बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे गौतम अडानी, किए भगवान भोलेनाथ के दर्शन, बोले- यहां आकर असीम शांति मिली

देश के दिग्गज उद्योगपति और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी रविवार को झारखंड के देवघर पहुंचे. यहां उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक, विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में मत्था टेका और भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया. उनके इस दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.

Image 2Image 3

बाबा मंदिर के गर्भ गृह में पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई. दर्शन के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए गौतम अडानी ने कहा- मेरी लंबे समय से इच्छा थी कि बाबा धाम आकर महादेव के दर्शन करूं. यहां आकर असीम शांति मिली है. मैंने भगवान भोलेनाथ से झारखंड सहित पूरे देशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा है.

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गौतम अडानी सीधे गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर पहुंचे. दोनों के बीच हुई इस शिष्टाचार मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं. चर्चा है कि इस दौरान क्षेत्र के विकास और औद्योगिक परियोजनाओं पर भी अनौपचारिक बातचीत हुई.

बिहार का पीरपैंती पावर प्लांट

धार्मिक यात्रा के साथ-साथ यह दौरा औद्योगिक दृष्टिकोण से भी बेहद महत्वपूर्ण है. देवघर से निकलने के बाद गौतम अडानी बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती के लिए रवाना हो गए. यहां अडानी समूह द्वारा 2400 मेगावाट क्षमता वाला ‘अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट’ प्रस्तावित है. वे इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति का जायजा लेंगे.

सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम

गौतम अडानी की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे मंदिर परिसर और रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. आम श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और सुरक्षा में कोई चूक न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे.

पलामू में मॉब लिंचिंग: प्रेमिका से मिलने गए युवक को 'बैट्री चोर' बताकर पीट-पीटकर मार डाला

पलामू: जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में शनिवार की रात एक दलित युवक पवन कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में यह मामला मॉब लिंचिंग का पाया गया है। मृतक पवन कुमार कोकरसा गांव का निवासी था।

Image 2Image 3

घटना का विवरण:

जानकारी के अनुसार, पवन शनिवार रात तेलियाही में एक युवती से मिलने गया था। इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया और 'बैट्री चोर' का शोर मचाकर ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पड़वा थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर पवन का रेस्क्यू किया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई:

पलामू एसपी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में मॉब लिंचिंग की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की जा रही है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया:

घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इधर, भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस जघन्य अपराध की निंदा की है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

नगर पालिका चुनाव 2026: मोरहाबादी से आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, रांची और बुंडू में कल होगा मतदान

रांची: नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल संचालन हेतु रांची जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आज, 22 फरवरी 2026 को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत के मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

Image 2Image 3

उपायुक्त का औचक निरीक्षण:

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार देर रात मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान सामग्री, बैलेट पेपर और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और निर्भय वातावरण में संपन्न हो सके।

मतदान का विवरण:

मतदान तिथि: 23 फरवरी 2026

समय: सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।

क्षेत्र: रांची नगर निगम के 53 वार्ड (909 बूथ) और बुंडू नगर पंचायत।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन, डीडीसी श्री सौरभ कुमार भुवनिया और एसडीओ सदर श्री कुमार रजत सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय रूप से भाग लें और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें।

झारखंड विधानसभा में 'बजट की पाठशाला': PRS लेजिस्लेटिव रिसर्च ने विधायकों को सिखाए बजट की बारीकियां

Image 2Image 3

रांची: झारखंड विधानसभा सत्र की कार्यवाही के उपरांत आज विधानसभा के प्रशासनिक समिति कक्ष में PRS लेजिस्लेटिव रिसर्च, नई दिल्ली द्वारा "अंडरस्टैंडिंग ऑफ बजट" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी वार्षिक बजट के तकनीकी पहलुओं और सार्वजनिक वित्त से जुड़े विभिन्न विषयों पर माननीय सदस्यों की समझ को और अधिक सशक्त बनाना था।

विशिष्ट उपस्थिति:

समारोह में झारखंड विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री रबीन्द्रनाथ महतो और वित्त मंत्री सह संसदीय कार्यमंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर गरिमामय रूप से उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों का व्याख्यान:

नई दिल्ली से आई PRS की टीम से श्रीमती नीरजना, श्रीमती यासिका केडिया और श्री आयुष टोप्पो ने बजट के विभिन्न तकनीकी आयामों पर विस्तृत जानकारियां दीं। गौरतलब है कि इससे पूर्व जनवरी 2026 में इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में झारखंड विधानसभा से माननीय सदस्य श्री नागेंद्र महतो, श्री कुमार उज्जवल और श्री आलोक कुमार सोरेन ने भी भाग लिया था।

इस कार्यशाला से विधायकों को आगामी बजट सत्र के दौरान सदन में होने वाली चर्चाओं और बजटीय प्रावधानों के विश्लेषण में काफी मदद मिलेगी।

JPSC के अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकतम उम्र सीमा में किया बदलाव

Image 2Image 3

जेपीएससी अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है जहां मुख्यमंत्री ने सदन के अंदर अभ्यर्थियों की उम्र सीमा में बड़ी छूट देते हुए 2026 से घटकर 2022 कर दिया है। वही अभ्यर्थियों के द्वारा मांग किया जा रहा था कि अभ्यर्थियों के लिए उम्र सीमा 2018 किया जाए।

विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन से ही सदन के अंदर जेपीएससी का मुद्दा छाया रहा। जेपीएससी में अधिकतम आयु सीमा 2026 करने से अभ्यर्थियों को हो थी परेशानी इस खबर से अब थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। लेकिन अभी भी सरकार से पुनर्विचार करने की मांग की जा रही है।

वर्दी की मर्यादा न भूलें पुलिस अधिकारी": भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सख्त चेतावनी

Image 2Image 3

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने नगर निकाय चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार तीन साल के विलंब के बाद मजबूरी में चुनाव करा रही है और उसकी नीयत साफ नहीं है।

निष्पक्षता पर संदेह: आदित्य साहू ने कहा कि ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराना और केंद्रीय बलों के स्थान पर केवल राज्य पुलिस की तैनाती करना सत्ता के दुरुपयोग की आशंका बढ़ाता है।

प्रशासन को चेतावनी: उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि वे सरकार का 'टूलकिट' न बनें और अपनी वर्दी की मर्यादा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि भाजपा हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है।

भ्रष्टाचार पर चोट: उन्होंने दावा किया कि जनता भ्रष्टाचार, अपराध और लूट से परेशान है और 23 फरवरी को होने वाला मतदान केवल 'शहर की सरकार' नहीं चुनेगा, बल्कि राज्य सरकार के खिलाफ एक कड़ी चेतावनी भी होगा।

जनता से अपील: साहू ने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी डर के बिना भारी संख्या में घरों से निकलकर मतदान करें।

गढ़वा जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन ।

Image 2Image 3

:- नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 में नहीं रहेगा नोटा का विकल्प, मतपत्र एवं मतपेटिका से कराया जाएगा चुनाव संपन्न : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त गढ़वा।

गढ़वा :- जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की अध्यक्षता में आज दिनांक 21 फरवरी 2026 को समाहरणालय सभागार में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह-उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मीडिया प्रतिनिधियों से निर्वाचन संबंधी सूचनाओं को साझा करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 की निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित समस्त जारी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी से सभी को अवगत कराया।

वहीं प्रेसवार्ता के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव द्वारा जानकारी दी गई कि गढ़वा नगर परिषद (वर्ग ख) में कुल 21 वार्ड, 42 मतदान केन्द्र बनाये गए है। वहीं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में कुल 17 वार्ड, 30 मतदान केंद्र व मझिआँव नगर पंचायत में कुल 12 वार्ड एवं 17 मतदान केंद्र बनाये गए है।

