मेरठ।डी मोनफोर अकादमी में स्पोर्ट्स मीट का भव्य आयोजन, छात्रों ने दिखाया खेल कौशल

मेरठ।बहसुमा।डी मोनफोर अकादमी में वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के स्वागत, तिलक एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

स्पोर्ट्स मीट के दौरान आकर्षक मार्च पास्ट, मशाल प्रज्वलन, खेल शपथ, स्पोर्ट्स ड्रिल डांस तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अनुशासन, ऊर्जा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में छात्रों का जोश देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं। वहीं विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने अपने संबोधन में खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के निर्देशक डॉ. के. के. शर्मा ने कहा कि खेलकूद कार्यक्रम बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का कार्य करते हैं और उन्होंने सभी विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उप प्रधानाचार्या श्रीमती रितु चिकारा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।

कार्यक्रम में शिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति भी सराहनीय रही। स्पोर्ट्स मीट के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
टिकोला शुगर मिल ने सत्र 2025–26 का 9.87 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया
मेरठ। बहसूमा।रामराज
टिकोला शुगर मिल द्वारा पेराई सत्र 2025–26 के अंतर्गत किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया गया है। शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम ने जानकारी देते हुए बताया कि मिल द्वारा दिनांक 31 जनवरी 2026 से 2 फरवरी 2026 तक खरीदे गए गन्ने का पूर्ण भुगतान 9.87 करोड़ रुपये किसानों के खातों में सीधे भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि यह भुगतान चीनी मिल के माध्यम से सीधे संबंधित किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है, जिससे किसानों को समय पर राहत मिली है। शुगर मिल प्रबंधन ने सभी किसान भाइयों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने बैंकों के माध्यम से भुगतान की पुष्टि कर लें।

अधिशासी अध्यक्ष ने आगे बताया कि आगामी दिनों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को गन्ना मूल्य भुगतान नियमित रूप से किया जाएगा, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शुगर मिल प्रबंधन ने कृषकों से यह भी अपील की है कि वे मिल को साफ-सुथरा, ताजा, जड़-पत्ती, मिट्टी एवं हरे अगोले से रहित गन्ने की ही आपूर्ति करें। यदि पर्चियों से अधिक गन्ना उपलब्ध हो, तो किसान चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर अतिरिक्त सट्टा आवश्यकता अनुसार प्राप्त कर सकते हैं।

इसके साथ ही किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अपना बेसिक कोटा अवश्य पूर्ण करें और टिकोला शुगर मिल में गन्ना आपूर्ति बढ़ाकर इनामी व उपहार योजनाओं का  लाभ  उठाएं
खरदौनी में भाकियू तोमर की बैठक, 50 ग्रामीणों ने ली सदस्यता, बिजली बिलों को लेकर फूटा आक्रोश


मेरठ। बहसूमा।ग्राम खरदौनी में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष चौधरी इंतज़ार देशवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक के दौरान संगठन की नीतियों से प्रभावित होकर 50 ग्रामीणों ने भाकियू तोमर की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए साजिद प्रधान को जिला उपाध्यक्ष तथा जब्बार चौहान को युवा जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष साजिद प्रधान ने ग्रामीणों की समस्याएं रखते हुए कहा कि गांव में बिजली विभाग की मनमानी चरम पर है। आरोप लगाया कि चार हजार रुपये के बकाया बिल पर भी घरों के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे जनता में भारी रोष व्याप्त है।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष चौधरी इंतज़ार देशवाल ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर जल्द ही बिजली विभाग के एक्सईएन से वार्ता की जाएगी। यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के निर्देशानुसार मवाना स्थित एक्सईएन कार्यालय पर एक बड़ी किसान पंचायत का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता आकिल राणा, मुंशब भाई, अभिषेक चौधरी, साबी भाई, अब्बास भाई, कलीम प्रधान, मौसम चौधरी, सुलेमान प्रधान, जान मोहम्मद, तनवीर चौधरी सहित अनेक किसान व ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से किसानों की एकजुटता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष का संकल्प लिया गया।
पुट्टी इब्राहिमपुर में उन्नति कृषि स्टोर का शुभारंभ, किसानों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मुजफ्फरनगर।टिकोला शुगर मिल्स लिमिटेड (यूनिट–टिकोला) के सहयोग से उन्नति कृषि स्टोर का शुभ उद्घाटन बृहस्पतिवार को पुट्टी इब्राहिमपुर (मुजफ्फरनगर) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री वेदांत स्वरूप  (मालिक) ने फीता काटकर स्टोर का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मिल के अधिशासी अध्यक्ष  हिमांशु मंगलम, गन्ना समिति रामराज के सचिव  संजय कुमार सिंह,  सुनील दत्ता (जीएम केन),  मोहनलाल शर्मा (एजीएम),  अविनाश सिंह (डीजीएम केन),  नितिन अरोड़ा (गन्ना विकास हेड),  अनुपम दहिया (ब्लॉक इंचार्ज), डिप्टी सुपरवाइजर सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही  रामपाल सिंह,  गुरदेव सिंह एवं  संजीव प्रधान सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसानों ने बताया कि इस स्टोर के खुलने से खेती से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएं जैसे बीज, खाद, कीटनाशक, कृषि उपकरण आदि एक ही स्थान पर उचित एवं किफायती दरों पर उपलब्ध होंगी, जिससे उनका समय, पैसा और परिश्रम बचेगा।

