उ0नि0 नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का किया गया निरीक्षण


गोण्डा। आज 15.03.2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा जनपद गोण्डा के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, चेकिंग/फ्रिस्किंग व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया गया।

इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सी0सी0टी0वी0 कैमरों की कार्यशीलता भी चेक की गई, जिससे परीक्षा की सम्पूर्ण प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए तथा अभ्यर्थियों की नियमानुसार सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए। आज 15.03.2026 को आयोजित *परीक्षा की प्रथम पाली में कुल 4800 अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होना था, जिसमें से 3501 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1299 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में भी कुल 4800 अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होना था, जिसमें से 3517 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1283 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।*

परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जनपद के सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों के आसपास सतत निगरानी रखी गई तथा भ्रमणशील पुलिस टीमें लगातार गश्त करती रहीं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रही। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वय से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया गया।
आंगनबाड़ी भर्ती के नाम पर पैसे मांगने वाले कथित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
*सीडीपीओ ने दिया तहरीर

गोंडा।जिले के छपिया विकासखण्ड में आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाओं की नियुक्ति के नाम पर पैसे मांगने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।यह कार्रवाई पूर्व बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना की तहरीर पर की गई है।छपिया थाने की पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दिया गया है।थाने में दिये गये तहरीर के अनुसार मन्नू वर्मा नाम का एक व्यक्ति स्वयं को सीडीपीओ कार्यालय का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बताता था।आरोप है कि वह परियोजना कार्यालय में प्रतिदिन मौजूद रहता था और आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका की नियुक्ति कराने के नाम पर लोगों से धनराशि की मांग कर रहा था।इस मामले में मन्नू वर्मा का एक कथित आडियो भी वायरल हुआ था।आडियो में वह बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना का नाम लेते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की नियुक्ति के लिए पैसे मांगता सुनाई दे रहा है।उक्त आडियो सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।मामला सामने आने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने तत्काल कार्यवाही करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना को उनके पद से हटा दिया तथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।छपिया थाने की पुलिस ने बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना की तहरीर पर आरोपी मन्नू वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।प्रकरण की जांच मसकनवां चौकी प्रभारी सुरेश कुमार यादव को सौंपी गई है जिन्होंने अपनी जांच प्रारंभ कर दिया है।छपिया थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि पुलिस ने सीडीपीओ वंदना से पैसे मांगने से जुड़े साक्ष्य मांगे हैं और साक्ष्य मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत
सड़क पार करते समय कार ने मारी टक्कर

गोंडा।जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत बकठोरवा गांव के पास देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई।सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार की टक्कर से सुरेश कुमार (35) गंभीर रूप से घायल हो गये थे।घायल सुरेश कुमार को तत्काल एंबुलेंस से जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज ले जाया गया,जहाँ डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सुरेश कुमार देहात कोतवाली क्षेत्र के तेलियानी गांव के निवासी थे।बताया जाता है कि सुरेश कुमार बकठोरवा गांव में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए घर से गये थे और उन्होंने गांव के सामने खाली पड़ी जगह पर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी करने के पश्चात सड़क पार कर कार्यक्रम स्थल पर जा रहे थे कि तभी इटियाथोक की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए।स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज पहुंचाया गया,परन्तु उनकी जान नहीं बच सकी।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ने का प्रयास किया परन्तु वह तेज गति से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलने पर पहुंचि इटियाथोक थाने की पुलिस ने मृतक सुरेश कुमार के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।इटियाथोक पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि कार चालक की पहचान की जा सके।परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया गया है।मामले में इटियाथोक थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि सुरेश कुमार देर रात सड़क पार कर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे कि तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दिया था।जिसकी सूचना तत्काल परिजनों को दे दिया गया था।
अब बिना फिटनेस के चलने वाले स्कूली वाहनों पर होगी कार्रवाई

अगर कोई वाहन बिना फिटनेस के बच्चों को ले जाते मिला, तो उस विद्यालय प्रबंधक के विरुद्ध की जायेगी कार्रवाई

गोण्डा।14 मार्च,2026।
स्कूलों की ओर से संचालित वाहन अब बिना फिटनेस के सड़क पर नहीं दौड़ पाएंगे। अगर कोई वाहन बिना फिटनेस के बच्चों को ले जाते मिला, तो उस विद्यालय के प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ  आर सी  भारतीय ने बताया कि शासन की ओर से स्कूली वाहनों के संचालन के विषय में उत्तर प्रदेश मोटर यान 2019 का कड़ाई से पालन कराने का आदेश दिया गया है।

