रामनवमी को लेकर हजारीबाग में तैयारी तेज, विधायक प्रदीप प्रसाद ने DC शशि प्रकाश सिंह से की अहम बैठक

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी महापर्व के मद्देनज़र हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने जिले के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। 

इस दौरान शहर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया। 

विधायक प्रदीप प्रसाद ने विशेष रूप से कहा कि रामनवमी जैसे बड़े और आस्था से जुड़े पर्व में शहर की स्वच्छता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रमुख मार्गों पर कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा की गई। साथ ही, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर सहमति बनी।

इस दौरान विधायक ने रामभक्तों की प्रमुख मांगों में शामिल ध्वनि यंत्र (डीजे) को लेकर भी उपायुक्त के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह आस्था और उत्साह से जुड़ा विषय है, इसलिए इस पर संतुलित और सकारात्मक निर्णय लिया जाना आवश्यक है, ताकि परंपरा और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच समन्वय बना रहे।

 कार्यालय कक्ष से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में श्री प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी केवल स्थानीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी है। हर वर्ष देश-विदेश से श्रद्धालु इस पर्व को देखने के लिए यहां पहुंचते हैं, जिसके कारण इसे इंटरनेशनल रामनवमी के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के साथ हुई बातचीत सार्थक रही है और उन्हें उम्मीद है कि जिला प्रशासन रामभक्तों की अपेक्षाओं के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा, जिससे यह महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद ने विधानसभा में टेंडर अनियमितताओं का मुद्दा उठाया, पारदर्शिता की मांग

हजारीबाग के लोकप्रिय विधायक प्रदीप प्रसाद ने आज झारखंड विधानसभा में विकास निर्माण कार्यों से जुड़े विभागीय टेंडरों में बरती जा रही अनियमितताओं का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि विभिन्न निर्माण कार्यों के टेंडर 10% से अधिक “Below” दर पर आवंटित किए जा रहे हैं, जो निर्धारित मानकों एवं PWD कोड के अनुरूप नहीं हैं।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि इस प्रकार की प्रक्रिया से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे जनता के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से इस विषय पर स्पष्ट नीति एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।

उन्होंने यह सदन से आग्रह किया कि विभागीय टेंडर प्रक्रिया में आवश्यक सुधार किए जाएं तथा अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या सरकार भविष्य में 10% से अधिक “Below” पर टेंडर आवंटन पर रोक लगाने या पुनर्विचार करने की योजना बना रही है।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस विषय पर जवाबदेही तय करना अत्यंत आवश्यक है।

मरहन्द क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा तक पहुंचाने पर विक्की कुमार धान ने विधायक मथुरा प्रसाद महतो का जताया आभार

हजारीबाग- कटकमदाग प्रखंड के बेस पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी विक्की कुमार धान ने टुंडी विधायक सह झामुमो के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो के और बाल संरक्षण आयोग की सदस्य रुचि कुजुर प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि 12 मार्च 2026 को उन्होंने झारखंड विधानसभा में विधायक महतो से औपचारिक मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा था। विक्की कुमार धान ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत बेस पंचायत के मरहन्द क्षेत्र में संचालित विभिन्न फैक्ट्रियों से उत्पन्न हो रही गंभीर समस्याओं की जानकारी विधायक को दी गई। उन्होंने कहा कि नरसिंम्हा आयरन स्पंज, झारखंड सेल्स, जगतारनी तथा हिंदुस्तान जैसी फैक्ट्रियों के कारण क्षेत्र में लगातार अत्यधिक प्रदुषण, दुर्घटनाएं हो रही हैं और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में विभिन्न बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि फैक्ट्रियों के कारण मरहन्द क्षेत्र के जंगल तेजी से नष्ट हो रहे हैं और खेती योग्य भूमि धीरे-धीरे बंजर होती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यावरण दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने विधायक से इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया था।विक्की ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं और पर्यावरण से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को विधानसभा तक पहुंचाने के लिए वे विधायक मथुरा प्रसाद महतो के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

जिसमें बाल संरक्षण आयोग की सदस्य रूचि कुजूर जी रोजर नाइट धर्मेंद्र ठाकुर , मुख्तार अंसारी देहाती लोगों पर स्थित थे।

हाथियों के बढ़ते हमलों का मुद्दा लोकसभा में उठा, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने मांगी विशेष केंद्रीय सहायता

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने लोकसभा में नियम 377 के तहत झारखंड में बढ़ती हाथियों के हमलों की घटनाओं का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हाथियों के हमलों की घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में घरों और खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है।

