बजट 2026: रांची बनेगा देश का नया 'मेंटल हेल्थ हब'; बेंगलुरु के बाद अब यहाँ खुलेगा NIMHANS 2.0"

Image 2Image 3

संसद में पेश वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट में झारखंड की राजधानी रांची को मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है. केंद्र सरकार ने रांची के मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों के मॉडर्नाइजेशन और विस्तार की घोषणा की है. इसके तहत देश में दूसरा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान (NIMHANS 2.0) रांची में स्थापित किया जाएगा, साथ ही रांची और तेजपुर के संस्थानों को रीजनल एपेक्स संस्थान के रूप में डेवलप किया जाएगा.

उत्तर भारत में अब तक कोई राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान नहीं था, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है. देश का पहला NIMHANS बेंगलुरु में स्थित है, जो मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी है.

रांची में पहले से ही दो प्रमुख संस्थान सक्रिय हैं. केंद्रीय शासन के अंतर्गत आने वाला सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकेट्री (सीआईपी) और राज्य सरकार के तहत रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड अलाइड साइंसेज (आरआईएनपीएएस). ये दोनों संस्थान सौ सालों से भी अधिक समय से मानसिक स्वास्थ्य की सेवा, रिसर्च और इलाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

CIP प्रशासन ने बजट में की गई घोषणाओं का स्वागत किया है. उन्होंने बताया कि लंबे समय से इसे NIMHANS जैसे स्तर पर एडवांस करने की मांग की जा रही थी. प्रस्ताव के अनुसार, CIP परिसर में 500 बेड का नया अस्पताल विकसित किया जाएगा, जिसमें न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और बाल चिकित्सा विभाग सम्मिलित होंगे. यह परियोजना लगभग 220 एकड़ क्षेत्र में फैली होगी और आगामी वित्तीय साल में कार्य शुरू होने की संभावना है.

CIP की स्थापना 17 मई 1918 को ब्रिटिश शासन के दौरान रांची यूरोपीय पागलखाना के रूप में हुई थी. अब केंद्रीय बजट के जरिए रांची को मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक राष्ट्रीय और क्षेत्रीय केंद्र के रूप में सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जो इस क्षेत्र में नई उम्मीदों को जन्म देंगे

एक वाट्सऐप ग्रुप, एक ट्रेडिंग ऐप और 2.07 करोड़ रुपये की ठगी; झारखंड के युवक को ठगों ने कैसे फंसाया?

Image 2Image 3

ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग ऐप्स का इस्तेमाल करने वाले लोग सतर्क हो जाएं. ज्यादा मुनाफे का लालच दिखाकर साइबर अपराधी लोगों की जीवनभर की कमाई चंद मिनटों में साफ कर रहे हैं. झारखंड के लातेहार से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया.

जानकारी के अनुसार, झारखंड के लातेहार जिले के एक कारोबारी को शातिर साइबर अपराधियों ने निशाना बनाया. ठगों ने पहले पीड़ित को DIGITAL ASSETS नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा, जहां निवेश और ट्रेडिंग से जुड़े आकर्षक ऑफर और भारी मुनाफे के दावे दिखाए जा रहे थे. ग्रुप में नकली ट्रेडिंग डेटा और फर्जी लाभ दिखाकर पीड़ित का विश्वास जीता गया. इसके बाद उसे GLOBIXVAULT नामक एक कथित निवेश और ट्रेडिंग ऐप से जोड़ा गया, जो असल में फर्जी प्लेटफॉर्म निकला.

2.07 करोड़ रुपये की ठगी

अपराधियों ने वित्तीय संस्थान के नाम का सहारा लेकर खुद को भरोसेमंद साबित किया और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए. जब तक पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तब तक वह लगभग 2.07 करोड़ रुपये गंवा चुका था. पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाते हुए झारखंड अपराध अनुसंधान विभाग (CID) के अंतर्गत साइबर क्राइम थाना, रांची में शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

इस मामले में 16 दिसंबर 2025 को कांड संख्या 160/25 दर्ज किया गया, जिसके बाद CID की टीम ने जांच शुरू की. तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रेल के आधार पर जांच आगे बढ़ी और आखिरकार पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के घोला थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक बेरा नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और पांच डेबिट कार्ड सहित कई संदिग्ध सामग्री बरामद की गई. जांच एजेंसियां अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं.

