हजारीबाग में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, 1 करोड़ का इनामी नक्सली ढेर, दो और टॉप नक्सली मारे गए
#hazaribaghnaxaliteencounter1crorebountyincludingtopthreenaxaldied
झारखंड में सुरक्षाबलों का एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी है। इसी बीच झारखंड के हजारीबाग में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। नक्सलियो के साथ हुई एक मुठभेड़ में एक करोड़ रूपये का इनामी नक्सली सहदेव सोरेन और उसके दो साथियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। यह मुठभेड़ सोमवार सुबह हजारीबाग के पनतीतरी जंगल में हुई, जो बोकारो और गिरिडीह जिलों की सीमा पर स्थित है।
तलाशी अभियान के दौरान शुरू हुई मुठभेड़
हजारीबाग पुलिस और कोबरा बटालियन ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में तीन बड़े नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सहदेव सोरेन किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर कोबरा बटालियन, गिरिडीह और हजारीबाग पुलिस की एक संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान माओवादियों के दस्ते से उनकी मुठभेड़ हो गई।
तीन बड़े इनामी नक्सली ढेर
पुलिस मुख्यालय ने तीनों नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। सर्च अभियान में तीनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही मौके से तीन एके-47 भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि मुठभेड़ में भाकपा माओवादी सेंट्रल कमेटी का सदस्य और एक करोड़ का इनामी सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश, सैक सदस्य 25 लाख का इनामी रघुनाथ हेंब्रम उर्फ चंचल और दस लाख का इनामी जोनल कमांडर बिरसेन गंझू मारे गए हैं।
दो दिन के भीतर दूसरी बड़ी सफलता
नक्सलियों के खिलाफ अभियान में दो दिन के भीतर झारखंड पुलिस की यह दूसरी बड़ी सफलता है। इसके पहले रविवार को पलामू के मनातू जंगल में सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के बीच मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया था। इससे पहले 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बुर्जुवा पहाड़ी पर पुलिस ने 10 लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर किया था। बोकारो जिले का रहने वाला अमित 96 नक्सली वारदातों में वांटेड था।
Sep 15 2025, 12:26