गया में मंत्री संतोष सुमन का विपक्ष पर निशाना, राहुल गांधी-कांग्रेस पार्टी पर जमकर किया कटाक्ष, कहा- देशद्रोह पार्टी है कांग्रेस

गया: गया में स्थित गोदावरी आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में संतोष सुमन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य और देश के मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताएँ स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन राष्ट्रीय अस्मिता, अखंडता और गौरव से जुड़े विषयों पर जिम्मेदारी और संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। इस संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर देशहित के विरुद्ध राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को नुकसान पहुँचाने के प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने बिहार की पूर्व कानून-व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय राज्य में भय और असुरक्षा का वातावरण था। उन्होंने “जंगल राज” शब्द का प्रयोग करते हुए दावा किया कि उस दौर में आम नागरिक शाम के बाद घरों से निकलने में असहज महसूस करते थे और अपराध की घटनाएँ लोगों के जीवन को प्रभावित करती थीं। मंत्री के अनुसार, वर्तमान सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने और कानून का राज स्थापित करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में शांति और स्थिरता का माहौल बना है।

विकास के मुद्दे पर मंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “सात निश्चय” कार्यक्रम के तहत बुनियादी ढांचे के विस्तार, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक कार्ययोजना लागू की जा रही है। उनके अनुसार, सरकार निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे आने वाले वर्षों में बड़े पैमाने पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और रोजगार सृजन संभव होगा।

मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए औद्योगिक गतिविधियों को गति देने, उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और ग्रामीण-शहरी बुनियादी ढांचे को संतुलित रूप से विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और आम नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

डाक टिकट संग्रहण फिलेटली के दूसरे दिन विद्यार्थियों, युवा संग्रहकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा आमजन ने प्रस्तुतियां दी, अध्यक्ष हुए शामिल

गया: डाक टिकट संग्रहण फिलेटली के माध्यम से समाज में रचनात्मकता, ज्ञानवर्धन एवं सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित द्वि-दिवसीय भव्य फिलेटली प्रदर्शनी “बोधिपेक्स – 2026” का शुभारंभ दिनांक 20.02.2026 को एम.यू. अब्दाली, मुख्य डाक महाध्यक्ष, बिहार परिमंडल, पटना द्वारा हरिहर सेमिनरी स्कूल के प्रेक्षागृह मे किया गया। इस आयोजन का सफल संचालन गया मंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक अंशुमान के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.

इस कार्यक्रम के दूसरे दिन भी विद्यार्थियों, युवा संग्रहकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा आमजन की उल्लेखनीय सहभागिता रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार तथा घोषी क्षेत्र के विधायक ऋतुराज कुमार, आई.आई.आई.एम, बोधगया के निदेशक श्रीमति विनीता सहाय, ओटी.ए के ब्रिगेडियर राजीव शर्मा एवं कर्नल दीपक कुमार भी उपस्थित रहे.

आईआईएम, बोधगया के ऊपर एक विशेष आवरण भी जारी किया गया ।सभी गणमान्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर डाक टिकट संग्रहण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक गतिविधि बताया। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि डाक टिकट केवल डाक संप्रेषण का साधन भर नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, गौरवशाली इतिहास, महान विभूतियों तथा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय घटनाओं के जीवंत दर्पण हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे फिलेटली को अपनाकर ज्ञानार्जन, सृजनात्मक सोच एवं राष्ट्र की विरासत से जुड़ने का माध्यम बनाएं।

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय कला एवं संस्कृति, वन्यजीवन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा आध्यात्मिक धरोहर जैसे विविध विषयों पर आधारित दुर्लभ, आकर्षक एवं थीमैटिक डाक टिकट संग्रहों तथा विशेष आवरणों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

इस अवसर पर आईआईएम बोधगया पर आधारित एक विशेष आवरण का लोकार्पण भी किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सुमधुर संगीत, आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों एवं अन्य सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की जीवंत एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से ऊर्जावान एवं यादगार बना दिया। इसके अतिरिक्त “सिट एंड ड्रॉ” प्रतियोगिता में भी बाल प्रतिभाओं ने अपनी सृजनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान फिलेटली पर आधारित कार्यशालाएं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं एवं नए डाक टिकट खातों के पंजीकरण की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे युवाओं में इस विधा के प्रति उत्साह एवं जागरूकता का संचार हुआ। समापनतः यह आयोजन गया तथा आस-पास के क्षेत्रों में फिलेटली के प्रति नई चेतना, उत्साह एवं रचनात्मक ऊर्जा का संचार करने में अत्यंत सफल सिद्ध हुआ। इस भव्य प्रदर्शनी ने न केवल युवाओं एवं विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रहण की ओर प्रेरित किया, बल्कि समाज में ज्ञान, संस्कृति एवं विरासत के प्रति सम्मान की भावना को भी सुदृढ़ किया। कार्यक्रम की सफल एवं गरिमामय अभिव्यक्ति में डाक विभाग के समर्पित अधिकारियों एवं कर्मचारियों, उत्साही प्रतिभागियों, शिक्षण संस्थानों तथा सहयोगी संगठनों का बहुमूल्य एवं सराहनीय योगदान रहा।