सांसद मनीष जायसवाल ने उपलब्ध रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2019-20 से अब तक हाथियों के हमलों में 450 से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है। वहीं पिछले 18–20 वर्षों में यह संख्या लगभग 1200 से 1300 के बीच आंकी गई है। हाल के महीनों में रामगढ़, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम तथा विशेष रूप से हजारीबाग जिले में 25 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि हाथियों के झुंडों की लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही से लोगों के बीच भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। इस समस्या के प्रमुख कारणों में वन क्षेत्रों एवं पारंपरिक हाथी कॉरिडोर पर अतिक्रमण, अवैध खनन और विकास गतिविधियों के कारण प्राकृतिक आवास में कमी, जंगलों में भोजन और जल स्रोतों की कमी तथा प्रभावी चेतावनी और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र का अभाव शामिल हैं।

सांसद मनीष जायसवाल ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि झारखंड के लिए विशेष केंद्रीय सहायता पैकेज उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को समयबद्ध और पारदर्शी मुआवजा सुनिश्चित किया जाए, आधुनिक अर्ली वार्निंग सिस्टम लागू किए जाएं तथा हाथियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए अंतर-राज्यीय समन्वय तंत्र स्थापित किया जाए।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयास बेहद जरूरी हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम किया जा सके ।

रामनवमी पर हजारीबाग यूथ विंग करेगा 151 किलो लड्डू महाभोग वितरण, 13 अप्रैल को विशाल रक्तदान शिविर भी

हजारीबाग - रामनवमी के पावन अवसर पर सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय संस्था हजारीबाग यूथ विंग द्वारा इस वर्ष भी भव्य लड्डू महाभोग वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। संस्था द्वारा यह कार्यक्रम लगातार पांचवीं वर्ष आयोजित किया जा रहा है, जो अब शहर की एक विशेष कार्यक्रम का रूप ले चुका है। जानकारी के अनुसार 27 मार्च को महावीर स्थान मंदिर के समीप इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:00 बजे से होगी,जहां बड़ी संख्या में राम भक्तों,श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के बीच 151 किलो लड्डू महाभोग प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा। हजारीबाग यूथ विंग केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि वर्ष भर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। संस्था ने पूरे वर्ष के लिए अलग-अलग महीनों में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर रखी है। रामनवमी के अवसर पर जहां श्रद्धालुओं के बीच लड्डू महाभोग का वितरण किया जाता है, वहीं छठ महापर्व के दौरान छठव्रतियों के बीच सूप एवं पूजन सामग्री का वितरण किया जाता है। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें निःशुल्क टुकटुक सेवा उपलब्ध कराई जाती है। इसी क्रम में समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए संस्था इस वर्ष तीसरी बार विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन करने जा रही है। यह शिविर 13 अप्रैल को शहर के लक्ष्मी सिनेमा हॉल सभागार में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रक्तदान करने की अपील की गई है। इस शिविर में सभी रक्तदाताओं को संस्था द्वारा हेलमेट भेंट किया जाएगा। इस शिविर में विशेष सहयोग हजारीबाग पुलिस का मिल रहा है। लड्डू महाभोग वितरण कार्यक्रम को लेकर संस्था द्वारा संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल एवं प्रणीत जैन को बनाया गया है।

संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि रामनवमी आस्था, उत्साह और सेवा का पर्व है। संस्था द्वारा पिछले पांच वर्षों से श्रद्धालुओं के बीच लड्डू महाभोग का वितरण किया जा रहा है और हर वर्ष लोगों का भरपूर सहयोग और स्नेह मिलता रहा है। इस बार भी 151 किलो लड्डू तैयार कर राम भक्तों के बीच प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। इसी भावना के तहत वर्ष भर विभिन्न सेवा कार्य किए जाते हैं। रामनवमी के इस पावन अवसर पर सभी राम भक्तों, श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।

आरोग्यम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर संपन्न

रिम्स के इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. विक्रम ठाकुर ने दी परामर्श सेवा, 60 से अधिक मरीजों ने कराया जांच और लिया लाभ

हजारीबाग शहर के डिस्टिक मोड़ चौक स्थित आरोग्यम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शनिवार को हृदय रोगियों के लिए विशेष नि:शुल्क हृदय परामर्श एवं जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में रांची स्थित रिम्स के सुप्रसिद्ध इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. विक्रम ठाकुर ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों के लिए ईसीजी, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बी.पी.) जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुए इस स्वास्थ्य शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में 60 से अधिक मरीजों ने अपने हृदय स्वास्थ्य की जांच कराई तथा विशेषज्ञ डॉक्टर से उचित परामर्श प्राप्त किया। मरीजों को परामर्श देते हुए हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रम ठाकुर ने कहा कि आज के समय में अनियमित जीवनशैली, तनाव और गलत खान-पान के कारण कम उम्र में ही हृदय रोग की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सीने में दर्द, सांस फूलना, अचानक पसीना आना, थकान या बेचैनी जैसी समस्या महसूस होती है, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर की गई जांच और सही उपचार से हृदय रोग के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि आरोग्यम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। इसी सोच के तहत समय-समय पर विभिन्न प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि आम लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से मिल सकें और वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। वहीं अस्पताल के प्रशासक जया सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा परामर्श और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विभिन्न रोगों से संबंधित नि:शुल्क जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। शिविर के सफल आयोजन के बाद स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाजहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। मरीजों ने भी विशेषज्ञ डॉक्टर से नि:शुल्क परामर्श और जांच सुविधा मिलने पर संतोष व्यक्त किया।

