विधान सभा चुनाव की तैयारी : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी मंत्रियों और नेताओं के साथ की बैठक, कार्ययोजना पर हुई विस्तृत चर्चा
डेस्क : बिहार मे इस साल विधान सभा चुनाव होने है, जिसकी तैयारी में सभी राजनीतिक दल जुट गए है। इसी कड़ी में बीते सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास एक अणे मार्ग में जदयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। वहीं दूसरे दिन मंगलवार को भाजपा मंत्रियों-नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, मंत्री डॉ. प्रेम कुमार रेणु देवी, जनक राम आदि मौजूद थे।
मुख्यमंत्री आवास में करीब सवा घंटे चली बैठक में आगे की कार्ययोजना पर भी बातें हुईं। साथ ही राज्य में चल रहे विकास कार्यों को गति देने और पिछले 20 वर्ष में राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद राज्य में व्यापक स्तर पर विकास कार्य हुए हैं। 2005 के पहले राज्य की स्थिति काफी खराब थी। 20 सालों में बिहार में हर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बदलाव हुए हैं। जनता को 2005 के पहले और आज की स्थिति के बारे में बताना है। वहीं, आगे और कौन-कौन से कार्य करने हैं, इस पर भी बैठक में मंथन हुआ। ताकि, विकसित बिहार के सपनों को धरातल पर उतारा जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की ओर से राज्य को पूरी मदद मिल रही है। प्रगति यात्रा के दौरान जिन 50 हजार करोड़ की योनजाओं की स्वीकृति हुई है, उसको तेजी से पूरा करना है।
May 07 2025, 12:17