गया में राष्ट्रीय लोक मोर्चा का तीसरा स्थापना दिवस पर केक काटकर जश्न मनाया, संगठन विस्तार को लेकर सदस्यता अभियान की शुरुआत की

गया: गया शहर के कुजापी में राष्ट्रीय लोक मोर्चा का तीसरा स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जश्न मनाया और संगठन विस्तार को लेकर सदस्यता अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के जिला संयोजक राजीव प्रकाश उर्फ बंटी कुशवाहा ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के विस्तार से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व और सशक्त होगा। इस क्रम में उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व को पार्टी की मजबूती का आधार बताया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया और क्षेत्र में सक्रिय रूप से जनसंपर्क अभियान चलाने की बात कही। मौके पर जितेंद्र पासवान, शक्ति कुमार, आकाश दयाल, केके निराला समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

स्थापना दिवस समारोह के साथ चलाए गए सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द और संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के साथ किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर होली मिलन समारोह का आयोजन भी किया गया जिसमें एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दिया.

गया के माडनपुर मोहल्ले में दबंगई और मारपीट का मामला आया सामने, घर पर बुलाकर गाली-गलौज और जानलेवा हमला किया, थाने में दिया आवेदन

गया: गया शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र अंतर्गत माडनपुर मोहल्ले में दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित गुड्डू कुमार ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी अजय यादव ने उन्हें अपने घर बुलाकर गाली-गलौज की और जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने पहले से ही कई लोगों को अपने घर पर बुला रखा था। जैसे ही वह वहां पहुंचे, विवाद बढ़ा और सामूहिक रूप से मारपीट की गई। इस दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की तस्वीरें कैद होने का दावा किया जा रहा है। पीड़ित ने इस मामले में थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पर पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप लगते रहे हैं, जिसके कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

वहीं थाना अध्यक्ष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज समेत सभी साक्ष्यों की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलेटली के माध्यम से नई पीढ़ी में इतिहास, कला, संस्कृति एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समझ और जागरूकता विकसित होती: मुख्य डाक महाध्यक्ष

गया: डाक टिकट संग्रहण (फिलेटली) के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय भव्य फिलेटली प्रदर्शनी “बोधिपेक्स – 2026” का उद्घाटन एम्.यू. अब्दाल्ली, मुख्य डाक महाध्यक्ष, बिहार परिमंडल के द्वारा हरिहर सेमिनरी स्कूल के प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का संचालन गया मंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक श्री अंशुमान के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपने उद्घाटन संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि डाक टिकट केवल पत्र-प्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक उपलब्धियों, महापुरुषों और महत्वपूर्ण घटनाओं का सजीव दस्तावेज हैं।

उन्होंने बताया कि फिलेटली के माध्यम से नई पीढ़ी में इतिहास, कला, संस्कृति एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समझ और जागरूकता विकसित होती है। प्रदर्शनी में विविध विषयों पर आधारित दुर्लभ एवं आकर्षक डाक टिकटों, विशेष आवरणों तथा थीमैटिक संग्रहों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संस्कृति, वन्यजीवन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा आध्यात्मिक धरोहर जैसे विषय विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। डाक टिकट संग्रहण (फिलेटली) प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर बोधि पैक्स के उपर एक विशेष आवरण का विमोचन किया गया.

