जामताड़ा में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा: 6 गिरफ्तार, 2 करोड़ से अधिक की ठगी का पर्दाफाश।


जामताड़ा जिले की पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह पर नकेल कसते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना पर कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के पदमडीह गांव के पास जंगल में विशेष टीम ने छापेमारी की,

जहां अपराधियों को रंगे हाथों धर दबोचा गया।गिरफ्तार अपराधी उज्जवल कुमार शाही, राजेंद्र मंडल, राज किशोर शाही, अजीत कुमार मंडल, अमित कुमार शाही और कुंदन कुमार मंडल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 मोबाइल फोन,

18 सिम कार्ड, चार मोटरसाइकिलें व एक लैपटॉप बरामद किया है।

एसपी मेहता ने खुलासा किया कि उज्जवल कुमार शाही गिरोह का सरगना है, जिसने गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर चस्पा कर लोगों को फॉर्म भरवाकर उनके खातों से दो करोड़ रुपये से अधिक उड़ा लिए। सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिए गए हैं। पुलिस रिमांड लेकर गहन पूछताछ करेगी, जिससे बड़े खुलासे की उम्मीद है।

LPG घरेलू गैस किल्लत पर फूटा जनता का गुस्सा: 72 घंटे का अल्टीमेटम, वरना होगा 'जनांदोलन'

रांची, 18 मार्च 2026: राजधानी रांची में गहराते घरेलू गैस संकट और गैस एजेंसियों की मनमानी के खिलाफ अब आम जनता ने मोर्चा खोल दिया है। आज हटिया रेलवे कॉलोनी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में नागरिकों ने एकजुट होकर प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है।

'रांची नागरिक परिषद' का गठन, कैलाश यादव बने संयोजक

एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी से निपटने के लिए बैठक में सर्वसम्मति से "रांची नागरिक परिषद" का गठन किया गया। राजद नेता श्री कैलाश यादव को इस परिषद का संयोजक नियुक्त किया गया है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि अगले 72 घंटों के भीतर गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो परिषद के नेतृत्व में उग्र जनांदोलन शुरू किया जाएगा।

प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग

संयोजक कैलाश यादव ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस की कालाबाजारी पर तुरंत लगाम लगाई जाए और जो एजेंसियां कृत्रिम किल्लत पैदा कर रही हैं, उनकी जांच कर लाइसेंस रद्द किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर सिलेंडर मिलना सुनिश्चित होना चाहिए।

22 अप्रैल को उपायुक्त को सौंपेंगे ज्ञापन

बैठक में तय किया गया कि नागरिक परिषद आगामी 22 अप्रैल को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेगी। परिषद का स्पष्ट कहना है कि जनता की मूलभूत जरूरतों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वार्ड स्तर पर जनजागरण अभियान: 15 टीमें तैयार

गैस संकट के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए शहर के सभी वार्डों में 15 सदस्यीय टीमें गठित की गई हैं। यह टीमें घर-घर जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ेंगी।

कल का कार्यक्रम: 19 मार्च 2026 को शाम 4 बजे धुर्वा बस स्टैंड और शाम 5 बजे जगन्नाथपुर में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी।

साध्वी निरंजना ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने का प्रदेश भाजपा ने किया स्वागत

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व सांसद साध्वी निरंजना ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने का झारखंड भाजपा ने स्वागत किया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने साध्वी निरंजना ज्योति को नए दायित्व केलिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन एवं साध्वी निरंजना जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग पिछड़े समाज की आकांक्षाओं को पूरा करने में सफल होगा।

कहा कि पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक दर्जा मोदी सरकार ने ही प्रदान किया।आज आयोग के द्वारा देश के पिछड़ा वर्ग से आने वाले करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मोदी सरकार देश के पिछड़े ,वंचित समाज के सर्वांगीण विकास केलिए समर्पित है। निरंजना ज्योति जी के नेतृत्व में पिछड़े वर्ग को संवैधानिक संरक्षण प्राप्त होगा।

बधाई देने वालों में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह,महामंत्री एवम सांसद डॉ प्रदीप वर्मा,मनोज सिंह सहित अन्य शामिल हैं।

