हजारीबाग में निकलेगी भव्य श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज शोभायात्रा, तैयारियां पूरी

हजारीबाग - श्याम भक्त परिवार हजारीबाग के द्वारा आयोजित होने वाली श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज शोभायात्रा को लेकर समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पूरे शहर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। मंगलवार को यह भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा शहर की सड़कों पर श्याम नाम की गूंज के साथ निकलेगी। कार्यक्रम से एक दिन पूर्व सोमवार को आयोजन स्थल पर अत्यंत भक्तिमय दृश्य देखने को मिला। महिलाओं ने सामूहिक रूप से प्रभु श्री श्याम के पावन निशान की विधिवत रूप से उसकी सज्जा का कार्य किया। प्रभु श्री श्याम के मधुर भजनों को गुनगुनाते हुए महिलाएं पूरी श्रद्धा और समर्पण भाव से निशान को सजा रही थीं। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा और जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गूंजायमान हो उठा। मोर पंख, गेंदा फूल, रंगीन वस्त्र एवं आकर्षक सजावटी सामग्री से निशान को भव्य और मनोहारी स्वरूप प्रदान किया गया। भक्ति में लीन महिलाओं के चेहरों पर उत्साह और आस्था की चमक स्पष्ट झलक रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा वातावरण श्याममय हो उठा हो। वहीं दूसरी ओर आयोजक मंडली के सदस्य भी कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु अंतिम तैयारियों में जुटे रहे। शोभायात्रा की सुसज्जित रथ की तैयारी, झांकियों की व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। आयोजक मंडली के सदस्यों ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज शोभायात्रा को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का हमारा संकल्प है। विशेष प्रसन्नता की बात है कि इस बार यात्रा नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर से निकाली जा रही है, जो सभी श्याम भक्तों के लिए गर्व और आस्था का विषय है। हम सभी शहरवासियों से आग्रह करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाएं और प्रभु श्री श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें। आयोजकों के अनुसार प्रातः 9:00 बजे नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत शोभायात्रा प्रारंभ होगी। सुसज्जित रथ पर विराजमान प्रभु श्री श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न होगी। श्याम भक्त परिवार हजारीबाग ने समस्त श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस भव्य आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

नगर निगम चुनाव 2026

नगर निगम चुनाव 2026 के तहत आज सभी वार्डों में चल रही मतदान प्रक्रिया का उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन द्वारा निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस बलों को सतर्क रहने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में सभी नागरिक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन ने बताया कि सभी वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है।

संत कोलंबस कॉलेज, हजारीबाग में संचालित डिस्पैच सेंटर का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

23 फरवरी को प्रस्तावित नगर निगम चुनाव के मद्देनजर संत कोलंबस कॉलेज, हजारीबाग परिसर में संचालित डिस्पैच सेंटर का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पोलिंग पार्टियों से मिलकर चुनाव संबंधी तैयारियों एवं संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदान कर्मियों द्वारा सामग्री मिलान की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा मतपेटिका को खोलने एवं बंद करने की विधि की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी प्रक्रियाएँ निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएं ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भी उपस्थित रहे और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण उपरांत उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए डिस्पैच सेंटर में चल रही गतिविधियों की जानकारी साझा की तथा सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

24 फरवरी को निकलेगी भव्य श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा, तैयारियां अंतिम चरण में

हजारीबाग - श्याम भक्त परिवार हजारीबाग के द्वारा 24 फरवरी को आयोजित होने वाली श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में शनिवार देर शाम आयोजन समिति की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत प्रभु श्री श्याम के जयकारों के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बैठक में शोभायात्रा की शुरुआत से लेकर समापन तक की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। निर्णय लिया गया कि प्रभु श्री श्याम भव्य एवं आकर्षक रूप से सुसज्जित रथ पर विराजमान रहेंगे। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, हनुमान एवं लंगूर का स्वरूप धारण किए कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। ढोल-नगाड़ों एवं भक्ति संगीत के साथ महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु हाथों में बाबा का पावन निशान लेकर श्रद्धा और उल्लास के साथ यात्रा में सम्मिलित होंगे। यह भव्य शोभायात्रा प्रातः 9:00 बजे प्रभु श्री श्याम के नवनिर्मित मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। आयोजन मंडली ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से संपन्न होगा। विशेष हर्ष का विषय यह है कि इस बार यात्रा प्रभु श्री श्याम के नवनिर्मित मंदिर से निकाली जा रही है, जिससे श्याम भक्तों में विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है।

