ट्रस्ट की जमीन पर फर्जी बैनामा मामले में 22 लोगों पर मुकदमा दर्ज
*बलरामपुर स्टेट का फर्जी बैनामा और कब्जा करने का आरोप

गोंडा।जिले में बलरामपुर स्टेट के महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह के धर्म कार्यनिधि ट्रस्ट की रजिस्टर्ड जमीन के फर्जी बैनामे और उस पर जबरन जेसीबी से कब्जा करने का मामला सामने आया है।महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह के मुख्तार विकास सिंह ने गोंडा नगर कोतवाली में अधिवक्ता सहज राम वर्मा सहित 22 नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है,यह मुकदमा न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया है।जिसकी जांच उपनिरीक्षक पिंटू कुमार यादव को सौंपी गई है।बलरामपुर स्टेट के मुख्तार विकास सिंह ने अपनी शिकायत में जनार्दन,अनिल कुमार मिश्रा,सोनू,जगदंबा प्रसाद,सूरत नारायण मिश्रा, नीलम,शिव कुमार चौबे, अनिरुद्ध कुमार,पवन कुमार, अधिवक्ता सहज राम वर्मा,सुरेश कुमार गुप्ता, सोनेलाल,शुभम चतुर्वेदी, अकरम,बलराज्ञ तिवारी,सुरेंद्र नाथ चौबे उर्फ़ सुधीर, मस्तराम,हरिहर प्रसाद,ललित कुमार श्रीवास्तव,गीत,श्रीमती संतोष और राजेंद्र प्रसाद पर गलत तरीके से बैनामा करवाकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।बताते चलें कि यह मामला गाटा संख्या 375 से संबंधित है,जो महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद धर्म कार्यनिधि ट्रस्ट के नाम पर दर्ज है।इस ट्रस्ट के मूल ट्रस्टी महराज अजीत प्रताप सिंह (प्रतापगढ़ ),सूरत नाथ मिश्रा,महराज दिनेश सिंह (कालाकांकर),सुरेन्द्र नाथ घोष और जगदीश कन्हैया लाल मुंशी थे,इन ट्रस्टियों का निधन वर्ष 1995 से पहले हो गया था।इसके बाद 17 दिसंबर 1995 को ट्रस्ट की बैठक में नए ट्रस्टियों की नियुक्ति की गई थी।जमीन के देखभाल की जिम्मेदारी विश्वा गणेश के शिव कुमार तिवारी,सुरजीत चौबे और संजय पाण्डेय को दिया गया था।शिकायत के अनुसार,28 दिसंबर 2025 को सभी आरोपी एक राय होकर हथियार लेकर जमीन पर कब्जा करने और नींव खोदने के लिए पहुंचे।जिसकी सूचना बलरामपुर स्टेट को दिया गया और प्रार्थना पत्र भी दिया गया,लेकिन कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ,जिसके फलस्वरूप न्यायालय का सहारा लेना पड़ा।विकास सिंह ने यह भी बताया कि इन लोगों ने कूठ रचना करके धर्म कार्य निधि ट्रस्ट की जमीन हड़पने के उद्देश्य से जालि व फर्जी मृतक ट्रस्ट के स्थान पर व्यक्तियों को खड़ा करके कई तिथियों में जालसाजी किया है।अवैध रूप से कब्जा करने के लिए लगातार यह लोग प्रयासरत हैं।जब हम लोगों ने विस्तार से जांच किया तो अवैध रूप से फर्जी बैनामे की जानकारी हुई और नकल प्राप्त करने के बाद हम लोगों ने अब मुकदमा करवाया है।हमारी जमीन गोंडा से उतरौला जाने वाले मार्ग पर पडती है और बैसकीमती जमीन पर इन लोगों की हड़पने को लेकर नजर है।
पुल निर्माण हस्ताक्षर अभियान में 5500 लोग शामिल

