पीएम मोदी का राहुल गांधी पर पलटवार, मुजफ्फरपुर में बोले-छठी मईया की पूजा उनके लिए ड्रामा
#pmnarendramodirallyin_muzaffarpur
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए एक दिन पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के छठ पूजा वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस के लोगों ने छठी मैय्या का अपमान किया है। छठ पूजा राजद और कांग्रेस वालों के लिए ड्रामा है, नौटंकी है। इनको माताएं बहने माफ नहीं करेंगी।
![]()
मुजफ्फरपुर की लीची की मिठास की तुलना यहां के लोगों की बोली से करते हुए पीएम मोदी कहा कि, आपकी यह बोली उतनी ही मीठी है, जितनी यहां की लीची। उन्होंने तेज बारिश के बावजूद जनसभा में उमड़े विशाल हुजूम के लिए आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता को अपना ‘मालिक’ बताते हुए कहा, बिहार के मेरे भाई-बहनों, बिहार में मेरे मालिकों, मैं आपका बहुत बड़ा कर्जदार हूं।
छठ महापर्व को यूनेस्को की सूची में शामिल करने का प्रयास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व को बिहार और देश का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व देश और दुनिया में मनाया जाता है। हमलोग छठ की गीत सुनकर भावविभोर हो जाते हैं। छठी मैय्या में मां की भक्ति, समता, ममता और सामाजिक समरसता है। छठ महापर्व को मानवता के महापर्व के रूप में मनाते हैं। हमलोग कोशिश कर रहे हैं कि यूनेस्को की विश्व विरासत की सूची में छठ महापर्व शामिल हो। यह सूची बड़ी जांच पड़ताल और लंबी प्रकिया के बाद यह सूची बनती है। हमारी सरकार कोशिश कर रही है कि यूनेस्को की इस सूची में छठ महापर्व का नाम शामिल हो। अगर ऐसा होता तो हर बिहारियों को गर्व होगा।
छठ गीतों की एक प्रतिस्पर्धा की दी जानकारी
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के गीतों की परंपरा को देशव्यापी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए एक नए अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को गीतों के माध्यम से छठ के संस्कार एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए, केंद्र सरकार पूरे देश में विभिन्न कलाकारों द्वारा छठ गीतों की एक प्रतिस्पर्धा (प्रतियोगिता) आयोजित करने जा रही है। पीएम ने बताया कि इस स्पर्धा का आयोजन अगले साल छठ पूजा से पहले किया जाएगा, और जनता ही ऑनलाइन माध्यम से यह चुनेगी कि उन्हें कौन से गीत सबसे ज्यादा अच्छे लगते हैं। जो गीत टॉप पर रहेंगे, उन्हें लिखने वाले और गाने वाले कलाकारों को अगले साल छठ पूजा से पहले सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।
चुनाव में वोट के लिए छठी मैय्या का अपमान- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आपने देखा है कि आपका बेटा तो छठी मैय्या का जय जयकार पूरी दुनिया में कराने में लगा है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और राजद के लोग छठी मैय्या का अपमान कर रहे हैं। आप मुझे बताइए क्या कोई कभी चुनाव में वोट के लिए छठी मैय्या का अपमान कर सकता है? क्या बिहार यह अपमान सहन करेगा? राजद और कांग्रेस वाले कैसी बेशर्मी से बोल रहे हैं? उनके लिए छठी मैय्या की पूजा नौटंकी और ड्रामा है। वह छठी मैय्या का अपमान कर रहे हैं। जो भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं? जो 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं, उन्हें कांग्रेस और राजद वाले ड्रामा कहते हैं। यह हर उस व्यक्ति का अपमान है, जो छठी मैय्या में आस्था रखता है। छठ मैय्या के इस अपमान को बिहार सैकड़ों वर्षों तक भूलने वाला नहीं है। सैकड़ों वर्षों तक इस अपमान को छठी मैय्या का पूजा करने वाला नहीं भूलेगा।
पीएम मोदी ने बताई जंगलराज वालों की पहचान
पीएम मोदी ने आरजेडी-कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन ही जंगलराज वालों की पहचान है। यह उनके साथियों की पहचान बन गई है। राजद और कांग्रेस वाले केवल अपने परिवार का भला करते हैं। ऐसे लोग बिहार का भला नहीं कर सकते हैं। बिहार का भला करने के लिए उद्यम, उद्योग चाहिए। उद्योग के लिए जमीन, बिजली और कानून का राज चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा है, वो किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वो कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? और जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़े, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या?
एनडीए सरकार की उपब्लधियां गिनाईं
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार ने भाजपा और एनडीए का सुशासन देखा है। आज बिहार में रेल के इंजन बन रहे हैं, डेयरी के बड़े-बड़े प्लांट लग रहे हैं और मखाना अब पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। बिहार ने भाजपा-एनडीए का सुशासन देखा है। उन्होंने एनडीए सरकार की उपब्लधियों को गिनाया।
राजद और कांग्रेस के लोगों ने बाबा साहेब का अपमान किया
पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के लोगों ने बाबा साहेब का अपमान किया। उनकी तस्वीर का अपमान किया। बहुत कम लोगों को पता होगा कि बाबा साहेब ने जब पीएचडी की पढ़ाई की तब उनका विषय रुपया था। वह अर्थव्यवस्था के बहुत बड़े जानकार थे। इसलिए हमलोगों ने डिजिटल लेनदेन का नाम भीम रखा है। आज हर वर्ग के लोग भीम एप का उपयोग करते हैं। यह हमारी सरकार ही है, जिसने पिछड़ा वर्ग आयोग को पहचान दिया। सबको अवसर मिले, सबको सम्मान मिले और यही सच्चा सामाजिक न्याय है। बिहार की बहनों और बेटियों में अद्भुत हुनर है। यहां की लहठी-चुड़ियां मुजफ्फरपुर की पहचान है। हमलोग आपकी कला को पूरी दुनिया में पहुंचाने का काम करने जा रहे है।





6 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
6.4k