फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उपायुक्त की फोटो का दुरुपयोग, जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी

जिला प्रशासन, हजारीबाग के संज्ञान में आया है कि उपायुक्त, हजारीबाग के फोटो का दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक) पर एक फर्जी (फेक) आईडी बनाई गई है। यह आईडी पूर्णतः अवैध एवं भ्रामक है तथा इसका जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। अतः सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि उक्त फर्जी फेसबुक आईडी से किसी प्रकार की बातचीत, लेन-देन या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

जिला प्रशासन, हजारीबाग इस फर्जी आईडी को अवैध मानता है।

सभी नागरिकों से अनुरोध है कि सतर्क एवं जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध सोशल 

हजारीबाग नगर निगम चुनाव में गरमाया माहौल, सांसद मनीष जायसवाल का तूफानी दौरा, ‘बक्सा छाप’ पर वोट की अपील

हजारीबाग नगर निगम चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को हजारीबाग की सड़कों पर चुनावी तापमान बढ़ा रहा। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने नगर क्षेत्र में तूफानी दौरा कर भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी श्री सुदेश कुमार (चंद्रवंशी) के पक्ष में प्रचंड जनसमर्थन की अपील की। सांसद मनीष जायसवाल ने वार्ड संख्या 10 के देवांगना चौक, हेठ टोला, घासी मोहल्ला, कोर्रा चौक, लाखे और लाखे बगीचा सहित वार्ड संख्या 6 स्थित मटवारी चौक का सघन भ्रमण किया और जनता से सीधा संवाद करते हुए आगामी चुनाव में बैलेट पेपर के क्रम संख्या 07 पर 'बक्सा छाप' पर मुहर लगाकर सुदेश कुमार को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

चुनावी सरगर्मी उस वक्त अपने चरम पर पहुँच गई जब कोर्रा चौक से मेयर प्रत्याशी के समर्थन में एक विशाल बाइक रैली निकाली गई, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह राज्यसभा सांसद श्री अरुण सिंह, सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। युवाओं का इस विशाल काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से होकर झिंझरिया पुल स्थित विधायक कार्यालय पहुँचा, जहाँ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा आयोजित भव्य युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने युवा शक्ति को नगर के नवनिर्माण का संकल्प दिलाया। सांसद मनीष जायसवाल ने भी यहां युवाओं को संबोधित कर उन्हें नगर की सरकार बनाने में भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी सुदेश कुमार के पक्ष में घर-घर पहुंचकर मतदान करने को प्रेरित किया। इसके पश्चात होटल फ्लोरिस्टा के सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस- वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं और नगर के भविष्य के रोडमैप को साझा किया। इसी चुनावी अभियान के दौरान बिहार सरकार के सहकारिता एवं वन पर्यावरण मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी का भी हजारीबाग आगमन हुआ, जिनका सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग की पावन धरती पर हार्दिक अभिनंदन किया। शुक्रवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह सांसद सेवा कार्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों संग चाय पर चुनावी चर्चा की और आगामी मतदान को लेकर सूक्ष्म रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया ।

जेनरल आब्जर्वर रविराज शर्मा ने सामग्री कोषांग एवं मतगणना केंद्र का किया निरीक्षण

नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर जेनरल आब्जर्वर श्री रविराज शर्मा द्वारा निर्वाचन कार्यों की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामग्री कोषांग तथा मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तैयारियों का विस्तृत अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सामग्री कोषांग के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, उनके सुरक्षित भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक सामग्रियाँ निर्धारित मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से रखी जाएँ।

इसके उपरांत उन्होंने मतगणना केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, अभ्यर्थियों एवं मतगणना एजेंटों के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित कोषांग पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

रामनवमी पर्व 2026 की प्रारंभिक प्रशासनिक तैयारियों के मद्देनजर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक

रामनवमी पर्व 2026 की प्रारंभिक प्रशासनिक तैयारियों के मद्देनजर आज 19 फरवरी को उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। 

इस बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन, उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस श्री आनंद शर्मा, एसडीपीओ अमित कुमार व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में पूर्व में आयोजित रामनवमी समारोहों से प्राप्त अनुभवों के आधार पर आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी देशभर में अपनी भव्यता के लिए विख्यात है तथा इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्व को पारंपरिक स्वरूप में ही मनाया जाए। भड़काऊ एवं उद्वेलित करने वाले गीतों तथा डीजे के उपयोग से पर्व की गरिमा प्रभावित होती है, इसलिए पारंपरिक ताशा पार्टी के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाए।

उपायुक्त ने इस वर्ष रामनवमी को नशामुक्त एवं पारंपरिक स्वरूप में मनाने हेतु विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जुलूस मार्गों पर बैरिकेटिंग, सीसीटीवी अधिष्ठापन, ड्रॉप गेट की व्यवस्था, मेडिकल सेंटर,विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सूखे पेड़ों की कटाई,उत्पाद विभाग को अवैध रूप मद्यशालाओं के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा नशे के विरुद्ध (Say no to drugs) आदि का व्यापक सघन जांच अभियान चलाने जैसे आवश्यक कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