गढ़वा नगर परिषद हेतु कुल 34347 मतदाता है, जिसमें से 17570 पुरूष एवं 16777 महिला मतदाता हैं। वहीं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत अन्तर्गत 26946 मतदाता में से 13749 पुरूष व 13197 महिला हैं तथा मझिआँव नगर पंचायत अन्तर्गत 15266 मतदाता में से 7757 पुरूष व 7509 महिला हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त द्वारा बताया गया कि मतदान तिथि 23.02.2026 (सोमवार) एवं मतगणना की तिथि 27.02.2026 (शुक्रवार) है। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 मतपत्र एवं मतपेटिका के द्वारा संपन्न कराया जाएगा एवं इस आम चुनाव में नोटा का विकल्प नहीं रहेगा।

वहीं जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिनेश यादव ने बताया कि गढ़वा नगर परिषद अंतर्गत अध्यक्ष पदों के लिए कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 14 थी जिसमें से दो अभ्यर्थियों द्वारा नाम वापस लेने के पश्चात निर्वाचन के लिए बचें अभ्यर्थियों की संख्या कुल 12 रही। श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद हेतु कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 12 थी, जिसमें से एक अभ्यर्थी द्वारा नाम वापस लिया गया एवं एक अभ्यर्थी का नामांकन अस्वीकृत किया गया। इस प्रकार शेष अभ्यर्थियों की संख्या मात्र 10 रही। वही मंझिआंव नगर पंचायत अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 9 है। वहीं वार्ड पार्षद के लिए अभ्यर्थियों की बात की जाए तो नगर परिषद अंतर्गत कल 21 वार्डों हेतु वार्ड पार्षदों की कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 93 थी जिनमें से तीन अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया एवं आठ नामांकन अस्वीकृत किए गए तत्पश्चात निर्वाचन के लिए बचें अभ्यर्थियों की संख्या मात्र 82 रही। श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड सदस्य के लिए नामांकित कुल अभ्यर्थियों की संख्या 97 थी जिसमें से 5 नामांकन अस्वीकृत किए गए, तत्पश्चात निर्वाचन के लिए योग्य अभ्यर्थियों की संख्या 92 रही। वहीं नगर पंचायत मझिआंव के लिए वार्ड सदस्य हेतु कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 56 थी जिसमें से दो अभ्यर्थियों ने अपना नाम वापस लिया एवं चार को अस्वीकृत किया गया तत्पश्चात निर्वाचन के लिए बचे योग्य अभ्यार्थियों की संख्या 50bरही।

इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से अन्य जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि गढ़वा नगर परिषद हेतु सामान्य मतदान केंद्रों की संख्या 22, संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 16 एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र 04 के साथ कुल 42 मतदान केंद्र एवं 26 भवनों है। वहीं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में सामान्य 24, संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 06 एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र 00 के साथ कुल 30 मतदान केंद्र एवं 18 भवन है। वहीं मझिआँव नगर पंचायत में सामान्य 04, संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 09 एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र 04 के साथ कुल 17 मतदान केंद्र एवं 12 भवन बनाये गये हैं।

इसके अलावे उन्होंने जानकारी दी कि अभ्यर्थियों द्वारा किये जाने वाले निर्वाचन व्यय की अधिसीमा गढ़वा नगर परिषद हेतु अध्यक्ष पद के लिए 06 लाख एवं वार्ड पार्षद पद के लिए 1.5 लाख वहीं श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत एवं मझिआँव नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 05 लाख एवं वार्ड पार्षद पद के लिए 1 लाख राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अभ्यर्थियों के लिए निर्वाचन व्यय की अधिसीमा निर्धारित की गई है। वहीं अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रचार प्रसार एवं मतदान के दिन के लिए वाहनों की अनुमति नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए चार वाहन एवं वार्ड पार्षद के लिए दो वाहन की अनुमति दी गई है जबकि नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर एवं मंझिआंव के लिए अध्यक्ष पद हेतु वाहनों की अधिकतम अनुमान्य संख्या तीन एवं वार्ड पार्षद के लिए मात्र दो रखी गई है। वहीं निर्वाचन के निमित आवश्यक तैयारियाँ जैसे मतदान केन्द्रों का चयन एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थापना कर ली गयी है, विभिन्न कोषांगों का गठन कर लिया गया है, तीनों नगरपालिका क्षेत्र के लिए वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र की स्थापना कृषि उत्पादन बाजार समिति, गढ़वा में की गई है। वहीं मतदान दलों का डिस्पैच सेंटर एवं रिसीविंग सेंटर के लिए कृषि उत्पादन बाजार समिति, गढ़वा के परिसर को चिन्हित किया गया है। मतदान दलों का डिस्पैच दिनांक 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