श्याम भक्त परिवार हजारीबाग ने समस्त नगरवासियों एवं श्याम प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा को सफल बनाएं तथा धर्म लाभ प्राप्त करें।

गरीब बेटियों की शादी कराना गुनाह नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी है — सांसद मनीष जायसवाल

हजारीबाग के विशेश्वर दयाल जायसवाल पथ स्थित सांसद सेवा कार्यालय में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि वह समाजसेवी नहीं, जनता का सेवक हैं। वह क्षेत्र की जनता को कुछ दे या दिला रहे हैं, तो बदले में उनसे वोट, आशीर्वाद और जरूरतमंदों के हितार्थ सहयोग भी लेते हैं। ऐसे में वह गरीब, लाचार और बेसहारा बेटियों की शादी करा रहे हैं, तो कोई गुनाह नहीं कर रहे हैं। यह उनका ही नहीं, सभी का सामाजिक और नैतिक दायित्व बनता है। यह बात उन्होंने रविवार को एक प्रेस-कॉन्फ्रेंस में कही। उन्होंने कहा कि अगर इन बेटियों की शादी के लिए विभिन्न स्रोतों से खर्च जुटा रहे हैं, तो क्या गलत कर रहे हैं। हर जनप्रतिनिधि का दायित्व और कर्तव्य है कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) और सोशल रेसपोंसिबिलिटी इनिशिएटिव के लिए कंपनियों से पहल करें। उन्होंने भी यही किया। रामगढ़ में पिछले दिनों 101 बेसहारा, लाचार और गरीब बेटियों की शादी कराई, तो उन्होंने कंपनियों से उन्हीं सीएसआर मद से सहयोग मांगा। उनकी पहल पर कई लोगों ने व्यक्तिगत आगे बढ़कर स्वेच्छा से शादी में मदद की। एक बुजुर्ग महिला ने तो मंदिर के लिए जुटाए पैसे इन बेटियों की विदाई के वक्त साड़ियों में खर्च कर दी। नकद कुछ भी लेन-देन नहीं हुआ है और जिन्होंने भी सहयोग किया जोड़ों को उपहार में दिए गए सामग्री में उनका नाम अंकित किया गया ।ऐसे में एक कंपनी द्वारा आरटीआई के तहत मांगी गई सूचना को गलत तरीके से सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कर ऐसे भावनात्मक और सामाजिक कार्यों पर सवाल उठाना मानसिक दिवालियापन है। बड़कागांव में दो पीढ़ियों से बागडोर संभालनेवाले सस्ती लोकप्रियता के लिए ऐसा सवाल उठा या उठवाकर लोगों को बरलगला रहे हैं। लेकिन जनता सब जानती है। ऐसी पहल कर सामूहिक शादियां कराना अगर गुनाह है, तो वह बार-बार ऐसा गुनाह करेंगे। जिन्हें आकर रोकना है, रोक लें। ऐसे सामाजिक कार्यों के लिए वह हर फोरम पर जाएंगे, जहां से सहयोग मिलने के आसार हैं। 