उपायुक्त ने कहा कि इस रामनवमी में जुलूस के दौरान झांकियों के प्रयोग में लाये जाने वाले वाहनों के क्रियाशीलता का एमवीआई के माध्यम से सत्यापन कराना आवश्यक होगा।

उन्होंने प्रखंड प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अखाड़ा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श करने का निर्देश दिया। बैठक में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, विधि-व्यवस्था संधारण तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति, सौहार्द और परंपरागत मर्यादा के साथ पर्व मनाने में सहयोग करने की अपील की है।

हजारीबाग में होली और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

हजारीबाग: कोर्रा थाना परिसर में आज सुबह 11:00 बजे होली एवं रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी द्वारा की गई। इस दौरान थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी होली और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अंचल अधिकारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधियों से दूर रहना जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक खबर साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार निगरानी करेंगे। डीजे, जुलूस मार्ग, समय सीमा और विधि-व्यवस्था से संबंधित दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई।

बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अगरिया असुर आदिम जनजाति विकास समिति का 26वां स्थापना दिवस हजारीबाग में धूमधाम से मनाया गया

हजारीबाग- जिलें के सरहुल मैदान स्थित धुमकुड़िया भवन में झारखंड अगरिया असुर आदिम जनजाति विकास समिति का 26वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा और एकजुटता के साथ मनाया गया। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे लगभग 500 समाजबंधुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पूरे परिसर में पारंपरिक परिधान, सांस्कृतिक झलक और सामाजिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मां देव प्रिया , महेंद्र बेक उपस्थित रहीं। वहीं पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह के निजी मीडिया प्रतिनिधि विक्की कुमार धान विशिष्ट अतिथि के तौर पर समारोह में शामिल हुए। मंच पर पहुंचते ही उनका पारंपरिक अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विक्की कुमार धान ने मुन्ना सिंह का संदेश समाज के बीच साझा करते हुए कहा कि अगरिया असुर आदिम जनजाति की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक पहचान को संरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने शिक्षा को समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव बताते हुए युवाओं से संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर कार्य करता है तो विकास की नई दिशा और नई पहचान स्थापित होती है। समिति के प्रदेश अध्यक्ष अनिल अगरिया ने संगठन की 26 वर्षों की संघर्षपूर्ण यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समिति समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। सचिव मुकेश कुमार अगरिया एवं कोषाध्यक्ष बिनोद अगरिया ने संगठन की भावी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत पारंपरिक नृत्य एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

रामगढ़ निकाय चुनाव 2026: सांसद मनीष जायसवाल ने प्रिया कुमारी (करमाली) के समर्थन में किया तूफानी जनसंपर्क

रामगढ़ - झारखंड नगर निकाय चुनाव- 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर हैं, जहाँ हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल हजारीबाग नगर निगम और रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को सांसद मनीष जायसवाल ने रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के अध्यक्ष पद की उम्मीदवार प्रिया कुमारी (करमाली) के पक्ष में सघन जनसंपर्क अभियान और तूफानी चुनावी दौरा किया।

उन्होंने रामगढ़ के आधा दर्जन से अधिक वार्डों में घूम-घूम कर जनता से सीधा संवाद किया और आगामी 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान में बैलट पेपर के क्रम संख्या 6 पर अंकित 'बिस्किट छाप' पर मुहर लगाकर प्रिया कुमारी (करमाली) को आशीर्वाद देने और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का आग्रह किया।

चुनाव प्रचार के दौरान विभिन्न सभाओं को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने राज्य और केंद्र की सरकारों के कामकाज की तुलना करते हुए हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश में दो तरह की व्यवस्थाएं काम कर रही हैं, जहाँ एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण, बुनियादी ढांचे के विकास और जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सदैव तत्पर है, वहीं दूसरी ओर झारखंड की वर्तमान हेमंत सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार, लचर कानून व्यवस्था और नशाखोरी ने विकराल रूप ले लिया है। सांसद मनीष जायसवाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पिछले करीब ढाई-तीन वर्षों तक नगर निकाय चुनावों को जानबूझकर बाधित रखा, जिससे स्थानीय विकास के कार्य पूरी तरह ठप हो गए। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड की जनता इस विकास विरोधी रवैये का बदला इस निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को चुनकर लेगी और प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