उन्नति कृषि स्टोर का मुख्य उद्देश्य किसानों को डिजिटल और पारंपरिक तरीकों से जोड़ते हुए उनकी दैनिक कृषि आवश्यकताओं को पूरा करना है। स्टोर पर खेती से संबंधित सभी उत्पादों के साथ-साथ अन्य उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्य अतिथि श्री वेदांत स्वरूप जी ने कहा कि यह स्टोर किसानों की उन्नति के लिए समर्पित है और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के अंत में टिकोला शुगर मिल्स लिमिटेड के प्रबंधन ने सभी किसानों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

जय जवान, जय किसान!

हस्तिनापुर ब्लॉक में मनरेगा फर्जीवाड़े का आरोप, बिना काम कराए लग रही मजदूरों की हाजिरी

मेरठ।हस्तिनापुर ब्लॉक क्षेत्र में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई गांवों में बिना कोई कार्य कराए ही मजदूरों की फर्जी हाजिरी भरकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने बताया कि हस्तिनापुर ब्लॉक के मोहम्मदपुर सकिस्त, शाहपुर बटावली, सदरपुर और समसपुर सहित कई गांवों में मनरेगा के तहत बड़े पैमाने पर फर्जी हाजिरी लगाई जा रही है। उनका आरोप है कि कागजों में काम दिखाकर मजदूरी का भुगतान कराया जा रहा है, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं हो रहा।

इस गंभीर मामले को लेकर कई बार हस्तिनापुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमरीश कुमार को अवगत कराया गया, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि पूरे प्रकरण में ब्लॉक स्तर के कुछ कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है।

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह बताया जा रहा है कि मनरेगा में फर्जीवाड़े को लेकर जैसे ही किसी स्तर पर शिकायत की जाती है, महज आधे घंटे के भीतर इसकी जानकारी कथित रूप से फर्जीवाड़ा करने वालों तक पहुंच जाती है। इससे शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता भंग हो रही है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है, जिस कारण वे खुलकर शिकायत करने से कतरा रहे हैं।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अमरीश कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर कई शिकायतें मिली हैं, लेकिन उनके कार्यालय में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं शिकायतकर्ता मनोज कुमार का कहना है कि उन्होंने बीडीओ से बातचीत के बाद धीरसिह सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को लिखित शिकायत पत्र सौंप दिया है।

गरीब मजदूरों को रोजगार देने के उद्देश्य से चलाई जा रही मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में इस तरह के कथित फर्जीवाड़े और प्रशासनिक उदासीनता ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर दोषियों पर कब तक सख्त कार्रवाई करते हैं।
हस्तिनापुर ब्लॉक में फर्जी मनरेगा का खुला खेल, शिकायत करने पर आधे घंटे में हो जाती है भनक
मेरठ। बहसूमा।हस्तिनापुर ब्लॉक क्षेत्र में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के नाम पर चल रहा फर्जीवाड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि कई गांवों में बिना कोई काम कराए ही मजदूरों की फर्जी हाजिरी भरकर सरकारी धन का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है।

इस गंभीर मामले को लेकर शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने हस्तिनापुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी (वीडीओ) अमरीश कुमार को अवगत कराया, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

मनोज कुमार का आरोप है कि हस्तिनापुर ब्लॉक के गांव मोहम्मदपुर सकिश्त, शाहपुर बटावली, सदरपुर, समसपुर सहित कई अन्य गांवों में मनरेगा के तहत बड़े पैमाने पर फर्जी हाजिरी लगाई जा रही है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी यह अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं। उनका कहना है कि इस पूरे खेल में ब्लॉक स्तर के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आती है।

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जैसे ही फर्जी मनरेगा को लेकर किसी स्तर पर शिकायत की जाती है, महज आधे घंटे के भीतर ही फर्जीवाड़ा करने वालों को इसकी जानकारी मिल जाती है। इससे यह आशंका और गहरी हो जाती है कि शिकायतों की गोपनीयता भंग की जा रही है। परिणामस्वरूप ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग खुलकर शिकायत करने से कतरा रहे हैं।

इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी अमरीश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर कई बार शिकायतें प्राप्त हुई हैं, लेकिन उनके कार्यालय में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि लिखित शिकायत मिलती है तो पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गरीब मजदूरों को रोजगार देने के उद्देश्य से चलाई जा रही मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में इस तरह के कथित फर्जीवाड़े और प्रशासनिक उदासीनता ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर कब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई करते हैं।
टिकोला शुगर मिल ने सत्र 2025–26 का ₹18.30 करोड़ गन्ना मूल्य भुगतान किया
मेरठ। टिकोला शुगर मिल द्वारा सत्र 2025–26 के अंतर्गत किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया गया है। मिल प्रशासन के अनुसार 24 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल ₹18.30 (18 करोड़ 30 लाख रुपए ) का भुगतान किसानों के खातों में सीधे भेजा गया है।

टिकोला शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को समय से भुगतान मिल सके, इसके लिए मिल प्रबंधन द्वारा समस्त राशि बैंक के माध्यम से सीधे खातों में स्थानांतरित की गई है। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने बैंकों से भुगतान की पुष्टि कर लें।

मिल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी किसान को भुगतान से संबंधित कोई समस्या आती है तो वह चीनी मिल कार्यालय से संपर्क कर सकता है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे मिल को साफ-सुथरा, ताज़ा, जड़-पत्ती व मिट्टी रहित गन्ना ही आपूर्ति करें।

अधिकारियों ने बताया कि अधिक गन्ना उत्पादन की स्थिति में किसान चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसानों से अपना बेसिक कोटा अवश्य पूरा करने और मिल में गन्ना आपूर्ति बढ़ाकर ईएमआई व उधार योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बुग्गी क्षतिग्रस्त, चालक फरार
मेरठ। बहसूमा। मोड खुर्द निवासी कले  पुत्र होसराम की बुग्गी को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बुग्गी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बुग्गी चला रहे आबिद को भी चोट लगने की सूचना है। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबिद मोड खुर्द स्थित अपने घर से हरा चारा और कुछ घरेलू सामान बुग्गी में रखकर घेर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सड़क पार कर रहा था, तभी सामने से तेज गति में आ रहे अज्ञात वाहन ने बुग्गी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुग्गी सड़क पर पलटते हुए क्षतिग्रस्त हो गई और आबिद उछलकर दूर जा गिरा। और गाड़ी का शीशा टूट कर सड़क पर जा गिरा

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और घायल आबिद को संभाला। बताया गया कि उसे चोटें आई हैं, हालांकि गंभीर स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, टक्कर मारने वाला वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। बताया गया की घटना की सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है।
रविदास जयंती पर शांति व्यवस्था के लिए बहसूमा में प्रशासन का फ्लैग मार्च
बहसूमा। संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में मवाना के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) संतोष कुमार के नेतृत्व में बहसूमा कस्बे में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य जयंती कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद या अफवाह की संभावना को समाप्त करना रहा।

फ्लैग मार्च बहसूमा के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल, पीएसी तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों ने पैदल मार्च कर क्षेत्र का जायजा लिया। अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च से जहां आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई, वहीं असामाजिक तत्वों को भी सख्त संदेश दिया गया।

एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि संत रविदास जयंती का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि जुलूस मार्गों, कार्यक्रम स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि ऐसे कदमों से क्षेत्र में विश्वास और सुरक्षा का माहौल बनता है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इस मौके पर कस्बा इंचार्ज राकेश कुमार कांस्टेबल गुलदीप कुमार आदि मौजूद रहे
किशोरी की उपचार के दौरान मौत
मेरठ (बहसूमा): उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद अंतर्गत बहसूमा क्षेत्र में दरिंदगी का शिकार हुई किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार शाम पीड़िता के दम तोड़ने के बाद क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है और बाहरी व्यक्तियों समेत मीडिया के प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी गई है।
वेंटिलेटर पर तीन दिन तक चला संघर्ष
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले तीन दिनों से अस्पताल में वेंटिलेटर पर थी और जीवन-मौत के बीच जूझ रही थी। शुक्रवार शाम उसकी मृत्यु की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। जैसे ही शव गांव पहुँचा, परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। करीब 40 मिनट तक चले भारी हंगामे के बाद, पुलिस अधिकारियों की सूझबूझ और काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
गांव की घेराबंदी और राजनीतिक नेताओं की नजरबंदी
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गांव की ओर जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर दी है। इस दौरान कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया:
विजयपाल कश्यप (जिला अध्यक्ष, सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ) को सुबह उनके आवास से ही गिरफ्तार/नजरबंद कर लिया गया।
देवेंद्र कश्यप (राष्ट्रीय अध्यक्ष, सामाजिक न्याय पार्टी) को उनके समर्थकों के साथ रामराज थाने में रोक लिया गया।
स्थानीय नेताओं का विरोध: हरिओम कश्यप, जगरोशन कश्यप और महेश कश्यप बनारसी दास कश्यप सहित समाज के अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
प्रशासनिक रुख
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। सुरक्षा की दृष्टि से पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात है।