान पर गये, तो वे वहाँ नहीं मिले तथा फोन करने पर भी उन्होने जवाब नहीं दिया और पैसे देने से इंकार करने लगे।नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्रदीप कुमार और ईश्वर शरण के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पूर्व विधायक पुत्र का परिवार रजिस्टर में नाम नहीं,अधिकारियों पर दबाव बनाने का लगाया आरोप
कहा सभी दस्तावेज दिए गए

गोंडा।जिले की करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया के परिवार में परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज करने को लेकर विवाद जारी है।उनकी दूसरी पत्नी के बेटे कुंवर कमलेन मोहन सिंह ने आरोप लगाया है कि सभी दस्तावेज देने के बाद भी उनका नाम अभी तक रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया है।

करनैलगंज डांट बंगले में मीडिया से बात करते हुए कमलेन मोहन सिंह ने कहा कि परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।उन्होंने दावा किया कि उनके पास 50 - 60 से अधिक दस्तावेज,एफिडेविट, फोटो, वीडियो और आधार कार्ड सहित सभी वैध प्रमाण मौजूद हैं।कमलेन मोहन सिंह ने आरोप लगाया कि उनका नाम दर्ज न होने का कारण छोटे अधिकारियों पर कहीं से दबाव आ रहा है।उन्होंने अपने करनैलगंज गोंडा परिवार से इस मामले में समर्थन करने और अधिकारियों से सवाल पूछने की अपील किया है।

इस मामले को लेकर बीते दिनों परिवार में एक बैठक भी हुई थी और सभी प्रक्रियाएं अपनाई गई थीं,परन्तु वे अभी तक पूरी नहीं हुई हैं।करनैलगंज ग्राम पंचायत में भी परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज करने का मामला लंबित है और अभी तक कोई निर्णय नहीं हो पाया है।स्वर्गीय अजय प्रताप सिंह की पहली पत्नी के बेटे कुंवर शारदेन मोहन सिंह व कुंवर वैंकटेश मोहन सिंह,उनकी दूसरी पत्नी के बेटों कुंवर कमलेन मोहन सिंह व कुंवर अजयैन मोहन सिंह का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज करने का विरोध कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का हुआ आयोजित,163 जोड़ों का हुआ विवाह

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक गौरा, डीएम तथा ब्लॉक प्रमुखों ने नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद

गोण्डा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत हकीकुल्ला चौधरी महाविद्यालय गौरा के परिसर में सामूहिक विवाह का कार्यक्रम सफलतापूर्वक, सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। सामुहिक विवाह कार्यक्रम में जनपद के विकासखण्ड व नगरपालिका परिषद व नगर पंचायतों को मिलाकर कुल 193 जोड़े पंजीकृत थे जिसमें से 163 जोड़ों का विवाह पूरी रीतिरिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। इसमें 02 जोड़ों का इस्लामिक पद्धति से मौलवी साहिबे आलम द्वारा निकाह कराया गया।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में  विधायक गौरा प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, उपजिलाधिकारी मनकापुर, ब्लॉक प्रमुख बभनजोत, छपिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने विवाह मण्डप पर बैठे जोडों को आर्शीवाद देते हुए वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दी।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में किसी भी गरीब की बेटी के हाथ पीले होने से नहीं बचेंगे वो चाहे किसी जाति व धर्म की हों। सामूहिक विवाह हेतु हमारी सरकार रूपये 60000/- प्रति जोड़े के दम्पतियों के खाते में दिया जाता है। शेष उपहार सामग्री दी जाती है जिसमें चांदी की पायल बिछिया, स्टील का डिनर सेट, पांच लीटर का प्रेशर कुकर, कन्या हेतु दो जोड़े कपड़े, वर हेतु एक जोड़ा कपड़ा, दीवाल घड़ी, सौन्दर्य प्रशासन किट आदि गृहस्थी का सम्मिलित होता है।

कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख बभनजोत, छपिया, खण्ड विकास अधिकारी बभनजोत, छपिया सहित सभी संबंधित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हकीकुल्ला चौधरी महाविद्यालय गौरा के परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का हुआ आयोजन

