देवघर-आसनसोल मंडल ने विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत स्वच्छ स्टेशन अभियान चलाया।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: आसनसोल, 4 अक्टूबर 2025: चल रहे विशेष अभियान 5.0 और स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत, पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 4 अक्टूबर, 2025 को पूरे मंडल में गहन सफाई सुनिश्चित करने और स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए स्वच्छ स्टेशन अभियान चलाया। इस अभियान में आसनसोल स्टेशन, प्लेटफार्मों, सर्कुलेटिंग क्षेत्रों, नालियों, शौचालयों और प्रतीक्षालयों सहित स्टेशन परिसर की सफाई पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों के उपयोग को बढ़ावा दिया गया और कचरे के उचित पृथक्करण को प्रोत्साहित करने के लिए प्रमुख स्थानों पर अलग-अलग कूड़ेदान रखे गए। रेलवे कर्मचारियों ने एक व्यवस्थित और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए इन सुविधाओं की सक्रिय रूप से निगरानी की। आसनसोल, रानीगंज, पानागढ़, पांडवेश्वर, देवघर, विद्यासागर, सीतारामपुर, चित्तरंजन, जामताड़ा, अंडाल, कुमारधुबी और कालूबथान स्टेशनों पर गहन सफाई गतिविधियाँ आयोजित की गईं। उल्लेखनीय है कि कॉलोनी की नालियों और शौचालयों की अच्छी तरह से सफाई की गई तथा इन गतिविधियों से पहले और बाद की स्थितियों का निरीक्षण किया गया, जिससे अपेक्षित सुधार सामने आए। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएचआई/पश्चिम) कार्यालय और कर्मचारियों ने भी कार्यालय और परिचालन क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित करने में सक्रिय रूप से भाग लिया। ये गतिविधियाँ आसनसोल मंडल द्वारा स्वच्छ, हरित और यात्री-अनुकूल स्टेशन बनाने के निरंतर प्रयासों को दर्शाती हैं। अपशिष्ट पृथक्करण, शून्य-अपशिष्ट पहल और गहन स्वच्छता उपायों पर ज़ोर देते हुए मंडल निरंतर विशेष अभियान 5.0 और स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के तहत राष्ट्रव्यापी "स्वच्छ रेल - स्वच्छ भारत" आंदोलन में योगदान दे रहा है।
देवघर-महात्मा गांधी की देवघर यात्रा के 100 वर्ष पूर्ण होने पर पुष्पांजलि उत्सव का आयोजन।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: गाँधी आये थे देवघर 100 वर्ष पहले 3 से 5 अक्टूबर 1925 को ।100 वर्ष पूर्ति उपलक्ष मे आज दिनांक 4 अक्टूबर 2025 को स्थानीय रामराज आश्रम में जिला स्वैच्छिक संस्था मंच देवघर के द्वारा पुष्पांजलि उत्सव का आयोजन उनके यादों मे किया गया | कार्यक्रम की शुरुआत गांधी के विषय में चर्चा -विमर्श से हुई | कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी एवं पुर्व सांसद, अभय कांत सिन्हा  महत्वपूर्ण उपस्थिति रही | जहां ममता कुमारी ने कहा कि हम सभी को गांधी के विचारों पर चलना चाहिए | उन्होंने कहा कि गांधी ऐसे व्यक्तित्व थे कि जो भी उनसे मिलते थे, वो गांधीमय हो जाते थे | गौरतलब है कि महात्मा गांधी लगभग 100 वर्ष पूर्व, 1925 को देवघर आये थे. उनका प्रवास गोवर्धन भवन में हुआ था | उनके इस ऐतिहासिक दौरे का मुख्य उद्देश्य संताल समुदाय को मद्यपान से दूर करना तथा समाज में व्याप्त बुराइयों के विरुद्ध जागृति फैलाना था | गांधी  ने देवघर यात्रा के दौरान कहा था कि बाबाधाम (देवघर) छुआ-छूत नहीं मानता, ऐसे स्थल बहुत कम हैं| इस प्रकार देवघर को उन्होंने सामाजिक सद्भाव और समानता का प्रतीक बताया |  कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित लोगों के द्वारा गांधीजी के जीवन एवं विचारों पर अपने-अपने विचार रखने एवं उनके आदर्शों पर चर्चा करते हुए हुई | * तत्पश्चात, गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पण और राष्ट्रगीत से हुई | * गांधीजी की देवघर यात्रा से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को भी साझा किया गया | * स्थानीय लोगों के द्वारा भजन व देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति की गई | पुष्पांजलि उत्सव ने सभी उपस्थित जनों को गांधीजी के विचारों और उनके देवघर आगमन की ऐतिहासिक महत्ता को पुनः स्मरण कराया गया | यह अवसर न केवल इतिहास की झलक है, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है | इस विशेष अवसर पर जिला स्वैच्छिक संस्था मंच देवघर के रंजन भाई, दिलीप भाई, सतीश भाई,सोहन भाई, पशुपति भाई, बिलास भुइयाँ, विपिन मिश्रा, जितेंद्र कुमार, गृहमाता सुशीला सिन्हा, आभा रानी, रूबी द्वारी झा, गोपाल मंडल, दिलीप तिवारी, सचिदानंद मंडल, विकास कुमार, आलोक मिश्रा, विनोद कुमार, चंद्रकांत मंडल, दयानंद पांडे सहित लगभग सेकडों लोगों ने भाग लिया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की |
देवघर-समाजसेवी सह पुर्व प्रत्याशी मधुपुर विधान सभा राजद संजय भारद्वाज ने कन्या पूजन कर नए वस्त्रों का किया वितरण।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: प्रसिद्ध समाजसेवी सह पुर्व राजद प्रत्याशी,मधुपुर विधान सभा क्षेत्र संजय भारद्वाज ने दुर्गा पूजा के अवसर पर मंगलवार को माँ दुर्गा के अष्टमी स्वरूप महागौरी की पूजा अर्चना कर देवघर के देवीपुर प्रखण्ड के बाघमारी ग्राम पहुंचकर कन्या पूजन किया। इस अवसर पर भारद्वाज ने सैकड़ों कन्याओं के बीच नए वस्त्रों का वितरण भी किया। इस अवसर पर भारद्वाज ने कहा कि नारी शक्ति की पूजा सृष्टि के आरंभ से ही होती आ रही है। निश्छल बच्ची और विशेषकर कन्याओं की प्रसन्नता से माता दुर्गा प्रसन्न होती है और आत्मिक सुख मिलता है। धर्म मानव सेवा की प्रेरणा देता है जिससे भावी पीढ़ी में संस्कारों का सृजन होता है। इसलिए हमें सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करना चाहिए श्री भारद्वाज ने कहा कि वह वर्ष 2010 से ही नवरात्री में लगभग 500 गरीब कन्याओं के बीच बिना किसी भेद भाव के नए वस्त्रों का वितरण करते आए हैं। इस क्रम में महा सप्तमी के अवसर पर मधुपुर विधान सभा क्षेत्र की मलिन बस्तियों में और देवघर के शहरी क्षेत्र की बस्तियों में तथा महाअष्टमी के अवसर पर देवीपुर प्रखण्ड के बाघमारी ग्राम में गरीब कन्याओं के मध्य नए वस्त्र वितरण किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 501 कन्याओं को नए वस्त्र पहनाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए शोभा नाथ नरौने,अरविंद सिंह यादव,प्रदीप यादव,रमन भारद्वाज,छोटू यादव,धीरन राउत आदि मौके पर उपस्थित रहे
देवघर-ब्रह्माकुमारीज द्वारा नवरात्र के उपलक्ष्य में विशाल कलश यात्रा का आयोजन।