एआरटीओ ने बताया कि बस का फिटनेस वैध होना चाहिए। बस पीले रंग में रंगी जाएगी, और आगे तथा पीछे भाग में ‘विद्यालय बस’ लिखा जाएगा, साथ ही दोनों साइड में विद्यालय का नाम भी लिखा होगा। बस के दरवाजों पर भरोसेमंद ताले लगाए जाएंगे और आगे के द्वार के निचले पायदान पर हैंड रोलन लगा होना आवश्यक है।

इसके अलावा, बस के छत पर मजबूती से जुड़ी हुई होल्डिंग रॉड लगी होनी चाहिए, जो फिसलनयुक्त न हो। बस में पारदर्शी फर्स्ट एड बॉक्स, दो बीआईएस मार्क की क्षमता वाले अग्निशामक यंत्र, और केबिन तथा पीछे के हिस्से में लगे होने चाहिए।

बस में एक आपातकालीन द्वार और एक आपातकालीन खिड़की होना जरूरी है। आपातकालीन द्वार का आकार 55 सेमी ×120 सेमी के होगे, और यह अंदर तथा बाहर दोनों ओर खुलता है। आपातकालीन निकास खिड़की पिछले भाग की ओर होगी, जिसका आकार 150 सेमी × 120 सेमी का टफन ग्लास का होगा, जिसे एक स्थायी फ्रेम में फिक्स किया गया होगा। इस खिड़की के शीशे तोड़ने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करनी होगी। स्कूल बस की खिड़की पर राड या जाली लगी होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थी अपना सर खिड़की के बाहर ना निकल सके।

बस में खतरे की चेतावनी देने वाला प्रकाश, जिसे विद्यार्थियों को चढ़ाने या उतारने के समय क्रियाशील किया जाएगा, आवश्यक है। साथ ही, बस लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस से युक्त होनी चाहिए और उसमें सीसीटीवी कैमरे भी लगे होने चाहिए।

बस की फर्श जर्जर अवस्था में नहीं होनी चाहिए। परिचर की व्यवस्था भी अनिवार्य है।

एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी होने पर यदि दुर्घटना होती है, तो उसका समस्त उत्तरदायित्व संबंधित स्कूल के प्रबंधक या प्रधानाचार्य का होगा। ऐसे में उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी आग, लाखों का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख
*फायर बिग्रेड ने पाया काबू,जांच जारी

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सोनारगली बरियारपुरवा गांव में देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में भीषण आग लग गई।निखिल कुमार के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के इस गोदाम में लगी आग से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।नगर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।यह घटना देर रात लगभग तीन बजे हुई,जब स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुंआ और आग की लपटें निकलते देखा तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना शोरूम मालिक निखिल कुमार को दिया।मौके पर पहुंचे शोरूम मालिक निखिल कुमार ने शटर खोलकर आग को बुझाने का प्रयास किया,परन्तु आग के बेकाबू होने पर उन्होंने फायर बिग्रेड को फोन किया।घटना की जानकारी होने पर फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचि।गली सकरि होने के कारण उन्हें घटनास्थल पर पहुंचने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों की मदद से दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग की चपेट में आने से कूलर,एलईडी, हीटर,टेबल फैन और स्टैंड फैन सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया,जिससे शोरूम मालिक निखिल कुमार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।फायर बिग्रेड की अधिकारियों ने बताया कि देर रात आग लगने की सूचना मिली थी।गली पतली होने के कारण पहुंचने में दिक्कत हुई,लेकिन आग बुझा ली गई है और नुकसान का आंकलन शोरूम मालिक ही बता पाएगा।इस संबंध में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने जानकारी किया गया तो उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि बरियारपुरवा इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में आग लगी थी,जिस पर काबू पा लिया गया है।उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
डीएम आवास से 20 मीटर की दूरी पर चली गोली,संपत्ति विवाद में शिक्षक ने चलाई गोली
*चचेरे भाई के पेट में लगी गोली, लखनऊ रिफर

