गया में सड़क हादसे में युवक की मौत, अनियंत्रित वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दीरि, परिवार में मचा कोहराम

गया। गया-चेरकी रोड एयरपोर्ट के बाउंड्री के नजदीक 80 गेट से आगे एक दर्दनाक सड़क हादसे में गया शहर के नागमतिया कॉलोनी रोड नं0 6 निवासी राशिद इकबाल उर्फ रूमी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वे अपने बच्चों को इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा के बाद मॉडेम स्कूल से लाने मोटरसाइकिल से जा रहे थे। बता दे कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

मृतक राशिद इकबाल उर्फ रूमी अपने परिवार के एक जिम्मेदार सदस्य थे और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर काफी सजग रहते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गया-चेरकी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्वस्थ शुरुआत को बढ़ावा - "पहले 1000 दिन महत्वपूर्ण" पर दो दिवसीय (12 एवं 13 फ़रवरी 2026) प्रशिक्षण सफ़लता पूर्वक संपन

गया जी: यूनाइटेड वे बेंगलुरू द्वारा जनपद गया जी, टिकारी परियोजना, से चयनित ५० आंगनवाड़ी सेविकाओं को आई.सी.डी.एस. विभाग के मार्गदर्शन में यूनाइटेड वे बेंगलुरू द्वारा, गर्व होटल एंड रिसोर्ट में प्रथम 1000 दिवस पर विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। साथ ही गर्भवती व धात्री महिलाओं एवं 2 वर्ष तक के शिशु के खान-पान एवं देखरेख पर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, डॉ.रश्मि वर्मा, रही। साथ ही सबा सुल्ताना, जिला समन्वयक NNM, श्रीमती कंचन माला,बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, टिकारी, फरहा नाज़, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और लेडी सुपरवाइजर रूबी कुमारी,की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को विभाग की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

डॉ श्रीमती रश्मि वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के दो वर्ष की आयु तक के 1000 दिन बच्चे के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा की गई जागरूकता एवं मार्गदर्शन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होती है। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं की देखभाल, पोषण, समय पर ए.एन.सी. जांच, संस्थागत प्रसव, स्तनपान, पूरक आहार, टीकाकरण एवं नवजात शिशु देखभाल जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के उपरांत इस कार्यक्रम को और प्रभावी ढंग से ज़मीनी स्तर पर लागू करने के लिए सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को "प्रथम 1000 दिवस कीट" दिया गया जिससे यह कार्यक्रम का लाभ लाभार्थी को अवश्य प्राप्त हो।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूनाइटेड वे बेंगलुरु की टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही, जिसमें सूरज नदाफ, आदर्श गुप्ता, जुलियाना मंचारी, विद्याश्री सहित अन्य टीम सदस्यों, खुशबू कुमारी, कुमारी नैन्सी और सुप्रिया कुमारी, ने सत्रों का संचालन किया। टीम द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सरल भाषा में जानकारी देकर उन्हें अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें अपने कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से करने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण को आयोजित करने की बात कही गई।

 @Gayamanish  Video 
बिहार विधानसभा के सदन में अतरी विधायक रोमित कुमार ने बिहार की दो महान विभूतियों को भारत रत्न से सम्मानित करने की जोरदार मांग उठाई

गया: आज बिहार विधानसभा के सदन में अतरी विधानसभा क्षेत्र के ऊर्जावान युवा विधायक रोमित कुमार ने बिहार की दो महान विभूतियों—‘पर्वत पुरुष’ दशरथ मांझी एवं बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री कृष्ण सिंह को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की जोरदार मांग सदन के पटल पर उठाई। उन्होंने बिहार सरकार से आग्रह किया कि इन दोनों महान हस्तियों के योगदान को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान मिल सके।

अपने संबोधन में विधायक रोमित कुमार ने कहा कि दशरथ मांझी ने सीमित संसाधनों और अत्यंत कठिन परिस्थितियों के बावजूद अदम्य साहस, धैर्य और संकल्प का परिचय देते हुए अकेले अपने बल पर पहाड़ काटकर रास्ता बनाया। उनका यह कार्य केवल एक मार्ग निर्माण नहीं, बल्कि मानव सेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्ष की अद्वितीय मिसाल है। उनका जीवन समाज को यह संदेश देता है कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती और उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।

