सोनभद्र:विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ का सोनभद्र में बिगुल, चंदन बने जिलाध्यक्ष
![]()
विकास कुमार
सोनभद्र: ओबरा विद्युत तकनीकी कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से रविवार को सनराइज होटल, ओबरा में विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ की सोनभद्र शाखा का गठन किया गया। मिर्जापुर जोन के प्रभारी शिव शंकर सिंह ने चुनाव की घोषणा की, जिसके बाद चुनाव पर्यवेक्षक सुनील पटेल और अभिषेक सिंह (मिर्जापुर) की देखरेख में नई कार्यकारिणी का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक प्रक्रिया में चंदन को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष चुना गया, जबकि अजय कुमार सोनी को जिला मंत्री और प्रवीण कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त, विजय यादव, शैलेन्द्र पाण्डेय और अखिलेश गौतम को उपाध्यक्ष के पदों पर निर्वाचित किया गया। संगठन को मजबूती प्रदान करने और कर्मचारियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए आलोक कुमार महेता और सुशील कुमार को प्रचार प्रमुख बनाया गया। अशोक कुमार गौड़ और अरविंद सविता संगठन मंत्री के रूप में कार्य करेंगे, वहीं राजेश चौधरी को कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया। संतोष सिंह, राकेश कुमार और दीपक कुमार संयुक्त मंत्री के रूप में कार्यकारिणी में शामिल हुए।
इस अवसर पर विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष विभांशु कुमार सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी और उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा, "हमारा लक्ष्य सिर्फ संगठन का विस्तार करना नहीं है, बल्कि विद्युत तकनीकी कर्मचारियों की आवाज को और अधिक शक्तिशाली बनाना है। आज से हम सब मिलकर एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे, और यह नई कार्यकारिणी इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।"
चुनाव की सफलता और संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी ने इस पहल को सोनभद्र जिले के विद्युत तकनीकी कर्मचारियों के लिए एक नए युग की शुरुआत बताया। केन्द्रीय अध्यक्ष विभांशु कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित यह कार्यकारिणी जिले के कर्मचारियों के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकता है, जिससे उनके अधिकारों और हितों की प्रभावी ढंग से पैरवी की जा सकेगी।
May 13 2025, 12:53