सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी से तनाव,पुलिस जांच में जुटी*
सुल्तानपुर,लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल बन गया। आरोप है कि एक युवक ने भारत रत्न भीमराव आंबेडकर तथा चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे उनके समर्थकों में रोष फैल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुल्हापुर निवासी सूरज मिश्रा पुत्र शीतला मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी टिप्पणी की, जिसे लेकर सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में आजाद समाज पार्टी के लंभुआ विधानसभा अध्यक्ष दीपक कुमार ने थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दीपक कुमार का कहना है कि टिप्पणी से समुदाय विशेष की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन सकती है। वहीं, थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर संयम बरतें और किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट को साझा करने से बचें, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।
जेईई मेंन 2025-26 में सरस्वती विद्या मन्दिर विवेकानन्द नगर के छात्रों ने फहराया परचम*
विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ एवं उत्साहजनक प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली भैया बहनें ही हमारे ब्रांड अम्बेसडर-राकेशमणि त्रिपाठी प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुल्तानपुर के छात्रों ने जे ईई मेंन 2025/26 की परीक्षा में अद्वितीय सफलता अर्जित की है।भैया आयुष प्रताप वर्मा ने 98.6%, आशुतोष द्विवेदी 98.3%,आदर्श वर्मा 97.97%, तथा सागर तिवारी ने 97.58% अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। तो वहीं आयुष कुमार तिवारी 96.24%,बहन प्रज्ञा श्रीवास्तव और श्लोक बरनवाल 96.5%, दिव्यांश श्रीवास्तव 95.27%,अर्पित सिंह 94.61%, कौशल 93.56%,मनीष यादव एवं आदित्य यादव ने ने संयुक्त रूप से 93.5% और भैया संभव सिंह ने 92.71% अंक प्राप्त किए हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 11 भैया बहनें ऐसे हैं, जिन्होंने 90से 93 परसेंटाइल के मध्य अंक प्राप्त किए हैं। भैया बहनों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सरस्वती विद्या मन्दिर विवेकानन्द नगर के प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी जी ने कहा कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ एवं उत्साह वर्धक प्रदर्शन कर वाले ये प्रतिभाशाली भैया बहनें ही हमारे सरस्वती विद्या मन्दिर के ब्रांड अम्बेसडर हैं। हमारी उत्कृष्ट शिक्षण प्रणाली की मूल एवं नैतिक पहचान हैं। इनकी इस अतुलनीय उपलब्धि पर सम्पूर्ण विद्यालय परिवार स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। प्रधानाचार्य जी ने इन सभी बहनों का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर उत्साह वर्धन किया। छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्या मन्दिर के अपने उन आचार्य बन्धु भगिनी को दिया है जिनके योजना बद्ध शिक्षण, अनवरत सहयोग परामर्श एवं कुशल मार्गदर्शन में उन्हें यह विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त हुई। इसके साथ ही अपने माता-पिता की उत्साह वर्धक प्रेरणा को भी अपनी सफलता का श्रेय प्रदान किया है।
गौरैया आओ मेरे देश में अभियान पर दिया जोर*
सुल्तानपुर,कटका क्लब सामाजिक संस्था के द्वारा गोसाईगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कटका बाजार में गौरैया आओ मेरे देश में अभियान पर जोर देने के साथ पर्यावरण के प्रति कार्य करने के लिए हुआ आवाह्न। कार्यक्रम के नेतृत्व संस्था अध्यक्ष डॉ सौरभ मिश्र विनम्र ने किया। कार्यक्रम के मुख्यवक्ता पूर्व सांसद प्रतिनिधि संदीप मिश्र ने बताया कि आप पिंजरों में बंद छोटे-छोटे पक्षियों को खरीदकर अपने घर ला सकते हैं, लेकिन आजाद घूम रहे पक्षियों को सुबह उनके लिए दाना पानी और उनके लिए घोंसले का प्रबंध नहीं कर सकते हैं। गर्मियों में पक्षी अन्न एवं पानी के लिए व्याकुल होते हैं। पक्षियों की इस पीड़ा को दूर करने के लिए कटका क्लब कई सालों से काम कर रहा है। शिक्षा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शीतला प्रसाद पांडेय ने कहा कि हम सभी को यह संकल्प लेना होगा कि वे नियमित रूप से अपने-अपने घर की छत पर अनाज और पानी की व्यवस्था करें। जिसे कि पुनः गौरैया को बुलाया जा सके। संस्था ने इस वर्ष एक हजार पक्षी जलपत्र लगाने का लक्ष्य लिया है। इस मौके पर संस्था अध्यक्ष डॉ सौरभ मिश्र विनम्र ने बताया कि नई पीढ़ी के बच्चों ने गौरैया नहीं देखी है,आज के युवाओं को भी इनके संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए और भीषण गर्मी को देखते हुए दाना पानी कि व्यवस्था करनी चाहिए। गोष्ठी के दौरान राजदेव शुक्ला,नरेन्द्र कुमार मिश्र,धर्मेंद्र शर्मा,प्रांजल मिश्र,अभय मिश्र,गणेश गौड़, बृजेंद्र मिश्र के साथ दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।
