संत रविदास जयंती पर एक कार्यक्रम का आयोजन
गोंडा। कांग्रेस भवन में शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से संत रविदास जयंती पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाहिद अली कुरैशी के नेतृत्व में संत रविदास जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। जिला मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे ने संत रविदास जी के समाज सुधारक कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन दर्शन हमें समाज में एकता और सौहार्द्र बनाए रखने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में कंट्रोल रूम इंचार्ज सैयद अब्दुल मुजीब, दिवाकर पांडे, शहर उपाध्यक्ष वसीम सिद्दीकी, जानकी देवी, शहर प्रवक्ता जर्निल हयात, जाकिर अली, पिछड़ा वर्ग शहर अध्यक्ष रिजवान अली, इरफान अली समेत कई प्रमुख कांग्रेस नेता मौजूद थे।
कहासुनी को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट, पीड़ित महिला ने दिया तहरीर
*पुलिस ने शुरू किया जांच

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बभनी कानूनगो गांव में दो गुटों में आपसी कहासुनी को लेकर मारपीट हुई है,जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।उक्त गांव निवासी राधा यादव की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दिया है।राधा यादव द्वारा नगर कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जब वह अपने घर के बच्चों के साथ काम में व्यस्त थी कि तभी अजय यादव, विक्की यादव,मंजीत यादव, राम दर्शन यादव,पूजा यादव और बृजनंदन यादव उनके घर में घुस आए।आपसी कहासुनी के बाद इन लोगों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया और जब उन लोगों को रोका गया तो आरोपियों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया।राधा यादव ने बताया कि घर में कोई पुरुष सदस्य न होने के कारण यह घटना हुई।राधा यादव के अनुसार,हमलावरों ने उनके सिर पर वार किया जिससे उनका सिर फट गया।उनके भाई रंजीत यादव और गंभीर बीमारी से ग्रस्त उनकी माता सरफा यादव के साथ भी मारपीट की गयी।नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो का भी संज्ञान लिया गया है और उसकी भी जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि इस घटना में कौन लोग दोषी हैं।यह वायरल वीडियो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है और परिजनों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग किया है।
मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद में 17 महिलाओं की सुनवाई, आयुक्त ने दो सप्ताह में निस्तारण के दिए निर्देश
*फायरिंग, दहेज उत्पीड़न से भूमि विवाद तक गूंजा महिला दर्द, शक्ति संवाद में प्रशासन सख्त*

*निष्पक्ष जांच व गिरफ्तारी की मांग, महिला जनसुनवाई में गंभीर मामलों पर आयुक्त का कड़ा रुख*

*धोखाधड़ी, घरेलू हिंसा और राजस्व विवादों पर फोकस, मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद बना न्याय का मंच*

*मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद में 17 महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं, आयुक्त ने दो सप्ताह में निस्तारण के दिए निर्देश*

*गोण्डा 09 फरवरी 2026*।  -  सोमवार को देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान आयुक्त देवीपाटन मंडल ने दूर-दराज क्षेत्रों से आई कुल 17 महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण व निष्पक्ष समाधान अधिकतम दो सप्ताह के भीतर सुनिश्चित कराया जाए। इस अवसर पर अपर आयुक्त भी उपस्थित रहीं।

जनसुनवाई में थाना इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम परना बगुलहा निवासी एक महिला ने अपराध संख्या 307/2025 में नामजद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष विवेचना की मांग की। पीड़िता ने बताया कि गैंगेस्टर एक्ट में सजा पा चुके आरोपियों ने उसके पति पर जानलेवा फायर किया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। चिकित्सकीय परीक्षण में फायर आर्म इंजरी की पुष्टि के बावजूद विवेचना में लापरवाही बरती जा रही है। साथ ही आरोपियों द्वारा लगातार दी जा रही धमकियों से परिवार की जान-माल की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है। महिला ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई।

इसी क्रम में करनैलगंज थाना क्षेत्र की एक महिला आसमा बानों ने दहेज उत्पीड़न, तीन तलाक और न्यायालय के आदेश के बावजूद गुजारा भत्ता न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया तथा बिना तलाक दूसरी शादी कर ली। महिला ने मामले में जांच कर अभियुक्त की गिरफ्तारी की मांग की।

कटरा बाजार थाना क्षेत्र की एक वृद्ध महिला ननकई देवी ने जालसाजी और ठगी का गंभीर मामला उठाया। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने आधार व बैंक दस्तावेज लेकर कन्या विवाह सहायता योजना की धनराशि खाते में भिजवाकर धोखाधड़ी से निकाल ली, जिससे उनके विरुद्ध वसूली अधिपत्र जारी हो गया। पीड़िता ने आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कराने और वसूली की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।

