जेवनार रेस्टोरेंट का भव्य उद्घाटन,उपमुख्यमन्त्री केशव प्रसाद मौर्य ने दी शुभकामनाएं।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।शहरवासियो को भारतीय व्यंजनों के उत्कृष्ट स्वाद और बेहतर आतिथ्य का अनुभव देने के उद्देश्य से जेवनार रेस्टोरेंट का भव्य उद्घाटन शनिवार सायं आयोजित एक गरिमामय समारोह में सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने रेस्टोरेंट का उद्घाटन कर इसे शहरवासियों को समर्पित किया।उद्घाटन समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक समाजसेवी चिकित्सक व्यापारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनो के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने इस नई पहल की सराहना की।शहर के प्रमुख स्थान लाल बहादुर शास्त्री मार्ग एलनगंज रोड सृजन हॉस्पिटल के बगल प्रयागराज में स्थित जेवनार रेस्टोरेंट को भारतीय पारंपरिक व्यंजनो के विशेष स्वाद और उत्कृष्ट सेवा के उद्देश्य से शुरू किया गया है। रेस्टोरेंट प्रबंधन का कहना है कि यहां ग्राहकों को स्वच्छ गुणवत्तापूर्ण और पारम्परिक भारतीय भोजन आधुनिक शैली में उपलब्ध कराया जाएगा जिससे परिवार और मित्रों के साथ स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया जा सके।मुख्य अतिथि केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि प्रयागराज जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहर में इस प्रकार के उत्कृष्ट रेस्टोरेंट की शुरुआत स्वागतयोग्य है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्यमियों के ऐसे प्रयास न केवल शहर की पहचान को मजबूत करते है बल्कि युवाओ के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाते है।उन्होंने जेवनार रेस्टोरेंट की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने अपने संदेश में कहा कि शहर में इस प्रकार के आधुनिक और पारंपरिक स्वाद के संगम वाले रेस्टोरेंट का खुलना प्रयागराज के आतिथ्य क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक पहल है।उन्होंने आशा व्यक्त की कि जेवनार रेस्टोरेंट अपनी उत्कृष्ट सेवा और स्वाद के कारण शीघ्र ही शहरवासियों के बीच लोकप्रिय होगा।अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने कहा कि जेवनार रेस्टोरेन्ट शहरवासियों को बेहतर स्वाद और सेवा प्रदान करेगा तथा शीघ्र ही प्रयागराज में अपनी विशेष पहचान बनाएगा।सृजन हॉस्पिटल के निदेशक डॉ.बी.बी.अग्रवाल ने कहा कि जेवनार रेस्टोरेंट की शुरुआत लोगों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।उन्होंने विश्वास जताया कि यह रेस्टोरेंट अपनी गुणवत्ता और सेवा के कारण जल्द ही शहरवासियों की पसंद बन जाएगा।अग्रवाल युवा महिला मण्डल की संरक्षक डॉ.सबिता अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जेवनार रेस्टोरेन्ट ग्राहको को स्वादिष्ट और स्वास्थ्यकर भोजन उपलब्ध कराते हुए अपनी अलग पहचान बनाएगा।मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि उद्घाटन समारोह अत्यन्त उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।उन्होंने कहा कि इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य अतिथि समाजसेवी चिकित्सक व्यापारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।सभी अतिथियो ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को इस नई पहल के लिए बधाई देते हुए जेवनार रेस्टोरेंट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने रेस्टोरेंट का अवलोकन किया और यहां परोसे गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया। सभी अतिथियों ने जेवनार रेस्टोरेंट की सराहना करते हुए इसके सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदो पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025

जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम एवं परीक्षा केन्द्रो का किया निरीक्षण।

पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा निर्गत निर्देशो के अनुसार परीक्षा केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाये एवं अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित रहे-जिलाधिकारी।