CID झारखंड ने आम लोगों को ऐसे साइबर फ्रॉड से बचने के लिए सावधान रहने की सलाह दी है. व्हाट्सएप, टेलीग्राम या गूगल विज्ञापनों के जरिए मिलने वाले निवेश ऑफर के लिंक पर क्लिक करने से बचें. किसी अनजान बैंक खाते या UPI आईडी में निवेश के नाम पर पैसा जमा न करें. निवेश हमेशा सरकार द्वारा अधिकृत और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही करें तथा पूरी जानकारी हासिल करने के बाद ही कदम उठाएं. यदि कोई व्यक्ति ठगी का शिकार हो जाता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर नजदीकी थाना या साइबर सेल को सूचित करें.

झारखंड के युवाओं के लिए 'लंदन' से आई खुशखबरी: हेमंत सरकार और जिंदल फाउंडेशन के बीच बड़ी साझेदारी; हाशिए पर रहने वाले छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप

राँची/लंदन, 31 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में लंदन गए उच्च स्तरीय डेलीगेशन के साथ जिंदल फाउंडेशन ने शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में व्यापक साझेदारी का प्रस्ताव रखा है। फाउंडेशन ने अपनी 'अभिरुचि की अभिव्यक्ति' (Expression of Interest) प्रस्तुत करते हुए झारखंड के मानव संसाधन को वैश्विक मानकों के अनुरूप सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई है।

Image 2Image 3

साझेदारी के 4 मुख्य स्तंभ:

हाशिए पर रहने वाले छात्रों के लिए स्कॉलरशिप: राज्य सरकार और जिंदल फाउंडेशन 50:50 की लागत साझाकरण के आधार पर एक संयुक्त छात्रवृत्ति कार्यक्रम शुरू करेंगे। इसके तहत वंचित समुदायों की छात्राओं और मेधावी छात्रों को कानून, प्रबंधन और सार्वजनिक नीति जैसे विषयों में उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसमें खेल-आधारित छात्रवृत्ति भी शामिल होगी, ताकि होनहार एथलीटों की शिक्षा में आर्थिक तंगी बाधा न बने।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना: IIT-ISM धनबाद और BIT सिंदरी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ मिलकर एक अत्याधुनिक रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा। यह केंद्र स्टील सेक्टर, खनिज प्रसंस्करण (Mineral Processing) और क्रिटिकल मिनरल्स में नवाचार और शोध का नेतृत्व करेगा।

अधिकारियों का क्षमता निर्माण: शासन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए JPSC के लगभग 30 मध्य-कैरियर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को हर साल दो बार विशेष वैश्विक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जलवायु परिवर्तन और सार्वजनिक नीति पर शोध: पूर्वी भारत की विशेष भौगोलिक चुनौतियों को देखते हुए जलवायु परिवर्तन और कानून जैसे विषयों पर शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री का विजन: "युवाओं को मिले वैश्विक मंच"

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा और क्षमता निर्माण के माध्यम से झारखंड के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करना चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य केवल खनिजों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने हुनरमंद मानव संसाधन के लिए भी दुनिया भर में जाना जाए, यही सरकार का लक्ष्य है।

स्टील हब के लिए तैयार होगी स्किल्ड मैनपावर

जिंदल फाउंडेशन के अनुसार, रामगढ़ और पतरातू के बड़े 'स्टील हब' के रूप में विकसित होने के कारण स्किल्ड मैनपावर की मांग बढ़ी है। यह साझेदारी न केवल इस मांग को पूरा करेगी बल्कि राज्य के मानव विकास सूचकांक (HDI) में भी सुधार लाएगी।

नगर निकाय चुनाव 2026: ट्रांसपोर्ट नगर में बनेगा प्रस्तावित स्ट्रांग रूम; DC मंजूनाथ भजन्त्री ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

राँची, 31 जनवरी 2026: राँची में आगामी नगरपालिका चुनाव को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका), राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने ट्रांसपोर्ट नगर रिंग रोड स्थित प्रस्तावित स्ट्रांग रूम (वज्र गृह) और चुनाव संबंधी अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