डॉक्टर सत्य प्रकाश श्रीवास्तव स्मारक तृतीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन*
सुल्तानपुर में आज डॉक्टर सत्य प्रकाश श्रीवास्तव स्मारक तृतीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नगर के सीताकुंड घाट पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के आयोजक अध्यक्ष की माने तो गोमती मित्र मंडल के तत्वाधान में इस तरह की प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य युवाओं को आउटडोर खेल में आगे ले जाना है ताकि वह प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर का खेल खेल सके। वहीं स्वर्गीय डॉक्टर सत्य प्रकाश श्रीवास्तव के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि वह एक समाजसेवी थे वह समाज की सेवा में हमेशा तत्पर रहते थे। ग्रामीण से लेकर शहर तक लोगों की मदद करते रहते थे। पहले इस प्रतियोगिता का आयोजन गांव के करवाया जाता था। लेकिन अब शहर में वृहद स्तर पर आयोजन करवाया जा रहा है ताकि क्षेत्र में जो भी युवा खिलाड़ी हैं उनकी प्रतिभा निकल कर बाहर आ सके। लिहाजा सत्य प्रकाश जी के पदचिन्हों पर चलकर हम सभी उनके उद्देश्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
भारत को अपमानित करना कांग्रेस व विपक्ष का एजेंडा - हर्षवर्धन*
*एआई समिति में प्रदर्शन कांग्रेस की कुंठा व हताशा का प्रतीक - चन्दन नारायन*

*यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने फूंका राहुल का पुतला* सुलतानपुर,विश्वस्तरीय आयोजन एआई इंपैक्ट समिति के दौरान शुक्रवार को यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए अर्द्धनग्न प्रदर्शन को भाजपाइयों ने देश विरोधी हरकत व अराजकता बताया है।इसी अराजकता के विरुद्ध शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का प्रतिकात्मक पुतला दहन किया।इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चन्दन नारायन सिंह के नेतृत्व एवं मुख्य अतिथि युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने तिकोनिया पार्क से कलेक्ट्रेट गेट तक विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का प्रतिकात्मक पुतला जलाया। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी मुर्दाबाद, राहुल गांधी हाय- हाय, गली गली में शोर है राहुल गांधी चोर है के नारे लगाए और 4 सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को कलेक्ट्रेट में सौंपा।इसमें घटना के मुख्य सूत्रधारों की पहचान करने और भविष्य में ऐसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।इस दौरान युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने कहा यूथ कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन कांग्रेस की हार की कुंठा और अहंकार व हताशा का जीता जागता उदाहरण है।उन्होंने कहा सरकार को निशाना बनाने के लिए भारत को अपमानित करना कांग्रेस व विपक्ष का एजेंडा हों गया है।उन्होंने कहा आज भारत का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है।भारत तेजी से हर क्षेत्र में विकास कर रहा है।राहुल गांधी देश की बढती लोकप्रियता व विकास को लेकर झूठ फैलाते हैं।प्रश्न उठाते हैं।देश को विश्व स्तर पर बदनाम करने की प्लानिंग राहुल,सोनिया और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में बनाई गई। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चन्दन नारायन सिंह ने यूथ कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन की निन्दा करते हुए कहा आपरेशन सिंदूर हों या एयरस्ट्राइक और अब एआई समिति में कांग्रेस ने भारत विरोधी मनोवृत्ति को वैश्विक स्तर पर दिखाया हैं।पार्टी के मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने कहा भाजपा व मोदी सरकार का विरोध करते-करते राहुल व विपक्ष देश का विरोध करने पर अमादा हो गए है।आपको बता दें प्रधानमंत्री ने 16 फरवरी को एआई समिति का उद्घाटन किया था‌।यहां 16 देशों के राष्ट्राध्यक्ष समेत 100 से ज्यादा देशों के सीईओ व प्रतिनिधि मौजूद थे।यहां दुनियाभर की कंपनियों ने अपने लेटेस्ट एआई सोल्यूशंस को दुनिया के सामने पेश किया। इस मौके पर सुधांशु सिंह,अंकुर तिवारी,नगर अध्यक्ष प्रशान्त कसौधन,रीना जायसवाल,आकाश जैसवाल,शौर्य बर्धन सिंह,आकाश शर्मा,सचिन पाण्डेय,गौरव मौर्य,लकी झा,सचीन्द्र शुक्ला,अखिलेश जायसवाल, डॉ रामजी गुप्ता,ऋषभ वर्मा,अभिनव सिंह,प्रकाश नारायण,कृष्णा सिंह,हेमंत तिवारी,विजय मिश्रा,गांधी सिंह,दीपू शुक्ला,इन्द्रदेव मिश्रा, काली सहाय पाठक,वीरेंद्र भार्गव, अरुण द्विवेदी,लालेन्द्र प्रताप सिंह, हिमांशु गुप्ता, अयोध्या प्रसाद वर्मा, दिनेश चौरसिया, रजनीश मिश्रा,प्रदीप मिश्रा, राजीव सिंह आदि मौजूद रहे।
