गया शहर के बड़की डेल्हा धनिया बगीचा में नाला निर्माण अटका, 40 घरों के अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी

गया: गया शहर के बड़की डेल्हा स्थित धनिया बगीचा मोहल्ले में नाला निर्माण कार्य अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 40 घरों के सामने किए गए अतिक्रमण की वजह से नाला निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इससे जल निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है और मोहल्ले के निवासियों को रोजाना आने-जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि इस इलाके में लंबे समय से जलजमाव और गंदगी की समस्या बनी हुई है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। नाला निर्माण की योजना शुरू होने से लोगों में राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य बाधित हो गया। संकरी गली और रास्ते पर किए गए अवैध कब्जे के कारण निर्माण सामग्री पहुंचाने और मशीन लगाने में दिक्कत आ रही है। मोहल्ले के लोगों ने इस समस्या को लेकर नगर प्रखंड कार्यालय में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के बाद नगर प्रखंड के सीओ ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी संजीत कुमार, ध्रुव कुमार, पुष्पा देवी और विजय कुमार वर्मा सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाकर नाला का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए और रास्ते को सुगम बनाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने बताया कि गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है और वे नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

निरीक्षण के बाद सीओ ने कहा कि मोहल्ले के लोगों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर वे जांच के लिए पहुंचे हैं। नक्शे के अनुसार जिस भी मकान का हिस्सा अतिक्रमण में पाया जाएगा, उसे नियमानुसार हटाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अतिक्रमण हटाकर नाला निर्माण कार्य को पूर्ण रूप से कराया जाएगा, ताकि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

गया में होटल एसएस पैलेस का भव्य शुभारंभ, पूर्व विधायक विनय यादव ने किया उद्घाटन

गया शहर के मगध मेडिकल रोड स्थित घुटिया में बुधवार को होटल एसएस पैलेस का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर गुरुआ के पूर्व विधायक विनय यादव ने फीता काटकर होटल का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ प्रसाद यादव, मनोज कुमार, हरदेव यादव समेत कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

उद्घाटन के मौके पर पूर्व विधायक विनय यादव ने होटल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गया एक महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से युक्त होटलों की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि होटल एसएस पैलेस क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर आतिथ्य सेवा प्रदान करेगा।

होटल के मालिक सुनील कुमार ने बताया कि होटल एसएस पैलेस सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां आरामदायक और सुसज्जित कमरे, स्वच्छ वातावरण, बेहतर खान-पान की व्यवस्था और सुरक्षा की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुविधा और संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए होटल की सेवाएं तैयार की गई हैं। साथ ही, पारिवारिक कार्यक्रमों, बैठकों और अन्य आयोजनों के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने होटल परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई कि इस होटल के शुरू होने से क्षेत्र की पहचान और भी मजबूत होगी। उद्घाटन समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

घर में बिजली कट हुआ तो इस नंबर पर करें शिकायत, तुरंत आ जाएगी बिजली

गया: सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (इज ऑफ लीविंग) के अंतर्गत बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली विभाग ने बड़ा काम किया है. अगर आपके घर की बिजली चली जाए तो चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. आप अपने मोबाइल फोन से बिजली विभाग द्वारा बिजली बिल पर दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए बिजली विभाग ने आपके बिजली बिल पर आपके क्षेत्र फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर अंकित किया गया है.

अगर आपके घर में बिजली गुल हो जाती है, तो आप घर बैठे ही इसकी सूचना दे सकते हैं. आपको किसी सरकारी दफ्तर जाने की जरूरत नहीं है. शिकायत दर्ज करने के लिए आपको कोई ऐप डाउनलोड करने या किसी आधिकारिक वेबसाइट पर जाने की भी जरूरत नहीं है. हेल्पलाइन नंबर आपके बिजली बिल में दिया गया है, आप सीधे उस पर शिकायत कर सकते हैं बिजली आपूर्ति संबंधित समस्या का निराकरण कर सकते है.

साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के गया सर्कल के विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. संदीप प्रकाश ने बताया कि राज्य सरकार और बिहार विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध हैं. विद्युत विभाग ने अब उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विद्युत आपूर्ति संबंधित शिकायत हेतु नंबर जारी किया है. जो कि सभी तरह के बिजली बिल पर अंकित रहेगा. बिजली बिल में सबसे नीचे में विद्युत आपूर्ति संबंधित शिकायत हेतु नंबर अंकित है. उपभोक्ता के क्षेत्र के फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर बिजली बिल पर अंकित होगा. आप अपने घर, पड़ोसियों और गांव में बिजली कटौती की सूचना देने के लिए बिजली बिल में अंकित नंबर पर फोन कर सकते हैं. इन समस्याओं की सूचना मिलते ही तुरंत समस्याओं का समाधान कर आपके घर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.