Image 2Image 3

सुरक्षा मानकों और लॉजिस्टिक पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूरे परिसर की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरे का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके मुख्य दिशा-निर्देश निम्नलिखित रहे:

सुरक्षा व्यवस्था: वज्र गृह के निर्माण में सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

लॉजिस्टिक: चुनाव सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए पुख्ता इंतजाम हों।

परिसर प्रबंधन: परिसर की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की मजबूती को समय रहते पूरा करें।

राँची की नदियाँ या 'विषाक्त नाले'? हरमू-स्वर्णरेखा में खत्म हुआ जीवन, निकाय चुनाव से पहले छिड़ी सियासी जंग


Image 2Image 3

राँची: झारखंड की राजधानी राँची को कभी अपनी जल संरचनाओं के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यहाँ की दो प्रमुख नदियाँ— हरमू और स्वर्णरेखा— मरणासन्न स्थिति में हैं। पर्यावरणविदों की चेतावनी और स्थानीय जनता के आक्रोश के बीच अब नगर निकाय चुनाव में यह एक बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है।

विशेषज्ञ की चेतावनी: पानी में घुल रहा है 'ज़हर'

राँची विश्वविद्यालय के भूगर्भ विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. नितीश प्रियदर्शी के अनुसार, इन नदियों के पानी में अब जीवन (Aquatic Life) नहीं बचा है। उन्होंने बताया:

बिना ट्रीटमेंट के हज़ारों गैलन सीवरेज का पानी रोज़ाना नदियों में गिर रहा है।

स्वर्णरेखा नदी में राइस मिलों से निकलने वाले रसायन पानी को विषैला बना रहे हैं।

पानी में भारी धातुओं और रसायनों की मौजूदगी मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।

निकाय चुनाव और जवाबदेही का सवाल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नदियों की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हुए, लेकिन ज़मीनी हकीकत नहीं बदली। नगर निगम चुनाव नज़दीक आते ही जनता अब जुडको (JUDCO) और नगर निगम से जवाब मांग रही है।

पूर्व पार्षद अरुण झा ने इसके लिए निगम और जुडको के बीच आपसी विवाद और 6 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निष्क्रिय होने को मुख्य कारण बताया है।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर

नदियों की गंदगी पर अब राजनीति भी तेज़ हो गई है:

कांग्रेस: प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि रघुवर सरकार के समय करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए गए पर नतीजा शून्य रहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हेमंत सरकार इन नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए योजना बना रही है।

भाजपा: प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने बिना किसी आरोप-प्रत्यारोप के स्वीकार किया कि नदियों की स्थिति दुखद है। उन्होंने आह्वान किया कि राजनीति से ऊपर उठकर हर किसी को नदियों को बचाने के लिए प्रयास करना चाहिए।

जनता का दर्द: 'पवित्र धारा' से 'गंदा नाला' बनने का सफर

स्थानीय निवासी प्रेम कुमार साहू और गौतम चौरसिया पुराने दिनों को याद करते हुए भावुक हो जाते हैं, जब इन नदियों का पानी इतना साफ था कि वहाँ छठ महापर्व और अन्य अनुष्ठान होते थे। उनका मानना है कि इस बदहाली के लिए प्रशासन के साथ-साथ जनता की लापरवाही भी ज़िम्मेदार है।

पतरातू NTPC-PVUNL प्लांट में बड़ा हादसा: यूनिट-2 के डक्ट की सील फटने से 12 श्रमिक घायल, तकनीकी जांच के आदेश

रामगढ़/पतरातू: पतरातू स्थित PVUNL (पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड) की निर्माणाधीन सुपर थर्मल पावर परियोजना में बुधवार को एक गंभीर तकनीकी खराबी के कारण हादसा हो गया। यूनिट-2 के एयर कूल्ड कंडेंसर (ACC) में परीक्षण के दौरान हुए इस हादसे में 12 श्रमिक घायल हो गए हैं।

Image 2Image 3

कैसे हुआ हादसा?