झारखंड की वैश्विक उड़ान: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा अध्यक्ष और विपक्षी नेताओं को भेंट की 'दावोस-लंदन' दौरे की विशेष पुस्तक

झारखंड सरकार की उपलब्धियों और राज्य की विकास यात्रा को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। इसी कड़ी में आज रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार मुलाकात हुई, जिसमें राज्य के विकास के 'ग्लोबल विजन' को साझा किया गया।

मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण मुलाकात और भेंट

मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार द्वारा प्रकाशित अत्यंत महत्वपूर्ण पुस्तक "JHARKHAND RISING: A GLOBAL STORY" और एक विशेष कॉफी टेबल बुक सप्रेम भेंट की। यह मुलाकात न केवल शिष्टाचार का हिस्सा थी, बल्कि राज्य की प्रगति की रिपोर्ट को सदन के संरक्षक के समक्ष प्रस्तुत करने का एक माध्यम भी रही।

"JHARKHAND RISING: A GLOBAL STORY": झारखंड की अंतरराष्ट्रीय दस्तक

इस पुस्तक में झारखंड की उस ऐतिहासिक यात्रा का विस्तृत विवरण है, जो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जनवरी 2026 में की थी।

दावोस (विश्व आर्थिक मंच) और यूनाइटेड किंगडम (लंदन) का दौरा: इस प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक मंचों पर झारखंड की संभावनाओं को प्रस्तुत किया।

निवेश और विकास: दौरे के दौरान हुए समझौतों, वैश्विक निवेशकों के साथ संवाद और झारखंड को एक 'ग्लोबल हब' बनाने की दिशा में उठाए गए कदमों की पूरी रिपोर्ट इस पुस्तक में समाहित है।

प्रतिवेदन का महत्व: यह पुस्तक दर्शाती है कि कैसे झारखंड अब केवल खनिज संसाधनों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, तकनीक और निवेश के क्षेत्र में भी दुनिया के साथ कदम से कदम मिला रहा है।

विकास की समग्र तस्वीर: कॉफी टेबल बुक

मुलाकात के दौरान भेंट की गई 'कॉफी टेबल बुक' राज्य सरकार के विकासात्मक कार्यों का एक दृश्य दस्तावेज है। इसमें राज्य में हाल के वर्षों में हुए बुनियादी ढांचे के निर्माण, कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुधारों की विस्तृत जानकारी और उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरों का संग्रह है।

लोकतांत्रिक समन्वय की मिसाल

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर केवल विधानसभा अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि संसदीय कार्य मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर और नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी को भी यह पुस्तकें भेंट कीं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस प्रकार का संवाद राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए एक सकारात्मक संदेश है। यह दिखाता है कि राज्य की तरक्की और उसकी वैश्विक छवि को लेकर पूरी सरकार और विधानसभा एकमत है।

महिला सशक्तिकरण और बाल संरक्षण पर झारखंड-बिहार का साझा संवाद: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलीं महिला विधायक

रांची: झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में आज एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार मुलाकात हुई। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से बिहार विधान परिषद की 'बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण समिति' के सदस्यों ने मुलाकात की। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

मुलाकात के दौरान बिहार की समिति ने झारखंड विधानसभा के परिभ्रमण के अपने अनुभवों को साझा किया। सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने झारखंड की महिला एवं बाल विकास समिति के कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और दोनों राज्यों के बीच कार्य प्रणालियों व अनुभवों का आदान-प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने इस संवाद की सराहना करते हुए महिला और बच्चों के विकास के लिए साझा प्रयासों को जरूरी बताया।

बिहार से आई समिति में अध्यक्ष डॉ. कुमुद वर्मा, सदस्य श्रीमती रीना यादव, श्रीमती मुन्नी देवी और श्रीमती निवेदिता सिंह शामिल थीं।

रामगढ़ में अब मिनटों में मिलेगी जीवनदायिनी मदद: पीवीयूएनएल ने दी अत्याधुनिक ALS एम्बुलेंस

रामगढ़ स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन सेवाओं को आज एक बड़ा संबल मिला है। पीवीयूएनएल (PVUNL) ने अपनी सामुदायिक विकास पहल के तहत स्वास्थ्य विभाग को एक पूरी तरह से सुसज्जित एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस सौंपी है। यह एम्बुलेंस आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस है, जो गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार देने में सक्षम है।

