मदेयगंज में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की मुठभेड़ में गिरफ्तारी, अवैध तमंचा बरामद
![]()
राजधानी के थाना मदेयगंज क्षेत्र में आज सुबह पुलिस और एक दुष्कर्म के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। यह कार्रवाई थाना मदेयगंज पुलिस द्वारा पोक्सो एक्ट के तहत वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रघुवंशी ढाल के पास चेकिंग के दौरान की गई। इसी दौरान एक युवक बाइक से भागने लगा, जिसे पुलिस ने संदिग्ध मानते हुए रोकने का प्रयास किया।
घायल अभियुक्त को अस्पताल में कराया भर्ती
पुलिस टीम के पीछा करने पर आरोपी ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिससे आरोपी घायल हो गया। घायल अभियुक्त को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपी सीतापुर का रहने वाला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमल किशोर उर्फ भद्दर, निवासी कमियापुर, थाना मानपुर, जनपद सीतापुर (फिलहाल नया पक्का पुल, मदेयगंज) के रूप में हुई है। मौके से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा, एक खाली व एक मिस फायर कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पांच वर्षीय बच्ची के साथ किया था दुष्कर्म
डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, मंगलवार को पक्का पुल इलाके में एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर तीन टीमों को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। टीम को सराहनीय कार्य के लिए 25,000 इनाम देने की घोषणा की गई है।
May 28 2025, 15:37