हादसा उस समय हुआ जब BHEL (भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) द्वारा डक्ट इरेक्शन एवं परीक्षण का कार्य किया जा रहा था। तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, एयर कूल्ड कंडेंसर (ACC) के डक्ट में लगी इन-प्लेट सील अचानक दबाव झेल नहीं पाई और टूट गई। सील टूटने से डक्ट के भीतर जमा 'प्रेशराइज्ड डस्ट' (दबावयुक्त धूल) तेजी से बाहर निकली, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए।

घायलों की स्थिति और उपचार

हादसे में घायल हुए 12 श्रमिकों में से 9 मैसर्स आरपीपी इंफ्रास्ट्रक्चर के हैं और 3 BHEL के कर्मचारी हैं। सभी घायलों को तत्काल पीटीपीएस अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार:

सभी श्रमिकों को हल्की चोटें आई हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

घटना के बाद PVUNL प्रबंधन ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

प्रबंधन का कड़ा रुख: गठित हुई तकनीकी टीम

PVUNL प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए एक विशेष तकनीकी जांच टीम का गठन किया है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि:

सुरक्षा मानकों की दोबारा समीक्षा की जाएगी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई लापरवाही पाई गई, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाई जाएगी।

विधायक ने जाना हाल-चाल

हादसे की खबर मिलते ही बड़कागांव विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायल श्रमिकों से मुलाकात की और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ प्रबंधन से सुरक्षा उपायों में ढिलाई न बरतने की बात कही।

झारखंड के हुनर का चीन में बजेगा डंका: 'कौशल उत्कर्ष' के विजेता बने राज्य के राजदूत; हर प्रखंड में खुलेंगे नए कौशल केंद्र

राँची, 30 जनवरी 2026: झारखंड के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देते हुए श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा आयोजित ‘झारखंड कौशल उत्कर्ष’ प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रम मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने 39 विजेताओं को सम्मानित किया और घोषणा की कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित करने के लिए राज्य के सभी प्रखंडों में नए कौशल केंद्र खोले जाएंगे।

Image 2Image 3

चीन में होने वाली वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता का रास्ता साफ

मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने विजेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ये युवा केवल पदक विजेता नहीं हैं, बल्कि चीन में होने वाली 'India Skills Competition 2026' के लिए झारखंड के राजदूत हैं। प्रतियोगिता के स्वर्ण और रजत पदक विजेता अब ओडिशा, कर्नाटक और तमिलनाडु में अगले राउंड के लिए अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। वहां सफल होने वाले प्रतिभागी विश्व स्तरीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वैश्विक रोजगार के लिए प्रतिष्ठित संस्थानों से MoU

झारखंड के युवाओं को केवल प्रशिक्षण ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर प्लेसमेंट दिलाने के लिए विभाग ने कई प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए हैं। इन साझेदारियों से राज्य के प्रशिक्षित युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी के द्वार खुलेंगे।

बेहतर प्रबंधन के लिए राँची की टीम सम्मानित

समारोह के दौरान नवाचार और बेहतर प्रबंधन के लिए राँची के उप-श्रमायुक्त-सह-जिला कौशल पदाधिकारी और उनकी पूरी टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंत्री ने JSDMS को युवाओं का 'सतत सारथी' बताते हुए कौशल विकास के क्षेत्र में झारखंड के स्वर्णिम भविष्य की नींव रखी।

सैकड़ों लोगों के साथ प्रदेश कार्यालय में चक्रधरपुर के विजय सिंह गगराई ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता


Image 2Image 3

भाजपा प्रदेश कार्यालय मे आज मिलन समारोह आयोजित हुआ। जिसमें चक्रधर पुर के श्री विजय सिंह गगराई ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने श्री गगराई को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह ने किया।

श्री गगराई के साथ सदस्यता ग्रहण करने वालों में सुशांत मंडल, हीरालाल खंडाइत , ललित ठाकुर,हारून मेलगांडी, बेसरा पूर्ति,विजय नाग, राजेंद्र मेलगांडी, रामू महतो, मार्कस गगराई, वीरसिंह हांसदा, राकेश जोंकों सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य के आदिवासी,दलित ,पिछड़े सभी वर्गों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। यह सरकार विकास विरोधी सरकार है। आए दिन आदिवासी समाज के युवाओं की हत्या हो रही।बहन बेटियां अपमानित हो रही। राज्य में अपहरण एक उद्योग बन गया है।

