राजधानी लखनऊ में मीरजापुर के योग गुरु को योगकुलम ने किया सम्मानित

लखनऊ , कैसरबाग स्थित भारतखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रांगड़ में योग शक्ति समारोह 2026 का आयोजन योगकुलम संस्थान द्वारा किया गया , जिसमें विभिन्न राज्यों से पहुंचे योग विद्यार्थी अभिभावक व विशेष गणमान्य व्यक्तियों के साथ योग गुरुओं का आगमन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक डॉ मनीष प्रताप सिंह ने आए हुए अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलन कर मां सरस्वती की वंदना के साथ किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से योग में डिप्लोमा और पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन योग कर रहे योग के विद्यार्थियों को प्रणाम प ्र देकर ,एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों में योग के क्षेत्र में उत्तम कार्य कर रहे योग गुरुओं को माल्यार्पण कर मोमेंटो प्रदान कर उन्हें संस्था की ओर से सम्मानित किया गया।

*इस अवसर पर* जनपद के साथ विभिन्न राज्यों देश विदेश एवं वैश्विक स्तर पर योग से अपनी अलग पहचान बनाने वाले तथा आज के युवाओं के रोल मॉडल योग गुरु राष्ट्रीय योग योगासन जज योगी ज्वाला का सम्मान का सम्मान प्राप्त करना जनपद के लिए गौरव का विषय है। सम्मानित होने पर योग गुरु योगी ज्वाला सिंह ने कहा कि जीवन के योग सेवा का अठारह वर्ष बड़ा ही सुंदर और सुनियोजित रूप से लोगों को उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करते हुए उनकी तमाम प्रकार की बीमारियां और व्याधियों को दूर करते हुए हुए व्यतीत हो रहा है , जहां योग सेवा का मुख्य उद्देश्य ही है कि हर रोते हुए चेहरे पर मुस्कान लाना , समाज में रह रहे हर व्यक्ति को नशा व्यसन एवं दुर्व्यसन से मुक्त बनाना एवं हर परिवार को जीरो बैलेंस से स्वस्थ समृद्ध एवं नशामुक्त बनाना , उसके बाद ही जीवन का असली योग पूर्ण रूप से सिद्ध होगा।

जिसके लिए योगकुलम परिवार चालीस हजार योग शिक्षकों के माध्यम से इस अवसर पर डॉ मनीष प्रताप सिंह ने कहा कि योग आज भारत की दशा और दिशा को परिवर्तित करने का सबसे बड़ा साधन व माध्यम बन चुका है। भारत की दशा एवं दिशा को एक नया आयाम देने के लिए तथा स्वस्थ भारत एवं समृद्ध भारत का निर्माण करने के लिए योग के माध्यम से देश के विभिन्न कोने में अपनी सेवाओं से लोगों को उत्तम स्वास्थ्य प्रदान कर रहे योग गुरुओं के सम्मान के साथ साथ मीरजापुर के योग गुरु राष्ट्रीय योगासन जज योगी ज्वाला सिंह जी को सम्मानित कर योकुलम परिवार आज गौरव की अनुभूति कर रहा है। इस अवसर पर मुख्य निर्देशिका चीफ रिसर्च एवं डेवलपमेंट ऑफिसर सेजल कक्कड़ ने कहा कि योग सेवा मानव की सबसे बड़ी सेवा है , योग धर्म ही मानव का सबसे बड़ा धर्म है , क्यूंकि योग को जीवन का आत्मनुशासन बनाने वाला साधक ही जीवन में सफलता प्राप्त करता है , और लोगों के लिए आइकॉन तथा रोल मॉडल बनता है , संस्था योग गुरुओं का सम्मान कर गौरवान्वित है।
इस अवसर पर कार्यक्रम का कुशल संचालन करने वाले सर्वेश मिश्रा ने देश के वि भिन्न स्थानों से आए हुए योग गुरुओं एवं विद्यार्थियों का कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया।
होली से पहले फीकी पड़ी कर्मचारियों की खुशियां: बलरामपुर अस्पताल में 250 आउटसोर्सिंग कर्मियों को नहीं मिला वेतन
लखनऊ। एक ओर योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों को समय पर वेतन वितरण के निर्देश दिए थे, वहीं दूसरी ओर राजधानी लखनऊ के स्वास्थ्य विभाग में इन आदेशों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है।
राजधानी स्थित बलरामपुर हॉस्पिटल में कार्यरत लगभग ढाई सौ आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को होली से पहले उनका वेतन नहीं मिल सका। वेतन न मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों की होली फीकी पड़ गई है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर, गार्ड, वार्ड बॉय सहित अन्य कर्मचारी लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इन कर्मचारियों को मैनपावर सप्लाई करने का जिम्मा वंशिका एचआर कंपनी के पास है। इसके बावजूद त्योहार से पहले वेतन का भुगतान नहीं हो सका।
कर्मचारियों का कहना है कि होली जैसे बड़े पर्व से पहले वेतन न मिलना उनके लिए आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान करने वाला है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द वेतन दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
अब देखना यह होगा कि शासन के निर्देशों के बावजूद वेतन भुगतान में हुई इस देरी पर संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करता है।
लखनऊ में शिया समुदाय का उग्र प्रदर्शन, अयातुल्ला खामनेई के निधन पर अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी

लखनऊ। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई के निधन की खबर के बाद राजधानी लखनऊ में शिया समुदाय ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रमुख धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने किया।
चौक इलाके में बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग एकत्रित हुए और अमेरिका के खिलाफ नारेबाज़ी की। प्रदर्शनकारियों ने ईरान के प्रति एकजुटता जताते हुए खामनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी की गई। मौलाना कल्बे जवाद ने अपने संबोधन में कहा कि शिया समुदाय अपने धार्मिक और वैचारिक नेताओं के सम्मान में एकजुट है और किसी भी तरह के हस्तक्षेप का विरोध करेगा।
चौक क्षेत्र में प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
जोन उत्तरी में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कार्रवाई, 4 अभियुक्त गिरफ्तार

लखनऊ । थाना रहीमाबाद पुलिस ने दिनांक 28 फरवरी 2026 को क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। दोनों अलग-अलग घटनाओं में पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जहां विवाद बढ़ने की आशंका थी।
पहली घटना: आपसी विवाद में पुलिस से अभद्रता
उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह मय हमराह आरक्षी ओम प्रकाश यादव ग्राम चन्दीखेड़ा मजरा गोसवा में एक प्रार्थना पत्र की जांच हेतु पहुंचे। मौके पर प्रार्थिनी सविता अवस्थी एवं सुनील अवस्थी के बीच आपसी विवाद पाया गया।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। एक पक्ष शांत हो गया, लेकिन सुनील अवस्थी ने उग्र व्यवहार करते हुए फौजदारी पर आमादा होने का प्रदर्शन किया तथा पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की। स्थिति को नियंत्रित करने और संभावित संज्ञेय अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस ने सुनील अवस्थी (उम्र 30 वर्ष) को धारा 170/126/135 व 135(3) बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया।
दूसरी घटना: बाइक टक्कर के बाद मारपीट
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि भतोईया पुल के नीचे कुछ व्यक्ति आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, उपनिरीक्षक लालबहादुर राय व पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
जांच में सामने आया कि बाइक की हल्की टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई हो रही थी। पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, जिससे एक पक्ष शांत हो गया। हालांकि आकाश, पिन्टू और सूरज नामक व्यक्तियों ने उग्रता दिखाते हुए फौजदारी पर आमादा होना जारी रखा तथा पुलिस कर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को भी धारा 170/126/135 व 135(3) बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
सुनील अवस्थी (30 वर्ष), निवासी ग्राम चन्दीखेड़ा मजरा गोसवा, थाना रहीमाबाद, लखनऊ
आकाश (28 वर्ष), निवासी ग्राम भतोईया, थाना रहीमाबाद, लखनऊ
पिन्टू (27 वर्ष), निवासी ग्राम भतोईया, थाना रहीमाबाद, लखनऊ
सूरज (25 वर्ष), निवासी ग्राम चन्दीखेड़ा मजरा गोसवा, थाना रहीमाबाद, लखनऊ
पुलिस टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, उपनिरीक्षक लालबहादुर राय, आरक्षी ओम प्रकाश एवं आरक्षी कुमार शानू शामिल रहे।
पुलिस ने चारों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए चालान माननीय न्यायालय को प्रेषित किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आपदा की घड़ी में संयम ही जीवन रक्षा का मंत्र: एडीजी पीएसी
लखनऊ। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) वाहिनी मुख्यालय, लखनऊ में चल रहे द्वितीय चरण ‘आपदा मित्र’ प्रशिक्षण कार्यक्रम के 8वें बैच का समापन समारोह गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में एडीजी पीएसी डॉ. रामकृष्ण स्वर्णकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उनके आगमन पर उप सेनानायक एसडीआरएफ हरेन्द्र प्रताप यादव ने स्वागत किया। एडीजी पीएसी ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और प्रशिक्षुओं व प्रशिक्षकों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता की जानकारी ली।
प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को मेडिकल फर्स्ट रिस्पॉन्डर (MFR), प्राथमिक उपचार, CBRN (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर) आपदाओं में प्रतिक्रिया, अग्निकांड, सर्पदंश, घायल व्यक्तियों को सुरक्षित उठाने व स्थानांतरित करने की तकनीक, भूकंप के दौरान सावधानियां, आकाशीय बिजली से बचाव और बाढ़ आपदा में राहत एवं बचाव उपायों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अपने संबोधन में डॉ. स्वर्णकार ने कहा कि “आपदा मित्र केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज सेवा की एक सशक्त पहल है।” उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में घबराहट नहीं, बल्कि प्रशिक्षित कौशल, संयम और त्वरित निर्णय क्षमता ही जीवन बचाने का मूल मंत्र है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को वितरित इमरजेंसी रिस्पॉन्स किट, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों का प्रभावी उपयोग करने तथा समाज में आपदा जागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
समारोह का समापन उत्साह और प्रतिबद्धता के माहौल में हुआ, जहां प्रशिक्षुओं ने आपदा के समय समाज की सेवा के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया।
मीडिया सेल प्रभारी: राहुल धामा
पीएसी मुख्यालय, लखनऊ
होलिका दहन एवं होली-2026: लखनऊ में कड़े सुरक्षा और यातायात प्रबंध
लखनऊ। होलिका दहन और होली पर्व-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है। इस वर्ष 02 मार्च 2026 को होलिका दहन तथा 03 और 04 मार्च 2026 को रंगोत्सव मनाया जाएगा। कई स्थानों पर होली मिलन समारोह और मेले भी आयोजित होंगे, जिनके मद्देनजर पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 3729 होलिका दहन स्थल चिन्हित किए गए हैं। सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चार अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) और 12 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) ड्यूटी पर रहेंगे। इसके अलावा 19 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक और 400 से अधिक मुख्य आरक्षी व आरक्षी तैनात किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है। 22 यातायात निरीक्षक, 75 उपनिरीक्षक, 80 होमगार्ड और 660 से अधिक पुलिसकर्मी यातायात संचालन में लगाए गए हैं। इसके साथ ही 14 कंपनी पीएसी, वायरलेस यूनिट और खुफिया इकाइयों (LIU) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
त्योहार के दौरान पूरे शहर में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। एक विशेष कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर रखी जाएगी, वहीं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी लगातार जारी रहेगी, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संयुक्त ब्रीफिंग और मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई है। सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट, रूट प्लानिंग और संवेदनशील स्थलों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि होली का पर्व सुरक्षित और आनंदपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
दुबग्गा में महिलाओं के बैग से आभूषण और नगदी उड़ाने वाली दो शातिर महिला चोर गिरफ्तार
लखनऊ। थाना दुबग्गा पुलिस ने क्षेत्र में आने-जाने वाली महिलाओं के बैग से आभूषण और नगदी चोरी करने वाली दो शातिर महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से पीली धातु के आभूषण और नगदी बरामद की गई है।

