मुख्यमंत्री सोरेन ने किया 20वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2025 का समापन; बोले- चुनौती के इस दौर में पुलिस को दक्ष होना जरूरी
रांची। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने 17 अक्टूबर 2025 को जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा, रांची में आयोजित 20वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2025 के समापन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस के तकनीकी अनुसंधान और क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न पुलिस स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और तीन उत्कृष्ट अनुसंधानकर्ताओं को पुरस्कृत किया।
पुलिस विभाग राज्य की रीढ़
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि पुलिस विभाग किसी भी राज्य की रीढ़ होती है और वर्तमान समय में उसकी ज़िम्मेवारी चुनौतियों से भरी है। उन्होंने ज़ोर दिया कि राज्य में विकास के आयाम बढ़ने के साथ-साथ पुलिस की चुनौतियाँ भी बढ़ती हैं।
![]()
![]()
तकनीकी युग में दक्षता पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि "इस तकनीकी युग में हमारे पुलिस के जवान किस प्रकार अधिक से अधिक दक्षता हासिल करें यह अत्यंत जरूरी है।" उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पुलिस महकमे को ज्यादा से ज्यादा दक्ष बनाने की जिम्मेदारी को पूरा करने का हरसंभव प्रयास कर रही है।
![]()
अखिल भारतीय मीट के लिए शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने सभी विजेता प्रतिभागियों और टीमों को बधाई दी और उनसे अपेक्षा व्यक्त की कि वे प्रतियोगिता से अर्जित ज्ञान का प्रयोग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में करेंगे। उन्होंने चयनित प्रतिभागियों से अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड प्रदेश को गौरवान्वित करने की आशा व्यक्त की।
इस अवसर पर डीजीपी श्री अनुराग गुप्ता, अपर पुलिस महानिदेशक ए०सी०बी० श्रीमती प्रिया दूबे, पुलिस महानिरीक्षक अपराध अनुसंधान श्री मनोज कौशिक सहित पुलिस विभाग के अन्य वरीय एवं कनीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
Oct 18 2025, 09:34