कहा कि यह सरकार पूरी तरह झूठी सरकार साबित हुई है पिछले 6 वर्षों में हेमंत सरकार ने राज्य को रसातल में भेज दिया है।एक भी वादे इस सरकार ने ओर नहीं किए।जनता पूरी तरह ठगी हुई महसूस कर रही है।

कहा कि पेसा कानून के नाम पर भी हेमंत सरकार ने जनता को ठगा है। ऐसे में जनजाति समाज का मोह राज्य सरकार से भंग हो रहा है।

कहा कि आज भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से जनजाति समाज देख रहा है।

उन्होंने समाज के बीच जाकर राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करने का आह्वान किया।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा ने ही झारखंड का गठन कराया है और भाजपा ही इसका सर्वांगीण विकास कर सकती है।

कहा कि धोखे की सरकार के पाप का घड़ा फूटेगा । जनता किसी को माफ नहीं करती।

विजय सिंह गगराई ने पार्टी के नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सच्चे सिपाही के रूप में पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को वे धरातल पर उतारने केलिए संकल्पित है। उनका तन मन धन पार्टी कार्यों केलिए समर्पित है।

कहा कि पार्टी जो जिम्मेवारी देगी उसे सहर्ष पूरा करेंगे।

सांसद निशिकांत दुबे का हेमंत सरकार पर तीखा हमला: "मार्च के बाद सीएम के वेतन पर भी आ सकता है संकट, बंद हो सकती हैं योजनाएं"


Image 2Image 3

देवघर: गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे शुक्रवार को देवघर पहुँचे, जहाँ एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मीडिया से रूबरू होते हुए सांसद ने राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों पर कड़ा प्रहार किया और केंद्र-राज्य संबंधों सहित यूजीसी (UGC) विवाद पर पार्टी का पक्ष रखा।

"मंईयां सम्मान" के चक्कर में विकास ठप: निशिकांत

राज्य सरकार द्वारा केंद्र पर लगाए जा रहे 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाया के आरोपों पर तंज कसते हुए निशिकांत दुबे ने कहा:

"झारखंड सरकार के पास पैसा ही नहीं है। स्थिति यह है कि मार्च के बाद मुख्यमंत्री का वेतन मिलना भी मुश्किल हो सकता है। यदि मंईयां सम्मान योजना बंद हो जाए या अबुआ आवास का काम रुक जाए, तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए।"

उन्होंने आरोप लगाया कि लोक-लुभावन योजनाओं के कारण राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं।

UGC विवाद: "प्रधानमंत्री और संविधान पर रखें भरोसा"

यूजीसी से जुड़े हालिया विवादों पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि यह मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और इस पर स्टे लगा हुआ है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14 और 15 का हवाला देते हुए कहा कि ये अनुच्छेद पिछड़ों और दलितों के अधिकारों की सुरक्षा की गारंटी देते हैं।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर चलते हैं, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण स्वर्ण आरक्षण है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री की नीतियों पर भरोसा रखें और न्यायपालिका के फैसलों का सम्मान करें।

बापू को नमन: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि; राज्यपाल ने 'दिशोम गुरु' को पद्म भूषण मिलने पर जताया हर्ष

राँची, 30 जनवरी 2026: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

भजन और रामधुन से गुंजायमान हुई बापू वाटिका

श्रद्धांजलि सभा के दौरान भजन मंडली के कलाकारों ने बापू के प्रिय भजनों और रामधुन की प्रस्तुति दी। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोग महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की आत्मीयता में मंत्रमुग्ध नज़र आए।

शिबू सोरेन को पद्म भूषण: राज्य के लिए गर्व का क्षण

मीडिया को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने बापू के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने एक महत्वपूर्ण संदेश देते हुए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। राज्यपाल ने कहा:

"राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु स्व० शिबू सोरेन जी को पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत करना पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। यह सम्मान झारखंड के प्रति भारत सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। राज्य निर्माण में उनका योगदान सदैव अमर रहेगा।"

बापू का दर्शन ही शांति का मार्ग: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने बापू को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग और संघर्ष पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक समृद्ध राज्य और शांतिपूर्ण दुनिया की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं।

Image 2Image 3

प्रमुख उपस्थितियाँ

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती दीपिका पांडे सिंह और राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी ने भी बापू को नमन किया। कार्यक्रम में शासन और प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।