वहीं प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि नगरपालिका निर्वाचन के लिए मतदान की तिथि दिनांक 23.02.2026 को एवं मतदान का समय प्रातः 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक निर्धारित है। झारखण्ड नगरपालिका निर्वाचन एवं चुनाव याचिका नियमावली 2012 के आलोक में मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित समय से 48 घंटे पूर्व (की अवधि के दौरान) कोई सार्वजनिक सभा आयोजित नहीं की जाएगी। अर्थात दिनांक 21.02.2026 को अपराह्न 5:00 बजे के बाद कोई सार्वजनिक सभा का आयोजन की अनुमति नहीं होगी। गढ़वा जिला के तीनों नगरपालिका क्षेत्र के लिए अलग-अलग बजगृह एवं मतगणना केन्द्र की स्थापना कृषि उत्पादन बाजार समिति, गढ़वा में की गई है। नगरपालिका निर्वाचन क्षेत्रवार स्थापित मतगणना हॉल में अध्यक्ष पद एवं वार्ड पार्षद पद के लिए मतगणना दिनांक 27.02.2026 को प्रातः 8:00 बजे से प्रारम्भ होगी।

मतदाताओं की पहचान हेतु निम्नलिखित दस्तावेज।

वहीं इसके अलावे जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव द्वारा जानकारी दी गयी कि मतदान के समय मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है। ऐसे में इसके लिए जिन मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता पहचान पत्र (एपिक) उपलब्ध कराए गए हैं उनकी पहचान एपिक के माध्यम से की जाएगी। परन्तु यदि किसी मतदाता के पास फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो उसकी पहचान आयोग द्वारा यथा निर्धारित 12 वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से की जा सकती है। 1. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किया गया मतदाता पहचान पत्र 2. निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी प्रमाणिक फोटोयुक्त मतदाता पर्ची 3. पासपोर्ट 4. ड्राईविंग लाइसेंस 5. राज्य/केन्द्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्रों के उपक्रम, स्थानीय निकाय या पब्लिक लिमिटेड कम्पनी द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किये जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र 6. बैंक/डाकघर द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पासबुक 7. आयकर पहचान पत्र (पैन कार्ड) 8. आधार कार्ड 9. राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) 10. महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत जारी फोटोयुक्त जॉब कार्ड 11. फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना/स्मार्ट कार्ड 12. फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज इसके लिए आयोग द्वारा अनुदेश निर्गत किए गए हैं।

नगरपालिका निर्वाचन को लेकर 23 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश, मतदाताओं को सवैतनिक अवकाश का प्रावधान

कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड, रांची की अधिसूचना के अनुसार उक्त तिथि को संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन गढ़वा नगर परिषद (वर्ग-ख), श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत एवं मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र के सभी दुकान एवं प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि कोई भी व्यक्ति जो नगर निकाय क्षेत्र का मतदाता है, चाहे वह किसी औद्योगिक इकाई, प्रतिष्ठान या दुकान में कार्यरत हो अथवा अस्थायी/कैजुअल कर्मी (Casual Worker/Daily Wage Worker) के रूप में कार्य करता हो, उसे मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। यदि कोई नियोजक उक्त प्रावधानों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नगरपालिका निर्वाचन को लेकर मतदान केंद्रों को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित

निर्वाचन को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग तथा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड के आदेश के आलोक में उक्त सभी नगर निकाय क्षेत्रों में स्थापित सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है। मतदान केंद्र परिसर में सिगरेट, बीड़ी, खैनी, गुटखा, पान मसाला, जर्दा सहित किसी भी प्रकार के तंबाकू पदार्थों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

