घटिया सड़क निर्माण पर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश,एक हफ्ते में मांगा रिपोर्ट
*सड़क पर बने बड़े बड़े गड्ढे

गोंडा।जिले में घटिया सड़क निर्माण की शिकायत और घटिया निर्माण को लेकर वायरल वीडियो के आधार पर मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने जांच के आदेश दिए हैं।बताते चलें कि परसपुर विकासखण्ड के कुड़ियावां ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली इस सड़क के निर्माण में गुणवत्ता की कमी पाई गई है।आयुक्त द्वारा दो सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है।जिसमें ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता और यूपी सिडको के परियोजना प्रबंधक शामिल हैं।यह कमेटी एक सप्ताह के अंदर परियोजना की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।स्थानीय निवासी राधेश्याम उर्फ बब्लू सिंह ने शिकायत किया था कि सड़क का निर्माण 20 दिन पहले पूरा हुआ था परन्तु यह सड़क पूरी तरह तैयार होने से पहले ही इसमें बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं।सड़क से गिट्टियां उखड़ रही हैं और अभी तक इस पर दोबारा डामरीकरण नहीं किया गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं।बब्लू सिंह ने सड़क के दोबारा निर्माण करने की मांग किया था जिसके बाद आयुक्त ने इस मामले का संज्ञान लिया है।इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो में दिख रहा है कि हाल ही में बनी सड़क से लोग लकड़ी की मदद से आसानी से गिट्टियां उखाड़ रहे हैं।गिट्टियां हटाने पर नीचे सिर्फ पुरानी सड़क और मिट्टी दिखाई दे रही है,जिससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता में ठेकेदार द्वारा की गई लापरवाही साफ नजर आती है।आयुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने बताया कि शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र और वायरल वीडियो के आधार पर जांच के आदेश दिए गए हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी,जिसमें सड़क की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी।
पुरानी रंजिश को लेकर चली गोली, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
*पुलिस जांच में जुटी

गोंडा।जिले के उमरीबेगम गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार देर शाम एक व्यक्ति पर फायरिंग का मामला सामने आया है।यह घटना अमदही काजीपुरवा की है।आरोप है कि गांव निवासी आशीष पांडेय पर बांके उर्फ शिव ओंकार यादव ने गोली चलाई।पूरी वारदात पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया है।सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बांके उर्फ शिव ओंकार यादव ने आशीष पांडेय को ट्रैक्टर से लकड़ी खींचते हुए देखा और इसके बाद उसने अपने मोटरसाइकिल की डिग्गी से असलहा निकाल कर लोड किया।आशीष पांडेय ने फायरिंग से बचने के लिए तेजी से ट्रैक्टर चलाया परन्तु आरोपी ने पीछा कर आशीष पर गोली चला दिया।आशीष पांडेय इस हमले में बाल बाल बच गये।गोली चलाने के बाद जब आशीष पांडेय ट्रैक्टर आगे ले गये तो बांके उर्फ शिव ओंकार यादव ने दोबारा अपनी गाड़ी की डिग्गी से गोली लोड करने का प्रयास किया।हालांकि, आशीष पांडेय तब तक अपने ट्रैक्टर को लेकर वहाँ से फरार हो चुके थे।बताया जा रहा है कि फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश है।पीड़ित आशीष पांडेय के परिवार के सदस्यों ने पहले आरोपी बांके उर्फ शिव ओंकार यादव के पिता राम उजागर यादव की हत्या की थी।उस मामले में आशीष पांडेय के परिवार के कई सदस्यों को सजा भी हुई है।इसी पुरानी रंजिश के चलते आशीष पांडेय पर हमला किया गया।थानाध्यक्ष उमरीबेगम गंज गोविंद कुमार ने बताया कि आशीष पांडेय की तहरीर पर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यक्ष एप की सहायता से थाना वजीरगंज पुलिस को मिली सफलता, चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद, बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी तरबगंज श्री उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना वजीरगंज पुलिस टीम द्वारा आधुनिक तकनीक “यक्ष एप” का प्रभावी उपयोग करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई। थाना वजीरगंज पुलिस द्वारा घटना के अनावरण हेतु पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ डिजिटल पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए यक्ष एप का सहारा लिया गया। यक्ष एप के माध्यम से घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सटीक लोकेशन चिन्हित की गई। विभिन्न स्थानों से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर एप के माध्यम से उनका विश्लेषण किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों की फोटो निकालकर यक्ष एप में अपलोड की गई। यक्ष एप के माध्यम से सर्किल के वाहन चोरों की सूची का अवलोकन कर संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई।
प्राप्त इनपुट के आधार पर अभियुक्त की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी गई। जिससे मात्र 02 दिनों के भीतर ही बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर कब्जे से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
वादी अजय यादव पुत्र राम औतार, निवासी ग्राम लक्ष्मनपुर, चन्दापुर थाना वजीरगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना वजीरगंज पर लिखित तहरीर दी गयी कि वह वजीरगंज बाजार स्थित एक क्लीनिक पर कार्य करते हैं। दिनांक 18.03.2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल को क्लीनिक के पास खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए। वापस आने पर उक्त मोटरसाइकिल चोरी पाई गई। काफी खोजबीन के बावजूद वाहन का पता नहीं चल सका। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना वजीरगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान यक्ष एप के माध्यम से सीसीटीवी नेटवर्क को ट्रेस कर फुटेज का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया, जिससे संदिग्ध की पहचान संभव हो सकी। जिसमें वजीरगंज पुलिस द्वारा दिनांक 20.03.2026 को वाहन चेकिंग के दौरान बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया तथा उसके कब्जे से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर थाना वजीरगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही करते हुए बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड, गोण्डा के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

