डिजिटल झारखंड: विधानसभा में 'NeVA' सेवा केंद्र का उद्घाटन, अब पेपरलेस होंगे विधायी कार्य
रांची (11 फरवरी 2026): झारखंड विधानसभा अब पूरी तरह से 'डिजिटल' होने की दिशा में कदम बढ़ा चुकी है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो ने सभी मंत्रियों और विधायकों को टैबलेट वितरित किए।
विधायकों को मिलेगी बड़ी राहत: संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि NeVA के आने से विधायकों के लिए विधायी कार्य बेहद सरल हो जाएंगे। अब माननीय सदस्यों को सत्र के दौरान देर रात विधानसभा आकर कागजी प्रश्न जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। मोबाइल और टैबलेट के माध्यम से वे कहीं से भी अपने कार्यों का संपादन कर सकेंगे। इससे विधानसभा कर्मियों के कार्यभार में भी सहूलियत होगी।
25वें वर्ष में झारखंड की नई उड़ान: मुख्यमंत्री ने राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड अब बेहतर दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देश के करीब 20 राज्यों में यह डिजिटल प्रणाली शुरू हो चुकी है। पेपरलेस व्यवस्था से न केवल कागजों के ढेर कम होंगे, बल्कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और कार्यों में गति आएगी।
साइबर सुरक्षा पर विशेष ध्यान: डिजिटाइजेशन की चुनौतियों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने साइबर सुरक्षा के प्रति भी आगाह किया। उन्होंने कहा कि माननीय सदस्यों को NeVA सिक्योरिटी के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि उनके डेटा या प्रश्नों में कोई हेर-फेर न हो सके।
मौके पर उपस्थिति: इस ऐतिहासिक क्षण पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, राज्य के सभी मंत्रीगण, विधायकगण और विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
















2 hours and 5 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.3k