बता दे कि गया जिले में उपभोक्ताओं के लिए नौ फ्यूज कॉल सेंटर हैं. बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतें इन्हीं फ्यूज कॉल सेंटरों में दर्ज की जाती हैं. अब चूंकि बिजली बिल में उनके क्षेत्र के फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर दिया होगा, इसलिए उपभोक्ताओं के लिए इसकी सेवाओं का लाभ उठाना आसान हो जाएगा और उनका दैनिक जीवन आसान होगा. बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया गया है। "सबका सम्मान-जीवन आसान' (इज आफ लीविंग) का मुख्य मकसद नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है.

गया में रविदासिया धर्म का 12वां वार्षिक जिला संत समागम सह छठी यार महोत्सव संपन्न: भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

गया: गया जी शहर के बाईपास स्थित गुरु रविदास धाम, गया के तत्वावधान में रविवार को रविदासिया धर्म का 12वां वार्षिक गया जिला संत समागम सह छठीयार महोत्सव भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक महोत्सव में हजारों की संख्या में रविदास समाज के श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

महोत्सव की शुरुआत गुरु रविदास जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरु रविदास धाम, गया के मठाधीश एवं अध्यक्ष सूर्यवंशी देवानंद देवर्षि ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन मानवता, समानता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य प्रवचनकर्ता के रूप में संत सुरेंद्र बाबा, बांका (बिहार) से पधारे। उन्होंने अपने ओजस्वी प्रवचन में कहा कि गुरु रविदास जी ने जाति-पाति, ऊँच-नीच का विरोध कर समता मूलक समाज की स्थापना का संदेश दिया। संत सुरेंद्र बाबा ने समाज के लोगों से शिक्षा, संगठन और जागरूकता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा वर्ग की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने और गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के साथ महोत्सव का समापन हुआ।

बोधगया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आम बजट को लेकर प्रेस वार्ता किया, पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवालों पर दी प्रतिक्रिया

कहा - मृतक छात्रा नीट से जुड़े मामले में पप्पू यादव की नहीं हुई गिरफ्तारी नहीं

गया: गया जी शहर के बोधगया में केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने आम बजट को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के आम बजट की सराहना करते हुए इसे देश के गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हित में बताया। प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में विकास के कई नए आयाम तय किए हैं। उन्होंने कहा कि आम बजट में किसानों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे उनकी आय बढ़ेगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर सरकार का फोकस साफ नजर आता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है।

प्रेस वार्ता के दौरान जीतन राम मांझी ने सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है और इसमें किसी तरह की राजनीतिक दुर्भावना नहीं है। उन्होंने बताया कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी नीट की मृतक छात्रा से जुड़े मामले में नहीं हुई है, बल्कि यह उनके एक पुराने केस से संबंधित है। मांझी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता और न्यायिक प्रक्रिया को स्वतंत्र रूप से अपना काम करने देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग बिना तथ्यों को जाने ही सरकार पर आरोप लगाने का काम कर रहे हैं, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रेस वार्ता के अंत में जीतन राम मांझी ने कहा कि केंद्र सरकार देश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए और भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

गया जी के जिलाधिकारी ने नगर प्रखंड अंतर्गत घुटिया पंचायत के पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया, दिए यह निदेश

गया: जिलाधिकारी शंशाक शुभंकर द्वारा आज नगर प्रखंड अंतर्गत घुटिया पंचायत के पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने परिसर में फेवर ब्लॉक लगाना का निर्देश दिया। साथ ही पूरे परिसर में पौधारोपण करने हेतु बीडीओ को निर्देशित किया गया। वहां संचालित आरटीपीएस काउंटर पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर से आरटीपीएस काउंटर पर प्राप्त होने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवन में सम्बन्धित पदाधिकारी एवं कर्मी अनिवार्य रूप से प्रतिदिन उपस्थित रहेंगे। 