वहीं, कृष्ण सिंह के योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में श्री बाबू ने राज्य के प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण, शिक्षा के विस्तार, औद्योगिक विकास और सामाजिक सुधारों की मजबूत आधारशिला रखी। स्वतंत्रता के बाद बिहार को संगठित, प्रगतिशील और विकासोन्मुख दिशा देने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक और दूरदर्शी रही है। उनके नेतृत्व ने बिहार के आधुनिक निर्माण की नींव तैयार की।

विधायक रोमित कुमार ने कहा कि इन दोनों महान विभूतियों को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय होगा। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और युवाओं को संघर्ष, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए केंद्र सरकार को आवश्यक प्रस्ताव भेजेगी, जिससे इन महान व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय सम्मान मिल सके।

गया शहर के बड़की डेल्हा धनिया बगीचा में नाला निर्माण अटका, 40 घरों के अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी

गया: गया शहर के बड़की डेल्हा स्थित धनिया बगीचा मोहल्ले में नाला निर्माण कार्य अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 40 घरों के सामने किए गए अतिक्रमण की वजह से नाला निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इससे जल निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है और मोहल्ले के निवासियों को रोजाना आने-जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि इस इलाके में लंबे समय से जलजमाव और गंदगी की समस्या बनी हुई है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। नाला निर्माण की योजना शुरू होने से लोगों में राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य बाधित हो गया। संकरी गली और रास्ते पर किए गए अवैध कब्जे के कारण निर्माण सामग्री पहुंचाने और मशीन लगाने में दिक्कत आ रही है। मोहल्ले के लोगों ने इस समस्या को लेकर नगर प्रखंड कार्यालय में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के बाद नगर प्रखंड के सीओ ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी संजीत कुमार, ध्रुव कुमार, पुष्पा देवी और विजय कुमार वर्मा सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाकर नाला का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए और रास्ते को सुगम बनाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने बताया कि गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है और वे नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

निरीक्षण के बाद सीओ ने कहा कि मोहल्ले के लोगों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर वे जांच के लिए पहुंचे हैं। नक्शे के अनुसार जिस भी मकान का हिस्सा अतिक्रमण में पाया जाएगा, उसे नियमानुसार हटाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अतिक्रमण हटाकर नाला निर्माण कार्य को पूर्ण रूप से कराया जाएगा, ताकि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

गया में होटल एसएस पैलेस का भव्य शुभारंभ, पूर्व विधायक विनय यादव ने किया उद्घाटन

गया शहर के मगध मेडिकल रोड स्थित घुटिया में बुधवार को होटल एसएस पैलेस का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर गुरुआ के पूर्व विधायक विनय यादव ने फीता काटकर होटल का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ प्रसाद यादव, मनोज कुमार, हरदेव यादव समेत कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

उद्घाटन के मौके पर पूर्व विधायक विनय यादव ने होटल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गया एक महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से युक्त होटलों की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि होटल एसएस पैलेस क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर आतिथ्य सेवा प्रदान करेगा।

होटल के मालिक सुनील कुमार ने बताया कि होटल एसएस पैलेस सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां आरामदायक और सुसज्जित कमरे, स्वच्छ वातावरण, बेहतर खान-पान की व्यवस्था और सुरक्षा की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुविधा और संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए होटल की सेवाएं तैयार की गई हैं। साथ ही, पारिवारिक कार्यक्रमों, बैठकों और अन्य आयोजनों के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने होटल परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई कि इस होटल के शुरू होने से क्षेत्र की पहचान और भी मजबूत होगी। उद्घाटन समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

घर में बिजली कट हुआ तो इस नंबर पर करें शिकायत, तुरंत आ जाएगी बिजली

गया: सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (इज ऑफ लीविंग) के अंतर्गत बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली विभाग ने बड़ा काम किया है. अगर आपके घर की बिजली चली जाए तो चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. आप अपने मोबाइल फोन से बिजली विभाग द्वारा बिजली बिल पर दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए बिजली विभाग ने आपके बिजली बिल पर आपके क्षेत्र फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर अंकित किया गया है.