*पूछताछ का विवरण-*
पुलिस पूछताछ में बाल अपचारी द्वारा बताया गया कि वह दिनांक 18.03.2026 को अपने घर से सवारी से कस्बा वजीरगंज आया था। इसी दौरान उसने एक बुलेट मोटरसाइकिल को, जिसमें चाभी लगी हुई थी, अस्पताल के पास एक दुकान के सामने खड़ी देखी। इधर-उधर देखकर मौका पाकर उसने उक्त मोटरसाइकिल को चोरी कर लिया तथा अपने घर के पास अरहर के खेत में छिपा दिया। आज दिनांक 20.03.2026 को वह उक्त मोटरसाइकिल को बेचने के उद्देश्य से नेपाल ले जाने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस टीम द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु शहर क्षेत्र में व्यापक भ्रमण
ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी व चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

गोण्डा। ईद-उल-फितर पर्व के अवसर पर जनपद गोण्डा में नमाज को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा स्वयं शहर क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा शहर के प्रमुख ईदगाहों एवं विभिन्न नमाज स्थलों का निरीक्षण करते हुए वहां मौजूद पुलिस बल को सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मौके पर उपस्थित धर्मगुरुओं, मस्जिद कमेटी के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों से वार्ता कर आपसी समन्वय एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि सभी नमाज स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण के समुचित प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही महिला पुलिस बल की भी तैनाती की गई, जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पर्व के दृष्टिगत शहर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं संवेदनशील/अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। इसके अतिरिक्त, जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस बल द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है तथा महत्वपूर्ण स्थलों पर क्यूआरटी को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर भी सोशल मीडिया सेल विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना का समय रहते खंडन कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा सके। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारा, प्रेम एवं सौहार्द बनाए रखते हुए ईद-उल-फितर पर्व को हर्षाेल्लास के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके। जनपद गोण्डा पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, जिससे जनपद में पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सका ।
उद्योग बंधु, व्यापार बंधु तथा श्रम बन्धुओं की समस्याओं का करें समय से समाधान संबंधित अधिकारी-जिलाधिकारी

*उद्योग, व्यापार तथा श्रम बन्धुओं द्वारा अवगत कराये गये समस्याओं का प्राथमिकता पर करें समाधान-डीएम*


*मनकापुर बस स्टॉप से बड़गांव पुलिस चौकी बहराइच रोड तक रोड किनारे अतिक्रमणकारियों को जारी करें नोटिस-जिलाधिकारी*


*गोण्डा 20 मार्च, 2026*। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में उद्योग बंधु, श्रम बंधु व व्यापार बंधुओं की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। उद्योग बंधु की बैठक में सर्वप्रथम पिछले कार्यवृत्ति की अनुपालन स्थिति जानी गयी। जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं से अवगत होते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त उद्योग के स्तर से आवेदनकर्ता की पात्रता व सभी संबंधित औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद अधिकारियों को अग्रसारित किया जाय।