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र द्वारा नवरात्र के उपलक्ष में एक विशाल कलश यात्रा आयोजित की गई जो धानुक टोला, झौसागढ़ी स्थित स्थानीय सेवा केन्द्र आनंद भवन से प्रारम्भ होकर मंदिर मोड़, बजरंगी मोड़, राय कंपनी मोड़, होते हुए दिनबंधु विद्यालय परिसर पर जाकर समाप्त हुई। इस रैली मे आगे आगे भगवान शिव का रथ एवं उसके पीछे ब्रह्माकुमारी बहने शिव ध्वजा लिए चल रही थी एवं उसके पीछे शिव की शक्ति स्वरूप 108 बहने सर पर कलश धारण कर कतारबद्ध रूप से चल रही थी. इसी रैली में प्लस टू उच्च विद्यालय बसवरिया, दीनबंधु उच्च विद्यालय, एवं सांदीपनी पब्लिक स्कूल की शिवशक्तियां भी शामिल थीं ज्ञात हो कि दीनबंधु विद्यालय के परिसर में ही कल सप्तमी तिथि से आगामी 4 दिनों तक, दशमी तिथि तक प्रतिदिन संध्या 5 बजे से 9 बजे तक चैतन्य दुर्गा झांकी का भव्य आयोजन किया गया है। इस झांकी को सफल बनाने के लिए के अन्य राज्यों के सेवा केंद्र से विशेष रूप से सेवाधारी भाई बहन देवघर पहुँच चुके हैं। इसके लिए विद्यालय परिसर में एक आकर्षक पंडाल का निर्माण किया गया है जिससे शहरवासी इस भव्य झाँकी का अद्भुत आनंद ले सके इसके लिए अन्य सारी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
देवघर-देवी दुर्गा की उपासना का एक जरिया नृत्य भी है : डॉ. सुनील खवाड़े।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: डॉल्फिन डांस एकेडमी औऱ चंद्रा इवेंट की ओर से केकेएन स्टेडियम में आयोजित डांडिया नाइट के दूसरे दिन के कार्यक्रम का उदघाटन वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सुनील खवाड़े ने किया। उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. खवाड़े ने कहा कि नवरात्र चल रहा है और नृत्य भी मां की उपासना का एक जरिया है। इसीलिए कार्यक्रम में भाग लेने वाली माताएं, बहनें, बेटियां सभी आदी शक्ति की स्वरूप हैं और समर्पित होकर डांडिया करें, ताकि मां की आराधना में डूब सके। उन्होंने कहा कि अपने शहर के कलाकार अजीत केसरी और मानस झा ने इस मिथक को तोड़ दिया है कि डांडिया अब आभिजात्य वर्गों से निकलकर देवघर जैसे छोटे से शहर में भी हो रही है। डांडिया और गरबा के लिए पहले गुजरात, दिल्ली जैसे महानगरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब देवघर में भी डांडिया और गरबा के कई आयोजन हो रहे हैं, जो देवघर के सांस्कृतिक राजधानी होने की विरासत को और भी मजबूत करती है। बात सिर्फ गरबा और डांडिया की नहीं है, किसी भी तरह का कल्चरल इवेंट अब देवघर में संभव है, जिसका श्रेय यहां के स्थानीय कलाकारों को जाता है। डॉल्फिन डांस एकेडमी को मैं शैशवावस्था से जानता हूं, जब इसके चालू होने पर एकेडमी से जुड़े कलाकारों को विरोध का सामना करना पड़ा था। उस विषम परिस्थिति में भी मैंने अजीत केसरी और मानस झा को हौसला दिया था, जिससे आज कलाकारों का यह संगठन अपने उच्चतम शिखर पर पहुंच चुका है। जो लोग उस समय विरोध करते थे, वे आज अजीत और मानस की कला के मुरीद हैं और उनके साथ खड़े हैं। इन कलाकारों पर पूरे देवघर को नहीं, वरन पूरे संथाल परगना को नाज है। डॉल्फिन डांस एकेडमी देवघर में पिछले 13 साल से नवरात्र पर डांडिया का आयोजन कर रही है। डॉल्फिन के आयोजन में चंद्रा इवेंट्स में चार चांद लगाया है। आने वाले दिनों में यह आयोजन और बेहतर होगा, ऐसी माता रानी से दुआ करता हूं।
देवघर-रौनियार वैश्य आश्रम में डांडिया उत्सव आयोजित हुआ।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: रौनियार वैश्य महिला समिति, कस्टर्ड टाउन देवघर द्वारा पहली बार नवरात्रि के पावन अवसर पर डांडिया उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां अम्बे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, स्तुति एवं आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष लाजवंती गुप्ता, सचिव कंचन मूर्ति साह, उपाध्यक्ष डॉ. के. पल्लवी, उपसचिव पायल गुप्ता, संगठन मंत्री व कार्यक्रम संयोजक निशा गुप्ता तथा समिति संरक्षक इंदु गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। गुजराती थीम पर सुसज्जित रौनियार वैश्य आश्रम में मां अम्बे की आराधना के पश्चात सभी बहनों ने पारंपरिक ढंग से गोल गोल घूमकर गरबा रास प्रस्तुत किया। बीच-बीच में मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय होता रहा। कोरियोग्राफर ऋतिक के निर्देशन में डांडिया नृत्य का मनमोहक परफॉर्मेंस मैशअप सोंग पर किया गया। इस प्रस्तुति में समिति की सदस्याएँ – जयमाला देवी, उषा देवी, सविता, निक्की, रूपा, ममता, जूली, अनीता भगत, अनीता गुप्ता, अंजू सहित अन्य बहनों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किया। अंतिम धुन पर उपस्थित सभी बहनों ने मिलकर डांडिया नृत्य किया जिससे कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई। लगभग दो घंटे तक चले इस सांस्कृतिक उत्सव में रौनियार समाज की सभी बहनों ने अपनी-अपनी टोली एवं सखियों के साथ गरबा और डांडिया का आनंद लिया। कार्यक्रम उपरांत सात्विक भंडारे का आयोजन किया गया, जो पुरुष कार्यकारिणी के संतोष गुप्ता के सहयोग से संभव हो सका। कार्यक्रम की वीडियोग्राफी ब्लॉगर दीपक यादव ने की। कार्यक्रम का सफल संचालन समिति की सचिव कंचन मूर्ति साह ने किया। अंत में सभी बहनों ने एक-दूसरे को नवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
देवघर- सदर अस्पताल का निरीक्षण, मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारियों के साथ देवघर सदर अस्पताल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई मरीजों से मुलाकात की गई तथा उनके परिजनों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना गया। सदर अस्पताल की साफ–सफाई की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि मरीजों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उन्हें समय पर मिलें। विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने की बात कही गई कि मरीजों को एक्स-रे या अन्य परीक्षणों के लिए बाहर न जाना पड़े और इसके लिए अस्पताल परिसर में ही सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। निरीक्षण के समय यह देखा गया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या खचाखच भरी हुई थी, जो इस बात का संकेत है कि आम जनता का विश्वास राज्य सरकार द्वारा संचालित देवघर सदर अस्पताल पर बढ़ा है और लोग निर्भीक होकर यहाँ स्वास्थ्य सुविधाएँ लेने आ रहे हैं। इस अवसर पर कहा गया कि जल्द ही सदर अस्पताल का विस्तार किया जाना आवश्यक है। माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा प्रस्तावित 200 बेड की नई व्यवस्था को शीघ्र लागू करने की दिशा में पहल करने की आवश्यकता है। इस संबंध में माननीय मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से शीघ्र मुलाकात कर आग्रह किया जाएगा कि देवघर जैसे महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल पर एक बड़े अस्पताल की स्थापना की जाए, ताकि बढ़ती हुई मरीजों की संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें। मुन्नम संजय उपाध्यक्ष जिला २० सूत्री,देवघर
