भारत की जनगणना 2027 हेतु जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों का प्रशिक्षण प्रारम्भ

भारत की आगामी जनगणना 2027 के सफल संचालन के उद्देश्य से जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 13 मार्च 2026 से 15 मार्च 2026 तक प्रमण्डलीय पंचायत प्रशिक्षण संस्थान, जबरा, हजारीबाग में आयोजित किया जा रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर, हजारीबाग, अनुमण्डल पदाधिकारी, बरही, सहायक समाहर्त्ता सह प्रशिक्षु आईएएस, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा जनगणना कार्य निदेशालय, झारखण्ड के संयुक्त निदेशक सह मास्टर प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन किया जाता है। इसलिए प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं तथा डाटा संकलन की विधियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि जनगणना कार्य को पारदर्शी, सटीक एवं प्रभावी तरीके से संपन्न कराया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के विभिन्न चरणों, कार्यप्रणाली, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा डाटा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखण्डों से आए पदाधिकारी एवं तकनीकी सहायक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक दक्षता विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

प्रमंडलीय आयुक्त ने राजस्व संग्रहण की समीक्षा की, लक्ष्य प्राप्ति में तेजी लाने का निर्देश

हजारीबाग: प्रमंडलीय आयुक्त श्री मनोज कुमार, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग की अध्यक्षता में आज (गुरुवार) प्रमंडलीय कार्यालय के सभागार में आंतरिक वित्तीय संसाधनों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमंडल अंतर्गत विभिन्न विभागों से प्राप्त राजस्व एवं उसकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान प्रमंडल अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित वार्षिक राजस्व लक्ष्य तथा अब तक की लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति का विस्तार से आकलन किया गया। इस अवसर पर खान, वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, कृषि, माप एवं तौल, बाजार समिति, निबंधन सहित अन्य विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के वार्षिक लक्ष्य, अब तक की प्राप्ति तथा शेष लक्ष्य के संबंध में अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की वर्तमान स्थिति एवं राजस्व संग्रहण की प्रगति से आयुक्त महोदय को अवगत कराया।

आयुक्त ने कहा कि प्रमंडल एवं जिले स्तर पर पदाधिकारी जिम्मेदारी के साथ विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में राजस्व संग्रहण को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस माह के अंत तक सभी जिला अपने-अपने विभागो का राजस्व वसूली बढ़ाने एवं राजस्व संग्रहण में सुधार लाने का कार्य तेजी से करें। सभी एक्शन प्लान तैयार कर लें। लक्ष्य प्राप्ति के दौरान सभी पदाधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें।

बैठक में राज्यकर एवं राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार, आरटीए, माप एवं तौल विभाग का तय लक्ष्य से कम उपलब्धि होने पर नाराजगी और असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि स्थिति में सुधार के लिए स्मार्ट लक्ष्य को निर्धारित करने, कार्यों की कड़ी निगरानी करने और बाधाओं को दूर कर रणनीतिक प्रयास करने की आवश्यकता है।

आयुक्त ने कहा कि कई घाटों से अवैध बालू उठाव किया जा रहा है। अवैध बालू का उठाव पूर्ण रूप से बंद हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाये जाए। चोरी छिपे अवैध बालू का उठाव करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में वाहनों की नियमित जांच करते हुए नियमानुसार वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने विशेष अभियान चलाकर ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों तथा छोटे वाहनों के परमिट की सघन जांच करने को कहा। इसके अतिरिक्त पेट्रोल पंपों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया, ताकि उपभोक्ताओं को पेट्रोल एवं डीजल की सही मात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

नीलाम पत्र की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि नीलाम पत्र पदाधिकारी अपने कार्य में रुचि दिखाते हुए कार्य को तेजी से करें। नीलाम पत्र में लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करने का कार्य करना सुनिश्चित करें। नीलाम पत्र पदाधिकारी अपने स्तर से नीलाम पत्र में दायर लंबित मामले का अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

राजस्व वृद्धि के उदेश्य से प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्देश दिया कि भूमि एवं फ्लैट निबंधन से संबंधित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए, ताकि राजस्व संग्रहण में अपेक्षित वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में निदेशक, खान, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग, संयुक्त आयुक्त (प्रशासन), वाणिज्य कर, हजारीबाग, सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, उ.छ०प्र., हजारीबाग, सहायक आयुक्त, उत्पाद, हजारीबाग, अधीक्षक उत्पाद, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, चतरा, कोडरमा, रामगढ, उप कृषि निदेशक संयुक्त नियंत्रक माप एवं तौल, हजारीबाग, सचिव, बाजार समिति, जिला खनन पदाघिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो,गिरिडीह ,चतरा,कोडरमा,रामगढ संग अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