राहुल गाँधी मानहानि मामले में आज MP-MLA कोर्ट में पेश हो सकते है राहुल गांधी,कोर्ट का अंतिम मौका*
राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला। आज सुल्तानपुर MP-MLA कोर्ट में पेश होंगे राहुल गांधी। पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राहुल गांधी को दिया था कोर्ट में पेश होने का अंतिम मौका। पिछली पेशी 19 जनवरी को एमपी-एमएलए कोर्ट ने 313 के तहत राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करवाने का दिया था आदेश। करीब 8 वर्ष पूर्व कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी। टिप्पणी से नाराज सुल्तानपुर के बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने दर्ज कराया था परिवाद। इस मामले में दीवानी MP MLA कोर्ट में चल रही है सुनवाई। इस मामले में पहले राहुल गांधी दर्ज करवा चुके है बयान। सुल्तानपुर की MP MLA कोर्ट से जमानत पर चल रहे राहुल गांधी।
टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठनों की बैठक, आंदोलन का ऐलान कुड़वार*
सुल्तानपुर,वर्ष 2025 में आए सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद देशभर के लाखों शिक्षकों और उनके परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा होने की बात कहते हुए शिक्षक संगठनों ने टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) अनिवार्यता के विरोध में संयुक्त आंदोलन की शुरुआत का ऐलान किया है। विभिन्न राज्यों में अलग-अलग नीतियों तथा केंद्र सरकार की ओर से अब तक स्पष्ट एवं सकारात्मक आश्वासन न मिलने से शिक्षकों में व्यापक आक्रोश और चिंता व्याप्त है। इसी पृष्ठभूमि में शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए देश के मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठनों ने संयुक्त रूप से टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया का गठन किया है। प्रदेश स्तर पर जारी निर्देश के क्रम में आंदोलन की तैयारी को लेकर कुड़वार ब्लॉक इकाई की समीक्षा बैठक बीआरसी परिसर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रवक्ता एवं कुड़वार अध्यक्ष के संयोजन में आयोजित की गई। बैठक में सभी संगठनों ने संयुक्त रणनीति पर विस्तार से चर्चा की और चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार पाण्डेय ने कहा कि सभी संगठनों का एक मंच पर आना शिक्षक हितों के लिए बड़ा कदम है, जिससे जनपद के शिक्षक न केवल टीईटी पात्रता बल्कि अन्य समस्याओं के समाधान की दिशा में भी मजबूत होंगे। निजाम खान ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन पूरी तरह संकल्पित है और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में सर्वसम्मति से निम्न निर्णय लिए गए— 22 फरवरी 2026: दोपहर 2 से 4 बजे तक एक्स (ट्विटर) पर हैशटैग अभियान। 23–25 फरवरी 2026: शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए विरोध दर्ज कराएंगे। 26 फरवरी 2026: तिकोनिया पार्क में धरना तथा शाम 4 बजे जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन। मार्च 2026 (तीसरा सप्ताह): नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली और केंद्र सरकार को ज्ञापन। कुड़वार जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि टीईटी अनिवार्यता के विरोध में संगठनों की एकजुटता ही संघर्ष की सबसे बड़ी ताकत है और सभी मिलकर शिक्षक हितों की रक्षा के लिए आंदोलन करेंगे। बैठक में जूनियर शिक्षक संघ ब्लॉक मंत्री/जिला उपाध्यक्ष तौहीद खान, आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष/जिला महामंत्री प्रदीप यादव, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष धीरेन्द्र राव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, संरक्षक शिवपूजन पाण्डेय, उपाध्यक्ष विनय पाण्डेय, सह संरक्षक फैज उल्लाह अंसारी, राकेश कुमार शुक्ला, सगठन मंत्रीराजमणि यादव, महिला उपाध्यक्ष मारिया सुल्ताना, शहर बानो, काशीनाथ पाण्डेय, कोषाध्यक्ष मोहम्मद मुज्तबा, मृदुल तिवारी, हसन अली, राजेंद्र प्रसाद मिश्र, अशोक मौर्य, सूर्यकेश यादव, महेंद्र कुमार पाल, अरुण बरनवाल, खालिद बशीर, सरजू पाठक, जमील अहमद, राज बहादुर यादव सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन लईक अहमद खान ने किया।