*बिसुही पुल निर्माण को लेकर छ: दिन से चल रहा अभियान

गोंडा।जिले में 144 साल पुराने बिसुही पुल निर्माण की मांग को लेकर पिछले छ: दिनों से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।गोंडा बलरामपुर मार्ग पर स्थित इस जर्जर पुल के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।राष्ट्रीय छात्र पंचायत स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर यह अभियान चला रहा है,जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर पुल निर्माण का समर्थन कर रहे हैं।इस अभियान में अब तक 5500 लोगों ने हस्ताक्षर कर पुल के शीघ्र निर्माण की मांग का समर्थन कर रहे हैं।लोगों ने मांग किया है कि यहाँ जल्द से जल्द एक नया पुल बनाया जाए तथा साथ ही, गोंडा से बलरामपुर तक फोरलेन सड़क के बीच छोड़े गए हिस्से को भी फोरलेन किया जाए,ताकि आवागमन सुगम हो सके।इस पुल के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है।छह दिनों से चल रहे इस हस्ताक्षर अभियान और विरोध प्रदर्शन के बावजूद लोक निर्माण विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर लोगों को आश्वासन देने नहीं पहुंचा है।इससे स्थानीय लोगों और राष्ट्रीय छात्र पंचायत के सदस्यों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।जिसके बाद उन्होंने अब बड़े आंदोलन की चेतावनी दिया है।राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाण्डेय ने कहा कि यदि अतिशीघ्र कोई कार्यवाही नहीं हुई तो वे इससे भी बड़ा आंदोलन करेंगे,जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की होगी।पुल के निर्माण में देरी होने से प्रतिदिन बच्चों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है तथा आपातकालीन स्थिति में यहाँ जाम की स्थिति बनी रहती है जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतें होती है।वहीं क्षेत्रीय भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और अतिशीघ्र इसका निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को अपनी मांग रखने का अधिकार है।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से ग्रामीण की मौत,बाडी के ऊपर से निकला पहिया
गोंडा।जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोंडा अयोध्या मार्ग पर एक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई।यह घटना देर शाम लगभग 7 बजे पूरे गुलाब सिंह गांव के पास हुई है।दर्जीकुंआं तिराहे से सामान लेकर वीरपुर विसेन गांव जा रहे नारायण दत्त मिश्रा (45) को अयोध्या की तरफ से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया।वाहन के पहिये के नीचे आने से नारायण दत्त मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।स्थानीय लोगों ने तत्काल वाहन को पकड़ने का प्रयास किया,लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।इस हादसे के बाद गोंडा अयोध्या हाइवे पर घंटों तक जाम लगा रहा।सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह जाम खुलवाया।पुलिस ने नारायण दत्त मिश्रा के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर मामले की जांच कर रही है।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।देहात कोतवाली पुलिस द्वारा परिजनों को कार्यवाही को लेकर के आश्वासन दिया गया है।देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान बीरपुर विसेन निवासी नारायण दत्त मिश्रा (45) पुत्र जग प्रसाद के रूप में हुई है।उन्होंने बताया कि नारायण दत्त मिश्रा सामान लेकर अपने गांव जा रहे थे कि तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई है।पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।
रेलवे अफसर की सड़क हादसे में मौत,मंडल वाणिज्य अधीक्षक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने मारी टक्कर
*स्टेशन से लौट रहे थे रेलवे अफसर