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक गौरा, डीएम तथा ब्लॉक प्रमुखगणों ने नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक साथ 163 जोड़ों का विवाह हुआ सम्पन्न

गोण्डा।24 मार्च, 2026।
मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत हकीकुल्ला चौधरी महाविद्यालय गौरा के परिसर में सामूहिक विवाह का कार्यक्रम सफलतापूर्वक, सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। सामुहिक विवाह कार्यक्रम में जनपद के विकासखण्ड व नगरपालिका परिषद/नगर पंचायतों को मिलाकर कुल 193 जोड़े पंजीकृत थे जिसमें से 163 जोड़ों का विवाह पूरी रीतिरिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। इसमें 02 जोड़ों का इस्लामिक पद्धति से मौलवी साहिबे आलम द्वारा निकाह कराया गया।


सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक गौरा  प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी  प्रियंका निरंजन, उपजिलाधिकारी मनकापुर, ब्लॉक प्रमुख बभनजोत, छपिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, ने विवाह मण्डप पर बैठे जोडों को आर्शीवाद देते हुए वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दी।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में किसी भी गरीब की बेटी के हाथ पीले होने से नहीं बचेंगे वो चाहे किसी जाति व धर्म की हों। सामूहिक विवाह हेतु हमारी सरकार रूपये 60000/- प्रति जोडे के दम्पतियों के खाते में दिया जाता है। शेष उपहार सामग्री दी जाती है जिसमें चांदी की पायल बिछिया, स्टील का डिनर सेट, पांच लीटर का प्रेशर कुकर, कन्या हेतु दो जोड़े कपड़े, वर हेतु एक जोड़ा कपड़ा, दीवाल घड़ी, सौन्दर्य प्रशासन किट आदि गृहस्थी का सम्मिलित होता है।

कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख बभनजोत, छपिया, खण्ड विकास अधिकारी बभनजोत, छपिया सहित सभी संबंधित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण उपस्थित रहे।
स्वयं सेवकों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली

गोंडा।श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन उच्च प्राथमिक विद्यालय परेड सरकार गोण्डा में  23/ 3/ 26 से 29/ 03/26 तक किया गया है।विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल से चयनित गांव बंगरहवा परेड सरकार नेवलगंज बनकटाचार्यगंज तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। स्वयं सेवकों ने डोर टू डोर जाकर ग्राम वासियों को स्वच्छता संबंधी जानकारी प्रदान की।

स्वयं सेवकों ने ग्राम वासियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। भोजन के उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में  मुख्य अतिथि प्रोफेसर डा रेखा शर्मा , वनस्पति विज्ञान एवं विशिष्ट अतिथि करुणेश द्विवेदी  असिस्टेंट प्रोफेसर कृषि विज्ञान विभाग ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह,डा चमन कौर,डा परवेज आलम,डा दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव सेवा का धर्म सर्वोपरि है।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य प्राप्ति के लिए सामाजिक सद्भाव बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना का महत्वपूर्ण योगदान है।हमे मानव सेवा का गुण सीखना है।कार्यक्रम का संचालन डा परवेज आलम ने किया।
अचलपुर गांव में संदिग्ध मौत,घर के बाहर चारपाई पर रखा शव
परिजनों ने किया धारा बढ़ाने की मांग

गोंडा।जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अचलपुर गांव में कल अरविंद बाबा उर्फ अरविंद तिवारी (32) की हुई संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने आज उनके अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया है।परिजन घर के बाहर चारपाई पर शव रखकर आरोपियों के खिलाफ मारपीट के मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ने की मांग कर रहे हैं।घंटों की बातचीत और पुलिस के आश्वासन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अरविंद का अंतिम संस्कार किया गया।

मोतीगंज पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।परिजनों का आरोप है कि 22 मार्च को गांव के मनीराम तिवारी और श्रीकांत,अरविंद को घर से बुलाकर ले गये थे।अरविंद 22 मार्च को पूरे दिन गायब रहे और अगले दिन उनका शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानेपुर में मिला था।परिजनों ने मनीराम तिवारी और श्रीकांत पर अरविंद की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था,परन्तु अभी तक रिपोर्ट सामने नहीं आयी है।मामले में मोतीगंज थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।