जनसुनवाई में समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
* नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के आदेश
लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज लखनऊ स्थित अपने आवास पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विद्युत कनेक्शन से जुड़े प्रकरण, विद्युत बिलों में त्रुटि सुधार, सीवर लाइन की समस्याएं, नवीन निर्माण कार्यों की स्वीकृति, क्षतिपूर्ति भुगतान तथा अन्य स्थानीय जनसमस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न होकर परिणामोन्मुखी होनी चाहिए, जिससे नागरिकों को वास्तविक राहत मिल सके। विद्युत एवं नगर विकास से जुड़े मामलों में तकनीकी कारणों का हवाला देकर अनावश्यक विलंब न करने के भी निर्देश दिए गए।
मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का समाधान करें तथा आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों और शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बनी रहे।
जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा किए जाने की भी बात कही गई, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आईटीबी बर्लिन में दिखेगी उत्तर प्रदेश पर्यटन की सशक्त मौजूदगी, समृद्ध विरासत का होगा भव्य प्रदर्शन
* 03 से 05 मार्च तक आयोजित आईटीबी बर्लिन-2026 में मनेंगे 60 वर्षों की गौरवशाली विरासत के उत्सव

लखनऊ। विश्व पर्यटन उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित मंच आईटीबी बर्लिन-2026 में उत्तर प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पर्यटन संभावनाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने को तैयार है। 03 से 05 मार्च तक जर्मनी की राजधानी Berlin में आयोजित ‘इंटरनेशनल टूरिज्म-बोर्से बर्लिन’ में पर्यटन विशेषज्ञों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के समक्ष उत्तर प्रदेश अपने विविध पर्यटन स्थलों, पर्यटन सर्किट्स, वेलनेस एवं एडवेंचर टूरिज्म की व्यापक झलक प्रस्तुत करेगा।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि आयोजन बर्लिन एक्सपो सेंटर सिटी (मेसे डैम 22) में होगा। वर्ष 1966 से आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय मेला वैश्विक यात्रा एवं पर्यटन उद्योग का अग्रणी मंच रहा है। इस वर्ष यह अपने 60 वर्षों की गौरवशाली विरासत का उत्सव मना रहा है।

* आईटीबी बर्लिन-2026 की थीम
इस वर्ष की थीम ‘Discover the Stories Behind 60 Years of Legacy’ रखी गई है, जो वैश्विक पर्यटन उद्योग के विकास, नवाचार, साझेदारी और प्रेरक उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत करेगी। यह थीम अतीत की विरासत को सम्मान देते हुए भविष्य की दिशा तय करने का संदेश देती है।* बदलती प्राथमिकताएं और उभरते रुझान
आईटीबी बर्लिन-2026 में प्रदर्शनी को भौगोलिक सीमाओं से आगे बढ़ाते हुए विभिन्न बाजार खंडों में विभाजित किया गया है। इनमें एडवेंचर टूरिज्म, बिजनेस ट्रैवल, एलजीबीटीक्यू+ ट्रैवल, लग्जरी ट्रैवल, मेडिकल टूरिज्म तथा ट्रैवल टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसका उद्देश्य पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों और विभिन्न श्रेणी के यात्रियों को उनकी रुचि और आवश्यकताओं के अनुरूप अवसर प्रदान करना है।