गोंडा।जिले में एक सड़क हादसे में रेलवे के मंडल वाणिज्य अधीक्षक अरविंद कुमार की मृत्यु हो गई है।यह दुर्घटना मोतीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोंडा मनकापुर मार्ग पर स्थित बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड मिल के पास देर शाम हुआ है।उनकी स्कूटी को एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी थी,इसके बाद वह ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गए।सूचना मिलने पर मोतीगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,अरविंद कुमार सुबह रेलवे के काम से मनकापुर रेलवे स्टेशन गए थे।काम समाप्त कर वह देर शाम वापस लौटते समय उनकी स्कूटी बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड मिल के पास ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई,जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया,जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रिफर कर दिया गया जिसके बाद उन्हें रेलवे चिकित्सालय लाया गया जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतक अरविंद कुमार गोंडा रेलवे स्टेशन पर मंडल वाणिज्य अधीक्षक के पद पर तैनात थे और वह मूल रूप से बिहार के गया जिले के निवासी थे।उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्रियां हैं।मोतीगंज थानाध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।परिजनों द्वारा तहरीर दिए जाने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार, परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दिया है।
विश्व की सबसे बड़ी पार्टी को 8 महीने से नहीं मिल रहा जिलाध्यक्ष
*जिला प्रभारी के सहारे जिले में चल रहा संगठन

गोंडा।जिले में भारतीय जनता पार्टी का संगठन पिछले 8 महीने से जिलाध्यक्ष विहीन चल रहा है।पार्टी का शीर्ष नेतृत्व पिछले 8 महीने से जिलाध्यक्ष की तलाश कर रहा है लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई उपयुक्त व योग्य उम्मीदवार नहीं मिल पाया है।जिलाध्यक्ष की नियुक्ति न होने से संगठन के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की गति धीमी पड़ गई है।जिलाध्यक्ष का पर रिक्त होने के कारण संगठन के अधिकांश कार्य जिला प्रभारी के निर्देश पर अन्य जिम्मेदारों को सौंपे गये हैं।हालांकि इन कार्यों का संपादन अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहा है।यहाँ गौरतलब है कि जिलाध्यक्ष की नियुक्ति न होने के कारण पंचायत चुनाव की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं तथा जिलाध्यक्ष की नियुक्ति न होने के कारण पंचायत चुनाव में टिकट के दावेदार भी सामने नहीं आ रहे हैं।पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर सोशल मीडिया पर भी सक्रियता कम देखा जा रहा है।यह स्थिति तत्कालीन जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम के निष्कासन के बाद उत्पन्न हुई है।ज्ञातव्य हो कि गत 25 मई को उनका एक महिला के साथ वीडियो वायरल हुआ था, इस घटना के 11 दिन बाद 11 जून को भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें जिलाध्यक्ष के पद से हटाते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।उनके निष्कासन से लेकर अब तक न तो किसी नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति हुई है और न तो किसी को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बनाया गया है।जिले के प्रभारी व विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक निरंतर जिले का दौरा कर रहे हैं और साथ ही वे कार्यकर्ताओं को जल्द ही नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति का आश्वासन दे रहे हैं,परन्तु 8 महीने बीत जाने के बाद भी यह पद रिक्त है।जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति हो चुकी है और अब जल्द ही गोंडा को नया जिलाध्यक्ष मिल जाएगा।जिला प्रभारी के अनुसार उक्त के संबंध में सभी प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है,बस अंतिम समय पर केवल नाम पर मंथन होना है।भारतीय जनता पार्टी में यह नहीं पता चलता है कि कब कौन अध्यक्ष बनेगा,कई लोगों के नाम ऊपर भेजे गए हैं।जिनके नाम पर मोहर लग जाएगी वही जिले भाजपा का नया जिलाध्यक्ष होगा।उन्होंने कहा कि संगठन के सभी काम हो रहे हैं,मेरे द्वारा सभी पदाधिकारियों को अलग अलग कामों को लेकर निर्देश दिया गया है,संगठन के काम में कहीं कोई कमी नहीं है।भारतीय जनता पार्टी एक अलग तरह की पार्टी है यहाँ पर तत्काल जिलाध्यक्ष किसी को नहीं बनाया जाता है,बल्कि बहुत कुछ सोच समझ कर बनाया जाता है।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बालिकाओं को एल्बेंडाजोल टेबलेट खिलाकर कार्यक्रम का डीएम ने किया शुभारंभ