गोंडा।जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी आवास से मात्र 20 मीटर की दूरी पर स्थित एक जूनियर हाईस्कूल के सहायक अध्यापक के घर पर गोलीबारी हुई।संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच हुई कहासुनी के बाद अध्यापक राम सिंह ने फायरिंग कर दिया,जिससे उनके चचेरे भाई सुजीत सिंह घायल हो गये।उन्हे गंभीर हालत में लखनऊ रिफर कर दिया गया है।तह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में शाम लगभग 6.30 बजे हुई।अध्यापक राम सिंह व उनके भाई अजीत सिंह के मध्य संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।इसी विवाद के दौरान दोनों भाइयों में कहासुनी और गाली गलौज हुई,जिसमें अजीत सिंह की तरफ से उनके चचेरे भाई सुजीत सिंह भी मौजूद थे।विवाद बढ़ने पर राम सिंह ने आवेश में आकर अपनी दुनाली बंदूक से अजीत सिंह पर गोली चला दिया।हालांकि गोली अजीत सिंह को न लगकर उनके चचेरे भाई सुजीत सिंह के पेट के बगल में जा लगी।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुजीत सिंह को तत्काल जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज ले जाया गया।जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद सुजीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रिफर कर दिया गया है।शहर के अतिसुरक्षित माने जाने वाले वीवीआईपी इलाके में सरेशाम हुई इस गोलीबारी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस टीम और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।पुलिस ने आरोपी अध्यापक राम सिंह को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दिया है।मौके पर पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा पहुंच कर पूरे मामले को लेकर के जांच की जा रही है।आरोपी राम सिंह के कब्जे से उनके बंदूक को भी कब्जे में ले लिया गया है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपी राम सिंह को पुलिस हिरासत में लेकर बंदूक को कब्जे में ले लिया गया है और इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है।घायल को गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है,इन लोगों का आपस में संपत्ति को लेकर विवाद है और इसी विवाद के दौरान राम सिंह ने अपनी लाइसेंसी बन्दूक से फायर किया है जिसमें अजीत सिंह के चचेरे भाई सुजीत सिंह को गोली लगी है।जो घायल हुए हैं,यह घटनास्थल जिलाधिकारी आवास से कुछ दूरी पर स्थित है।जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल के डाक्टर के अनुसार,किसी ने बहुत ही नजदीक से 12 बोर के बंदूक से फायर किया है।गोली पेट में बायीं तरफ सीने के नीचे वाले हिस्से में लगी है और गोली अंदर जाकर आंतों को पंचर कर दिया है।क्योंकि ऐसे मामलों में गैस्ट्रो सर्जन की भी जरूरत रहती है।ऐसे में उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रिफर किया गया है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का हुआ आयोजित,199 जोड़ों का सम्पन्न हुआ विवाह

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक तरबगंज, डीएम तथा भाजपा जिला अध्यक्ष ने नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद



गोण्डा।जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत एम.डी.बी.सिंह इंटर कॉलेज तरबगंज के परिसर में सामूहिक विवाह का कार्यक्रम सफलतापूर्वक, सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। सामुहिक विवाह कार्यक्रम में जनपद के विकासखण्ड व नगरपालिका परिषद/नगर पंचायतों को मिलाकर कुल 242 जोड़े पंजीकृत थे जिसमें से 199 जोड़ों का विवाह पूरी रीतिरिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। इसमें 12 जोड़ों का इस्लामिक पद्धति से मौलवी साहिबे आलम द्वारा निकाह कराया गया।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में  विधायक तरबगंज प्रेम नरायन पाण्डेय, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, उपजिलाधिकारी तरबगंज विश्वामित्र,  भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, ने विवाह मण्डप पर बैठे जोडों को आर्शीवाद देते हुए वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दी।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में किसी भी गरीब की बेटी के हाथ पीले होने से नहीं बचेंगे वो चाहे किसी जाति व धर्म की हों। सामूहिक विवाह हेतु हमारी सरकार रूपये 60000/- प्रति जोडे के दम्पतियों के खाते में दिया जाता है। शेष उपहार सामग्री दी जाती है जिसमें चांदी की पायल बिछिया, स्टील का डिनर सेट, पांच लीटर का प्रेशर कुकर, कन्या हेतु दो जोड़े कपड़े, वर हेतु एक जोड़ा कपड़ा, दीवाल घड़ी, सौन्दर्य प्रशासन किट आदि गृहस्थी का सम्मिलित होता है।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख तरबगंज, जिलाध्यक्ष भाजपा, खण्ड विकास अधिकारी तरबगंज, नवाबगंज, बेलसर तथा नगर पंचायत अध्यक्ष तरबगंज सहित सभी संबंधित जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित रहे।
25 हजार रुपये रिश्वत मांगने पर दरोगा मिनहाज सिद्दीकी निलंबित
*आग लगाने के मुकदमे में कर रहे थे डील

