औरंगाबाद: सोन नदी में नाव पलटने से एक युवती की मौत, छह लोग अब भी लापता
औरंगाबाद, बिहार – रघुनाथपुर बालू घाट के पास सोन नदी में गुरुवार को एक नाव पलट गई, जिसमें एक युवती की मौत हो गई और छह लोग अब भी लापता हैं। नाव में कुल 17 लोग सवार थे, जिनमें से 10 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
घटना नवीनगर ब्लॉक के बड़ेम थाना क्षेत्र की है। नाव पर सवार लोग सोन डीला के पास आलू की खेती करने जा रहे थे, तभी बीच नदी में बैलेंस बिगड़ने से नाव पलट गई। नदी में पानी का स्तर अधिक होने के कारण कई लोग डूबने लगे। जिन्हें तैरना आता था, वे किसी तरह बाहर निकल आए।
मृतका की पहचान
मृत युवती की पहचान बड़ेम गांव निवासी सलीम अंसारी की पुत्री तमन्ना परवीन (21 वर्ष) के रूप में हुई है।
लापता महिलाओं की सूची
सोनी कुमारी (21 वर्ष) – पिता: नरेश चौधरी
रंजीता देवी (30 वर्ष) – पति: संजय चौधरी
मंजू कुमारी (18 वर्ष) – पिता: सुरेंद्र चौरसिया
काजल कुमारी (18 वर्ष) – पिता: जोगिंदर लाल
सविता देवी (30 वर्ष) – पति: चितरंजन पासवान
(एक अन्य व्यक्ति की जानकारी की पुष्टि की जा रही है।)
बचाव कार्य जारी
स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और मछुआरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है। SDRF (State Disaster Response Force) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि लापता लोगों में अधिकांश महिलाएं हैं और प्रशासन हर संभव प्रयास में जुटा है।
क्षेत्र में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे की खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पीड़ित परिवारों के घरों में कोहराम मच गया है।
जदयू नेता ने जताया शोक
जदयू के वरिष्ठ नेता सह नबीनगर से भावी विधानसभा प्रत्याशी संजीव कुमार सिंह ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा,
यह एक अत्यंत दुखद घटना है। प्रभु मृत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें।”
उन्होंने पटना से पीड़ित परिवारों से संपर्क किया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
Oct 11 2025, 19:38