सरल एवं सादगी के प्रतिमूर्ति थे स्व. चौधरी अजीत सिंह : मिर्जा जावेद सुल्तान
जौनपुर। किसान मसीहा स्व. चौधरी अजीत सिंह का जन्मदिन मनाया गया। रालोद अर्बन कमेटी के सदस्य मिर्जा जावेद सुल्तान के कटघरा स्थित आवास पर किसान संगोष्ठी के आयोजन उपरांत मिर्जा जावेद सुल्तान के नेतृत्व में रालोद नेताओं के द्वारा सदर अस्पताल में मरीजों को फल वितरण किया गया। किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मिर्जा जावेद सुल्तान ने कहा कि स्व. चौधरी अजीत सिंह सरल एवं सादगी के प्रतिमूर्ति थे। स्व. चौधरी ने औद्योगिक सुधारों का ड्राफ्ट तैयार किया, लाइसेंस राज को समाप्त किया। भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। उन्होंने सदैव किसानों के अधिकार की आवाज को बुलन्द की और बिना थके, बिना झुके समाज के हित में कार्य करते रहे। उनका जीवन हमें संघर्ष, समर्पण और सेवा की प्रेरणा देता है। आज उनके जन्मदिन पर हम सभी संकल्प लेते हैं कि उनके आदर्शों पर चलकर समाज और देश की सेवा करेंगे। इस अवसर पर अशोक यादव प्रदेश सचिव, उपाध्यक्ष राम बदन सरोज, वरिष्ठ नेता सत्य नारायण यादव, जिला प्रवक्ता दयाशंकर यादव, हैदर मेहदी, साहिल आब्दी, मोहम्मद जलालुद्दीन, खिलाड़ी प्रसाद, रमी मिर्जा आदि लोग उपस्थित रहे।
सिटी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने किया विद्यालय का नाम रोशन
जौनपुर। जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय मॉडल प्रतियोगिता में सीबीएसई बोर्ड द्वारा संचालित सिटी इंटरनेशनल स्कूल, पिलकिछा खुटहन की छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय, तीनों स्थानों पर कब्ज़ा कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। सातवीं की तीन छात्राओं में से सेजल यादव ने प्रथम स्थान, वैष्णवी सिंह ने द्वितीय स्थान तथा रागिनी निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय परिवार के लिए एक मील का पत्थर है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के सभी विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणास्रोत है।

यह सफलता यह संदेश देती है कि सही दिशा, निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रबंधक तथा पूर्व ब्लाक प्रमुख राजीव यादव ने सभी विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है।
समाज को बांटने वाली हर बातों का व्यापक विरोध आवश्यक : ज्ञान प्रकाश सिंह

जौनपुर। प्रख्यात समाजसेवी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने नेटफ्लिक्स पर आ रही फिल्म घूसखोर पंडत का कड़ा विरोध करते हुए इस पर बैन लगाने और फिल्म निर्माता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में ब्राह्मणों को ज्ञान, तप, और सदाचार का प्रतीक मानकर सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उनका महत्व वेदों के संरक्षण, अध्यापन (शिक्षण), धार्मिक अनुष्ठान (यज्ञ-पूजा), और समाज को नैतिक मार्गदर्शन प्रदान करने में निहित है। वे सदियों से ज्ञान के संवाहक और आध्यात्मिक गुरु के रूप में भारतीय सभ्यता के स्तंभ रहे हैं। ज्ञान प्रकाश ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा से राष्ट्रभक्त और धर्मनिष्ठ रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस फिल्म का संज्ञान होते ही उन्होंने FIR करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली हर चीजों का व्यापक स्तर पर विरोध किया जाना चाहिए।
बदलापुर की उप जिलाधिकारी योगिता सिंह का समरस फाउंडेशन ने किया सम्मान