गोंडा।पुलिस अधीक्षक द्वारा रिश्वत मांगने के मामले में दरोगा मिनहाज सिद्दीकी को निलंबित कर दिया गया है।दरोगा पर एक मुकदमे में आरोपियों को लाभ पहुंचाने के लिए 25 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने एक वीडियो सामने आने पर यह कार्रवाई किया है।मामला जिले के मोतीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक मिनहाज सिद्दीकी से जुड़ा है।उन पर छाछपारा मतवल्ली गांव की आरती देवी द्वारा छप्पर में आग लगने के संबंध में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान आरोपियों का नाम हटाने के लिए 25 हजार रुपए मांगने का आरोप है।यह रकम शांति देवी से मांगी जा रही थी।मिनहाज सिद्दीकी द्वारा बार बार पैसे मांगे जाने से परेशान होकर शांति देवी की बेटी ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया था।यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।आरती देवी ने गांव के ही भारत चौहान, धन प्रकाश, भगेलू और खूंटी के खिलाफ 10 मई 2025 को अपने छप्पर में आग लगाने का मुकदमा दर्ज कराया था,जिसकी विवेचना दरोगा मिनहाज सिद्दीकी कर रहे थे।वायरल वीडियो 6 जून 2025 का बताया जा रहा है।वायरल वीडियो में दरोगा मिनहाज सिद्दीकी महिला से कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि मेरे द्वारा जांच की जा रही है आवश्यकता पड़ने पर आपको   25 से 30 हजार रुपए देना पड़ेगा।इस पर महिला ने अपनी गरीबी का हवाला दिया।दरोगा फिर कहते हैं कि हम प्रयास करेंगे कि कम से कम दाम में तुम्हारा काम हो जाएगा।वीडियो में सिद्दीकी यह भी कहते हैं कि तुम 25 हजार उठाकर कहीं रख देना,मुझे कसम है कि मैं तुम्हारा एक भी रुपया लूं।जो अधिकारी को देना है मैं तुमसे वही पैसा मांग रहा हूँ,मुझे उससे एक पैसे ज्यादा नहीं चाहिए,मुझे तुम्हारे पैसे का चाय नहीं पीना है।
आक्सीजन लगाने व रिफर करने को लेकर हुए विवाद के बाद डाक्टर व वार्ड ब्वाय से मारपीट
*महिला की रास्ते में मौत

गोंडा।जिले के कटरा बाजार क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आक्सीजन लगाने और मरीज को रिफर करने को लेकर विवाद हो गया।इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डाक्टर इंदू राणा के पति डाक्टर अरुण कुमार सिंह व वार्ड ब्वाय सुधीर कुमार पाण्डेय के साथ मरीज के तीमारदारों ने मारपीट किया,जिसमें डाक्टर अरुण कुमार सिंह व वार्ड ब्वाय सुधीर कुमार पाण्डेय को चोटें आई हैं।जिनका मेडिकल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार में कराया गया है।डाक्टर अरुण कुमार सिंह की तहरीर पर कटरा बाजार थाना क्षेत्र के चरेरा निवासी नरेंद्र तिवारी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है।घटना कटरा बाजार थाने के ठीक बगल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी नरेंद्र तिवारी अपने मित्र की 60 वर्षीय दादी नइका को सांस लेने में दिक्कत होने के कारण इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार लेकर पहुंचे थे।नइका की हालत गंभीर थी और डाक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा था कि इसी दौरान नरेंद्र तिवारी नइका को आक्सीजन लगाकर रिफर करने की मांग किया।इसी बात को लेकर डाक्टर अरुण कुमार सिंह व नरेंद्र तिवारी के बीच कहासुनी हुई,जिसके बाद नरेंद्र तिवारी ने डाक्टर सिंह व वार्ड ब्वाय सुधीर कुमार पाण्डेय के साथ मारपीट किया।घटना की सूचना मिलते ही अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर आदित्य वर्मा और उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा मौके पर पहुंचे और प्रकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त किया।उन्होंने सीएचसी कटरा बाजार का निरीक्षण कर मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया।इस संबंध में डाक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वे ओपीडी देख रहे थे,तभी उन्हें सूचना मिली कि एक गंभीर मरीज नइका आई है।उन्होंने यह भी बताया कि डाक्टर प्रियंका द्वारा मरीज को एक घंटा पहले ही रेफर किया जा चुका था, परन्तु तीमारदार उसे ले जाने के स्थान पर विवाद कर रहे थे।जब उन्होंने जानकारी लेनी चाही तो नरेंद्र तिवारी ने उनके और उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट किया।इस संबंध में कटरा बाजार थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिवेदी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी द्वारा थाना कोतवाली देहात का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिये निर्देश
गोण्डा। आजअपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत द्वारा थाना कोतवाली देहात का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम थाना परिसर में गार्द की सलामी ली गयी। इसके उपरांत थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय कक्ष, विवेचना कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, हवालात एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं अद्यावधिक रख-रखाव के संबंध में प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

शस्त्रागार में शस्त्रों के रख-रखाव तथा भोजनालय कक्ष में पुलिस कर्मियों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के संबंध में भी निर्देशित किया गया। मिशन शक्ति केन्द्र/महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर वहां नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों से वार्ता की गयी तथा महिलाओं व बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराध रजिस्टर एवं लंबित विवेचनाओं का अवलोकन कर अपराध नियंत्रण हेतु पुलिस गश्त बढ़ाने एवं संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर प्रशिक्षु आइपीएस प्रदीप कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात  शमशेर बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।