21 फरवरी को भजन संध्या कार्यक्रम में अक्षरा सहित दर्जनों कलाकार देंगे अपनी प्रस्तुति*
आस्था और उत्साह के बीच शुरू हुआ 3 दिवसीय भव्य हनुमत महोत्सव।

भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय के संयोजन में चंद्रकला में तैयारी तेज।

सुल्तानपुर,इसौली विधानसभा क्षेत्र के भंडरा चंद्रकला गांव में स्थित चौंसठ योगिनी हनुमान मंदिर के 8वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय भव्य हनुमत महोत्सव समारोह को लेकर गुरुवार 19 फरवरी से श्रीराम चरित मानस पाठ के साथ भव्य हनुमत महोत्सव की शुरुआत हुई। भंडरा चंद्रकला स्थित चौंसठ योगिनी हनुमान मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक माहौल देखने को मिल रहा है। तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 20 फरवरी को हवन-पूजन और पूर्णाहुति होगी,जबकि 21 फरवरी को सायं काल तीन बजे से विशाल भंडारा और भव्य भजन संध्या आयोजित होगी। भजन संध्या कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री व गायिका अक्षरा सिंह मुख्य आकर्षण रहेंगी। जबकि दर्जनों अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। चौंसठ योगिनी हनुमान मंदिर के 8वें स्थापना दिवस पर आयोजित यह भव्य हनुमन महोत्सव पूरे क्षेत्र में भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना रहा है। भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय ने कहा कि हनुमत महोत्सव आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।
आबकारी विभाग का सिपाही भेजा गया जेल,तिलकोत्सवकार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान साथी सिपाही हुआ था घायल,32 बोर ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद*
सुल्तानपुर के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के कर्मजीतपुर गांव में तिलकोत्सव समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की घटना के आरोपी आबकारी सिपाही को मंगलवार शाम मोतिगरपुर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया था। आज बुधवार को आरोपी सिपाही को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मालूम हो कि सोमवार रात तिलकोत्सव समारोह के दौरान रायबरेली में तैनात आबकारी विभाग के सिपाही सुरेंद्र कुमार यादव द्वारा लाइसेंसी पिस्टल से की गई हर्ष फायरिंग में उनके ही साथी सिपाही विनीत मिश्र (36) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोली विनीत के पेट में लगी थी। उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना के संबंध में मोतिगरपुर थाने के उपनिरीक्षक श्रीराम मिश्र की शिकायत पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा संख्या 048/2026, बीएनएस की धारा 109, 7 सीएलए एक्ट, 25(1बी)(9)/30 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्र और कांस्टेबल सुनील यादव ने मंगलवार शाम आरोपी सुरेंद्र यादव को लखनऊ-बलिया हाईवे स्थित कैथवारा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .32 बोर की ऑटोमेटिक पिस्टल (वेबली एंड स्कॉट, मेड इन इंडिया) बरामद की गई है, जिसका लाइसेंस प्रयागराज जिले के फाफामऊ क्षेत्र के शान्तिपुरम पते से जारी बताया गया है। पुलिस ने बरामद पिस्टल को बैलिस्टिक जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया है। घटनास्थल से खोखा बरामद नहीं हुआ है, जिसकी भी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अयोध्या-प्रयागराज हाइवे पर रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर,नाना-नाती की मौत*
सुल्तानपुर में बुधवार दोपहर प्रयागराज-अयोध्या हाइवे पर हुए एक सड़क हादसे में नाना और उनके नवासे की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी,जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई। स्थानीय लोग उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दरअसल यह घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अहिमाने बाजार के पास की है। तिवारीपुर निवासी अरविंद श्रीवास्तव अपने नवासे श्रेयांस श्रीवास्तव उर्फ चाहत के साथ अहिमाने बाजार जा रहे थे। श्रेयांस अमेठी जिले के पूरे लाला राम प्रसाद के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार,जब वे दोनों हाइवे पर प्राइमरी स्कूल के पास पहुंचे,तभी पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था,जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें एक निजी वाहन से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया,लेकिन इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली देहात के एसओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।