*गोण्डा 10 फरवरी, 2026*।राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गोंडा में स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने किया, तथा उन्होंने किशोर एवं किशोरियों को एल्बेंडाजोल की टेबलेट वितरित की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य ही समाज की ताकत है और ऐसे कार्यक्रम बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और समय-समय पर दवा लेने से उनका शारीरिक विकास और प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत रहती है।
इस दौरान बच्चों को एल्बेंडाजोल टेबलेट के महत्व और सही उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह दवा बच्चों में पेट की कीड़े-मकोड़े और अन्य संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करती है। साथ ही, उन्होंने माता-पिता और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को स्वस्थ और साफ-सुथरे वातावरण में पले-बढ़ें, जिससे भविष्य में बीमारियों से बचाव हो सके।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने इस अवसर पर सभी शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की प्रशंसा की, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वास्थ्य एवं शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का समापन सभी बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता सामग्री वितरित करने और उनके साथ संवाद स्थापित करने के साथ हुआ। इस पहल से न केवल बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि उन्हें स्वस्थ जीवन जीने की आदत भी विकसित होगी।

कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. संत लाल पटेल, एसीएमओ डॉ. सीके वर्मा, एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा, एसीएमओ डॉ. जय गोविंद, एवं प्रधानाध्यापक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित विभाग से जुड़े सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय एवं तहसील सदर में निर्वाचन के कार्यों का निरीक्षण कर लि या जायजा

*गोण्डा 09 फरवरी,2026*।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गोण्डा, श्रीमती प्रियंका निरंजन ने जिला निर्वाचन कार्यालय एवं सदर तहसील गोण्डा में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचक नामावलियों की सटीकता सुनिश्चित करना और आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह से निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाना था।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यों की स्थिति और प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने नोडल अपर उपजिलाधिकारी श्री जितेंद्र कुमार गौतम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद रजी, उपजिलाधिकारी गोण्डा सदर श्री अशोक कुमार गुप्ता सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम के संचालन, समस्याओं एवं सुधारात्मक के संबंध में जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्वाचक नामावलियों का विशेष ध्यान रखते हुए किसी भी त्रुटि या विसंगति को तुरंत सुधारा जाए।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों से कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में सभी मतदाताओं की जानकारी पूर्ण और अद्यतन हो, जिससे मतदाता सूची में किसी प्रकार की कमी या दुरूपयोग की संभावना न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी इसे प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारियों को जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए आम जनता को भी नामावली में सुधार या संशोधन हेतु सक्षम और सरल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति और विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्य को उच्च प्राथमिकता दें और सुनिश्चित करें कि आगामी निर्वाचन में हर मतदाता का अधिकार सुरक्षित और सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में गोण्डा पुलिस ने प्रदेश में प्राप्त किया पुनः प्रथम स्थान-
*पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त क्षेत्राधिकारियों/थाना प्रभारियों व IGRS शाखा के कार्यों की सराहना करते हुए आगे भी जनसुनवाई तथा आईजीआरएस से प्राप्त प्रर्थना पत्रों का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु किया गया निर्देशितः*