* ‘वैश्विक मंच पर प्रदर्शित होंगी प्रदेश की पर्यटन संभावनाएं’
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में उत्तर प्रदेश पर्यटन भव्य पवेलियन के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करेगा। पवेलियन में अंग्रेजी एवं स्थानीय भाषा में साइनेज एवं डिस्प्ले लगाए जाएंगे।
प्रमुख पर्यटन सर्किट्स एवं वेलनेस टूरिज्म की जानकारी
इन माध्यमों से उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पर्यटन, प्राकृतिक स्थलों और निवेश संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि आईटीबी बर्लिन-2026 के माध्यम से उत्तर प्रदेश का पर्यटन विजन दुनिया से संवाद करेगा और वैश्विक साझेदारियों को नई दिशा प्रदान करेगा।
सीएम योगी का जापान दौरा: यूपी-यामानाशी के बीच ग्रीन हाइड्रोजन पर ऐतिहासिक समझौता
यामानाशी (जापान)/लखनऊ। जापान दौरे पर गए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए जापान के यामानाशी प्रांत के साथ ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक को लेकर ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत तकनीक के क्षेत्र में नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।
यामानाशी में आयोजित यूपी इन्वेस्टमेंट रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने अपनी कार्यशैली को ‘रिएक्टिव’ से बदलकर ‘प्रोएक्टिव’ बनाया है, जो प्रदेश की तीव्र आर्थिक प्रगति का आधार बना है।
* ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक में सहयोग
एमओयू के तहत उत्तर प्रदेश के उच्च तकनीकी संस्थानों के छात्र जापान में उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्राप्त तकनीक को प्रदेश की इंडस्ट्री, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ऊर्जा क्षेत्र में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री मोदी के के ‘नेट जीरो’ लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टोक्यो में जी2जी (गवर्नमेंट टू गवर्नमेंट) और जी2बी (गवर्नमेंट टू बिजनेस) बैठकों के दौरान जापानी उद्योग समूहों के साथ व्यापक संवाद हुआ। भारतीय दूतावास के सहयोग से निवेश संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई।
* रोबोटिक्स और भविष्य की तकनीक पर जोर
मुख्यमंत्री ने रोबोटिक्स को भविष्य की प्रमुख तकनीक बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने बजट में रोबोटिक्स के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की व्यवस्था की है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच यह सहयोग भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाई देगा।
* उत्तर प्रदेश की विकास गाथा
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 25 करोड़ की आबादी वाला उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य है, जहां उर्वर भूमि, प्रचुर जल संसाधन और विशाल मानव संसाधन उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने बीते वर्षों में प्रति व्यक्ति आय और अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है। आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
* ‘रिएक्टिव से प्रोएक्टिव’ मॉडल बना आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले समस्याओं पर प्रतिक्रिया देने वाली व्यवस्था थी, जबकि अब प्रदेश ने प्रोएक्टिव गवर्नेंस मॉडल अपनाया है। निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को सुविधाएं देने और वैश्विक साझेदारी बढ़ाने की दिशा में सरकार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
* प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति
इस अवसर पर यामानाशी प्रांत के राज्यपाल Kotaro Nagasaki, उपराज्यपाल Junichi Ishidera, उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक सहित दोनों देशों के उद्योग प्रतिनिधि और भारतीय समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने यामानाशी प्रशासन और जापान सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह साझेदारी ऊर्जा आत्मनिर्भरता और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।
महोबा में भीषण हादसा: शादी से लौट रहीं चार महिलाओं को लोडर ने रौंदा, तीन की मौत
लखनऊ /महोबा। शादी समारोह से खाना बनाकर घर लौट रहीं चार महिलाओं को तेज रफ्तार लोडर ने कुचल दिया। हादसा गुरुवार तड़के करीब तीन बजे महोबा-छतरपुर रोड पर मां बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर के पास हुआ। दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के भटीपुरा मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय श्यामरानी, 65 वर्षीय तुलसा, 35 वर्षीय गीता और 50 वर्षीय भगवती बुधवार रात महोबा-छतरपुर रोड किनारे स्थित मीना पैलेस में शादी समारोह में खाना बनाने गई थीं। तड़के चारों महिलाएं पैदल अपने घर लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें टक्कर मार दी।
राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल महोबा लाया गया, जहां सिर में गंभीर चोट के कारण श्यामरानी को मृत घोषित कर दिया गया। गीता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में भगवती और तुलसा को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन झांसी ले जाते समय रास्ते में भगवती की भी मौत हो गई। तुलसा का उपचार जारी है।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बरसाना होली ड्यूटी में ईमानदारी की मिसाल: PAC जवानों ने लौटाया मोबाइल व ₹7,530 नकद, एडीजी पीएसी ने की सराहना

बरसाना (जनपद मथुरा)। विश्वप्रसिद्ध बरसाना होली के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पीएसी जवानों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। दिनांक 25 फरवरी 2026 को बरसाना होली ड्यूटी के तहत डी दल, 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का व्यवस्थापन राधा कृष्ण कॉलेज ऑफ एजुकेशन, छाता रोड पर किया गया था। क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे।