डिस्पैच एवं रिसीविंग के समय शहर में बड़ी वाहनों के आवागमन रहेंगे बंद।

नगरपालिका चुनाव के मद्देनज़र डिस्पैच (पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक) एवं रिसीविंग (सायं 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक) के दौरान गढ़वा शहर में बड़ी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में यातायात नियंत्रण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

मतदान केंद्रों पर मोबाइल, कैमरा एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री यादव ने बताया कि मतदान के दिन किसी भी सामान्यजन/मतदाता के लिए मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, कैमरा या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

शिकायत दर्ज कराने हेतु नियंत्रण कक्ष का निर्माण

नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल संचालन के क्रम में सामान्य जन को चुनाव संबंधी किसी भी प्रकार के शिकायत दर्ज करने एवं समाधान की सूचना प्राप्त करने के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष का निर्माण कराया गया है जिसका दूरभाष संख्या 06561 22 23 14 एवं मोबाइल संख्या 703330 5738 है।

प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार* द्वारा जानकारी दी कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक तैयारियां कर ली गयी है। साथ ही सुरक्षा को लेकर वार्ड वार पुलिस फोर्स की प्रतिनियुक्ति की जायेगी एवं असमाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ-साथ 126 एवं सीसीए के तहत कार्रवाई की जायेगी। आगे उन्होंने जानकारी दी कि आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। साथ ही सोशल मीडिया की निगरानी एवं चुनाव को लेकर क्यू आर टी का भी गठन किया गया है, ताकि शांतिपूर्ण व निष्पक्ष वातावरण मे चुनाव सम्पन्न कराया जा सके।

वहीं उक्त प्रेसवार्ता के दौरान उपरोक्त के अलावे उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि के साथ-साथ संबंधित विभाग के कर्मी एवं प्रेस मीडिया के प्रतिनिधिगण सहित अन्य संबंधित उपस्थित थें।।

झारखंड विधानसभा: बजट सत्र का तीसरा दिन आज, सदन में पेश होगा तृतीय अनुपूरक बजट

Image 2Image 3

रांची: झारखंड विधानसभा के पंचम बजट सत्र की कार्यवाही आज अपने तीसरे दिन में प्रवेश कर गई है। आज का दिन विधायी कार्यों और वित्तीय चर्चाओं के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 17 कार्यदिवसों के इस लंबे सत्र में राज्य की भावी योजनाओं और वित्तीय स्थिरता पर गहन विचार-विमर्श की तैयारी है।

आज की कार्यसूची:

दिन की शुरुआत प्रश्नकाल के साथ होगी, जिसमें विपक्ष विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा, वहीं सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियों का ब्यौरा देगा। इसके उपरांत, वित्त मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा सदन के पटल पर तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और उस पर होने वाले वाद-विवाद के बाद सरकार अपना आधिकारिक जवाब पेश करेगी।

वार्षिक बजट पर नजर:

सत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी 24 फरवरी 2026 को देखने को मिलेगी, जब वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश करेंगे। इस बजट से राज्य के युवाओं, किसानों और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर बड़ी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।

सत्र के दौरान कुल 17 दिनों तक राज्य की नीतियों, वित्तीय प्राथमिकताओं और विभिन्न विकासात्मक योजनाओं पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस होने वाली है।

झारखंड में एसआईआर का समर्थन: बाबूलाल बोले— "सही वोटर की पहचान से ही मजबूत होगा लोकतंत्र"

रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए राज्य के दो ज्वलंत मुद्दों— एसआईआर (SIR) और जमीन विवाद पर अपनी बेबाक राय रखी।

Image 2Image 3

एसआईआर और मतदाता सूची शुद्धिकरण:

बाबूलाल मरांडी ने निर्वाचन आयोग द्वारा किए जा रहे एसआईआर (Special Interactive Revision/Summary Interim Revision) का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह मतदाता सूची के शुद्धिकरण की एक सामान्य प्रक्रिया है जो हर 10 साल में होती है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूछा कि आखिर उन्हें इस प्रक्रिया से क्या डर है?