इस मौके पर बीरेन्द्र कुमार पासवान, महापौर सुनील कुमार, सचिव (कमिश्नर) मगध प्रमंडल भी उपस्थित रहे..इसके अलावे विद्यार्थियों, युवा संग्रहकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के दौरान फिलेटली से संबंधित कार्यशालाओं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं तथा नए डाक टिकट खातों के पंजीकरण की भी व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत सुमधुर संगीत, मनोहारी नृत्य प्रस्तुतियां तथा बच्चों के लिए “सिट एंड ड्रॉ” प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। यह द्वि-दिवसीय आयोजन गया एवं आसपास के क्षेत्रों में डाक टिकट संग्रहण के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करने में सफल रहा। आयोजन की सफलता में डाक विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतिभागियों तथा सहयोगी संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

नगर प्रखंड चंदौती जदयू के मोहम्मद काशिफ अंसारी निर्विरोध निर्वाचित किए गए अध्यक्ष घोषित, कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया

गया शहर के नगर प्रखंड क्षेत्र के बिथो शरीफ दरगाह के समीप स्थित एक निजी होटल में शुक्रवार को जनता दल (यूनाइटेड) का नगर प्रखंड सांगठनिक चुनाव 2026 जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रखंड निर्वाचित पदाधिकारी शिवपूजन प्रसाद, पर्यवेक्षक जहांगीर खान ने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराई गई.

चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार आयोजित की गई और इसमें संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। चुनाव कार्यक्रम के तहत नामांकन की प्रक्रिया पूर्व निर्धारित समय दोपहर 11:00 बजे से 12:30 बजे तक संपन्न कराई गई। नामांकन अवधि के दौरान केवल मोहम्मद काशिफ अंसारी ने ही अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

निर्धारित समय सीमा तक अन्य किसी भी प्रत्याशी द्वारा आवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोपहर 1:00 बजे औपचारिक घोषणा करते हुए मोहम्मद काशिफ अंसारी को जदयू नगर प्रखंड चंदौती का अध्यक्ष घोषित किया गया। इस अवसर पर बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, बीटीएमसी के सदस्य जदयू नेता अरविंद सिंह,

जदयू के युवा जिला अध्यक्ष सह उप प्रमुख सतीश पटेल, जिला उपाध्यक्ष शहजाद शाह, मोहम्मद परवेज आलम, शहाबुद्दीन मोहम्मद, शफीक खुर्शीद, विकास कुमार, विपिन कुमार, वीरेंद्र सिंह, शमशेर आलम, दिग्विजय सिंह, सोलंकी शाहनवाज, मोहम्मद अरबाज, मुबाशिर हसन अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार दास, देवनारायण प्रसाद, मुंतशिर अहमद, राजेंद्र दास, हुजैफा कादरी, विपिन कुमार, विकास कुमार, सूरज देव ठाकुर, छोटेलाल चौधरी, ललिता देवी, इरशाद अंसारी आदि मौजूद रहे.

गया में हम पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यकर्ता बैठक संपन्न, जिला संगठन प्रभारी ने किया संबोधित, सदस्यता अभियान को तेज करने पर चर्चा

गया: गुरुवार को हम पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह जिला संगठन प्रभारी वीरेंद्र सिंह जी ने जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक के दौरान उन्होंने पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान को व्यापक रूप देने एवं अधिक प्रभावी एवं धारदार बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव एवं विशेष राजनीतिक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की वास्तविक ताकत है और प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों से जोड़ना चाहिए। बैठक में उपस्थित जिला पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष एवं सभी समर्पित कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक पार्टी के गया जिला अध्यक्ष नारायण प्रसाद मांझी के अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। चंदन, गौरव, राजीव शर्मा, विजय कुमार, रूबी देवी, राजेश मांझी, दिवाकर सिंह, अरविंद कुमार, संतोष यादव, जोगिंदर मांझी, मिथिलेश यादव, विकास कुमार, रेणु देवी, आरसी परवीन, अरुण कुमार, देव कुमार, श्रीकांत कुमार, सुनील कुमार, माझे, गुड्डू कुमार, रीना देवी, सावित्री देवी, ललिता देवी, अभिषेक सिंह, संतोष सागर, रामसनेही माझी, रवि कुमार, मो० अजमत खान, सुदामा प्रसाद, वीरेंद्र शर्मा, महेंद्र मांझी, श्याम सुंदर भारती, पवन कुमार, रामबली मांझी, सदानंद प्रेमी आदि दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

गया जी के ऐतिहासिक गाँधी मैदान में “आर्ट्स हैंडक्राफ्ट कॉटन सिल्क एक्सपो 2026” मेले का भव्य शुभारंभ

गया। ऐतिहासिक गाँधी मैदान में बुधवार को “आर्ट्स हैंडक्राफ्ट कॉटन सिल्क एक्सपो–2026” मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन गया के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, पार्षद विनोद यादव तथा आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह में एलाइड इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार सिन्हा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजक राजेश कुमार यादव ने बताया कि यह मेला 18 फरवरी से लगातार 30 दिनों तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