जनपद के 43 परीक्षा केन्द्रो में 14 व 15 मार्च को दो सत्रों में आयोजित हो रही है परीक्षा।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य के साथ शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 हेतु आज दिनांक 14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित हो रही लिखित परीक्षा को निर्धारित प्रक्रियानुसार सकुशल निर्विघ्न निष्पक्ष नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत पुलिस लाइन में बनाये गये कन्ट्रोल रूम एवं ईश्वर शरण इण्टर कॉलेज सलोरी जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों में बनाये गये परीक्षा केन्द्रो का औचक निरीक्षण किया तथा सभी सम्बंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये हैंनिरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा के सकुशल नकलविहीन व सुचितापूर्णढंग से आयोजन के लिए सम्बंधित सेक्टर मजिस्टेट स्टैटिक मजिस्टेट केन्द्र व्यवस्थापक सह केन्द्र व्यवस्थापक को जिम्मेदारी संवेदनशीलता व निर्धारित गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिष्चित करते हुए परीक्षा को सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए।उन्होंने परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु नियुक्त सेक्टर मजिस्टेटो को परीक्षा अवधि के दौरान अपने सेक्टर के परीक्षा केन्द्रो पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को सम्पन्न कराने एवं परीक्षा के समाप्ति के उपरांत गोपनीय सामग्री को निर्धारित रूट से ही पुलिस अभिरक्षा में डबल लॉक में जमा कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त स्टैटिक मजिस्टेटों एवं केंद्र व्यस्थापक को पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्रो पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें एवं अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने परीक्षा केन्द्रो पर बनाये हुए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरो के माध्यम से हो रही मॉनिटरिंग को देखा।उल्लेखनीय है कि परीक्षा आज दिनांक 14 एवं 15 मार्च को दो सत्रों-प्रथम सत्र में प्रातः 10ः00 बजे से 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र में अपरान्ह 03ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक आयोजित हो रही है।परीक्षा जनपद प्रयागराज के 43 परीक्षा केन्द्रों में दो सत्रो में आयोजित हो रही है जिसमें चारों पालियों में 53760 अभ्यर्थी पंजीकृत है।

प्रयागराज में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की सदस्यता अभियान जोर पकड़ रहा है

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। 14 मार्च, 2026 भारतीय किसान यूनियन (भानु) की सदस्यता अभियान ग्राम सभा चांभू में जोर पकड़ रहा है। बैजनाथ यादव की अगुआई में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ बीके सिंह राष्ट्रीय महासचिव, पंकज प्रताप सिंह जिलाध्यक्ष, नागेंद्र प्रताप सिंह मंडल महासचिव और संकल्प सिंह जिला महासचिव ने भाग लिया और लोगों को सदस्यता दिलाई ।

इस अवसर पर डॉ बीके सिंह ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (भानु) किसानों के हितों की लड़ाई लड़ रही है और उन्हें मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। पंकज प्रताप सिंह ने कहा कि यूनियन का उद्देश्य किसानों को संगठित करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और यूनियन की सदस्यता ली। कार्यक्रम का आयोजन बैजनाथ यादव ने किया था।

आवास योजना में बड़ा घोटाला! असली गरीब बाहर, अपात्रों को मकान — प्रधान- सचिव पर गंभीर आरोप, जांच शुरू

करछना में सरकारी योजना की लूट? जिनके पास घर नहीं उन्हें कुछ नहीं, और जिनका नाम तक नहीं उन्हें कॉलोनी — शिकायत पर प्रशासन हरकत में

विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रयागराज। करछना विकास खंड में मुख्यमंत्री आवास योजना को लेकर बड़ा खेल सामने आया है। आरोप है कि जिन गरीबों के नाम सूची में थे उन्हें आज तक कॉलोनी नहीं मिली, जबकि ऐसे लोगों को आवास दे दिया गया जिनका नाम पात्रता सूची में तक नहीं था। पूरे मामले में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिलाधिकारी को दी गई शिकायत में अधिवक्ता प्रिन्स कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत पिपरांव और आसपास के गांवों में योजना के नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। पात्र लोगों को किनारे कर दिया गया और अपात्र लोगों को फर्जी जाति प्रमाण पत्र लगाकर कोल वर्ग का दिखाकर आवास स्वीकृत करा दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जिन परिवारों के पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है, वे आज भी इंतजार कर रहे हैं, जबकि कुछ ऐसे लोगों को कॉलोनी दे दी गई जिनका नाम मूल सूची में नहीं था। इससे पूरे चयन प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। फर्जी तरीके से लाभ लेने वालों में आरती पूनम, निवासी पिपरांव, शशि देवी, राधा, निवासी भिटरिया के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि इन लोगों को गलत जाति प्रमाण पत्र लगाकर योजना का लाभ दिलाया गया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पात्रता सूची, जाति प्रमाण पत्र, सत्यापन रिपोर्ट और आवास स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया की जांच की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर निष्पक्ष जांच हो जाए तो आवास योजना में बड़ा घोटाला सामने आ सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना मिलीभगत के इस तरह अपात्र लोगों को लाभ मिलना संभव नहीं है। अब देखना यह है कि जांच सिर्फ कागजों तक सीमित रहती है या फिर सच में दोषियों पर कार्रवाई होती है। गांव के लोगों की नजर प्रशासन की जांच पर टिकी हुई है।

भव्यता के साथ आज मनेगी कांशीराम की जयंती और आसपा का छठा स्थापना दिवस

प्रयागराज में आजाद समाज पार्टी का बड़ा आयोजन

विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रयागराज।14 मार्च, 2026: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के तत्वाधान में यमुनापार की तहसील बारा विकास खण्ड जसरा के जारी बाजार स्थित चंद्रमुखी गेस्ट हाउस के परिसर में बहुजन नायक मान्यवर मसीहा कांशीराम जी का 92 वा जन्मदिवस और आसपा अपने स्थापत्य का छठा स्थापना दिवस भव्यता के साथ मनाएगी।

प्रयागराज जिले के जिला महामंत्री उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आईपी रामबृज ने बताया कि आसपा का मुख्य लक्ष्य सामाजिक न्याय, समानता और भारतीय संविधान की रक्षा के लिए है। उनका कहना है कि पार्टी का उद्देश्य बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहना है।

आज बाराबंकी में भीम आर्मी के संस्थापक आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद की अध्यक्षता में आयोजित महारैली को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए आसपा की पूरी टीम जुट गई है।

बनते ही उखड़ने लगी पीडब्ल्यूडी सड़क! सेहुंडा– बबंधर मार्ग पर मानकों की धज्जियां, ठेकेदार बेलगाम, अधिकारी बेखबर

पुरानी सड़क पर ही डामर चढ़ाने का खेल! बिना खुदाई, बिना बेस, सिर्फ पानी-गिट्टी से बन रही रोड, जांच पर उठे सवाल

विश्वनाथ प्रताप सिंह,प्रयागराज।यमुनानगर क्षेत्र के बारा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सेहुंडा से बबंधर नहर तक बन रही पीडब्ल्यूडी की सिंगल रोड का निर्माण कार्य शुरू होते ही विवादों में घिर गया है। मौके पर जो स्थिति दिखाई दे रही है, वह विभागीय मानकों की खुली अनदेखी और ठेकेदार की मनमानी की कहानी खुद बयान कर रही है। ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुरानी सड़क को पूरी तरह उखाड़े बिना ही उस पर पानी का फुहारा मारकर गिट्टी डाल दी जा रही है और रोलर चलाकर काम पूरा दिखाया जा रहा है।