एक पॉलीथिन लावारिस हालत में पड़ी मिली

ड्यूटी के दौरान दलनायक कमलेश ठाकुर और पीसी श्री लक्ष्मण सिंह को परिसर के आसपास गश्त करते समय एक पॉलीथिन लावारिस हालत में पड़ी मिली। जांच करने पर उसमें एक मोबाइल फोन, ₹7,530 नकद राशि और कुछ महत्वपूर्ण पहचान पत्र मिले।दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई, जिसके आधार पर सामान के स्वामी की पहचान श्री अमन शर्मा, निवासी बरसाना के रूप में हुई। तत्पश्चात संबंधित व्यक्ति को संपर्क कर मौके पर बुलाया गया।

पीएसी जवानों की सजगता से संपत्ति की सुरक्षित बचा

पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल फोन, ₹7,530 की नकद धनराशि तथा सभी आईडी कार्ड सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दिए गए।सार्वजनिक आयोजन के दौरान अक्सर ऐसी वस्तुएं गुम हो जाती हैं, लेकिन पीएसी जवानों की सजगता और ईमानदारी के चलते एक नागरिक की महत्वपूर्ण संपत्ति सुरक्षित वापस मिल सकी। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की सराहना की।

एडीजी पीएसी डा. रामकृष्ण स्वर्णकार  ने की सराहना

इस सराहनीय कार्य पर एडीजी पीएसी डा. रामकृष्ण स्वर्णकार ने दोनों कर्मियों की ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की प्रशंसा की। उन्होंने सेनानायक, 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा को निर्देशित किया कि संबंधित जवानों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाए, ताकि अन्य कर्मियों को भी सकारात्मक संदेश मिल सके।बरसाना होली जैसे विशाल आयोजनों में जहां सुरक्षा बलों की भूमिका चुनौतीपूर्ण होती है, वहीं इस तरह की घटनाएं पुलिस बल की मानवीय और जिम्मेदार छवि को और मजबूत करती हैं।
लखनऊ में BSP विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर IT रेड खत्म, 10 करोड़ नकदी बरामद
लखनऊ । राजधानी लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर बुधवार से चल रही आयकर विभाग की छापेमारी गुरुवार को समाप्त हो गई। सूत्रों के मुताबिक, उनके आवास से करीब 10 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है। हालांकि उनके कार्यालय और अन्य ठिकानों पर कार्रवाई अभी जारी है। गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित आवास पर जांच पूरी कर ली गई है।

30 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ, बलिया, सोनभद्र, कौशांबी, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत 30 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापे मारे गए। 50 से ज्यादा अधिकारियों की टीमें सुबह 11 बजे से देर रात तक जांच में जुटी रहीं। खबर लिखे जाने तक तीन करोड़ रुपये से अधिक की नकदी की गिनती हो चुकी थी, जो बाद में बढ़कर करीब 10 करोड़ बताई जा रही है।

आयकर विभाग की टीमों ने छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कॉरपोरेट ऑफिस और वजीर हसन रोड स्थित करीबी ठेकेदार फैजी के ठिकानों को भी खंगाला। इसके अलावा सोनभद्र में साईं राम इंटरप्राइजेज के नाम से खनन कारोबार से जुड़े सीबी गुप्ता समेत कई कारोबारियों के यहां भी जांच जारी है।

अवैध खनन से जुड़े दस्तावेज मिलने की चर्चा

बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। आयकर विभाग को सोनभद्र और मिर्जापुर में बीते वर्षों के अवैध खनन से जुड़े दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनमें कथित तौर पर कुछ अधिकारियों के नाम और भुगतान का उल्लेख है।गौरतलब है कि बीते वर्ष भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात सामने आई थी। माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।