सांसद मनीष जायसवाल के इस चुनावी दौरे का आगाज वार्ड संख्या 01 और 02 स्थित सांडी से हुआ, जिसके बाद उन्होंने वार्ड संख्या 01, 02, 08, 18 और 23 के अंतर्गत आने वाले तिलैया, टूटी झरना, मनोहर नगर, रांची रोड, सेवटा, चैनगढ़ा, बरकाकाना और घुटवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान सभी जगहों पर सांसद मनीष जायसवाल का स्थानीय लोगों ने ढोल-बाजे के साथ फुल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस सघन जनसंपर्क अभियान में उनके साथ रामगढ़ नगर परिषद की अध्यक्ष प्रत्याशी प्रिया कुमारी (करमाली) सहित भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव बावला, रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू, राजू चतुर्वेदी, विजय जायसवाल, सरदार अनमोल सिंह, रामसहाय बेदिया, सत्येंद्र नारायण सिंह, राजीव जायसवाल, मनोज गिरी, रंजीत पांडेय, सुनील साहू, जागेश्वर प्रजापति, विनोद कुशवाहा, विनोद मिश्रा, संजय शाह, धनंजय कुमार पुटूस, नूतन कुमार महतो, दिनेश प्रसाद, अजय पासवान, योगेश दांगी, सतीश मोहन मिश्रा, संतोष बिंड, प्रवीण कुमार सोनू, पंकज कुमार, राकेश जायसवाल, अबू हसन, रीति श्रीवास्तव और सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बी एल ओ को किट वितरण के साथ नोशनल हाउस नंबर से संबंधित दिया गया प्रशिक्षण!!

हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड सभागार में 18 फरवरी को केरेडारी प्रखंड के 88 और टंडवा प्रखंड के 20 मतदान केंद्र के बूथ लेवल ऑफिसर को सभी मतदाताओं के घरों का नोशनल हाउस नंबर देने, मतदाताओं का मैपिंग, ब्लैक और व्हाइट फोटो/ब्लर्ड फोटो वाले मतदाताओं का रंगीन फोटो प्राप्त कर प्रपत्र 8 ऑनलाइन करने सहित प्री एस आई आर से संबंधित कार्यों की अद्यतन जानकारी ली गई और प्रशिक्षण दिया गया! इस दौरान सभी बी एल ओ और बी एल ओ पर्यवेक्षक को बी एल ओ किट, बैग, बी एल ओ पंजी का वितरण किया गया! परीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल ने उपस्थिति बी एल ओ और पर्यवेक्षक को निर्वाचन कार्य को प्राथमिकता देते हुए ससमय निष्पादित करने का निर्देश दिया।

नगर निगम चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त द्वारा निरीक्षण

नगर निगम (आम) चुनाव 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने हेतु आज उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने सामग्री कोषांग, मतपत्र कोषांग तथा विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

उपायुक्त ने सामग्री कोषांग में निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, संधारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। वहीं मतपत्र कोषांग में मतपत्रों की जांच,सुरक्षित भंडारण एवं वितरण प्रक्रिया का अवलोकन कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं के लिए पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, रैंप, छायादार प्रतीक्षा स्थल, बैठने की व्यवस्था तथा दिव्यांग मतदाताओं हेतु आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुगम मतदान की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियाँ समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं, ताकि मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान संबंधित कोषांग प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे l

हजारीबाग नगर निगम चुनाव: भाजपा समर्थित सुदेश कुमार के पक्ष में जोरदार जनसंपर्क, सांसद और विधायक रहे साथ

हजारीबाग नगर निगम चुनाव को लेकर मंगलवार को भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल और हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क किए । 

अभियान की शुरुआत बुढ़वा महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद जनसंपर्क का कारवां अंबेडकर नगर, गड़ी खाना, बंशीलाल चौक, बड़ा बाजार, ग्वालटोली, मल्लाह टोली, विष्णु मंदिर गली, सरदार चौक, खिरगांव, हुरहुरु एवं पतरातु तक पहुंचा।

 चौक-चौराहों पर लोगों की टोलियां पहले से स्वागत के लिए मौजूद थी फूल-मालाओं, गुलदस्तों और नारों के साथ सांसद, विधायक एवं महापौर प्रत्याशी का भव्य अभिनंदन किया गया। कई स्थानों पर स्थानीय महिलाओं और बुजुर्गों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए समर्थन का आश्वासन दिया।

बड़ा बाजार और बंशीलाल चौक जैसे व्यस्त इलाकों में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर स्वागत किया, जबकि ग्वालटोली, मल्लाह टोली और खिरगांव में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पूरे अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अनुशासित तरीके से घर-घर संपर्क करते हुए मतदान के दिन अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते नजर आए। 

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और पारदर्शिता के पक्ष में अपना मत देगी। 

 विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि नगर क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और जवाबदेह महापौर ही शहर को नई दिशा दे सकता है।

महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार ने कहा कि जनता का जो स्नेह और समर्थन उन्हें मिल रहा है, वह उनके लिए जिम्मेदारी और बढ़ा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे और नगर निगम को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जाएगा।

जनसंपर्क अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और चुनावी माहौल चरम पर रहा। सड़कों पर उमड़ा जनसमर्थन इस बात का संकेत दे रहा था कि नगर निगम चुनाव को लेकर जनता पूरी तरह सक्रिय और सजग है।