सड़क निर्माण के निर्धारित नियमों के अनुसार पहले पुरानी परत हटाना, जमीन की सफाई, समतलीकरण, सबग्रेड तैयार करना, उसके बाद गिट्टी डालकर कम्पेक्शन करना, फिर प्राइम कोट, टैक कोट और अंत में डामरीकरण किया जाता है, लेकिन यहां इन सभी प्रक्रियाओं को दरकिनार कर सीधे काम निपटाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क कहीं ऊंची, कहीं नीची और कई जगह उभरी हुई बन रही है, जिससे साफ लगता है कि बेस ही मजबूत नहीं बनाया गया। लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो एक महीने के अंदर सड़क उखड़ जाएगी और फिर वही पुरानी जर्जर स्थिति सामने आ जाएगी।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार बिना किसी डर के घटिया सामग्री का उपयोग कर रहा है और कार्य में जल्दबाजी दिखाकर सिर्फ भुगतान निकालने की तैयारी में है। सवाल यह उठ रहा है कि जब मौके पर इतनी बड़ी अनियमितता हो रही है तो पीडब्ल्यूडी विभाग के अवर अभियंता, सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता अब तक चुप क्यों हैं। क्या निरीक्षण नहीं हो रहा या फिर सब कुछ देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा सड़क निर्माण के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से सड़क बनने से पहले ही खराब होने की स्थिति में पहुंच रही है।

अगर समय रहते जांच नहीं हुई तो यह सड़क भी सरकारी कागजों में ही मजबूत और जमीन पर कमजोर साबित होगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा मानक के अनुसार दोबारा सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि सरकारी धन की बर्बादी न हो और जनता को टिकाऊ सड़क मिल सके।

प्रयागराज से दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन समय सारणी जारी

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज से दिल्ली के बीच करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रयागराज जकशन से हजरत निजामुद्दीन के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्यण लिया है। यह स्पेशल ट्रेन 15 मार्च से 28 जून तक का सप्ताह में दो दिन सचालित होगी। प्रयागराज से यह प्रत्येक रविवार और बुधवार को रवाना होगी, जबकि वापसी में हजरत निजामुद्दीन से हर सोमवार और बृहस्पतिवार को चलेगी। गाड़ी सख्या 04123 दोपहर 3:, 25 बजे प्रयागराज जकशन से प्रस्थान करेगी।

यह रात 12:50 बजे झासी, सुबह 6:20 बजे आगरा और सुबह 11:35 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी मे यह ट्रेन दोपहर 3:45 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9:10 बजे प्रयागराज वापस आएगी। यह ट्रेन विन्ध्य और बुदेलखड के रास्ते दिल्ली का सफर तय करेगी। इसके मुख्य ठहराव मे शकरगढ़, मानिकपुर, चित्रकूट, बादा, महोबा, झासी, गवालियर, आगरा कैंट और मथुरा जैसे स्टेशन शामिल हैं। सीपीआरओ शशिकांत तिपाठी ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच होगें। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें स्लीपर के आठ और जनरल श्रेणी के नौ कोच लगाए गए हैं। साथ ही एसी थी् और एसी फस्ट कम टू का भी एक- एक कोच शामिल रहेगा।

कांशीराम जयंती व आसपा के छठे स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम



15 मार्च को प्रयागराज में होगा संवैधानिक अधिकार बचाओ भाईचारा बनाओ सम्मेलन




विश्वनाथ प्रताप सिंह




बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब के जन्मदिवस तथा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के 6 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के तत्वाधान में संवैधानिक अधिकार बचाओ भाईचारा बनाओ सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन 15 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे से यमुनापार की तहसील बारा के विकास खण्ड जसरा के जारी बाजार स्थित चंद्रमुखी गेस्ट हाउस निकट कृषक इण्टर कालेज जारी में आयोजित होगा।




कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश संगठन मंत्री व प्रयागराज मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी एडवोकेट अनिल कुमार गौतम शामिल होंगे। आयोजक जिला कमेटी के जिला महामंत्री आईपी रामबृज के अनुसार कार्यक्रम सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा और मुख्य अतिथि का आगमन 12 बजे तक पहुंचने की संभावना है।




सभी पदाधिकारियों व कार्यकताओं से समय का विशेष ध्यान रखते हुए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को भव्य व सफल बनाने की अपील की गई है। यह जानकारी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला महामंत्री उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आईपी रामबृज ने दी।

प्रयागराज में मशरूम उत्पादन तकनीक पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण का दूसरा दिन संपन्न



100 प्रशिक्षार्थियों ने सीखी मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीकें 