बैठक में सभी लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारण हेतु विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया जाय। 
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उद्योग बंधुओं एवं व्यापार बन्धुओं व श्रम बन्धुओं की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान समय से करना सुनिश्चित करें।
बैठक में उपायुक्त उद्योग व अन्य विभाग के अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा है कि व्यापार बन्धुओं व उद्योग बन्धुओं के व्यापार में अपेक्षित सहयोग करना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गोंडा, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा पीडब्ल्यूडी विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मनकापुर बस स्टॉप से लेकर बड़गांव पुलिस चौकी बहराइच रोड तक रोड किनारे अतिक्रमणकारियों को खाली करने के लिए नोटिस जारी करें, अन्यथा होगी बड़ी कार्यवाही।

बैठक में व्यापारियों ने अपने-अपने सुझाव दिये जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी मिलकर समस्या का समय से समाधान करायें।

बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि शहर में अतिक्रमण से जाम की बहुत बड़ी समस्या है जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एक टीम के साथ शहर में जाम लगने वाले स्थानों का संयुक्त निरीक्षण करें साथ ही आसपास के अतिक्रमण को हटवा कर जाम से लोगों को निजात दिलाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर उपजिलाधिकारी विशाल कुमार, जिला उद्योग अधिकारी बाबूराम, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, एलडीएम विनोद कुमार तिवारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह, आयकर विभाग के अधिकारीगण सहित उद्योग, व्यापार, श्रम बन्धु के पदाधिकारीगण अन्य सभी सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न मांगों के लिए एआरपी एसोसिएशन ने प्रभारी बीएसए को दिया ज्ञापन

गोंडा।  शुक्रवार को एकेडमिक रिसोर्स पर्सन संगठन के जिला अध्यक्ष  दीपक नामदेव ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जिसमें प्रमुख रूप से एआरपी के सभी प्रकार के देयक का समय से भुगतान किये जाने एवं जिले में एफएलएन प्रशिक्षण के मानदेय का भुगतान किए जाने की मांग की गई। निपुण भारत मिशन में आ रही समस्याओं के बारे में अवगत कराया प्रभारी बीएसए आरके सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इन सभी मांगों को शीघ्र ही पूर्ण  किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाठक मंडल संयोजक मनोज दीक्षित जिला महामंत्री नरेन्द्र गुप्ता संगठन मंत्री दिलीप कुमार वर्मा प्रदीप शुक्ला आकाश सैनी शिवम मिश्रा शशांक अनिल राहुल सहित अन्य मौजूद रहे।
गोण्डा में 21 मार्च को निःशुल्क टूल-किट्स वितरण, प्रभारी मंत्री करेंगे शुभारंभ

35 लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक चाक व पगमिल मशीनें मिलेंगी

ग्रामोद्योग योजना के तहत 09 को डोना मेकिंग मशीन का वितरण

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 ग्राम प्रधान होंगे सम्मानित

गोण्डा।20 मार्च 2026*- उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर  प्रभारी मंत्री द्वारा जरूरतमंद लाभार्थियों को निःशुल्क टूल-किट्स का वितरण किया जाएगा।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि  कार्यक्रम में कुल 35 लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक चाक एवं पगमिल मशीनें वितरित की जाएंगी। साथ ही ग्रामोद्योग टूल-किट्स वितरण योजना के तहत 09 लाभार्थियों को डोना मेकिंग मशीन भी प्रदान की जाएगी। यह वितरण कार्यक्रम वेंकटाचार्य क्लब, गोण्डा में प्रभारी मंत्री  दारा सिंह चौहान के करकमलों द्वारा सम्पन्न होगा।