27 फरवरी 2026 को प्रिया यादव, निवासी उन्नाव की तहरीर पर बैग से सोने के आभूषण चोरी होने के मामले में मु0अ0सं0 0072/2026 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दो महिला अभियुक्ताओं— अनीता (निवासी फरीदाबाद, हरियाणा) और मनीषा (निवासी पलवल, हरियाणा) —को गिरफ्तार किया।

तलाशी में उनके पास से 02 अंगूठी, 01 जोड़ी टप्स और 01 लाकेट (पीली धातु) बरामद हुए।

जांच में यह भी सामने आया कि 19 फरवरी 2026 को इन दोनों ने दुबग्गा क्षेत्र की निवासी अनवरी के बैग से 64,000 रुपये चोरी किए थे। इस मामले में दर्ज मुकदमे (मु0अ0सं0 0062/2026) में शेष 6,000 रुपये भी बरामद किए गए।

दोनों अभियुक्ताओं को धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
लखनऊ के सवा लाख लोग ईरान-खाड़ी संकट में फंसे, घर लौटने की राह देख रहे

लखनऊ। ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद लखनऊवासियों की चिंता बढ़ गई है। खाड़ी देशों में लखनऊ के सवा लाख से अधिक लोग फंसे हुए हैं। इनमें ईरान, ओमान, बहरीन, मस्कट, रियाद, दुबई, रसअलखेमा और शारजाह के निवासी शामिल हैं।एयरवॉक ट्रैवल एजेंसी के मालिक आतिफ ने बताया कि लखनऊ एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए प्रति सप्ताह लगभग 115 उड़ानें संचालित होती हैं, लेकिन ईरान के एयरस्पेस बंद होने के कारण ये सभी उड़ानें निरस्त हो गई हैं। इस वजह से वहां फंसे लोग वतन वापसी की गुहार लगा रहे हैं।