देवघर- संगठन सृजन कार्य को सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: वोट चोर गद्दी छोड़ तथा संगठन सृजन कार्य को सफल बनाने के लिए देवघर जिला कांग्रेस कमिटी की एक विशेष बैठक कांग्रेस कार्यालय में की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश ने की तथा उन्होंने बैठक के विषय पर विंदु वार चर्चाएं करते हुए सभी को अवश्य निर्देश दिए। बैठक में मुख्य रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ मुन्नम संजय ने शिरकत की तथा उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। बैठक को संबोधित करते हुए बीस सूत्री उपाध्यक्ष ने कहा कि विगत कई चुनावों को देखा जाए,जिस प्रकार से चुनाव आयोग और केंद्र में भाजपा की सरकार के बीच सांठ-गांठ देखी जा रही है, चुनाव आयोग के नियुक्ति में सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को हटाकर अपने चहेते को चुनाव आयोग की कुर्सी पर बैठाने के लिए नियम में बड़े बदलाव किया गया। इसकी मंशा साफ रुप से जग जाहिर हो गया है कि चुनाव आयोग भाजपा के लिए वोट चोरी कर रहे हैं। नागरिकों के हक को छिना जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साबित कर दिया कि किस प्रकार से हर चुनाव में इलेक्शन कमीशन द्वारा भाजपा के लिए फर्जी मतदाताओं को वोटर लिस्ट में जोड़ना तथा गैर भाजपाई वोटर का नाम डिलेशन कराई जा रही है। यह चोरी राहुल गांधी ने प्रूफ के साथ देश के सामने रख दिया,जिसपर चुनाव आयोग मौन हैं। इसलिए कांग्रेस पूरे देश में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान कार्यक्रम गांव मोहल्ले स्तर पर चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम तहत् कांग्रेस के युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस,सेवा दल,एनएसयूआइ के साथ सभी विंग्स के सहयोग से कैम्प लगाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के लिए किस प्रकार कार्य कर रही है,यह महाराष्ट्र, राजस्थान तथा अन्य चुनाव परिणाम में देखा गया।अब बिहार चुनाव में एस आई आर के माध्यम से वोट चोरी का खेल शुरू कर दिया है। बिहार में चुनाव पूर्व षड्यंत्र रचकर गैर भाजपाई पैंसठ लाख वोटरों का नाम जल्दबाजी में एक साथ हटाया गया। यह संविधान के अधिकार का हनन के साथ लोकतंत्र की हत्या है। वोट चोर गद्दी छोड़ के खिलाफ पुरे देश में 15 सितंबर से हस्ताक्षर अभियान आरंभ हो गया है। देवघर जिला में भी 24 सितंबर को देवघर नगर से प्रारंभ की जाएगी। साथ ही सभी अग्रणी मोर्चा संगठन एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को भी जिम्मेवारी दी गई और यह लक्ष्य निर्धारित किया गया कि सभी पंचायत से कम से कम चार सौ व्यक्तियों का हस्ताक्षर होना चाहिए। जिला अध्यक्ष ने आगे यह भी बताया कि 24 ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी अवार्ड कांग्रेस कमिटी गठन नहीं हो पाया, उसे भी जल्द पूरा कर लिए जाऐं साथ ही बीएलए की नियुक्ति पूरी कर ली जाऐंगें। बैठक में प्रदेश सचिव अवधेश प्रजापति,जिला महासचिव -सह-प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल,जिला पदाधिकारी रवि गुप्ता,विवेक मिश्रा,गणेश दास, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, प्रखंड अध्यक्ष उपेन्द्र प्रसाद राय,हेमंत चौधरी,नैयाज अहमद,गुलाब यादव, नटराज प्रदीप, अग्रणी मोर्चा संगठन के अध्यक्ष रवि बर्मा,अमित पांडेय,आशिष भारद्वाज,आफताब आलम,प्रियांशु सिंह, कुमार बाबा,नूनू खान,संतोष यादव, बृजभूषण राम आदि मौजूद थे। भवदीय दिनेश कुमार मंडल महासचिव-सह-प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमिटी देवघर।