मरांडी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर के माध्यम से:

मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।

दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके लोगों की सूची अपडेट होगी।

सबसे महत्वपूर्ण, अवैध रूप से बसे घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से बाहर होंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शायद इसलिए परेशान है क्योंकि उनके 'वोट बैंक' (अवैध घुसपैठियों) पर प्रहार होगा, लेकिन चुनाव आयोग यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा करेगा।

जमीन विवाद और मुआवजा नीति:

राज्य में चल रहे जमीन विवादों पर बाबूलाल मरांडी ने सरकार को संवेदनशील होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि झारखंड के महापुरुषों ने हमेशा जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी है। यहाँ के आदिवासी और मूलवासी पूरी तरह खेती पर निर्भर हैं।

उन्होंने सरकार को एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा— "यदि सरकार खनिज संसाधनों के दोहन के लिए किसानों की उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण करती है, तो उसे केवल आर्थिक मुआवजा ही नहीं, बल्कि उतनी ही जमीन दूसरी जगह उपलब्ध करानी चाहिए।" उन्होंने तर्क दिया कि यह कोई कठिन कार्य नहीं है और सरकार को इस नीति पर नए सिरे से विचार करना चाहिए ताकि विस्थापितों का जीविकोपार्जन प्रभावित न हो।

रांची नगर निगम के घर घर को रोशन करेगी मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो....आदित्य साहू


Image 2Image 3

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने आज रांची गंगा नगर,हरमू में भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो के समर्थन में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित किया।

श्री साहू ने कहा कि रोशनी खलखो एक जुझारू ,संघर्षशील प्रत्याशी है जो महिला सशक्तिकरण केलिए संकल्पित है। पिछले चुनाव में निर्विरोध पार्षद बनने वाली लोकप्रिय नेता है।श्रीमती रोशनी खलखो के दिल में रांची नगर निगम के घर घर को रोशन करने का संकल्प है।

कहा कि आज राज्य की राजधानी रांची पूरी तरह असुरक्षित हो गई है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बहन बेटियों के साथ दुष्कर्म ,लूट ,छिनताई की घटनाएं आम हो गईं है।महिलाएं घर से देर शाम निकलने में डरती हैं।

श्री साहू ने कहा कि अब तो महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी असुरक्षित हैं।कब कौन बच्चा गायब हो जाएगा,उसकी चोरी हो जाएगी ये किसी को पता नहीं ।राजधानी में बच्चा चोर गिरोह घूमता रहता है और पुलिस वसूली में लगी रहती है।

उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों में राज्य से हजारों बच्चे गायब हुए हैं।सभी गरीब के बच्चे हैं लेकिन जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य के पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी,आंदोलन किए,रांची बंद की घोषणा की तो अंश ,अंशिका,कन्हैया जैसे 60 बच्चे बरामद हुए।लेकिन अभी भी सैकड़ों बच्चे लापता हैं।

कहा कि गांव नगर सभी जगह विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। व्यावसायियों को धमकी मिल रही,अब तो भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भी जान से मारने की धमकी मिल रही।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने ही गरीबों,दलितों,वंचितों ,बहन बेटियों की चिंता की।महिलाओं को 33% आरक्षण दिया। एक रूपये में 50लाख रुपए की सम्पत्ति की रजिस्ट्री भाजपा सरकार की देन थी। इसके अतिरिक्त महिला सशक्तिकरण केलिए अनेक कार्य किए गए।

कहा कि भाजपा की सरकार ही महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और महिला सम्मान केलिए समर्पित है।

कहा कि जो महिलाओं को सम्मान,सुरक्षा दे उसे ही ताकत दें। जो परेशान करे उसे पराजित करें।

कहा कि रोशनी खलखो जनभावनाओं पर खरी उतरेगी, सुख दुख की सहभागी बनेगी, घर घर की बेटी बहन बनेगी।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने भी रोशनी खलखो को बिस्किट छाप पर मुहर लगाकर भारी मतों से जीताने की अपील की। कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाकर राज्य की भ्रष्ट निकम्मी सरकार जो सत्ता के बल पर लोकतंत्र का गला घोंट रही उसे सबक सिखाएं।

मंच संचालन मंडल अध्यक्ष जी इंद्रजीत यादव ने किया।इस अवसर पर सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थी।