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि जिंदगी में जिन्होंने सिर्फ अपने लिए रैयतों के आंदोलन को बरगलाया, वह एक शादी करा कर नजीर पेश करना चाहते हैं। वह भी उन्हीं के नक्शेकदम को अख्तियार कर कम-से-कम एक शादी तो कराई। वह तो कहते हैं कि हर सक्षम परिवार सिर्फ एक विवश बेटी के हाथ पीले करें, तो कोई गरीब बेटी अविवाहित नहीं रहेगी। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि हर माता-पिता अपनी बेटी को उपहार के साथ विदा करते हैं। सवाल उठाने वाली पूर्व जनप्रतिनिधि की शादी में भी ऐसा ही होगा। उन्हें आमंत्रित किया गया, तो वह भी उन्हें उपहार देंगे। इस स्नेह के उपहार को दहेज का नाम देना सही नहीं है। दहेज मांगना अपराध है, उपहार देना कोई क्राइम नहीं। सस्ती लोकप्रियता के लिए एक आरटीआई का उपयोग इस क्षेत्र में 15 वर्षों तक प्रतिनिधित्व करने वाले एक राजनीतिक परिवार से गहरा नाता रखने वाले एक व्यक्ति के द्वारा सुनियोजित राजनीतिक एजेंडे के तहत किया जा रहा है। लेकिन ऐसे कुत्सित मानसिकता के लोगों को क्षेत्र की जनता समझ चुकी है और नकार भी रही है। 

सांसद ने 17 वर्षों में किए गए सामाजिक कार्यों के पेश किए उदाहर

सांसद मनीष जायसवाल ने पिछले 17 वर्षों में बतौर जनप्रतिनिधि जनता के लिए किए गए उदाहरण पेश किए। सांसद ने बताया कि पिछले दो वित्तीय वर्ष में कुल करीब 35 पत्र विभिन्न कंपनियों को सीएसआर के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए लिखा गया। इसमें राष्ट्र की कई कंपनियों द्वारा मेरे अनुशंसा पत्र पर विचार करते हुए उसे पर कार्य किया। विशेषकर ओएनजीसी लिमिटेड द्वारा रामगढ़ की छह पंचायत में 60 स्ट्रीट लाइट और चौपारण में 58 स्ट्रीट लाइट यानी कुल 118 स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठान कराया गया। सेंट्रल माइन प्लैनिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट द्वारा दारू प्रखंड की सभी पंचायत में 193 स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठान कार्य जारी है। गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा दुलमी रामगढ़ में 450 महिलाओं को पोषण किट वितरण किया गया। नुमलीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड द्वारा 6 स्कूलों में स्पोर्ट्स किट वितरण किया गया। गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा रामगढ़ एवं हजारीबाग के विभिन्न प्रखंडों के 25 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का अधिष्ठान कार्य प्रगति पर है। 211 ऑक्टागोनल 40 वाट स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठान कार्य प्रगति पर है। सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट द्वारा दारू प्रखंड की सभी पंचायतों में 193 स्ट्रीट लाइट अधिष्ठान कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। ओएनजीसी लिमिटेड के सहयोग से चुरचू प्रखंड की सभी पंचायतों में 167 स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन कार्य पूर्ण हो गया। कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा विष्णुगढ़ प्रखंड की सभी पंचायत के सार्वजनिक स्थानों में 42 सोलर मिनी मास्ट लाइट का कार्य शुरू हो गया है। एनवीवीएन के सहयोग से हजारीबाग के चयनित प्रखंडों के 48 विद्यालयों में स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के सहयोग से पदमा प्रखंड की सभी पंचायतों के सार्वजनिक स्थानों पर 25 मिनी मास्ट लाइट अधिष्ठान का कार्य जारी है। बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से चौपारण के बी.एस.एस.उच्च विद्यालय में तीन स्मार्ट क्लास का अधिष्ठापन किया जा चुका है। 

इन कंपनियों को सीएसआर के तहत हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में कार्य का किया आग्रह, कई पर हुई पहल : सांसद

सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि जिन कंपनियों को सीएसआर के तहत क्षेत्र के जनहितकारी योजनाओं के संबंध में पत्राचार किया उनमें डीवीसी, कोनार डैम, एनटीपीसी रांची, एनटीपीसी चट्टी बारियातू कोल परियोजना, एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोल परियोजना, सीसीएल पिपरवार, चंद्रगुप्त परियोजना, ऑयल एंड नेचुरल गैस लिमिटेड, सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड, गैस अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड ( गेल), नुमालीगढ़ रिफायनरी लिमिटेड (एनआरएल), ऑयल एंड नेचुरल गैस लिमिटेड (ओएनजीसी), एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (एएआई), बैंक ऑफ़ इंडिया, सेंट्रल माइन प्लैनिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआईएल), नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड एनटीपीसी (वीवीएनएल), इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा, आरआईटीईएस, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल), भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल, केनरा बैंक, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचपीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड, इंडियन रेलवे कंस्ट्रक्शन इंटरनेशनल लिमिटेड, मेकॉन लिमिटेड, मंगलोर रिफायनरी एंड पेट्रोकेमिकल लिमिटेड, ऑयल इंडिया लिमिटेड, पेट्रोलियन एलएनजी लिमिटेड सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं। आगे भी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए स्पोर्ट्स किट, एजुकेशन, हेल्थ, महिला सशक्तीकरण, ऊर्जा समेत विभिन्न आधारभूत संरचनाओं के लिए पहले से कहीं अधिक बढ़-चढ़कर कंपनियों से पहल करते रहेंगे ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचता रहे। जितने कंपनियों को उन्होंने सर और कम्युनिटी डेवलपमेंट इनीशिएटिव्स के तहत पत्र लिखा उसे प्रेस-वार्ता में प्रदर्शित किया और कहा कि हजारीबाग लोक सभा क्षेत्र के बतौर सांसद एवं एक सजग जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र में क्रियान्वित सरकारी योजनाओं का मॉनेटरी और क्रियान्वयन में ध्यान रखने के साथ हमारा यह दायित्व है कि अन्य सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी स्तर के कंपनियों के सहयोग से समाज के गरीब, जरूरतमंद और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा में बढ़- चढ़कर हिस्सा ले सकूं और इस दिशा में हमेशा सकारात्मक पहल करता हूं और करता रहूंगा। सांसद मनीष जायसवाल ने बड़कागांव के एक राजनीतिक परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग उनके गरीब कल्याण के सेवा कार्य में सवाल उठा रहे हैं उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में इन कॉल कंपनियों का आवंटन इन्हीं के कांग्रेस की सरकार के राज में हुआ और तथाकथित आंदोलन के नाम पर इन्होंने निजी स्वार्थों की पूर्ति और सौदेबाजी की है। उन्होंने कहा कि जब वे सांसद बने तो यहां कंपनियां कार्य कर रही है और इस क्षेत्र की जनता को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया कि वे सड़क से लेकर सदन तक आपके हर जरूरी मुद्दे को उठा रहे हैं और भविष्य में भी उठाएंगे ।

प्रेसवार्ता में रही गणमान्य लोगों की उपस्थिति

मौके पर विशेष रूप से इस प्रेस- वार्ता में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल मिश्रा, बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, बड़कागांव पश्चिमी भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवशंकर कुमार मेहता उर्फ़ शिबू मेहता, बड़कागांव पूर्वी भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय यादव, केरेडारी के भाजपा नेता सह भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य महेंद्र सिंह, केरेडारी के वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश गुप्ता, नकुल साव, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, जिला योजना के सांसद प्रतिनिधि अनूप कुमार, भाजपा नेता बंटी तिवारी, सांसद कार्या

हजारीबाग नगर निकाय चुनाव: विकास कुमार राणा ने जारी किया “जन प्रतिबद्धता पत्र”, 50 वर्षों के विकास का रोडमैप पेश

हजारीबाग: नगर निकाय चुनाव को लेकर महापौर प्रत्याशी विकास कुमार राणा ने अपना “जन प्रतिबद्धता पत्र” जारी करते हुए शहर के समग्र विकास का रोडमैप जनता के सामने रखा है। उन्होंने इसे पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त और योजनाबद्ध नगर प्रशासन की दिशा में ठोस पहल बताया।

