डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भदोही दौरे पर:सीएचसी का निरीक्षण किया, UGC सवाल पर SIR का जिक्र
रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शुक्रवार को भदोही दौरे पर रहे। डिप्टी सीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से सुविधाओं एवं अस्पताल स्टॉफ के व्यवहार को लेकर जानकारी ली। उन्होंने दवा के लिए आई एक बुजुर्ग महिला से समस्या एवं इलाज को लेकर जानकारी ली। और उनके परिजनों से फोन पर बातचीत कर यह भी पूंछा, कि डॉक्टर बाहर के लिए दवा तो नहीं लिख रहे। उन्होंने इमरजेंसी, जनरल वार्ड, शिशु वार्ड सहित डॉक्टर चेम्बर्स एवं अन्य वार्डों का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम चौगुना में नवनिर्मित भारत माता मंदिर का अनावरण किया। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मीडिया कर्मियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि हमने सीएचसी सुरियावा का जायजा लिया है। चिकित्सकों का मरीज के प्रति व्यवहार अच्छा है हमने भवन एवं अन्य मेंटेनेंस को लेकर सवाल उठाए हैं। इसके अलावा अस्पताल के परिसर एवं बिल्डिंग में तत्काल मरम्मत कराए जाने का निर्देश दिए हैं। पर्याप्त संख्या में इस सीएचसी पर मरीज आ रहे हैं, ओपीडी, आईपीडी, दवाएं सहित सारी सुविधाएं यहां मौजूद हैं। हम हर स्थिति में प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करा रहे हैं।
अखिलेश यादव द्वारा कानपुर के लेंबोर्गिनी मामले में कार्रवाई में भेदभाव के हमले पर भी उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया को सच्चाई से वाकिफ होना चाहिए। कोई भी अपराधी किसी भी परिस्थिति में बचने नहीं पाएगा। उनके समय में संगठित अपराध का जाल बिछा था, आज कोई भी संगठित माफिया और अपराधियों का गिरोह यूपी में नहीं है। आपसी वैमनस्यता में जो घटनाएं हो रही हैं, उन मामलों में छोटा-बड़ा न देखकर हमारी सरकार कड़ी कार्यवाही कर रही है। कानपुर मामला अभी निस्तारित नहीं हुआ है, अदालत में विचाराधीन है। हम पुलिस प्रशासन से कहेंगे कि वह अपना पक्ष निष्पक्षता से रखें, अदालत जो फैसला देगी उसका पालन होगा।
यूजीसी कानून को लेकर रुख के सवाल पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक कन्नी काट गए। यूजीसी के सवाल पर वह SIR की बात करने लगे। और कहा कि, इस समय प्रदेश में SIR चल रहा है। इसको लेकर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का हम सभी कार्यकर्ता पालन कर रहे हैं। हर स्थिति में पारदर्शिता एवं निष्पक्ष पूर्ण सूची बने, इसको लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।
1 hour and 42 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1