रांची: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शुरू किया 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान
रांची - झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची सदर अस्पताल से 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अभियान के लिए प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
![]()
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि एक स्वस्थ महिला ही सशक्त परिवार और समाज की नींव रखती है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, क्योंकि महिलाएं ही परिवार और समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ और सुरक्षित होंगी, तो आने वाली पीढ़ियां भी मजबूत होंगी।
महिलाओं की हर क्षेत्र में भागीदारी बढ़ी
सोरेन ने कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के साथ हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। वे रोजगार, उद्यमिता, शिक्षा और राजनीति में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं, जिससे आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम हो रही है। उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों को छात्रवृत्ति, मुफ्त शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रम दे रही है, जबकि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मातृत्व लाभ और मुफ्त स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि झारखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल, शिक्षा और चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और आदित्य साहू समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं व छात्राएं मौजूद थीं।
6 hours ago