अगर आपके घर में बिजली गुल हो जाती है, तो आप घर बैठे ही इसकी सूचना दे सकते हैं. आपको किसी सरकारी दफ्तर जाने की जरूरत नहीं है. शिकायत दर्ज करने के लिए आपको कोई ऐप डाउनलोड करने या किसी आधिकारिक वेबसाइट पर जाने की भी जरूरत नहीं है. हेल्पलाइन नंबर आपके बिजली बिल में दिया गया है, आप सीधे उस पर शिकायत कर सकते हैं बिजली आपूर्ति संबंधित समस्या का निराकरण कर सकते है.

साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के गया सर्कल के विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. संदीप प्रकाश ने बताया कि राज्य सरकार और बिहार विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध हैं. विद्युत विभाग ने अब उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विद्युत आपूर्ति संबंधित शिकायत हेतु नंबर जारी किया है. जो कि सभी तरह के बिजली बिल पर अंकित रहेगा. बिजली बिल में सबसे नीचे में विद्युत आपूर्ति संबंधित शिकायत हेतु नंबर अंकित है. उपभोक्ता के क्षेत्र के फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर बिजली बिल पर अंकित होगा. आप अपने घर, पड़ोसियों और गांव में बिजली कटौती की सूचना देने के लिए बिजली बिल में अंकित नंबर पर फोन कर सकते हैं. इन समस्याओं की सूचना मिलते ही तुरंत समस्याओं का समाधान कर आपके घर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.

बता दे कि गया जिले में उपभोक्ताओं के लिए नौ फ्यूज कॉल सेंटर हैं. बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतें इन्हीं फ्यूज कॉल सेंटरों में दर्ज की जाती हैं. अब चूंकि बिजली बिल में उनके क्षेत्र के फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर दिया होगा, इसलिए उपभोक्ताओं के लिए इसकी सेवाओं का लाभ उठाना आसान हो जाएगा और उनका दैनिक जीवन आसान होगा. बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया गया है। "सबका सम्मान-जीवन आसान' (इज आफ लीविंग) का मुख्य मकसद नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है.

गया में रविदासिया धर्म का 12वां वार्षिक जिला संत समागम सह छठी यार महोत्सव संपन्न: भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

गया: गया जी शहर के बाईपास स्थित गुरु रविदास धाम, गया के तत्वावधान में रविवार को रविदासिया धर्म का 12वां वार्षिक गया जिला संत समागम सह छठीयार महोत्सव भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक महोत्सव में हजारों की संख्या में रविदास समाज के श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

महोत्सव की शुरुआत गुरु रविदास जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरु रविदास धाम, गया के मठाधीश एवं अध्यक्ष सूर्यवंशी देवानंद देवर्षि ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन मानवता, समानता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य प्रवचनकर्ता के रूप में संत सुरेंद्र बाबा, बांका (बिहार) से पधारे। उन्होंने अपने ओजस्वी प्रवचन में कहा कि गुरु रविदास जी ने जाति-पाति, ऊँच-नीच का विरोध कर समता मूलक समाज की स्थापना का संदेश दिया। संत सुरेंद्र बाबा ने समाज के लोगों से शिक्षा, संगठन और जागरूकता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा वर्ग की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने और गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के साथ महोत्सव का समापन हुआ।

बोधगया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आम बजट को लेकर प्रेस वार्ता किया, पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवालों पर दी प्रतिक्रिया

कहा - मृतक छात्रा नीट से जुड़े मामले में पप्पू यादव की नहीं हुई गिरफ्तारी नहीं

गया: गया जी शहर के बोधगया में केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने आम बजट को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के आम बजट की सराहना करते हुए इसे देश के गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हित में बताया। प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में विकास के कई नए आयाम तय किए हैं। उन्होंने कहा कि आम बजट में किसानों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे उनकी आय बढ़ेगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर सरकार का फोकस साफ नजर आता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है।