वहीं तरबगंज तहसील क्षेत्र की लालमती ने भूमि विवाद से जुड़े प्रकरण में खड़ी गेहूं की फसल में किलाबंदी कराए जाने का विरोध दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि संबंधित आदेश के विरुद्ध अपील न्यायालय में लंबित है, जिसकी सुनवाई 11 फरवरी 2026 को निर्धारित है। इसके बावजूद किलाबंदी की तैयारी की जा रही है। महिला ने अपील निस्तारित होने तक किलाबंदी पर रोक लगाने की मांग की।

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने सभी प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता की और प्रत्येक प्रकरण में त्वरित, निष्पक्ष व समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अवैध कटान की अनुमति न देने पर वनरक्षक से किया अभद्र व्यवहार, मुकदमा दर्ज
गोंडा।जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान की अनुमति न मिलने पर एक ठेकेदार ने वनरक्षक के साथ गाली गलौज करते हुए जान मारने की धमकी दिया।जिसमें पीड़ित वनरक्षक की तहरीर पर इटियाथोक पुलिस ने दो लोगों खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।बताते चलें कि देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी समीर रंजन चौधरी ने अपनी तहरीर में बताया कि वह वन विभाग के कटरा रेंज के रुपईडीह बीट में वनरक्षक के पद पर तैनात है।वनरक्षक श्री चौधरी ने आरोप लगाया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व दो व्यक्तियों ने खरगूपुर क्षेत्र में सागौन के दो पेड़ काटने के लिए दबाव बना रहे थे,जिसपर वनरक्षक ने बिना अनुमति पेड़ काटने की मौखिक अनुमति देने से इंकार कर दिया था।इसी बात से नाराज होकर गत 5 फरवरी को आरोपी विभागीय पौधशाला भवानी पुर उपाध्याय पहुंच गये और एक बार पुनः उन्होंने वृक्ष काटने का दबाव बनाया।उक्त मामले में जब वनरक्षक ने मना किया तो दोनों ने उन्हें भद्दी भद्दी गालियां दिया।घटना का वनरक्षक द्वारा वीडियो बनाने पर आरोपी नर्सरी से बाहर सड़क पर चले गए तथा जब वनरक्षक ने वीडियो बनाना बंद किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाला।इटियाथोक थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि ग्राम पंचायत बैलभरिया के मजरा निरंजन नगर निवासी अमित तिवारी व जानकी नगर पोखरा के रामबरन उर्फ मुखिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वित्त एवं लेखाधिकारी ने लिपिक व लेखाकार से मांगा स्पष्टीकरण
*शिक्षक संघर्ष समिति ने किया था प्रदर्शन

गोंडा।जिले के वित्त एवं लेखा विभाग बेसिक शिक्षा में शिक्षकों के वेतन से जुड़े एक मामले में कार्यवाही करते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की है और इसको लेकर के अब एक्शन की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।जिले के वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा संजय चतुर्वेदी ने लिपिक अरुण कुमार शुक्ला व लेखाकार सिद्धार्थ सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है।यह स्पष्टीकरण जनवरी 2026 माह के वेतन में चयन वेतनमान न जोड़ने की लापरवाही को लेकर है।आरोप है कि जनवरी 2026 के वेतन में परिषदीय शिक्षकों का चयन वेतनमान जोड़ कर भुगतान किया जाना था।हालांकि,कुछ अध्यापकों के वेतन में चयन वेतनमान,मकान किराया भत्ता और अन्य भत्ते नहीं जोड़े गये,जिसके परिणामस्वरूप भुगतान अधूरा रहा,जिसके विरोध में शिक्षक संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने गत दिवस वित्त एवं लेखा विभाग बेसिक शिक्षा कार्यालय पहुंच कर प्रदर्शन किया था।प्रदर्शन के बाद लेखाकार सिद्धार्थ सिंह और अन्य लोगों ने 7 फरवरी तक 7 फरवरी तक चयन वेतनमान जोड़कर भुगतान करने का लिखित आदेश जोड़कर भुगतान करने का आश्वासन दिया था।जिला वित्त एवं लेखाधिकारी संजय चतुर्वेदी ने अपने पत्र में लिखा है कि यह लापरवाही उनके दायित्वों के पूर्ण निर्वहन न होने को दर्शाती है।उन्होंने दोनों अधिकारियों को दो दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है,स्पष्टीकरण न देने पर विभागीय कार्यवाही की चेतावनी भी दी गयी है।इसके अतिरिक्त संजय चतुर्वेदी ने लिपिक अरुण कुमार शुक्ला और लेखाकार सिद्धार्थ सिंह से 2 फरवरी को बिना किसी सूचना के अवकाश पर रहने पर स्पष्टीकरण मांगा है,जिसके संबंध में जवाब मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी को अवकाश पर जाना है तो बिना कोई छुट्टी लिए अवकाश पर नहीं जाएगा अन्यथा की दृष्टि में कार्यवाही की जाएगी।
गैंगस्टर बाप बेटे पर हुई कार्रवाई,52.42 लाख की संपत्ति हुई कुर्क
*बैंक खातों में रखे हुए रुपये हुए फ्रीज