देवघर-भारतीय जनता पार्टी का प्रबुद्ध संवाद एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यक्रम संपन्न।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: 23 सितंबर दिन मंगलवार समय 11:30 बजे वाटिका विलासी देवघर में भारतीय जनता पार्टी का प्रबुद्ध संवाद एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत कार्यशाला कार्यक्रम किया गया। कार्यशाला कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने किया। और संचालन महामंत्री अधीर चंद्र भैया ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा एवं प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा उपस्थित हुए। प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री देश आत्मनिर्भर बने इस दिशा में काम कर रहे है आत्मनिर्भर से ही देश आगे बढ़ सकता है इसके लिए हम सभी को वोकल फोर लोकल स्वदेशी को अपनाना है। अपने देश अपने राज्य अपने शहर में निर्मित वस्तुओं का उपयोग हम सभी को करना चाहिए । इसके लिए हम सभी को कौशल युक्त बना होगा। स्वदेशी का प्रचार प्रसार करना होगा ताकि स्वदेश में निर्मित सामान को ही हम खरीदे विदेशी सामानों का उपयोग नहीं करें। तब जाकर देश आत्मनिर्भर बन पाएगा और मोदी जी का सपना साकार हो सकेगा। प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा ने कहा कि मैं आज ऐसे महान व्यक्तित्व के बारे में बात रखना चाहता हूं जिन्होंने न केवल भारत की राजनीति को एक नई दिशा दी है बल्कि करोड़ों भारतीयों के जीवन में आशा की किरण जगायी है, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके जीवन एक प्रेरणादायक गाथा है, एक साधारण परिवार से निकालकर राष्ट्र सेवा के पथ पर चलते हुए आज भी विश्व के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक है ।17 सितंबर 1950 को गुजरात के छोटे से शहर वडनगर में जन्मे नरेंद्र दामोदरदास मोदी बचपन कठिनाइयों से भरा था इसी संघर्ष और संकल्प ने इस देश के लोकतंत्र का नायक बना दिया मोदी जी ने भाजपा को ऐसा संगठन बनाया जहां हर कार्यकर्ता अमूल्य है संगठन ही शक्ति है और राष्ट्र सेवा ही हमारा धर्म। मोदी जी ने विकसित भारत 2047 का जो विजन दिया है वह केवल नारा नहीं बल्कि भारत को नई दिशा देने वाला संकल्प है। मोदी जी की लोकप्रियता का आधार है उनकी ईमानदारी कड़ी मेहनत और गरीब कल्याण के लिए समर्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण को सर्वोपरि मानकर कई ऐतिहासिक कार्य योजनाएं इस देश में लाने का काम किया है प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना,प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि, जन धन योजना, नल से जल, स्वास्थ्य, बैंकिंग, शिक्षा ,रोजगार , आदी धरती पटल को उतारने का काम किया। जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा की 17 सितंबर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर 2 अक्टूबर महात्मा गांधी लाल बहादुर शास्त्री के जन्म दिवस तक भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़ा का कार्य चलने वाला है सेवा पखवाड़ा के माध्यम से रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत अभियान, विकसित भारत, 25 सितंबर पंडित दीनदयाल जयंती, एक पेड़ मां के नाम, 2 अक्टूबर गांधी शास्त्री जयंती स्वदेशी के विषय पर चर्चा स्वदेशी को बढ़ावा देना,सांसद खेलकूद प्रतियोगिता कार्यक्रम चल रहा है उन्होंने कहा की नवरात्र के पहले दिन ही से जीएसटी कम करना यह दुर्गा पूजा नवरात्र दीपावली के लिए सौगात है पूजा के अवसर पर लोग सस्ते दर पर वस्तुएं खरीद सकेंगे, दो ही तरफ के स्लैप रहेंगे एक 5% दूसरा 18 % और बहुत सारी दैनिक उपयोग में आने वाली और जीवन रक्षक दावों से जीएसटी समाप्त कर दिया गया है इसमें मध्य और निम्न वर्ग