कार्यक्रम के दौरान खादी एवं ग्रामोद्योग प्रोत्साहन योजनाओं के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक विकासखंड से दो-दो ग्राम प्रधानों का चयन किया गया है, इस प्रकार कुल 32 ग्राम प्रधानों को सम्मान प्रदान किया जाएगा।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने जनपदवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।
दर्शन करने जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत,दोनों गोंडा के रहने वाले
बलरामपुर में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के चिश्तीपुर गांव निवासी राधेश्याम (20) व करौंधिया गांव निवासी चंदन (21) की बलरामपुर में देर रात  हुए सड़क हादसे में मौत हो गई।यह घटना गोंडा बलरामपुर मार्ग पर दुल्हिनपुरवा के पास हुई।दोनों युवक चैत्र नवरात्रि में  मां पाटेश्वरि देवी के दर्शन करने बलरामपुर जा रहे थे।पुलिस के अनुसार, राधेश्याम की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।स्थानीय लोगों ने देर रात बलरामपुर पुलिस को सूचना दिया।सूचना पाकर मौके पर पहुचि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे की सूचना मिलने पर दोनों युवकों के परिजन सुबह बलरामपुर के लिए रवाना हो गये और बलरामपुर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे जहाँ दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।राधेश्याम के परिवार में पहले ही उसके पिता का निधन हो चुका है।वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।उसने कुछ महीने पहले ही दर्जीकुंआ चौराहे के पास रिकार्डिंग स्टूडियो खोला था जिससे वह अपने परिवार का भरण पोषण करता था।देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र के दो युवकों की बलरामपुर में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई है।उन्होंने पुष्टि किया कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से मां पाटेश्वरि देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे,तभी यह हादसा हुआ।

बलरामपुर पुलिस प्रशासन के समन्वय से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।स्थानीय ग्राम प्रधान भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए हैं और परिजनों का पूरा सहयोग कर रहे हैं।
बारिश में सिर पर बोरी रखकर सिलेंडर लेने पंहुचे लोग
*गैस एजेंसियों पर लाइन में लगकर अपनी बारी का कर रहे इंतजार

गोंडा।खराब मौसम और बारिश के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलेंडर लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है।लोग बारिश से बचने के लिए सिर पर बोरी रखकर लंबी कतारों में खड़े नजर आए।धानेपुर स्थित ज्योति गैस एजेंसी पर सुबह 8 बजे से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरु हो गई।एजेंसी पर पहले से ही बुकिंग कराने वालों के साथ साथ उसी दिन बुकिंग कराने वालों को भी सिलेंडर दिया जा रहा है।सिलेंडर लेने पहुंचे शिव प्रताप ने बताया कि घर में गैस खत्म होने के कारण खराब मौसम में भी लाइन में लगना मजबूरी है।उन्होंने कहा कि बारिश से बचने के लिए सिलेंडर के बोरी को ही सिर पर रख लिया।वहीं अमन नाम के एक व्यक्ति ने भी बताया कि गैस खत्म होने के कारण उन्हें बारिश में ही लाइन में लगना पड़ा।चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन व्रत रख रही शांति देवी भी सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़ी नजर आईं।उन्होंने भी बोरी से सिर ढककर बारिश से बचाव किया।वहीं पूरे मुसद्दी तिवारी पुरवा से आए एक व्यक्ति ने बताया कि बारिश के बावजूद लोग गैस के लिए लाइन में खड़े हैं ताकि किसी तरह सिलेंडर मिल सके।भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाये रखने के लिए गैस एजेंसी पर पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं,जो लोगों को कतारबद्ध करने में मदद कर रहे हैं।
बाइक टक्कर के बाद दो गुटों में मारपीट,दबंगों ने गला पकड़कर पीटा
*पुलिस ने मामले की शुरू की जांच

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामलीला मैदान के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद दो गुटों में जमकर मारपीट हुई।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, करनैलगंज कस्बा निवासी आरिफ अली अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था कि तभी सामने से आ रहे अज्ञात बाइक सवार से उसकी टक्कर हो गई।

इस मामूली हादसे के बाद दोनों के बीच पहले कहासुनी और गाली गलौज हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।विवाद बढ़ने पर आरिफ के पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंच गए,इसी दौरान दूसरे पक्ष के व्यक्ति द्वारा गाली गलौज जारी रखने पर दोनों गुटों में जमकर हाथापाई शुरू हो गई।मारपीट में एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल की चाभी लगने से हल्की चोट आई,जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना के दौरान राहगीर मौके पर रुककर पूरा घटनाक्रम देखते रहे,जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।करनैलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना गुरूवार शाम लगभग छ: बजे की है।आरिफ की पहचान कर ली गई है,जबकि दूसरे बाइक सवार की पहचान के लिए वीडियो के आधार पर प्रयास किये जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के चलते यह मारपीट हुई।मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।