प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' में आतंकवाद को भारत से समाप्त करने की दिखाई दृढ़ इच्छाशक्ति: डॉ. दिलीप जायसवाल
डेस्क : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल समेत तमाम नेताओं ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसंवाद कार्यक्रम 'मन की बात' को भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुना।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में 'मन की बात' के 121वें एपिसोड को सुनने वालों में भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, बिहार संगठन महामंत्री भिखू भाई दालसानिया सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक विचारों को सुना।
'मन की बात' सुनने के बाद भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम का प्रसारण महीने की आखिरी रविवार को होता है। प्रधानमंत्री के प्रेरक संदेशों ने कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया और समाज के हर वर्ग तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाने का संकल्प मजबूत किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश के लोग इस 'मन की बात' को ध्यान से सुनते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहलगाम की घटना के बाद दुखी और व्यथित हैं। इस घटना के बाद देश स्तब्ध है। पीएम मोदी ने दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत ऐसी घटनाओं को सहन नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' में आतंकवाद को भारत से समाप्त करने की सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति को भी दिखाया कि भारत आतंकवाद को मिट्टी में मिलाने के लिए किसी हद तक भी जा सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने 'मन की बात' में विज्ञान, तकनीक और स्पेस को लेकर भारत की जो प्रगति की है उसकी बात की। इसके अलावा उन्होंने पौधारोपण पर बल दिया। उन्होंने पर्यावरण के मामले में देश को सुदृढ़ करने की भी जरूरत बताते हुए चर्चा की।
उन्होंने देश के अंदर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए जाने को लेकर कहा कि देश के अंदर अगर ऐसे नारे लगाए जा रहे हैं तो खुद शर्मिंदगी महसूस होती है। देश के अंदर अगर कोई इस तरह की बात करता है तो जितने भी नेता ऐसे लोगों को संरक्षण देने का काम करते हैं, समाज उनका बहिष्कार करेगी। उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को चुल्लू भर पानी में डूबकर मर जाना चाहिए जो वोट लेने के लिए इस देश के खिलाफ और देश के दुश्मन का जिंदाबाद के नारे लगवा रहे हैं।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री ललन मंडल, बेबी कुमारी, रीता शर्मा, सुरेश रुंगटा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, सूरज पांडेय, प्रभात कुमार, अशोक भट्ट, दिलीप मिश्रा, अनामिका पासवान, उपेंद्र सिंह, सुमित शशांक, प्रवीण पटेल, ज्ञान ओझा सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के प्रेरक संवाद सुने।
Apr 27 2025, 16:10