गोंडा।जिले की देहात कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेट के आदेश पर कुख्यात अपराधी मोहम्मद खलील व उसके बेटे चांद बाबू की 52.42 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क की है।यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर की गयी,जिसमें उनके बैंक खातों में जमा अवैध कमाई को फ्रीज कर दिया गया है।इससे पहले गोंडा पुलिस ने 7 सितंबर 2024 को मोहम्मद खलील व चांद बाबू को गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार कर जेल भेजा था,हालांकि उन्हें 15 दिन के अंदर ही जमानत मिल गई थी और वे जेल से बाहर आ गये थे।देहात कोतवाली पुलिस व सदर तहसील प्रशासन मोहम्मद खलील व चांद बाबू की अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रहा है।अवैध कमाई से अर्जित की गयी ऐसी अन्य संपत्तियों को भी जल्द ही कुर्क किया जाएगा।देहात कोतवाली पुलिस व पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद खलील व उसके बेटे चांद बाबू एक संगठित गिरोह के सरगना व सदस्य हैं।उन पर धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध भूमि कब्जे जैसी असामाजिक गतिविधियों से करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।न्यायालय अपर जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में मोहम्मद खलील और चांद बाबू के बैंक आफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक खातों में जमा कुल धनराशि 52लाख,42हजार,632रुपए व49 पैसे की धनराशि कुर्क की गयी है और इव खातों से किसी भी प्रकार के लेनदेन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है तथा उपजिलाधिकारी सदर को कुर्क की गयी संपत्तियों का प्रशासक नियुक्त किया गया है,साथ ही बैंक प्रबंधकों को खाते से लेनदेन रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं।देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को नायब तहसीलदार के साथ मिलकर इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।इसके साथ ही आरोपियों को तीन महीने का समय दिया गया है ताकि वे अपनी संपत्ति के वैध स्रोतों से संबंधित प्रमाण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर सकें और यदि वे ऐसा करने में विफल रहते हैं तो पुलिस द्वारा उनकी संपत्तियों के संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खेत में नुकसान रोकने पर गांव वालों ने बुजुर्ग को पीटकर मार डाला
गोंडा।जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर गांव में बीती शाम लगभग 7 बजे एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मारपीट के दौरान मौत हो गई।बताते चलें कि बच्चा राम चौबे नाम का यह बुजुर्ग अपने खेत में नुकसान कर रहे कुछ बुजुर्गों को रोकने गये थे,जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गयी कि तभी बच्चा राम चौबे मौके पर गिर गए।उसके तत्काल बाद मौके पर मौजूद लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार ले जाया गया जहाँ डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर बच्चा राम चौबे की मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कटरा बाजार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तो वहीं थानाध्यक्ष विवेक त्रिवेदी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।कटरा बाजार पुलिस ने मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी किया तो परिजनों ने बताया कि गांव के कुछ लोग उनके गन्ने के खेत को नुकसान पहुंचा रहे थे और जब बच्चा राम चौबे ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन लोगों ने उन पर लात घूंसों से हमला कर दिया जिससे वह मौके पर ही गिरकर  बेहोश हो गए थे।

कटरा बाजार थानाध्यक्ष विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है,हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि बच्चा राम चौबे फाइलेरिया के मरीज थे और उनकी मौत हार्ट अटैक से भी हो सकती है।पुलिस परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।मृतक बच्चा राम चौबे के भाई सियाराम चौबे ने कटरा बाजार थाने में हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया है,जिसमें उन्होंने कहा है कि मेरे भाई खेत की रखवाली कर रहे थे और उसी समय गन्ने के खेत में राधे श्याम चौबे,पूरन चौबे,राघव राम चौबे की पत्नी कुटू चौबे,पूरन चौबे की पत्नी रेनू चौबे और विकास चौबे घात लगाए बैठे थे।खेत में नुकसान करने से जब इन्होंने विरोध किया तो लाठी डंडों, मुक्का थप्पड़ से मार कर उनकी हत्या कर दिया।
महिलाओं ने एक दूसरे को पटक पटक कर पीटा,मुकदमा दर्ज
*बाल खींचे और जमीन पर गिराकर पीटा