जारी घोषणा पत्र में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शहर में सीसीटीवी का अधिष्ठापन एवं जोन आधारित मॉनिटरिंग की व्यवस्था का वादा किया गया है साथ ही फुटपाथ दुकानदारों के लिए समुचित व्यवस्था कर उनकी रोजमर्रा की आजीविका में किसी प्रकार की बाधा न आने देने की बात कही गई है। शहर की नालियों की समुचित सफाई और प्रबंधन, सदर अस्पताल के सामने बहुंजिला इमारत बनाकर पार्किंग जोन तथा फुटपाथ दुकानदारों को दुकान आवंटन की योजना भी प्रमुख बिंदुओं में शामिल है।

विकास कुमार राणा ने कहा कि हजारीबाग के बढ़ते विस्तार और जनसंख्या घनत्व को देखते हुए आगामी 50 वर्षों की आवश्यकता के अनुरूप आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं में बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का आश्वासन भी उन्होंने दिया।

घोषणा पत्र में विद्यार्थियों के लिए वाई-फाई युक्त उन्नत लाइब्रेरी, 24 घंटे कार्यरत हेल्पलाइन नंबर, प्रत्येक वार्ड पार्षद को बिना भेदभाव पूर्ण सहयोग, नगर निगम कार्यालय में बेहतर कार्यप्रणाली और अफसरशाही पर अंकुश लगाने का संकल्प शामिल है। बंद पड़े रिंग रोड की बाधाओं को दूर कर उसे पूर्ण कराने तथा निगम कार्यालय में महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुविधा देने की बात भी कही गई है। शहर में जगह-जगह शौचालय निर्माण का वादा भी किया गया है।

“पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त निगम” के लक्ष्य के तहत उन्होंने हजारीबाग को पुनः “हजार बागों का शहर” के रूप में स्थापित करने, सभी उद्यानों के सौंदर्यीकरण एवं फव्वारा युक्त लाइटिंग की व्यवस्था, हजारीबाग झील तथा अन्य तालाबों के जीर्णोद्धार, प्रत्येक वार्ड में बिजली की अंडरग्राउंड केबलिंग और सोलर लाइट अधिष्ठापन का संकल्प दोहराया।

इसके अलावा निगम क्षेत्र के प्रत्येक घर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा प्राथमिकता के आधार पर सड़कों एवं जर्जर गलियों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की घोषणा भी की गई है।

विकास कुमार राणा ने कहा कि यह घोषणा पत्र केवल वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि हजारीबाग के उज्ज्वल भविष्य की कार्ययोजना है। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र की जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास ही उनकी प्राथमिकता होगी। इस मौके पर झामुमो नेता मनोज चंद्रा, सतीश नारायण दास, राजीव वर्मा, राजदेव यादव, श्वेता दुबे समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे.

नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर पुलिस लाइन में ब्रीफिंग आयोजित

निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने को लेकर सेक्टर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिए गए दिशा निर्देश

नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी सेक्टर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, चौकीदार, होमगार्ड एवं जैप के जवानों के लिए विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य कर्मियों का टैगिंग सुनिश्चित कर दिया गया है। सभी संबंधित पदाधिकारी मतपत्र प्राप्ति से लेकर मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने तथा मतदान पेटी को सुरक्षित रूप से बज्रगृह में जमा करने तक एक साथ कार्य करेंगे।

उन्हें वाहनों के उपयोग के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा स्पष्ट रूप से कहा गया कि निर्धारित रूट चार्ट का अनुपालन अनिवार्य रूप से करें। पोलिंग पार्टी एवं पेट्रोलिंग पार्टी को समन्वय के साथ टीम भावना में कार्य करने का निर्देश दिया गया। सभी कर्मियों को अपने कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करने को कहा गया।

किसी भी प्रकार की समस्या या विशेष परिस्थिति की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को देने का निर्देश दिया गया। जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर: 8002529349 / 06546-291842 है।