इसके उपरांत टनकुप्पा प्रखंड के मायापुर पंचायत स्थित बिहार सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स ऑन मिलेट्स (COE), मायापुर, टनकुप्पा, गया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप 2023-28 अंतर्गत फसल विविधिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि प्रक्षेत्र में International Crops Research Institute for the Semi-Arid Tropics (ICRISAT) हैदराबाद के तकनीकी सहयोग से स्थापित किया जा रहा है। इसका कुल क्षेत्रफल - 56 एकड़ है। उन्होंने इस भवन के अवसंरचना के बारे में बताया कि प्रशासनिक-सह-प्रशिक्षण भवन का निर्माण अंतिम चरण में है, इसमें वैज्ञानिकों के कक्ष के साथ साथ किसानों के आवासन, प्रशिक्षण हॉल, कैंटीन आदि का निर्माण कराया गया है। संस्थान में रिसर्च लैब, जर्म प्लास्म स्टोरेज का निर्माण कराया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त 40 एकड़ से अधिक के क्षेत्रफल में खेती की जा रही है। प्रक्षेत्र पर दो तालाब एवं एक आहर अवस्थित है। एक थ्रेसिंग फ्लोर तथा एक कम्पोस्टिंग ईकाई का निर्माण किया गया है। 3000 मीटर का चाहरदिवारी का निर्माण कराया गया है।

प्रक्षेत्र को A,B, C, D और E पांच ब्लॉक में विभक्त कर शोध एवं बीज उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। A ब्लॉक में प्रक्षेत्र प्रत्यक्षण (Field Demonstration) लगाया गया है।

B और C ब्लॉक में शोध का कार्य किया जा रहा है।

D और E ब्लॉक में बीज उत्पादन का कार्य किया जा रहा है।

प्रक्षेत्र पर कृषि से जुड़ी सभी आधुनिक मशीने उपलब्ध है। इन मशीनों को रखने के लिये मशीनरी शेड का निर्माण कराया गया है। मशीनों में प्रमुख रुप से 65 HP का एक बड़ा ट्रैक्टर एवं 45 HP का एक छोटा ट्रैक्टर के साथ लैण्ड लेजर लेवेलर, मिलेट मल्टी क्रॉप रेज्ड बेड प्लान्टर, जिरो टिलेज मशीन, रोटावेटर तथा कल्टीवेटर आदि है।

इसके उपरांत टनकुप्पा के भटौरा पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण करते हुए वहां संचालित आरटीपीएस काउंटर में कार्यरत कर्मियों से लोक सेवाओं का अधिकार से संबंधित आवेदकों की स्थिति की जानकारी प्राप्त किया गया। साथ ही अधिकारी को पंचायत सरकार भवन की साफ सफाई तथा रंग रोगन करने का निर्देश दिया। 

निरीक्षण में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, सम्बंधित एसडीओ, बीडीओ, सीओ सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थें।

फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को लेकर 10 फरवरी से गया में सर्वजन दवा सेवन अभियान, 11 को मेगा एमडीए कैंप

गया। फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को लेकर गया जिले में 10 फरवरी 2026 से सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान के सफल संचालन को लेकर शनिवार को जेपीएन अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में मीडिया सहयोगियों के लिए संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. राजाराम प्रसाद ने की।

सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी लक्षित लाभार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कराया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को दवा सेवन से जोड़ने के लिए 11 फरवरी 2026 को मेगा एमडीए कैंप लगाया जाएगा, जहां बूथ के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मी अपने सामने दवा खिलाएंगे। इसके अलावा अगले 14 दिनों तक घर-घर जाकर छूटे हुए लाभार्थियों को दवा सेवन कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि फाइलेरिया रोधी दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। सामान्य बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को भी दवा लेनी है। दवा सेवन के बाद हल्का चक्कर या मितली आना सामान्य है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रखंडों में रैपिड रिस्पॉन्स टीम तैनात रहेगी।

डीपीएम नीलेश कुमार ने बताया कि अभियान में 22 प्रखंडों और सात शहरी क्षेत्रों में लगभग 44 लाख लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा। मीडिया से लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

गयाजी में गांधी शिल्प बाजार का मेयर ने किया शुभारंभ, स्टॉलों पर सजी हस्तकला की पहचान

गया: बिहार के गयाजी शहर के हृदय स्थल आज़ाद पार्क मैदान में गांधी शिल्प बाजार का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन नगर निगम के मेयर विरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बिहार म्यूजियम के डायरेक्टर अशोक कुमार सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर नृत्य और संगीत के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मेयर विरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हस्तशिल्प मेला न केवल कारीगरों को स्वरोजगार का अवसर प्रदान करता है, बल्कि उनकी पारंपरिक कला को राष्ट्रीय पहचान भी दिलाता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नाम से आयोजित यह शिल्प बाजार हस्तशिल्पियों के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

यह मेला भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत विकास आयुक्त कार्यालय (हस्तशिल्प) के सहयोग से आसरा सेवा केंद्र द्वारा आयोजित किया गया है। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