जौनपुर। मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा आज बदलापुर, जौनपुर की कर्तव्यनिष्ठ और तेज तर्रार उप जिलाधिकारी सुश्री योगिता सिंह का सम्मान किया गया। संस्था के महासचिव तथा वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने शॉल और स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर मुंबई महानगरपालिका के पूर्व शिक्षणाधिकारी अशोक मिश्रा तथा दैनिक जागरण के पत्रकार प्रमोद पांडे उपस्थित रहे। संस्था द्वारा उन्हें यह सम्मान उनकी योग्य प्रशासनिक क्षमता तथा आम जनता के बीच उनके उज्जवल छवि को देखते हुए प्रदान किया गया। संस्था द्वारा आशा व्यक्त की गई कि सुश्री योगिता सिंह की कुशल क्षमता और समर्पित जनहित कार्यों से तहसील से जुड़े लोगों को राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ मिलेगा। 2022 में प्रशासनिक सेवा से जुड़ी सुश्री योगिता सिंह पढ़ाई में हमेशा टॉपर रहीं और पुलिस सेवा में रहे अपने पिता को अपना आदर्श मानती हैं। अलीगढ़ जनपद की रहने वाली सुश्री योगिता सिंह को अभी लंबी दूरी तय करना है और जनता से जुड़े विकास के ढेर सारी सपनों को पूरा करना है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह के अनुसार सुश्री योगिता सिंह ऊर्जावान उप जिलाधिकारी हैं, जिनके कुशल प्रशासनिक नेतृत्व में तहसील का सर्वांगीण विकास हो रहा है।
डॉ. प्रतिभा सिंह को संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में मिली सफलता
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वाञ्चल विश्वविद्यालय, जौनपुर से सम्बद्ध राजा श्रीकृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जौनपुर के हिन्दी विभाग की प्राध्यापिका डॉ.उर्मिला सिंह के कुशल मार्गदर्शन में पी-एच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा डॉ० प्रतिभा सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर हिंदी परीक्षा में सफलता अर्जित की।
राज काॅलेज के पूर्व छात्र अश्वनी तिवारी ने बताया कि, दिनांक 2 सितंबर 2023 को डॉ.प्रतिभा की शोध मौखिकी परीक्षा  शीर्षक "स्त्री विमर्श में प्रमुख महिला कथाकारों (स्वातंत्र्योत्तर) का कथा साहित्य " पर
विश्वविद्यालय के शोध सभागार में संपन्न हुई थी और कुलपति द्वारा नामित बाह्य विशेषज्ञ प्रो.सुनील विक्रम सिंह हिन्दी विभाग, इलाहाबाद विवि थें।
ज्ञात हो कि आज़मगढ़ के करिया गोपालपुर की मूल निवासी काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातक एवं परास्नातक की उपाधि प्राप्त की और अब जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय, पोर्ट ब्लेयर (अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह) में नियुक्ति हुई है।
इस उपलब्धि से बनारस, आज़मगढ़ एवं जौनपुर के साथी शोधार्थियों में हर्ष एवं गौरव का वातावरण व्याप्त है।उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी माता अंजू सिंह, पिता रंजन सिंह, पति अतुल कुमार सिंह, भाई डॉ. ए. पी. सिंह तथा अपने समस्त गुरुजन के स्नेह, आशीर्वाद, मार्गदर्शन को दिया है। डॉ. प्रतिभा की यह सफलता युवाओं विशेषकर छात्राओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर राज काॅलेज के प्राचार्य प्रो.शंभूनाथ , विभागाध्यक्ष हिन्दी प्रोफेसर सुधा सिंह, डाॅ.उर्मिला सिंह, डाॅ.रागिनी राय ,डाॅ.मधु पाठक, डाॅ.रमेश सोनी, डाॅ. महेन्द्र त्रिपाठी टी.डी.काॅलेज , इलाहाबाद वि.वि. के प्रोफेसर सुनील विक्रम सिंह , डाॅ. प्रियंबदा सिंह, आशीष चौरसिया, शोधार्थियों में अश्वनी तिवारी, मनोज कुमार, अभिषेक गुप्त, पूनम तिवारी, शिक्षाविदों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की मंगलकामनाएँ प्रेषित की हैं।
102 वर्ष की उम्र में ब्रह्मलीन सच्चिदानंद स्वामी का जौनपुर से रहा गहरा लगाव
जौनपुर। विश्व भर में फैले लाखों भक्तों के लिए भगवान की तरह पूजे जाने वाले सच्चिदानन्द स्वामी धारकुंडी महराज के ब्रह्मलीन होने की खबर का पता चलते ही उनके श्रद्धालुओं में शोक की लहर छा गई। सैकड़ों श्रद्धालु उनके अंतिम दर्शन के लिए मध्यप्रदेश के सतना जिले में स्थित धारकुंडी आश्रम के लिए प्रस्थान कर दिया। स्वामी जी ने शनिवार की रात मुंबई के बदलापुर स्थित आश्रम पर नश्वर शरीर को त्याग गोलोक सिधार गए। बताते हैं कि वे 102 वर्ष की उम्र में शरीर का परित्याग किए हैं।