बरातियों के अंदाज में पहुंची टीम

बलिया में विधायक के आवास पर छापा मारने के लिए आयकर विभाग ने अलग रणनीति अपनाई। टीम सरकारी गाड़ियों के बजाय शादी वाले स्टिकर लगी निजी गाड़ियों से पहुंची, ताकि किसी को शक न हो। ‘महेंद्र कुमार संग संगीता कुमारी’ नाम के स्टिकर लगाकर अधिकारी चुपचाप आवास तक पहुंचे और कार्रवाई शुरू कर दी।फिलहाल आयकर विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है और कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
होली के बाद तपेगा यूपी, मार्च के पहले सप्ताह में 35°C तक पहुंचेगा पारा
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में होली के बाद गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में पिछले चार–पांच दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया बुधवार को 15 से अधिक जिलों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। लखनऊ में अधिकतम तापमान 30.4°C और न्यूनतम 15.4°C रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को दिन और रात के तापमान में करीब दो डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि शनिवार तक अधिकतम तापमान 32°C और 4 मार्च तक 34-35°C तक पहुंच सकता है। बांदा में भी पारा 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा प्रदेश में बुधवार को हमीरपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2°C दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी और बांदा में भी पारा 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रशांत महासागर में सक्रिय ला नीना के कमजोर पड़ने का असर उत्तर भारत के मौसम पर दिख रहा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन में तपिश बढ़ेगी और गर्मी का असर तेज बना रहेगा।
“जिस बेटे के लिए जिए… उसी ने ले ली जान”
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में शराब कारोबारी और पैथोलॉजी संचालक मानवेंद्र सिंह (49) की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस हत्याकांड में आरोपी उनका बेटा अक्षत प्रताप सिंह (21) है, जिसकी बेरुखी और वारदात के बाद का व्यवहार हर किसी को हैरान कर रहा है।

हत्या के बाद सामान्य बनने की कोशिश

पुलिस के अनुसार पिता की गोली मारकर हत्या करने के बाद भी अक्षत के चेहरे पर जरा भी पछतावा नहीं था। उसने घर का माहौल सामान्य बनाए रखने की कोशिश की। बाजार से पनीर और मिठाई खरीदकर लाया। चाची को पनीर दिया, खाना बनवाया और परिवार के साथ बैठकर सामान्य ढंग से भोजन किया। यहां तक कि मिठाई भी बांटी, ताकि किसी को शक न हो कि घर के भीतर इतनी खौफनाक वारदात हो चुकी है।

बहन को दी जान से मारने की धमकी

घटना के समय कक्षा 11 की छात्रा कृति भी कमरे में मौजूद थी। पिता की हत्या के बाद अक्षत ने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे भी मार देगा। डर के साये में जी रही कृति 20 फरवरी को परीक्षा देने स्कूल भी गई, लेकिन उसने किसी से कुछ साझा नहीं किया। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि मानवेंद्र अपनी बेटी से बेहद प्रेम करते थे और बच्चों की खातिर उन्होंने दूसरी शादी नहीं की थी।

शव के टुकड़े कर फेंके अंग

मामले के मुताबिक, 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हुआ। गुस्से में आकर अक्षत ने लाइसेंसी राइफल से पिता को गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने शव को तीसरी मंजिल से घसीटकर नीचे लाया। पहले कार से गोमती नदी में फेंकने की योजना बनाई, लेकिन वजन अधिक होने से असफल रहा। फिर आरी खरीदकर शव के टुकड़े किए। दोनों हाथ और पैर पारा के सदरौना इलाके में फेंक दिए, जबकि सिर सहित धड़ को नीले ड्रम में छिपा दिया। इससे पहले कि वह धड़ को भी ठिकाने लगा पाता, पुलिस को सुराग मिल गया।

गुमशुदगी से खुला राज

21 फरवरी को आशियाना थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज हुई। जांच के दौरान जब पुलिस ने अक्षत से सख्ती से पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अंतिम संस्कार में नहीं मिला अधिकार

मानवेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार वीआईपी रोड स्थित बैकुंठ धाम में किया गया। मुखाग्नि उनके भतीजे कृत सिंह ने दी। परिवार में कोहराम मचा रहा। मां बार-बार बेसुध हो रही थीं। पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

जेल में अजीब व्यवहार

जिला कारागार भेजे जाने के बाद अक्षत बार-बार कहता रहा, “पापा ने मुझे मारा तो मैंने उन्हें मार दिया… मैं गिर जाऊंगा।” उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए जेल प्रशासन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज और काउंसिलिंग जारी है।

पुलिस का बयान

डीसीपी मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता द्वारा पढ़ाई का दबाव बनाए जाने से आरोपी नाराज था।
आशियाना पुलिस ने बहन कृति से भी पूछताछ की, लेकिन उसकी किसी भी प्रकार की भूमिका सामने नहीं आई है।

यह हत्याकांड न सिर्फ लखनऊ बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है—एक पिता, जिसने बच्चों की खातिर अपना जीवन समर्पित किया, उसी बेटे के हाथों मौत का शिकार हो गया।
लखनऊ में पिता की हत्या कर शव के टुकड़े करने वाला बेटा गिरफ्तार
लखनऊ । राजधानी लखनऊ के थाना आशियाना क्षेत्र में अपने ही पिता की हत्या कर शव के टुकड़े कर छिपाने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने नीट परीक्षा को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद अपने पिता को उनकी ही लाइसेंसी रायफल से गोली मार दी थी।