केरेडारी के चट्टी बरियातू पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने किया प्रेस वार्ता

केरेडारी : हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड के चट्टी बरियातू पंचायत के प्रतिनिधियों ने 12 मार्च को चट्टी बरियातू पंचायत भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कर चट्टी बरियातू पंचायत भवन के मुआवजा सरकारी कोष में जमा करने पर विरोध जताया है! और एनटीपीसी चट्टी बरियातू कोल माइंस प्रबंधन पर सहमति नहीं लेने का आरोप लगाया है ! प्रेस वार्ता में मुखिया झरी लाल महतो ने कहा कि चट्टी बरियातू पंचायत एनटीपीसी के चट्टी बरियातू कोल माइंस के विस्थापित क्षेत्र में अवस्थित है ऐसे समय में पंचायत भवन विस्थापित होने की स्थिति में है! विस्थापित क्षेत्र में होने के कारण पंचायत भवन को ध्वस्त करने की तैयारी चल रही है! एनटीपीसी चट्टी बरियातू कोल माइंस प्रबंधन द्वारा पंचायत भवन का मुआवजा लगभग एक करोड़ रुपए सरकारी कोष में जमा करा दिया गया है! लेकिन मुआवजा राशि जमा करने समेत अन्य मामलों पर पंचायत प्रतिनिधियों से सहमति नहीं ली गई जिससे हम सभी पंचायत प्रतिनिधि असहमत हैं! और मांग करते हैं कि पंचायत भवन को विस्थापित क्षेत्र से हटाने के पूर्व स्थान चयन कर पंचायत भवन का निर्माण करे ताकि पांडु पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों की भांति दर दर भटकना ना पड़े पंचायत की जनता सुगमता पूर्वक अपने नए पंचायत भवन में अपनी कार्यों को करा सके! उपरोक्त प्रकरण पर पंचायत समिति प्रतिनिधि महेंद्र रजक ने कहा कि पंचायत भवन को हटाने से पूर्व पंचायत भवन का नवनिर्माण करे! वहीं उप मुखिया नेहा कुमारी दिलेश्वर कुमार महतो समेत अन्य ने कहा कि पहले पंचायत भवन का नव निर्माण हो उसके बाद पंचायत भवन को तोड़ने का कार्य किया जाय!

ओरिया में कीर्तन समाज द्वारा होली पर निकाला गया ग्राम-भ्रमण, भजनों की गूंज से भक्तिमय हुआ वातावरण

रंगोत्सव के पावन पर्व होली के शुभ अवसर पर कीर्तन समाज, ओरिया द्वारा परंपरानुसार शिवमंदिर से ग्राम-भ्रमण का मंगलमय शुभारंभ किया गया। वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनियों से गूंजता वातावरण आध्यात्मिक आभा से आलोकित हो उठा। झंकार और करताल की समन्वित ताल ने ऐसी अनुपम लय उत्पन्न की, जिसने हर हृदय को स्पंदित कर दिया। गूंजते भजनों और उल्लासपूर्ण भक्तिमय स्वर ने पूरे ग्राम को एक सूत्र में बांध दिया। सामाजिक एकता, पारस्परिक प्रेम और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है। ग्राम- भ्रमण के दौरान चौक- चौराहा, गली- मुहल्ला एवं कई घरों में पकवान एवं अबीर- गुलाल लगाकर सहृदय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य रूप से कीर्तन समाज के अध्यक्ष नारायण साव, उपाध्यक्ष बिनोद साव, सचिव दिनु ठाकुर, उपसचिव पोखन साव, कोषाध्यक्ष रामनाथ राणा, सक्रिय सदस्य चरका साव, मोहन साव, रोहित साव, महादेव साव, गणेश गोप, बंधन साव, विजय यादव, शीतल पवन रजक, उदय पासवान, अभय पासवान, बबलू यादव, गोविन्द यादव, जीतु यादव, विनय यादव, कौलेश्वर साव, संजय यादव सहित कई ग्रामीण उत्साह के साथ जुटे रहे।

13 अप्रैल को लक्ष्मी सिनेमा हॉल परिसर में लगेगा भव्य रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं को भेंट किया जाएगा हेलमेट