इस एम्बुलेंस का हस्तांतरण पीवीयूएनएल के श्री जियाउर रहमान होहर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री तनमोय मिश्रा की उपस्थिति में किया गया। इस मौके पर रामगढ़ के सिविल सर्जन ने कहा कि यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस जिले की आपातकालीन चिकित्सा क्षमता को दोगुना कर देगी और गंभीर स्थिति में मरीजों को समय पर सही इलाज मिलने से उनकी जान बचाई जा सकेगी। उन्होंने इस सहयोग के लिए पीवीयूएनएल के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल रामगढ़ और आसपास के क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के स्तर को ऊपर उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

धनबाद में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: 24 हजार लीटर अवैध स्प्रिट के साथ टैंकर जब्त

धनबाद के उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। सहायक उत्पाद आयुक्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तोपचांची थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित जीओ पेट्रोल पंप के पास छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में नागालैंड नंबर (NL-01-L-1775) के एक टैंकर से लगभग 24,000 लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद किया गया है।

पकड़े गए चालक ने पूछताछ में खुलासा किया कि यह खेप गिरिडीह और हजारीबाग के नकली शराब माफियाओं को सप्लाई की जानी थी। विभाग ने टैंकर को जब्त कर चालक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल, इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है।

गढ़वा में जोबरईया के बंडा पहाड़ पर नीलकंठ महादेव मंदिर में सम्पन्न हुआ विराट श्री रुद्र महायज्ञ, पूर्णाहुति के साथ विश्राम; हजारों श्रद्धालुओं ने

गढ़वा, 17 मार्च 2026: गढ़वा जिला के जोबरईया गांव स्थित बंडा पहाड़ पर श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में जागृति युवा क्लब द्वारा आयोजित नौ दिवसीय विराट श्री रुद्र महायज्ञ की पूर्णाहुति 16 मार्च 2026 को भव्य रूप से संपन्न हो गई। 8 मार्च को जल यात्रा के साथ शुरू हुए इस पावन आयोजन का समापन पूर्णाहुति के साथ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति की बयार बहती रही।

प्रधान संयोजक एवं युवा समाजसेवी राकेश कुमार पाल ने आयोजन समिति के सभी सदस्यों को महायज्ञ के सफल संचालन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्यों के समर्पण, अनुशासन और उत्साह से यह भव्य आयोजन संभव हो सका। जागृति युवा क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पाल ने भी सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन भगवान शंकर का रुद्राभिषेक, हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार हुआ। संध्या काल में अयोध्या से पधारे कथाव्यास आचार्य पंडित पंकज शांडिल्य जी महाराज द्वारा श्रीराम कथा अमृतवर्षा का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों को कृष्ण की लीलाओं और राम कथा का आनंद मिला। वृंदावन से आए कलाकारों ने मनोरम झांकियां प्रस्तुत कीं। यज्ञाधीश आचार्य श्री आशीष वैद्य जी महाराज के सानिध्य में नौ हवन कुंडों पर नौ यजमानों द्वारा आहुतियां दी गईं, जिससे संपूर्ण क्षेत्र पवित्र हो उठा।

मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने भी आयोजन की सराहना की। भक्तों ने यज्ञ में सुख-शांति, समृद्धि, विद्या, बल और बुद्धि की कामना की। प्रतिदिन दोपहर 11 बजे से रात 11 बजे तक भंडारा चला, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मेला क्षेत्र में झूला, नाव, बच्चों की रेलगाड़ी, होटल, पूजा सामग्री आदि दुकानें लगी रहीं। भीड़ नियंत्रण के लिए पार्किंग और बैरिकेडिंग की उचित व्यवस्था की गई।

मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और मार्बल कार्य में स्थानीय लोगों का योगदान रहा। जयप्रकाश हलवाई और विजय हलवाई ने सीढ़ियों-शेड में मार्बल लगवाया, जबकि विनोद जायसवाल ने पंचमुखी नाग और पीतल आवरण प्रदान किया। पानी की निःशुल्क आपूर्ति में सुनील कुमार मेहता और लोकनाथ मेहता का विशेष सहयोग रहा।