प्रेस वार्ता के दौरान जीतन राम मांझी ने सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है और इसमें किसी तरह की राजनीतिक दुर्भावना नहीं है। उन्होंने बताया कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी नीट की मृतक छात्रा से जुड़े मामले में नहीं हुई है, बल्कि यह उनके एक पुराने केस से संबंधित है। मांझी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता और न्यायिक प्रक्रिया को स्वतंत्र रूप से अपना काम करने देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग बिना तथ्यों को जाने ही सरकार पर आरोप लगाने का काम कर रहे हैं, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रेस वार्ता के अंत में जीतन राम मांझी ने कहा कि केंद्र सरकार देश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए और भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

गया जी के जिलाधिकारी ने नगर प्रखंड अंतर्गत घुटिया पंचायत के पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया, दिए यह निदेश

गया: जिलाधिकारी शंशाक शुभंकर द्वारा आज नगर प्रखंड अंतर्गत घुटिया पंचायत के पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने परिसर में फेवर ब्लॉक लगाना का निर्देश दिया। साथ ही पूरे परिसर में पौधारोपण करने हेतु बीडीओ को निर्देशित किया गया। वहां संचालित आरटीपीएस काउंटर पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर से आरटीपीएस काउंटर पर प्राप्त होने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवन में सम्बन्धित पदाधिकारी एवं कर्मी अनिवार्य रूप से प्रतिदिन उपस्थित रहेंगे। 

इसके उपरांत टनकुप्पा प्रखंड के मायापुर पंचायत स्थित बिहार सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स ऑन मिलेट्स (COE), मायापुर, टनकुप्पा, गया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप 2023-28 अंतर्गत फसल विविधिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि प्रक्षेत्र में International Crops Research Institute for the Semi-Arid Tropics (ICRISAT) हैदराबाद के तकनीकी सहयोग से स्थापित किया जा रहा है। इसका कुल क्षेत्रफल - 56 एकड़ है। उन्होंने इस भवन के अवसंरचना के बारे में बताया कि प्रशासनिक-सह-प्रशिक्षण भवन का निर्माण अंतिम चरण में है, इसमें वैज्ञानिकों के कक्ष के साथ साथ किसानों के आवासन, प्रशिक्षण हॉल, कैंटीन आदि का निर्माण कराया गया है। संस्थान में रिसर्च लैब, जर्म प्लास्म स्टोरेज का निर्माण कराया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त 40 एकड़ से अधिक के क्षेत्रफल में खेती की जा रही है। प्रक्षेत्र पर दो तालाब एवं एक आहर अवस्थित है। एक थ्रेसिंग फ्लोर तथा एक कम्पोस्टिंग ईकाई का निर्माण किया गया है। 3000 मीटर का चाहरदिवारी का निर्माण कराया गया है।

प्रक्षेत्र को A,B, C, D और E पांच ब्लॉक में विभक्त कर शोध एवं बीज उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। A ब्लॉक में प्रक्षेत्र प्रत्यक्षण (Field Demonstration) लगाया गया है।

B और C ब्लॉक में शोध का कार्य किया जा रहा है।

D और E ब्लॉक में बीज उत्पादन का कार्य किया जा रहा है।

प्रक्षेत्र पर कृषि से जुड़ी सभी आधुनिक मशीने उपलब्ध है। इन मशीनों को रखने के लिये मशीनरी शेड का निर्माण कराया गया है। मशीनों में प्रमुख रुप से 65 HP का एक बड़ा ट्रैक्टर एवं 45 HP का एक छोटा ट्रैक्टर के साथ लैण्ड लेजर लेवेलर, मिलेट मल्टी क्रॉप रेज्ड बेड प्लान्टर, जिरो टिलेज मशीन, रोटावेटर तथा कल्टीवेटर आदि है।

इसके उपरांत टनकुप्पा के भटौरा पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण करते हुए वहां संचालित आरटीपीएस काउंटर में कार्यरत कर्मियों से लोक सेवाओं का अधिकार से संबंधित आवेदकों की स्थिति की जानकारी प्राप्त किया गया। साथ ही अधिकारी को पंचायत सरकार भवन की साफ सफाई तथा रंग रोगन करने का निर्देश दिया। 

निरीक्षण में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, सम्बंधित एसडीओ, बीडीओ, सीओ सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थें।