नए यमुना पुल पर रात होते ही कानून बेबस! गलत दिशा में दौड़ते वाहन, पासर गिरोह की अवैध वसूली का खेल
आधी रात के बाद हाईवे बन जाता है ‘नो-रूल ज़ोन’, ट्रक- डंपर जबरन पास, पुलिस- प्रशासन बेखबर!
विश्वनाथ प्रताप सिंह
प्रयागराज। नए यमुना पुल और उसके आसपास की सड़कों पर अनियंत्रित और अराजक यातायात अब बड़ी समस्या बनता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि यहां यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने की कोई मुकम्मल योजना धरातल पर नजर नहीं आ रही। खासकर रात होते ही पूरा इलाका मानो नियमों से मुक्त हो जाता है और सड़कों पर मनमानी शुरू हो जाती है। रीवा, चित्रकूट, बांदा, मिर्जापुर और वाराणसी की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहन चालक आधी रात के बाद पूरी तरह बेलगाम हो जाते हैं। गलत दिशा से तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाना, जबरन आगे निकलना और दूसरे वाहनों को दबाव बनाकर रास्ता खाली कराने जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। इससे हर समय बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
अवैध वसूली का खेल, जबरन पास कराए जाते हैं वाहन
सूत्रों के अनुसार रात के अंधेरे में नए यमुना पुल पर एक संगठित पासर गिरोह सक्रिय हो जाता है। यह गिरोह हाईवे से आने वाले ट्रक, डंपर और भारी वाहनों से अवैध वसूली करता है और फिर उन्हें जबरन पास कराता है। कई बार ओवरलोड वाहन भी इसी सहारे शहर के अंदर तक पहुंच जाते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतना सब कुछ खुलेआम होने के बावजूद पुलिस, प्रशासन और आरटीओ के जिम्मेदार अधिकारी अनजान बने हुए हैं, जिससे लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
रात में इन जगहों पर सक्रिय रहता है गिरोह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के समय मामा-भांजा तालाब, खान चौराहा, लेप्रोसी चौराहा, जेल के सामने, बांगड़ धर्मशाला के आसपास पासर गिरोह के सदस्य सक्रिय हो जाते हैं। कुछ लोग बाइक से चलते हैं तो कुछ चार पहिया वाहनों से ओवरलोड ट्रक और डंपर के आगे-पीछे चलकर रास्ता साफ कराते हैं। जैसे ही रास्ते में नीली या लाल बत्ती जलती कोई सरकारी गाड़ी दिखाई देती है, गिरोह के सदस्य तुरंत किनारे हो जाते हैं, जिससे उनकी गतिविधियां पकड़ में नहीं आ पातीं।
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही नए यमुना पुल और आसपास की सड़कों पर सख्त निगरानी नहीं की गई, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रात के समय विशेष चेकिंग अभियान चलाकर गलत दिशा में चलने वाले और अवैध वसूली करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
1 hour and 47 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k