हरिद्वार : कांवड़ यात्रा के दौरान टोल प्लाजा पर बवाल, पुलिस पर पथराव- तीन गिरफ्तार
![]()
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान बहादराबाद क्षेत्र में उस समय तनाव फैल गया जब कुछ कांवड़ियों ने टोल प्लाजा पर जमकर बवाल किया और पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। घटना में बहादराबाद थाने के उप निरीक्षक कर्म सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
मामला शनिवार देर शाम का है जब टोल प्लाजा पर किसी बात को लेकर कांवड़ियों और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित कांवड़ियों ने पत्थर चलाने शुरू कर दिए। पथराव में थाने की एक गाड़ी का शीशा टूट गया और कई पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी नरेश राठौर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। चौकी प्रभारी खेमेन्द्र गंगवार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए तीन उपद्रवियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। वहीं उप निरीक्षक कर्म सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस घटना के बाद टोल प्लाजा क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।




1 hour and 33 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1