विश्वनाथ प्रताप सिंह




प्रयागराज। औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र, खुसरो बाग प्रयागराज में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत औद्यानिक फसलों के उत्पादन प्रबंधन एवं संरक्षित खेती के साथ-साथ मशरूम उत्पादन तकनीक पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन लगभग 100 प्रशिक्षार्थियों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया।




इस प्रशिक्षण में फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जनपदों से आए किसानों और प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया। मुख्य उद्यान विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा योजना के अंतर्गत ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण लेकर किसान मशरूम उत्पादन शुरू कर सकते हैं।




उन्होंने बताया कि लगभग ₹2 लाख की लागत से एक मिनी मशरूम उत्पादन यूनिट स्थापित कर किसान एक छोटी झोपड़ी से भी मशरूम उत्पादन शुरू कर सकते हैं, जिससे प्रति माह ₹20,000 से ₹25,000 तक आय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि मशरूम में प्रोटीन, विटामिन-डी और फाइबर प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो डायबिटीज, हृदय रोग और बीपी के मरीजों के लिए लाभदायक होता है।




शुभ सेवा एग्रो वेल्फेयर फाउंडेशन के सीईओ डॉ. एस. आर. बघेल ने प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि भूसे को भिगोने (शॉकिंग) के बाद उसमें उचित नमी बनाए रखते हुए स्पॉन डालकर बैग कैसे तैयार किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि मशरूम बैग को कमरे में कैसे रखना है, कितने दिनों में उत्पादन शुरू होता है, मशरूम को ड्राई करने की प्रक्रिया क्या है तथा बाजार में पैकिंग कर बिक्री कैसे की जाती है।




मशरूम विशेषज्ञ कुंवारी ईशा ने बताया कि बटन मशरूम उत्पादन के लिए कंपोस्ट तैयार करनी पड़ती है, जिसमें लगभग 28 दिन का समय और 7 बार पलटाई करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि बटन मशरूम का उत्पादन अक्टूबर से फरवरी के बीच बेहतर होता है।

प्रयागराज के डॉ. दीपक त्रिपाठी बने भारतीय विकलांगता डार्ट्स संघ के श्रवण बाधित अनुभाग के राष्ट्रीय समन्वयक




भारतीय पैरा डार्ट्स टीम के चयन एवं प्रशिक्षण शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित







विश्वनाथ प्रताप सिंह







प्रयागराज। खेल एवं सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में प्रयागराज के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. दीपक त्रिपाठी को भारतीय विकलांगता डार्ट्स संघ के श्रवण बाधित अनुभाग का राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है। यह दायित्व न केवल उनकी सक्रिय सामाजिक प्रतिबद्धता का सम्मान है, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के सशक्तिकरण की दिशा में उनके निरंतर प्रयासों की भी सराहना है।




भारतीय विकलांगता डार्ट्स संघ, जो विश्व विकलांगता डार्ट्स संघ से संबद्ध है, द्वारा आयोजित भारतीय पैरा डार्ट्स टीम के चयन एवं प्रशिक्षण शिविर में भी डॉ. दीपक त्रिपाठी को विशिष्ट अतिथि एवं पदाधिकारी के रूप में सादर आमंत्रित किया गया है। यह चयन एवं प्रशिक्षण शिविर 22-23 मार्च 2026 को ट्विन टावर्स इन, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में आयोजित किया जाएगा।




इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है, जो 23 से 27 अप्रैल 2026 तक सेलांगोर (मलेशिया) में आयोजित होने वाली सेलांगोर ओपन डार्ट्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए देशभर से पैरा डार्ट्स खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।




डॉ. त्रिपाठी वर्तमान में नेहरू ग्राम भारती (मानित विश्वविद्यालय), जमुनीपुर, प्रयागराज में विशेष शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं और लंबे समय से दिव्यांगजनों के अधिकार, शिक्षा तथा खेलों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।




डॉ. दीपक त्रिपाठी की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से न केवल प्रयागराज बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को गौरव प्राप्त हुआ है। खेलों के माध्यम से दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने, उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने तथा उनके भीतर निहित प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।