बिहार म्यूजियम के डायरेक्टर अशोक कुमार सिन्हा ने कहा कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से आए हस्तशिल्पियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना और उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार सुनिश्चित करना है।

मेले में कुल 50 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां मधुबनी और जादोपटिया पेंटिंग, बांस व जूट से बने उत्पाद, माटी कला सहित कई आकर्षक हस्तनिर्मित वस्तुएं उपलब्ध हैं। यह मेला आज से 11 फरवरी तक चलेगा।

इस मौके पर समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता रजनीश कुमार झुना ने कहा कि गयाजी में इस तरह का हस्तशिल्प मेला पहली बार आयोजित किया गया है, जहां बिना किसी बिचौलिये के कारीगर सीधे अपने उत्पादों की बिक्री कर रहे हैं। खुशी है कि इससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और कारीगरों की आमदनी में वृद्धि होगी।

सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं से लैस है गया शहर के गोवल बीघा का डायमंड हॉस्पिटल, 15 फरवरी को होगा भव्य उद्घाटन

गया: गया में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल जैसी सुविधाओं से लैस डायमंड हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन 15 फरवरी को होगा. इसका उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार करेंगे. इस संबंध में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के संचालक डा. नीरज लाल यादव ने बताया कि हमारा जो डायमंड हॉस्पिटल है, उसे सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाया है.

इसका उद्घाटन 15 फरवरी को बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार के द्वारा किया जाएगा. इस डायमंड हॉस्पिटल में सबसे बड़ी बात यह है कि गया के लोगों के लिए सभी इमरजेंसी सेवा 24 × 7 उपलब्ध है. हमारे यहां फुली लोडेड आईसीयू है. 10 बेड का आईसीयू फैसिलिटी और वेंटीलेटर है. किसी भी इमरजेंसी हालात में जैसे हार्ट अटैक हो या दुर्घटना हो, हम लोग ट्रीटमेंट करने में सक्षम है. मैं खुद क्रिटिकल केस का स्पेशलिस्ट हूं. इसके अलावा इस अस्पताल में न्यूरोसर्जन डॉ सत्येंद्र प्रसाद, गैस्ट्रोलाॅजिस्ट डॉक्टर गुलाम-ए-मुस्तफा, हमारे पास आर्थोपेडिक, जनरल, गायनिक विशेषज्ञ हैं. छह डाक्टरों की एक अच्छी टीम और स्टाफ है.

हर व्यवस्था है. हम चाहते हैं कि गया के लोगों को जब भी किसी भी प्रकार की दिक्कते हो, वह एसएसपी आवास के ठीक सामने डायमंड हॉस्पिटल में आए. यहां कम खर्चे में ही बेहतर इलाज संभव है. सबसे बड़ी बात है कि हम लोग पैसे को लेकर किसी को मरीज को वापस जाने नहीं देंगे. हर मजबूर मध्यम वर्गीय परिवार या गरीब परिवार यहां से कभी निराश नहीं लौटेंगे. हमारे यहां पैसे की कमी के कारण किसी का ट्रीटमेंट न हो, ऐसा नहीं हो सकता है. मैं डाक्टर नीरज लाल यादव वही करता हूं, जो ईश्वर को पसंद है. ईश्वर को यही पसंद है कि इमरजेंसी में इलाज करें. मुझे जो भी जोखिम उठाना पड़े, मैं उठाने को तैयार हूं.

गया में अखिल भारतीय मधदेशीया वैश्य सभा का अभिनंदन सह मिलन सम्मेलन संपन्न, विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- समाज ने शिक्षा, व्यापार और सामाजिक कार्यों मे

गया शहर के माडनपुर स्थित कपिलधारा परिसर में रविवार को अखिल भारतीय मधदेशीया वैश्य सभा के तत्वावधान में अभिनंदन सह मिलन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, संगठन की मजबूती और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में मधदेशीया वैश्य समाज की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने शिक्षा, व्यापार और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, वार्ड पार्षद 19 की मुन्नी देवी, भाजपा नेता सह पूर्व पार्षद मनोज कुमार, संतोष गुप्ता, भाजपा नेता संतोष सिंह, लालजी प्रसाद, जिला परिषद प्रतिनिधि धर्मवीर सिंह, बबलू गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार एवं कार्यवाहक मंत्री अनिल कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों का मंच से अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया।

इस अभिनंदन सह मिलन समारोह में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकजुटता, संगठन विस्तार और आने वाले समय में समाजहित में किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई। सम्मेलन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।