रामनवमी में महुदी जुलूस मार्ग विवाद को लेकर उपायुक्त से मिले सांसद मनीष जायसवाल

रामनवमी के पावन अवसर पर बड़कागांव के महुदी क्षेत्र में जुलूस मार्ग से संबंधित चल रहे विवाद के समाधान को लेकर शनिवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने बड़कागांव क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के साथ बैठक की।

बैठक में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने आश्वस्त किया कि सभी पक्षों से संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से इस विषय का समाधान किया जाएगा, ताकि रामनवमी का पावन पर्व पूरे क्षेत्र में भव्यता, श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो सके।

सांसद मनीष जायसवाल ने उनसे यह विषय भी रखा कि पूरे हजारीबाग जिले में रामनवमी का पर्व अपने पूर्ण वैभव, गाजे-बाजे और परंपरागत गरिमा के साथ मनाया जाए, जिसमें जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

इस बैठक में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक लोकनाथ महतो , टुकेश्वर महतो, खेमलाल महतो, हजारीबाग जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साहू सहित बड़कागांव के सम्मानित स्थानीय प्रतिनिधिगण एवं कार्यकर्ता साथी भी उपस्थित रहे।

आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की समस्याओं को लेकर विधानसभा में उठा मुद्दा – विधायक प्रदीप प्रसाद

हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद ने झारखंड विधानसभा में राज्य में कार्यरत आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारीगण (AYUSH Community Health Officers) की समस्याओं और उनकी लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में अपनी सेवाएं दे रहे आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ की तरह कार्य कर रहे हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं।विधानसभा में इस विषय को उठाते हुए विधायक प्रदीप प्रसाद ने सरकार से मांग की कि आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनकी लंबित मांगों का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि ये अधिकारी विशेष रूप से ग्रामीण और दूर-दराज़ के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और आम लोगों तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी लगातार समर्पण के साथ लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ऐसे में सरकार का दायित्व बनता है कि उनकी सेवा शर्तों, मानदेय, स्थायीकरण तथा अन्य सुविधाओं से संबंधित मांगों पर सकारात्मक निर्णय ले।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि यदि आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की मांगों को समय रहते पूरा किया जाता है, तो इससे न केवल उनका मनोबल बढ़ेगा बल्कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी होगी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक पहल करते हुए इनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

प्रमंडलीय आयुक्त ने नवनिर्वाचित महापौर एवं वार्ड पार्षदों को दिलाई शपथ

हजारीबाग: नगर निगम, हजारीबाग के नवनिर्वाचित महापौर एवं वार्ड पार्षदों को आज प्रमंडलीय आयुक्त, श्री मनोज कुमार उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित महापौर एवं वार्ड पार्षदों ने विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा एवं निष्ठा रखते हुए तथा भारत की सार्वभौमिकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए अपने कर्तव्यों का श्रद्धापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नगर के विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी जनप्रतिनिधि पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नगर निगम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे।

इस अवसर पर हजारीबाग के उपायुक्त ने भी नवनिर्वाचित महापौर एवं वार्ड पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत संरचना तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनप्रतिनिधि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

शपथ समारोह में, निर्वाची पदाधिकारी उपमहापौर, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, नगर निंगम, हजारीबाण, तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

भारत की जनगणना 2027 हेतु जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों का प्रशिक्षण प्रारम्भ

भारत की आगामी जनगणना 2027 के सफल संचालन के उद्देश्य से जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 13 मार्च 2026 से 15 मार्च 2026 तक प्रमण्डलीय पंचायत प्रशिक्षण संस्थान, जबरा, हजारीबाग में आयोजित किया जा रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर, हजारीबाग, अनुमण्डल पदाधिकारी, बरही, सहायक समाहर्त्ता सह प्रशिक्षु आईएएस, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा जनगणना कार्य निदेशालय, झारखण्ड के संयुक्त निदेशक सह मास्टर प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन किया जाता है। इसलिए प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं तथा डाटा संकलन की विधियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि जनगणना कार्य को पारदर्शी, सटीक एवं प्रभावी तरीके से संपन्न कराया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के विभिन्न चरणों, कार्यप्रणाली, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा डाटा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखण्डों से आए पदाधिकारी एवं तकनीकी सहायक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक दक्षता विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।