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के नेतृत्व में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने पर मुख्यमंत्री कार्यालय लोकभवन द्वारा जारी रैंकिंग में जनपद “गोण्डा पुलिस को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान” प्राप्त हुआ है। महोदय द्वारा जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों के कार्यों की सराहना की गई तथा इसी प्रकार आगे भी जनशिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया ।
महोदय द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा प्रतिमाह शासन द्वारा की जाती है। समीक्षा/फीडबैक के आधार पर ही शासन द्वारा सभी जिलों की रैकिंग जारी की जाती है। शासन द्वारा आम लोगों की शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत की गई थी। सभी प्रकार के शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की एक समय सीमा निर्धारित होती है। समय सीमा के बाद भी अगर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं होता है तो वह डिफाल्टर की श्रेणी में आ जाता है। शिकायतों के त्वरित और बेहतर निस्तारण पर जनपदों की रैंकिंग निर्धारित की जाती है। महोदय द्वारा आईजीआरएस सेल प्रभारी निरीक्षक राजेश चौधरी व उनकी टीम को भविष्य में इसी प्रकार मेहनत और लगन से कार्य कर जनशिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु उत्साहवर्धन किया गया।
भव्य कलश यात्रा के साथ श्री परमेश्वर नाथ महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का शुभारंभ
कर्नलगंज, गोंडा। विकास खंड परसपुर अंतर्गत ग्राम चरहुंआ के मजरा गोसाई पुरवा स्थित श्री परमेश्वर नाथ महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर बुधवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने सहभागिता की, जिससे पूरा गांव शिवमय हो उठा। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ आगे बढ़ती रहीं। धार्मिक ध्वजाएं, पारंपरिक वेशभूषा और मंगल गीतों ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कलश यात्रा ग्राम चरहुंआ और परसपुर बाजार होते हुए भौरीगंज स्थित मां सरयू के तट पर पहुंची, जहां आचार्य श्यामधर शुक्ला के मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। मुख्य यजमान प्रेमचंद गोस्वामी ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत महिलाओं ने मां सरयू की पावन जलधारा से कलश में जल भरकर श्रद्धा और अनुशासन के साथ पुनः मंदिर परिसर तक यात्रा की।

कार्यक्रम के आयोजक मनोज कुमार गोस्वामी ने बताया कि कलश यात्रा परसपुर होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत समापन किया गया। उन्होंने कहा कि श्री परमेश्वर नाथ महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है और सभी के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया जा रहा है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

कलश यात्रा में आनंद गोस्वामी, जगजीवन उर्फ पप्पू गोस्वामी, अशोक कुमार गोस्वामी, श्रीचंद गोस्वामी, शिवनरायन गोस्वामी, मुंशी लाल गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, संदीप गोस्वामी, केतकी देवी, विनीता गोस्वामी, शालू गोस्वामी, मंजू गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय युवाओं का भी सराहनीय योगदान रहा।
दो पहलवानों ने दर्ज कराया अपना बयान,बंद कमरे में हुई पूछताछ
*अपने चार्जशीट वाले बयान पर कायम रहे पहलवान

गोंडा।महिला पहलवानों के कथित यौन शोषण मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई जारी है।कोर्ट द्वारा पांच नोटिस जारी किए जाने के बाद दो प्रमुख पहलवानों ने बंद कमरे में अपने बयान दर्ज कराए हैं।दोनों पहलवानों ने कोर्ट में कोई नया बयान नहीं दिया।उन्होंने पुष्टि की कि वे दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान दाखिल आरोप पत्र में दिए गए अपने पूर्व के बयानों पर कायम हैं।उन्होंने कोर्ट को बताया कि उन्हें कोई नया बयान नहीं देना है।बयान दर्ज होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के वकील ने दोनों पहलवानों के बयानों पर कई सवाल उठाए।हालांकि, पहलवानों की तरफ से कोर्ट रूम में कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया।मामले की अगली सुनवाई पर पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह के वकील इन दोनों पहलवानों के बयान पर कोर्ट में जिरह करेंगे।बृजभूषण शरण सिंह पहले ही कोर्ट में खह चुके हैं कि दिल्ली पुलिस ने गलत तरीके से जांच कर आरोप पत्र दाखिल किया है।इस मामले में अभी दो और मुख्य पहलवानों को कोर्ट में बयान दर्ज कराने हैं,जिन्हें नोटिस भेज कर बुलाया जायेगा।राउज एवेन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई तेजी से चल रही है।वहीं,दूसरी तरफ 21 अप्रैल को दिल्ली हाईकोर्ट में भी पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की याचिका पर सुनवाई होनी है।बृजभूषण शरण सिंह ने निचली अदालत राउज एवेन्यू कोर्ट में चल रही सुनवाई पर रोक लगाने और आरोप पत्र रद्द करने की मांग किया है।