विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025: किसानों को सशक्त करने की ऐतिहासिक पहल
![]()
मुख्यमंत्री योगी ने औरैया में मक्का किसान सम्मेलन को किया संबोधित
प्रदेश के 75 जिलों में 12 लाख से अधिक किसान हुए अभियान में शामिल
लखनऊ/औरैया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के अंतर्गत प्रदेशभर में किसानों को तकनीकी, प्रशिक्षण व संसाधन समर्थन के माध्यम से सशक्त किया जा रहा है। इस अभियान में अब तक 12.76 लाख से अधिक किसानों की भागीदारी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया जनपद के अजीतमल नगर पंचायत में आयोजित मक्का किसान सम्मेलन में भाग लेते हुए किसानों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रगतिशील किसानों को उन्नत बीजों की मिनीकिट वितरित की और कृषि योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कृषि प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया, जो मक्का उत्पादन और तकनीकी नवाचारों पर केंद्रित रही।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वृक्षारोपण करते हुए कहा, "ये पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर हैं और हमारी कृषि संस्कृति को सशक्त बनाने का माध्यम भी।"
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, और अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हरदोई, बहराइच समेत विभिन्न जिलों में नेचुरल फॉर्मिंग पर जोर
हरदोई जिले में सांडी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को नेचुरल फार्मिंग, गौ-आधारित खेती, और डीएसआर जैसी तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वैज्ञानिकों ने मृदा स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, नैनो यूरिया, मिलेट्स, और अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
इसी प्रकार, बहराइच के ग्राम महरु में भी किसानों को खरीफ फसलों की वैज्ञानिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
राज्यव्यापी प्रभाव: 7425 स्थानों पर आयोजन, 38 अधिकारी नामित
अब तक प्रदेश के 75 जिलों के 7425 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 38 वरिष्ठ अधिकारियों को जिलों में तैनात किया गया है, जो स्थानीय कृषि विभागों को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
विकसित कृषि संकल्प अभियान न केवल किसानों को उन्नत तकनीकों से जोड़ रहा है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बना रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह पहल उत्तर प्रदेश को "कृषि समृद्ध राज्य" बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।
Jun 08 2025, 19:20