अंतिम दिन भक्ति जागरण में मंटू निराला और वाराणसी के कलाकारों ने शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे भक्त झूम उठे। विश्व हिंदू परिषद से सोनू सिंह, पाल महासभा के सुधीर कुमार पाल, प्रखंड प्रमुख अनीता देवी आदि उपस्थित रहे।

आयोजन समिति ने काशी से आए आचार्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित कर भावपूर्ण विदाई दी। यज्ञाधीश आशीष वैद्य जी महाराज की विदाई पर भक्त भाव-विभोर हो गए। जिला प्रशासन की ओर से दंडाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी सुनील तिवारी और सब इंस्पेक्टर अभिमन्यु सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

महायज्ञ कार्यक्रम प्रमुख ओम प्रकाश पाल के समन्वय में क्लब के सचिव विनय कुमार पाल, उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल, संगठन मंत्री चंदन कुमार पाल सहित सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक योगदान दिया।

यह आयोजन गढ़वा में धार्मिक भक्ति और सामुदायिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रमजान के पावन महीने में आयोजित की दावत-ए-इफ्तार, विभिन्न धर्मों के लोगों ने दिखाई एकता की मिसाल

रांची, 17 मार्च 2026: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने माह-ए-रमजान के अवसर पर अपने कांके रोड स्थित आवास पर दावत-ए-इफ्तार का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोजेदारों के साथ विभिन्न धर्मों, समुदायों और वर्गों के गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी तथा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि रमजान का पवित्र महीना आपसी सौहार्द, भाईचारा और समरसता का संदेश देता है।

यह त्योहार हमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने त्याग, तपस्या, करुणा और मानव सेवा के महत्व पर जोर देते हुए पूरे राज्यवासियों को रमजान मुबारकबाद दी और सुख, समृद्धि व उन्नति की कामना की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन सहित सभी अतिथियों ने सामूहिक दुआ में हिस्सा लिया, जिसमें राज्य की खुशहाली, प्रगति, भाईचारे और स्नेह के लिए दुआ मांगी गई। विभिन्न समुदायों की उपस्थिति ने सामाजिक एकता और सद्भाव की जीती-जागती मिसाल पेश की। रोजेदारों ने नमाज अदा कर समाज, राज्य और देश में अमन-चैन की दुआएं मांगीं।

इस अवसर पर कई कैबिनेट मंत्री और विधायक उपस्थित रहे, जिनमें शामिल हैं:

मंत्री राधा कृष्ण किशोर

मंत्री दीपक बिरुवा

मंत्री चमरा लिंडा

मंत्री संजय प्रसाद यादव

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

मंत्री हफीजूल हसन

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

मंत्री योगेंद्र प्रसाद

मंत्री सुदिव्य कुमार

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो सहित अन्य विधायकगण

यह आयोजन झारखंड में धार्मिक सद्भाव और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बना।

मौके पर समाधान: रांची के अंचलों में 'जनता दरबार' से राहत, सैकड़ों आवेदनों का त्वरित निष्पादन।

रांची: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अनूठी पहल पर रांची जिले के विभिन्न अंचल कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज आयोजित जनता दरबार में सैकड़ों राजस्व मामलों का निष्पादन किया गया, जिससे ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली।

अंचलों में दिखा सकारात्मक असर:

अरगोड़ा अंचल: यहां प्राप्त 84 आवेदनों में से 75 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।

राहे अंचल: कुल 71 मामलों का निष्पादन हुआ, जिसमें लगान रसीद और पारिवारिक सदस्यता जैसे अहम कार्य शामिल थे।

मांडर व खलारी: मांडर में 45 और खलारी में 20 आवेदनों का निष्पादन कर ग्रामीणों को तत्काल प्रमाण पत्र सौंपे गए।

सोनाहातु: यहां तुला देवी और मलिका कुमारी जैसी कई लाभार्थियों को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

त्वरित और पारदर्शी राजस्व सेवाएं:

जनता दरबार के दौरान मुख्य रूप से पंजी-2 में सुधार, दाखिल-खारिज, लगान रसीद, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों को उनके ब्लॉक और अंचल स्तर पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ मिले और उन्हें जिला मुख्यालय न आना पड़े।