गोंडा।जिले के खोंड़ारे थाना क्षेत्र अंतर्गत केशव नगर ग्रंट
गांव में दो महिला गुटों के बीच आपसी कहासुनी को लेकर गाली गलौज के बाद जमकर मारपीट हुई है।वीडियो में महिलाएं एक दूसरे को जमीन पर पटकती और गाली गलौज करती दिखाई दे रही हैं।मारपीट में लाठी डंडों का भी प्रयोग किया गया है,जिसमें एक लड़की भी शामिल नजर आ रही है।विवाद खत्म करने के बजाय पास में खड़ी एक महिला इस मारपीट का वीडियो भी बनाती नजर आ रही है।घटना का वीडियो सामने आने के बाद खोंड़ारे पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दिया है।गौरतलब है कि दोनों महिलाएं आपस में रिश्तेदार हैं और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।दोनों पक्षों की महिलाओं की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों गुटों के लोगों को निर्देश दिया गया है कि आगामी भविष्य में इस तरीके से मारपीट की घटना को अंजाम नहीं देंगे अन्यथा की दृष्टि में इन लोगों के विरुद्ध अन्य कठोर कार्यवाही की जाएगी।वहीं खोंड़ारे थानाध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर कार्यवाही की गयी है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।उन्होंने बताया कि इश दोनों महिलाओं का आपस में विवाद चल रहा है और यह दोनों आपस में रिश्तेदार हैं जिसके कारण यह मारपीट की घटना हुई है।तत्काल दोनों गुटों की महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले में कार्रवाई को लेकर पुलिस सक्रिय है।
कोमल सिंह ने बढ़ाया जिले का मान
गोण्डा। विकास खण्ड बेलसर अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलहा निवासी सूर्यकान्त सिंह की  पुत्री कोमल सिंह ने जेआरएफ (असिस्टेंट प्रोफेसर) की परीक्षा उत्तीर्ण कर जनपद के नाम रोशन किया है। इस संदर्भ में विकास सिंह विक्कू ने बताया कि कोमल सिंह ने प्राथमिक शिक्षा क्षेत्रीय विद्यालय अवध शरण तथा इंटरमीडिएट लखनऊ पब्लिक स्कूल से किया। तदुपरांत बीए इलाहाबाद यूनिवर्सिटी तथा एमए की शिक्षा जेएनयू दिल्ली से अर्जित कर पहली ही बार मे जेआरएफ की परीक्षा में सफलता हासिल कर लिया। उन्होंने बताया कि कोमल के पिता सूर्यकान्त सिंह ग्राम प्रधान तथा माता संगीता सिंह गृहिणी है। इस अवसर पर सोनू सिंह, शिवम सिंह, अर्पित शुक्ला, पंकज सिंह, पंचम सिंह अवनीश शुक्ला सहित तमाम क्षेत्रीयजनों ने शुभकामनाएं प्रेषित किया।
गोंडा: बीएलओ पर दबाव और फॉर्म-07 भरवाने का आरोप, डीएम से की गई लिखित शिकायत
गोंडा। जनपद में पंचायत निर्वाचन से जुड़े कार्यों को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता बैजनाथ दुबे ने आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक बावन सिंह द्वारा जबरन बीएलओ पर दबाव बनाकर फॉर्म-07 भरवाया जा रहा है। बैजनाथ दुबे के अनुसार, कई बूथों पर बीएलओ स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी गोंडा को लिखित शिकायत भी दी गई है। सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि यदि कहीं भी गलत तरीके से फॉर्म भरवाया गया तो उसकी जानकारी सामने आने पर वह कानूनी और राजनीतिक स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत क्षेत्रों के कुछ बूथों पर बीएलओ पर दबाव डालकर मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म भरवाने का प्रयास किया गया, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि इस तरह की कार्यप्रणाली से ग्रामीण मतदाता भय और भ्रम की स्थिति में हैं। बैजनाथ दुबे ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित बीएलओ को दबावमुक्त वातावरण में कार्य करने दिया जाए और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन या संबंधित जनप्रतिनिधि की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।