को इससे बड़ी राहत हुई है जीएसटी दर कम होने से छोटे उद्योग और छोटे व्यापारियों को लाभ मिलेगा इससे खपत बढ़ेगी क्षमता बढ़ेगी नया निवेश आएंगे रोजगार के अवसर मिलेंगे और परिवारों की आय बढ़ेगी। पूर्व विधायक श्री नारायण दास ने कहा भारत ऑपरेशन दोस्त से लेकर ऑपरेशन गंगा तक मोदी जी ने दिखाया कि भारत संकट की घड़ी में मानवता और विश्व बंधुत्व का समर्पित साथी है भारत केवल महाशक्ति नहीं बल्कि एक सद्भावना शक्ति भी है ऑपरेशन सिंदूर कहा कि पूरे विश्व को यह संदेश दिया कि भारत न केवल दूसरों की रक्षा करता है बल्कि अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए दुश्मनों के घर में घुसकर उन्हें समाप्त करने की क्षमता भी रखता है। मौके परगना प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव जजवाड़े जिला अध्यक्ष सचिन रवानी महामंत्री अधीर चंद्र भैया, राजीव रंजन सिंह,चंद्रशेखर खवाड़े रूपा केशरी नवल राय ,अमृत मिश्रा भूषण सोनी प्रजापति सुलोचना देवी धनंजय खवाड़े, सौरभ कश्यप सहित जिला पदाधिकारी मोर्चा के जिला अध्यक्ष महामंत्री मंडल अध्यक्ष मंडल महामंत्री वरिष्ठ कार्यकर्ता बंधु एवं बढ़ी संख्या में आम जनमानस उपस्थित थे।
देवघर-डांडिया की धुन पर थिरके लोग, सुनील खवाड़े की मौजूदगी ने बांधा समां।
Image 2Image 3Image 4Image 5
देवघर: के विरोय मॉल के हाॅल में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन क्यूबिक डांस स्टूडियो के द्वारा गरबा व डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्यूबिक डांस स्टूडियो व सुप्रसिद्ध समाजसेवी डॉ सुनील खवाड़े द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। आयोजन की शुरुआत मुख्य अतिथि डाॅ सुनील खवाड़े के स्वागत के साथ किया गया। इस दौरान डांस अकादमी के बच्चों ने मुख्य अतिथि को डांडिया नृत्य के साथ मुख्य मंच तक लाया जहां निदेशक प्रीति केशरी ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। इसी के साथ दीप प्रज्वलन व मां दुर्गा की आराधना के साथ नृत्य का विधिवत आगाज किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि डॉ सुनिल खवाड़े ने भी डांडिया की धुन का खूब लुफ्त उठाया। पूरे आयोजन के दौरान अद्भुत माहौल एवं बच्चों के उत्साह ने समां बांध दिया। इस दौरान एक से बढ़कर एक गुजराती नृत्य व गरबा की धुन पर लड़के एवं लड़कियां ने आयोजन का आनंद उठाया। इस दौरान मुख्य अतिथि डॉ सुनील खवाड़े ने कहा कि सबसे पहले क्यूबिक डांस अकादमी के निदेशक का अभिनंदन व उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। अगले वर्ष भी आयोजन होगा यही होगा, सीमित रुप से होगा लेकिन भव्यता के साथ होगा। मौके पर डॉ सुनील खवाड़े उत्साह से भरे नजर आए।आयोजकों को बहुत बहुत धन्यवाद दिये। मुझे डांडिया में शामिल होने का पहली बार मौका मिला। लेकिन मैं वीरेंद्र सिंह के इस आमंत्रण को मैं छोड़ नहीं सका, और आना हुआ। यह पर्व माता रानी की आराधना व उपासना का पर्व है। माता रानी के लिए डांडिया व गरबा आज गुजरात से निकलकर सात समंदर पार हो चुका है। दुर्गा पूजा की सबों की हार्दिक शुभकामनाएं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रीति केसरी, श्रेयांस गुप्ता, ऋषभ गुप्ता, प्रभाकर,बिरेंद्र सिंह आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान आशीष झा, राकेश पांडे, जिम्मी, रौशन मिश्रा, एसडी मिश्रा, प्रेम केसरी समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे। इस दौरान मंच संचालन उदधोषक राकेश राय ने किया।