मानवेंद्र सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना आशियाना में दर्ज कराई

23 फरवरी 2026 को अक्षत प्रताप सिंह (21) निवासी सेक्टर-एल, एलडीए कॉलोनी, आशियाना ने अपने पिता मानवेंद्र सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना आशियाना में दर्ज कराई। गुमशुदगी संख्या 06/2026 पंजीकृत की गई।जांच के दौरान पुलिस को अक्षत का बयान संदिग्ध लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर वह टूट गया और पिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

अपराध का खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 20 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 4:30 बजे नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने अपने पिता को उनकी लाइसेंसी .315 बोर रायफल से गोली मार दी।

चाकू और आरी से शव के हाथ-पैर काटे

हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से चाकू और आरी से शव के हाथ-पैर काटे। कटे अंगों को पॉलिथीन में लपेटकर नादरगंज क्षेत्र में नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया, जबकि शेष शव को नीले प्लास्टिक ड्रम में घर के अंदर छिपा दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई।

पंजीकृत अभियोग

मु0अ0सं0 51/2026 धारा 103(1)/238/217 बीएनएस एवं धारा 4/9/25/27 आर्म्स एक्ट, थाना आशियाना, लखनऊ।पुलिस उपायुक्त मध्य के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी को 24 फरवरी 2026 को शाम 6:10 बजे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर निम्न बरामदगियां हुईं—

नीले ड्रम से शेष शव

नादरगंज नहर किनारे से कटे हाथ-पैर

ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे ट्रैक के पास से 2 चाकू व 2 आरी

अनौरा जंगल, सरोजनीनगर से जली चादर व राख

हत्या में प्रयुक्त .315 बोर लाइसेंसी रायफल, कारतूस व अन्य साक्ष्य

अपराध का तरीका

पारिवारिक विवाद के चलते लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर हत्या, फिर साक्ष्य छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंकना और पुलिस को भ्रमित करने के लिए स्वयं गुमशुदगी दर्ज कराना।

गिरफ्तार अभियुक्त

अक्षत प्रताप सिंह (21 वर्ष)
निवासी सेक्टर-एल, मकान नं. 91, एलडीए कॉलोनी, थाना आशियाना, लखनऊ

गिरफ्तारी करने वाली टीम

प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह सहित थाना आशियाना की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
यह मामला राजधानी लखनऊ में पारिवारिक विवाद से उपजे एक जघन्य अपराध के रूप में सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
जानकीपुरम विस्तार में आवासीय भू-उपयोग पर तीन मंजिला व्यावसायिक निर्माण का आरोप, जोन–5 के अधिकारियों पर मिलीभगत के दावे
लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम विस्तार स्थित सेक्टर–6 में कथित रूप से आवासीय भू-उपयोग की भूमि पर तीन मंजिला व्यावसायिक भवन का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि यह निर्माण कार्य ज़ोन–5 के अधिकारियों की मिलीभगत से खुलेआम किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 60 फीट रोड पर भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप से पहले, बाला जी स्वीट्स के सामने वाली गली में यह निर्माण कार्य जारी है। आरोप है कि निर्माणकर्ता विशाल सिंह द्वारा नियमों को दरकिनार कर व्यावसायिक भवन खड़ा किया जा रहा है, जबकि संबंधित भूखंड का भू-उपयोग आवासीय श्रेणी में दर्ज है।
स्थानीय सूत्रों का यह भी दावा है कि प्रति फ्लोर के हिसाब से कथित रूप से ‘सेटिंग’ तय की गई है। आरोपों में यह भी कहा जा रहा है कि इस मामले में ज़ोन–5 के अवर अभियंता की भूमिका संदिग्ध है तथा कथित तौर पर हिस्सा ऊपर तक पहुंचने की बात कही जा रही है। ज़ोनल प्रभारी के स्तर तक मामले में जानकारी और हिस्सेदारी पहुंचने के भी दावे किए जा रहे हैं।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।
स्थानीय निवासियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक निर्माण को इसी तरह संरक्षण मिलता रहा तो क्षेत्र की मूल संरचना और नागरिक सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है और क्या निर्माण कार्य की वैधता की जांच कराई जाती है या नहीं।