अब हमलों के बाद गंभीर संकट

लखनऊ के अजीत हैदर दो दिन पहले ही ईरान गए थे और अब हमलों के बाद गंभीर संकट में हैं। हर महीने लगभग 700-800 लोग लखनऊ से जियारत के लिए ईरान जाते हैं। ईरान के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग दिल्ली और दुबई के रास्ते कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए जाते हैं।खाड़ी देशों में यात्रा करने वालों में 90 प्रतिशत कामगार हैं और केवल 10 प्रतिशत लोग पर्यटक हैं।

गोंडा और अंबेडकरनगर के परिवार भी चिंतित

लखनऊ के अलावा गोंडा और अंबेडकरनगर के कई परिवारों की धड़कनें तेज हैं। गोंडा के शास्त्रीनगर तोपखाना मोहल्ले के कई लोग ईरान में हैं। व्यवसायी शबाहत हुसैन के छोटे भाई फसाहत हुसैन और उनका परिवार ईरान में रहते हैं। अंबेडकरनगर से भी 100 से अधिक परिवारों के लोग रोज़ी-रोटी और शिक्षा के लिए ईरान में हैं।

17 उड़ानें रद्द, इंडिगो प्रभावित

शनिवार को दुबई ने एयरस्पेस बंद कर दिया। इसके कारण लखनऊ से दम्माम, मस्कट और अन्य खाड़ी देशों के सात गंतव्यों के लिए 17 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इसमें इंडिगो की अधिकांश उड़ानें प्रभावित हुईं।

निरस्त उड़ानें

लखनऊ-दम्माम: इंडिगो 6ई-097, 6ई-083, 6ई-081, 6ई-082, 6ई-084
दम्माम-लखनऊ: इंडिगो 6ई-098
लखनऊ-रियाद: एअर इंडिया एआई-2250, इंडिगो 6ई-053, 6ई-071
रियाद-लखनऊ: इंडिगो 6ई-054, 6ई-072
लखनऊ-मस्कट: इंडिगो 6ई-1267
लखनऊ-रसअलखैमा और आने वाली: इंडिगो 6ई-1491, 6ई-1492
लखनऊ-शारजाह और आने वाली: इंडिगो 6ई-1422, 6ई-1423, 6ई-1424
इसके अलावा लखनऊ-किशनगढ़ व लखनऊ-झारसुगड़ा की चार स्टार एयर की उड़ानें परिचालन समस्याओं के कारण निरस्त रहीं।
यूपी: होली पर 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को राहत: ₹1500 करोड़ की सब्सिडी जारी
लखनऊ। होली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 1 करोड़ 86 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल हेतु सब्सिडी वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने जो घोषणा की थी, उसी क्रम में आज ₹1500 करोड़ की राशि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए जारी की जा रही है। यह राशि सीधे लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपने निकटतम गैस एजेंसी से रिफिल सिलेंडर प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के पास उज्ज्वला कनेक्शन है, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर इस सब्सिडी का उपयोग करते हुए भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि त्योहार के अवसर पर किसी भी परिवार को असुविधा न हो और रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार जनकल्याण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
होली पर खादी-ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का भव्य समापन, 54 लाख से अधिक की रिकॉर्ड बिक्री
* योगी सरकार में खादी को बढ़ावा, कारीगरों और उद्यमियों को मिला बड़ा मंच
* उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी सम्मानित
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तथा प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान के निर्देशन में उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित “लघु खादी एवं ग्रामोद्योगी प्रदर्शनी” का शनिवार को बोर्ड मुख्यालय परिसर में भव्य समापन हुआ। प्रदर्शनी का आयोजन 20 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक किया गया, जिसमें प्रदेशभर के कारीगरों एवं उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का सशक्त मंच मिला।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव (कृषि) रविन्द्र कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। खादी उत्पाद श्रेणी में प्रथम पुरस्कार ग्रामोदय संस्थान, सीतापुर को, द्वितीय पुरस्कार श्रुति शुक्ला, लखनऊ तथा तृतीय पुरस्कार द्राक्षा फैशन, लखनऊ को प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियों का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को सशक्त बाजार उपलब्ध कराना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहित करने, उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रदर्शनी में कुल 46 स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें खादी वस्त्र, हर्बल गुलाल, पापड़-बड़ी, नमकीन, शहद, आंवला उत्पाद, चादर, गमछे, तौलिये, कुर्ता-पायजामा, रेशम एवं सिल्क साड़ियां तथा हस्तशिल्प आधारित उत्पादों की विशेष मांग रही। होली के मद्देनज़र बड़ी संख्या में लोगों ने खरीदारी की, जिसके परिणामस्वरूप इस वर्ष कुल बिक्री 54.23 लाख रुपये दर्ज की गई, जो गत वर्ष की 50.17 लाख रुपये की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाती है।
कार्यक्रम के अंत में बोर्ड के वित्तीय सलाहकार मानवेन्द्र सिंह ने सभी उद्यमियों, आगंतुकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों- कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।