परमहंस महराज के तीन शिष्यों,स्वामी अड़गड़ानंद और अनुसुइया महराज में सबसे बड़े सच्चिदानंद स्वामी धारकुंडी महराज थे। उनका जौनपुर से विशेष लगाव था। लगभग तीन दशक पूर्व दौलतपुर गांव निवासी व रेलवे विभाग में सतना स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात रहे ताल्लुका दूबे उनके आश्रम में गए थे। स्वामी जी से इस कदर प्रभावित हुए कि नौकरी और परिवार छोड़ उन्हीं के शरणागत होकर रह गए। जिन्हें दूबे बाबा के नाम से जाना गया। इसी तरह महमदपुर गुलरा गांव निवासी जगदीश पांडेय घर बार छोड़कर आश्रम में ही रह गए। उन्हें जगदीश बाबा की उपाधि मिली। वर्ष 1985 में धारकुंडी महराज का आगमन महमदपुर गुलरा और दौलतपुर गांव में हुआ था। तभी से यहां उनके हजारों श्रद्धालु बन गये। प्रत्येक गुरुपूर्णिमा को यहां से हजारों श्रद्धालु धारकुंडी आश्रम पहुंच उनका दर्शन पूजन करते चले आ रहे हैं। उनके गोलोक सिधारने की खबर से सभी श्रद्धालुओं में शोक छा गया। उनके भक्तों में शामिल राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय के प्रबंधक कुंवर जय सिंह के अनुसार उनका दर्शन करने मात्र से ही शरीर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो उठता था। ऐसे संतों का दर्शन दुर्लभ होता है।
धारकुंडी आश्रम के पीछे स्थित अघमर्षण कुंड का उल्लेख महाभारत के युधिष्ठिर और यक्ष संवाद की पृष्ठभूमि के रूप में होता है। यही कारण है कि यह स्थान न केवल श्रद्धालुओं बल्कि इतिहास प्रेमियों और पर्यटकों को भी आकर्षित करता है।  स्वामी जी 22 नवंबर 1956 को यहां आए और पहाड़ की उसी गुफा में निवास करने लगे, जहां पहले एक खूंखार शेर रहा करता था। चमत्कारिक रूप से शेर ने गुफा छोड़ दी और वही स्थान बाद में विकसित होकर धारकुंडी आश्रम बन गया। स्वामी जी ने अपने अतीत की जानकारी किसी को नहीं दी। उन्हें निशानेबाजी और सेना के कोड वर्ड्स का गहरा ज्ञान था। कुल मिलाकर उनका संपूर्ण जीवन एक रहस्यमय आध्यात्मिक जीवन रहा, जिसे समझ पाना बहुत मुश्किल है।
बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट, जौनपुर इकाई की काव्यगोष्ठी संपन्न
जौनपुर। बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट जौनपुर इकाई द्वारा गूगल मीट के माध्यम से प्रथम काव्यगोष्ठी का आयोजन गुरुवार 5 फरवरी 2026 को राजेश पाण्डेय के संचालन में संपन्न हुआ।अध्यक्षता वरिष्ठ कवि प्रेम शंकर द्विवेदी,मुख्य अतिथि वरिष्ठ कवि विजय तिवारी रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सुमति श्रीवास्तव द्वारा माँ सरस्वती के वंदना से हुई।दिल्ली से कवि तथा चित्रकार पंकज तिवारी ने 'एसंउ लाग बाटइ महाकुंभ अइया' के माध्यम से अवधी रचना,वरिष्ठ कवि एस. बी. उपाध्याय,सुजिता शर्मा द्वारा शानदार गीत,'कविता ही है सखी हमारी' नारी सशक्तिकरण पर बेहतरीन रचना सीमा त्रिवेदी, 'सजे सपने मनभावन से' गीत सुमति श्रीवास्तव,अनुपमा द्विवेदी,मंजू पांडेय ने 'मेरे ख्वाबों में ख्यालों में तुम ही हो',अयोध्या प्रसाद 'सखि वसंत सचमुच बौराया है',जौनपुर इकाई अध्यक्षा सीमा सिंह द्वारा 'जिंदा रहने के ख्वाहिश में बस इतना ही काफी है' के माध्यम से जिंदगी के खूबसूरत सफर एवं जटिल प्रक्रिया का बखान किया।राष्ट्रीय सचिव सत्यभामा सिंह की कविता 'मैं बना हूँ सारथी तो बात मेरी मान लो' के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण एवं अर्जुन के संवाद को बखूबी बयां किया।मुख्य अतिथि विजय तिवारी ने 'बड़ी बात है' बड़ी ही गूढ़ कविता पढ़ीं।संचालक राजेश पाण्डेय की कविता 'मैं ही तो कारण सत्ता हूँ' बहुत पसंद की गई।अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कवि प्रेम शंकर द्विवेदी ने अपने गुरुजी को याद करते हुए अपनी बेहतरीन रचनाएं पढ़ते हुए सभी की कविताओं पर समीक्षात्मक टिप्पणी भी किया।अंत में सत्यभामा द्वारा बड़े ही सहज भाव में सभी का आभार व्यक्त किया गया।
संत रविदास जयंती के अवसर पर लोजपा कार्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम
जौनपुर। रविदास जयंती के पावन अवसर पर लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) जौनपुर कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचारों एवं उनके सामाजिक संदेश को स्मरण करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई कार्यकर्ताओं को नवीन दायित्व भी सौंपे गए। इस अवसर पर पार्टी की जिला अध्यक्ष रीता सरोज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्यारे लाल सरोज सहित जिले भर से आए समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश लोक जनशक्ति पार्टी के प्रधान महासचिव विकास पांडेय ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन समता, न्याय और मानव गरिमा की प्रेरणा है। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने और शोषित-वंचित वर्ग को अधिकार दिलाने का मार्ग दिखाते हैं। लोक जनशक्ति पार्टी गुरु रविदास के आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक न्याय और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने गुरु रविदास के विचारों को आत्मसात कर संगठन को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
शिक्षक नेता उमेश चंद्र मिश्र ने किया एमसीसी स्कूल के नये कार्यालय का उद्घाटन
जौनपुर। मिनिअन्स क्रैडल टू क्रेयान (एमसीसी) स्कूल, बदलापुर के नये कार्यालय का उद्घाटन प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष उमेश चन्द्र मिश्र द्वारा किया गया l  अध्यक्ष ने कहा की इस नये ऑफिस का उद्घाटन करना केवल एक भौतिक उपलब्धि ही नहीं बल्कि यह स्कूल परिवार के विजन, कड़ी मेहनत, सामूहिक विश्वास का प्रमाण है l यह एक नई शुरुआत है, एक ऐसा स्थान है जहाँ नये विचार जन्म लेंगें और सपने हकीकत में बदलेंगे l कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, वीरेन्द्र यादव, देवेन्द्र, सुरेश तिवारी, विजय यादव आदि उपस्थित रहे l स्कूल के डायरेक्टर अनिल यादव ने कहा की हमारा लक्ष्य इस नये कार्यालय से बेहतर कार्य करना, बेहतर सेवाएं देना और नई उपलब्धिओ को हासिल करना है l अन्त में विद्यालय की प्रिंसिपल आस्था जायसवाल ने आए हुए सम्मानितजन का आभार ज्ञापन किया
ग्रामीण विकास के साथ सनातन धर्म का प्रसार करनेवाले पीठाधीश्वर रिंकू महाराज का सम्मान

जौनपुर। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राहुल एजुकेशन द्वारा आज गुरुजी ग्रामीण विकास के साथ-साथ अमेरिका तक सनातन धर्म का प्रसार करने वाले बड़कू हनुमान जी महाराज मंदिर एवं पीठाधीश्वर रिंकू महाराज का पुरेव स्थित हनुमान मंदिर पर सम्मान किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी जलालपुर गजानन चौबे, समाजसेवी रामजी उपाध्याय, हरिवंश उपाध्याय उपस्थित रहे। राहुल एजुकेशन की तरफ से वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने धार्मिक स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया। रिंकू महाराज और उनके परिवार के 156 लोग अमेरिका रहते हैं।

12 वर्ष की उम्र में अध्यात्म से जुड़ने वाले रिंकू महाराज ने सनातन धर्म के प्रसार के साथ ग्रामीण विकास का संकल्प लेकर सेवा भावना के साथ लगातार काम कर रहे हैं। 38 वर्षीय अविवाहित संत रिंकू महाराज राजनीति से परहेज नहीं करते। उनका मानना है कि अगर आपको जनता से जुड़ी समस्याओं का निराकरण करना है और गांवों का विकास करना है तो राजनीति एक सशक्त माध्यम है। रिंकू महाराज ने अमेरिका में 108 ताकतवर लोगों को ट्रस्टी बनाया है, जिसमें राजेश अग्रवाल , डॉ रीता अग्रवाल जैसे प्रख्यात उद्योगपति शामिल हैं। गांव में उन्होंने राजाराम हॉस्पिटल की स्थापना की है, जिसमें आम मरीजों को 50% डिस्काउंट पर इलाज की सुविधा है। किसानों को लेकर रिंकू महाराज के पास अनेक दूरदर्शी योजनाएं हैं।

हर गांव में कोल्ड स्टोर की स्थापना से लेकर हर घर में लघु उद्योग की स्थापना करना उनका मिशन है। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुद्रा दायिनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देना तथा उनके निर्यात के लिए समुचित संसाधनों का उपयोग किया उनकी दूरदर्शी योजनाओं में शामिल है। ग्रामीण विकास को लेकर अपने दूरदर्शी योजनाओं क्रियान्वित करने के लिए वे विधानसभा चुनाव में भी उतरने की तैयारी कर रहे हैं।