सीएम हेमंत सोरेन ने दी पिता शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी, बोले- स्थिति स्थिर, धीमा सुधार जारी
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सुप्रीमो शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत के बावजूद, शिबू सोरेन की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और चिकित्सकों ने स्थिति को संभाल लिया है। उनके स्वास्थ्य में धीमा सुधार देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि डॉक्टरों ने अभी तक शिबू सोरेन के पूरी तरह स्वस्थ होने की कोई स्पष्ट समय-सीमा नहीं बताई है, लेकिन उनके स्वास्थ्य में लगातार धीमा सुधार हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।
गौरतलब है कि शिबू सोरेन पिछले लगभग एक महीने से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाजरत हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी लगातार दिल्ली में रहकर अपने पिता की देखभाल कर रहे थे। विधानसभा के मानसून सत्र के मद्देनजर मुख्यमंत्री कल, 31 जुलाई को रांची लौटे, जहां उन्होंने सर्वदलीय बैठक के बाद पत्रकारों को अपने पिता के स्वास्थ्य की जानकारी दी।
Aug 01 2025, 12:55