मेले में कुल 130 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें देश के 28 राज्यों से आए कारीगरों द्वारा तैयार किए गए हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। आगंतुकों को एक ही स्थान पर बनारसी साड़ी, लखनवी चिकनकारी, गुजरात का बंधेज, कश्मीरी शॉल, पंजाबी जूती, बंगाल की जामदानी, भागलपुरी सिल्क, भदोही के कालीन, सहारनपुर का फर्नीचर, खादी वस्त्र, लेदर उत्पाद, टेराकोटा, क्रॉकरी तथा विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक और हेल्थ प्रोडक्ट्स देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।

मेले में फूड स्टॉल की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे आगंतुक खरीदारी के साथ-साथ विभिन्न व्यंजनों का आनंद भी ले सकें। आयोजकों के अनुसार इस मेले का मुख्य उद्देश्य लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देना, स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा उत्पादकों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यह मेला शहरवासियों के लिए देशभर की हस्तशिल्प कला को एक ही छत के नीचे देखने और खरीदने का महत्वपूर्ण अवसर बनकर उभरा है।

गया में उत्तर कोयल नहर के पानी को लेकर किसानों ने सौंपा 5 सूत्री मांग पत्र

गया: उत्तर कोयल नहर किसान संघर्ष मोर्चा, मगध के शिष्टमंडल ने मंगलवार को गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर से मुलाकात कर उत्तर कोयल नहर का पानी हर खेत तक पहुंचाने की मांग उठाई और 5 सूत्री मांग पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नहर व्यवस्था दुरुस्त होने से क्षेत्र के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और खेती की लागत घटेगी। जिला पदाधिकारी ने मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

शिष्टमंडल में गया जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, मोर्चा सचिव व गुरारू उत्तरी के जिला पार्षद बालेश्वर प्रसाद यादव, मोर्चा अध्यक्ष नंदलाल सिंह, उपसचिव देवलाल सिंह तथा सदस्य सुखींद्र कुमार शामिल रहे। मांग पत्र में 211 आरडी स्थित सीआर गेट पर फाटक लगाने, नहर में निर्मित अवैध दीवार हटाने, चेईं नवादा, कोटवारा और अंगरा कैनाल की सफाई कराने, अंगरा व कोटवारा शाखा नहर पर क्रमशः इस्माइलपुर और देवर रोड में रेल पुल निर्माण तथा कुटकू डैम में फाटक लगाने की मांग की गई। साथ ही भूमि अधिग्रहण के दौरान भूमि अधिग्रहण अधिनियम–2013 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई।

मोर्चा का कहना है कि नहर प्रणाली मजबूत होने से औरंगाबाद और गया जिलों के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और सिंचाई संकट से राहत मिलेगी।

गया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शराबबंदी पर बड़ा बयान दिया, कहा- महंगी शराब बाहर से राज्य में आ रही, गरीब लोग फंस रहे, सरकार को राजस्व

गया: बिहार में शराबबंदी नीति को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। आरएलएम विधायक माधव आनंद द्वारा नीति की समीक्षा की मांग के बाद, गया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को शराबबंदी की मौजूदा स्थिति का गंभीरता से आकलन करना चाहिए और आवश्यकता हो तो इसमें संशोधन पर विचार करना चाहिए।

मांझी ने कहा कि शराबबंदी का उद्देश्य सामाजिक सुधार था, लेकिन वर्तमान हालात यह संकेत देते हैं कि नीति पूरी तरह प्रभावी नहीं हो पा रही है। उनके अनुसार, अवैध रूप से शराब की आपूर्ति जारी है और कई स्थानों पर होम डिलीवरी जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाहर से महंगी शराब राज्य में लाई जा रही है, जिससे न केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती बढ़ रही है बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा कि सरकार को राजस्व नुकसान और जमीनी हकीकत दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर नीति की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी नीति का उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा और उससे आर्थिक क्षति भी हो रही है, तो उस पर पुनर्विचार लोकतांत्रिक व्यवस्था का स्वाभाविक हिस्सा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शराबबंदी बिहार की प्रमुख नीतियों में से एक रही है, इसलिए इस पर उठ रहे सवाल आने वाले समय में राज्य की राजनीति को प्रभावित कर सकते हैं। फिलहाल, सरकार की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।