हजारीबाग - सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हजारीबाग यूथ विंग की एक विशेष बैठक संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन के निवास स्थान पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया ने की, जबकि संचालन सचिव रितेश खंडेलवाल के द्वारा किया गया। बैठक में संस्था के आगामी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में संस्था के प्रमुख कार्यक्रम एकदिवसीय रक्तदान शिविर को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि आगामी 13 अप्रैल को लक्ष्मी सिनेमा हॉल परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को संस्था की ओर से हेलमेट भेंट किया जाएगा। इस पहल के पीछे एक सकारात्मक और जागरूकता से जुड़ा संदेश है। जिस प्रकार एक रक्तदाता रक्तदान कर किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का कार्य करता है, उसी प्रकार संस्था रक्तदाताओं को हेलमेट भेंट कर उनके स्वयं के जीवन की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करना चाहती है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोटें सबसे अधिक घातक साबित होती हैं, ऐसे में हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ संस्था ने यह पहल की है कि जो लोग रक्तदान कर किसी की जान बचाने का पुण्य कार्य कर रहे हैं, उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हेलमेट प्रदान किया जाए। संस्था को उम्मीद है कि इस सकारात्मक संदेश से अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे और समाज में सुरक्षा एवं सेवा दोनों का संदेश जाएगा।गौरतलब है कि संस्था द्वारा पूर्व में आयोजित रक्तदान शिविरों को भी लोगों का व्यापक सहयोग मिला है। वर्ष 2025 में आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 221 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में 130 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। लगातार बढ़ते रक्तदान के आंकड़ों को देखते हुए इस वर्ष के आयोजन को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने की योजना बनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। रक्तदान शिविर में संग्रहित रक्त को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज ऑफ अस्पताल के ब्लड बैंक को उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी हजारीबाग का भी विशेष सहयोग प्राप्त होगा। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सह-संयोजक के रूप में गुंजन मद्धेशिया, प्रवेक जैन, जयप्रकाश खंडेलवाल एवं कुश पांडे को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संस्था द्वारा लगातार पांचवें वर्ष आयोजित किया जाने वाला लड्डू महाभोग वितरण कार्यक्रम इस वर्ष भी भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। रामनवमी के पावन अवसर पर 26 मार्च को महावीर स्थान मंदिर के समीप 151 किलो लड्डू राम भक्तों के बीच वितरित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी के रूप में प्रणीत जैन एवं रितेश खंडेलवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता की भावना को बढ़ावा देना है। रक्तदान शिविर के माध्यम से जहां जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलेगा, वहीं हेलमेट भेंट कर सड़क सुरक्षा का संदेश भी समाज तक पहुंचाया जाएगा। वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि संस्था निरंतर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास कर रही है। इस वर्ष भी रक्तदान शिविर और रामनवमी के अवसर पर आयोजित लड्डू महाभोग कार्यक्रम को भव्य रूप से संपन्न किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इन आयोजनों से जुड़ें और समाज में सेवा एवं जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हो सके। बैठक में संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, अध्यक्ष करण जायसवाल, सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, संस्था मार्दर्शक जय प्रकाश खण्डेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित बजाज, सत्यनारायण सिंह,प्रवेक जैन,प्रणीत जैन एवं कैलाश कुमार सहित कई लोग मौजूद रहें।

उपायुक्त की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक

उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज 5 मार्च को जिला स्तरीय आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने राशन कार्ड की रिक्तियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अयोग्य लाभुकों के नाम हटाने तथा योग्य लाभुकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही लाभुकों के ई-केवाईसी की प्रक्रिया में गति लाने के लिए एनआईसी के साथ समन्वय स्थापित कर चार दिनों के भीतर सुधार लाने को कहा।

चीनी वितरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान डाड़ी प्रखंड में कम वितरण पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को वितरण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त चना दाल वितरण को 15 मार्च तक पूर्ण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा केरोसिन तेल वितरण का प्रतिवेदन 10 मार्च तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। नमक वितरण कार्य को भी गंभीरता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने सभी प्रखंडों से चावल वितरण की तिथियों तथा गोदामों में उपलब्ध खाद्यान्नों की अद्यतन रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया। धान अधिप्राप्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अब तक किसानों को किए गए भुगतान की जानकारी प्राप्त की तथा विभाग द्वारा धान अधिप्राप्ति से संबंधित संदेश सभी पंजीकृत किसानों को अनिवार्य रूप से भेजने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में योग्य लाभुकों का नाम राशन कार्ड से न हटे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गोदामों में भंडारित खाद्यान्नों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र तथा रसायनों के छिड़काव जैसी व्यवस्थाओं को अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री मुरली यादव एवं सभी प्रखंडों को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे।