सभी सेक्टर दंडाधिकारी को मतदान दिवस पर अपने-अपने बूथ क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा सके। प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्वाचन प्रोटोकॉल सहित राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त अन्य सभी दिशा-निर्देशों से भी विस्तृत रूप से अवगत कराया गया तथा उनका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सामान्य प्रेक्षक, उप विकास आयुक्त, सदर एसडीओ, अपर समाहर्ता सहित कई वरीय पदाधिकारी, एसडीपीओ, सेक्टर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हजारीबाग नगर निकाय चुनाव: मेयर प्रत्याशी मोहम्मद सरफराज अहमद का भव्य रोड शो, हजारों समर्थकों की उमड़ी

हजारीबाग नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र शहर में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। इसी कड़ी में मेयर प्रत्याशी मोहम्मद सरफराज अहमद ने शनिवार को भव्य रोड शो निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इस दौरान हजारों समर्थकों की मौजूदगी और करीब चार सौ बाइकों के लंबे काफिले ने पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया। रोड शो को लेकर शहर के प्रमुख मार्गों पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत निदान सेवा सदन, कल्लू चौक से हुई। इसके बाद काफिला इंद्रपुरी चौक, झंडा चौक, मलवीय मार्ग, सरदार रोड, पंच मंदिर चौक, गोवलटोली चौक होते हुए खिरगांव तक पहुंचा। रास्ते भर समर्थकों ने नारे लगाए और प्रत्याशी के समर्थन में जोशपूर्ण वातावरण बनाया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने काफिले का स्वागत किया। महिलाओं और युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही, जिससे कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन का स्वरूप मिला। इस अवसर पर मोहम्मद सरफराज अहमद ने कहा कि यह समर्थन हजारीबाग में सकारात्मक बदलाव की चाह का संकेत है। उन्होंने कहा कि यदि जनता अवसर देती है तो नगर निगम को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी संस्था के रूप में विकसित किया जाएगा। उनकी प्राथमिकताओं में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, नियमित पेयजल आपूर्ति, सड़कों का सुदृढ़ीकरण, स्ट्रीट लाइट की बेहतर व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा युवाओं के लिए रोजगारोन्मुख पहल शामिल हैं। रोड शो के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस शक्ति प्रदर्शन ने चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है। अब निगाहें मतदान दिवस पर टिकी हैं, जब यह स्पष्ट होगा कि जनसमर्थन का यह उत्साह मतपेटियों में किस रूप में परिवर्तित होता है।

किराए के भवनों से आंगनबाड़ी केंद्रों का विद्यालयों में होगा स्थानांतरण, दिए गए निर्दे

जिले में किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थानांतरण विभिन्न विद्यालयों में करने के संबंध में शुक्रवार को उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसरों में स्थानांतरित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों के अतिरिक्त एवं उपलब्ध कमरों में आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, जिन विद्यालयों में पर्याप्त कक्ष उपलब्ध हैं, उनकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह ने सभी प्राचार्यों को अवगत कराया कि विद्यालयों की आवश्यकताओं के आकलन हेतु एक गूगल फॉर्म साझा किया जाएगा। इस फॉर्म में विद्यालयों की आधारभूत संरचना, किचेन शेड, मरम्मत कार्य, बेंच-डेस्क, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, नई भवन निर्माण आदि से संबंधित आवश्यक जानकारियां सावधानीपूर्वक भरनी होंगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त जानकारी का वरीय पदाधिकारियों द्वारा सत्यापन उपरांत आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में समुचित पहल की जाएगी।

बैठक में उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह के अलावे जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिन्हा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आकाश कुमार, सभी महिला पर्यवेक्षिकाएं, कई प्राचार्य सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उपायुक्त की फोटो का दुरुपयोग, जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी

जिला प्रशासन, हजारीबाग के संज्ञान में आया है कि उपायुक्त, हजारीबाग के फोटो का दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक) पर एक फर्जी (फेक) आईडी बनाई गई है। यह आईडी पूर्णतः अवैध एवं भ्रामक है तथा इसका जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। अतः सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि उक्त फर्जी फेसबुक आईडी से किसी प्रकार की बातचीत, लेन-देन या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

जिला प्रशासन, हजारीबाग इस फर्जी आईडी को अवैध मानता है।

सभी नागरिकों से अनुरोध है कि सतर्क एवं जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध सोशल