नगर निगम चुनाव 2026 : मतगणना की तैयारियां पूर्ण,कल होगी मतगणना

नगर निगम चुनाव 2026 के अंतर्गत कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में संचालित मतगणना केंद्र का उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री शशि प्रकाश सिंह ने निरीक्षण कर मतगणना की अंतिम तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश नियंत्रण, बैरिकेडिंग, मीडिया सेंटर,सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा मतगणना कर्मियों हेतु आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए।

ज्ञात हो कि हजारीबाग नगर निगम के 36 वार्डों में संपन्न निर्वाचन के उपरांत 27 फरवरी को मतगणना निर्धारित है। इसके लिए सभी प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

उपायुक्त ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी तथा अधिकृत व्यक्तियों को ही मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। मीडिया कर्मी बाजार समिति परिसर में बने मीडिया सेंटर तक ही मोबाइल फोन ले जा सकेंगे। मौके पर उन्होंने मतगणना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से मतगणना के दिन विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

उपायुक्त ने की राजस्व विभाग की समीक्षात्मक बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश

हजारीबाग : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में राजस्व विभाग का समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पीजी पोर्टल, भू-मापी, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, सो-मोटो म्यूटेशन, ई-रिवेन्यू कोर्ट, आरसीएमएस ऑनलाइन रिपोर्ट, ऑनलाइन लगान, दाखिल खारिज, परिशोधन पोर्टल सहित अन्य संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने जनता दरबार में प्राप्त भू-अर्जन से संबंधित आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने तथा ई-रिवेन्यू कोर्ट में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में आए मामलों की जांचोपरांत त्वरित निष्पादन तथा पीजी पोर्टल पर लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष बल दिया। भू-मापी से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने 90 दिनों से अधिक लंबित मामलों के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया। साथ ही उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों के ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर भी बल दिया गया।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जनता दरबार एवं सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में प्राप्त राजस्व एवं भू-अर्जन से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। म्यूटेशन मामलों में प्रगति बढ़ाने, परिशोधन मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा ई-रिवेन्यू कोर्ट में दायर एवं निष्पादित वादों की गहन समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंचल कार्यालय में आने वाले भूमि विवाद एवं सेटलमेंट संबंधित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। भूमि हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेजों की ऑनलाइन एंट्री कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया। सदर एवं बरही अनुमंडल पदाधिकारियों को सो-मोटो म्यूटेशन, परिशोधन पोर्टल, म्यूटेशन एवं रिजेक्टेड मामलों की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उपायुक्त के अतिरिक्त सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, सदर एवं बरही डीसीएलआर, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन की पहल पर रक्तदान शिविर का आयोजन, 28 यूनिट रक्त संग्रहित

पायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार गुरुवार को समाहरणालय परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

आयोजित शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक पुनीत एवं मानवीय कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में रक्त की कमी न हो।

उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। अतः सभी नागरिक इस मानवीय अभियान का हिस्सा बनें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं संबंधित अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला प्रशासन ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

समाहरणालय सभाकक्ष में कृषि एवं पशुपालन योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह ने बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कृषि, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।

बैठक में एक्सपेंडिचर संबधी, बिरसा फसल विस्तार योजना, कृषि मेला का अलॉटमेंट एवं व्यय, कृषक प्रयोगशाला, एग्रीक्लीनिक, स्वास्थ्य हेल्थ कार्ड, पीडीएमसी, किसान समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, गाय योजना, बर्मी कंपोस्ट, मिल्किंग मशीन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपविकास आयुक्त ने बिरसा फसल विस्तार एवं कृषक प्रयोगशाला की फील्ड रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। गव्य विकास योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक आवेदन जेनरेट कराने को कहा। उन्होंने गाय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।

पशुपालन पदाधिकारी को बैंक से संबंधित कार्यों के निष्पादन हेतु एलडीएम से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। उपविकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कृषि, पशुपालन एवं गव्य विकास योजनाओं की प्रगति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपविकास आयुक्त के अलावा कृषि पदाधिकारी, पशुपालन पदाधिकारी, गव्य विकास पदाधिकारी, बीटीएम, वेटनरी डॉक्टर सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।